उज्जैन के लिए इलाहाबाद से अब रोज मिलेगी ट्रेन, बिना परेशानी कर पाएंगे महाकाल के दर्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद से दो कुंभ नगरी उज्जैन और हरिद्वार के लिए अब नियमित रूप से ट्रेन उपलब्ध रहेगी। अगले वर्ष लगने वाले कुंभ मेले के मद्देनजर रेलवे ने हावड़ा से उज्जैन होकर इंदौर जाने वाली क्षिप्रा एक्सप्रेस को नियमित करने की मंजूरी दे दी है। रेलमंत्री ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। अब नई व्यवस्था के तहत क्षिप्रा एक्सप्रेस छिवकी से नियमित चलेगी। इसकी तिथि जल्द बोर्ड द्वारा जारी कर दी जाएगी। वहीं दूसरी ओर सप्ताह में तीन दिन चलने वाली इलाहाबाद-हरिद्वार एक्सप्रेस को भी नियमित करने का प्रस्ताव बोर्ड को भेजा गया है।
इलाहाबाद से उज्जैन के लिए कहने के लिए तो दो ट्रेन हैं, लेकिन वे नियमित नहीं चलतीं। 22912 हावड़ा-इंदौर एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, शुक्रवार एवं रविवार की सुबह 7.35 बजे चलकर रात 11.35 बजे उज्जैन पहुंच जाती है। इसके अलावा 19422 पटना-अहमदाबाद एक्सप्रेस भी प्रत्येक मंगलवार को इलाहाबाद से उज्जैन के लिए जाती है। इसकी रवानगी का समय रात 8.05 बजे है, जो अगले दिन दोपहर 1.05 बजे उज्जैन पहुंचती है।
इलाहाबाद से काफी संख्या में लोग उज्जैन स्थित महाकाल के दर्शन के लिए जाते हैं, लेकिन नियमित ट्रेन न होने से लोग मजबूरी में कानपुर-झांसी, भोपाल या दिल्ली होकर जाते हैं। अब क्षिप्रा के नियमित हो जाने से यात्रियों की इस समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। रेलमंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट कर क्षिप्रा एक्सप्रेस को नियमित करने की जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि जल्द ही इसका नियमित रूप से संचालन शुरू हो जाएगा। उधर इलाहाबाद-हरिद्वार एक्सप्रेस को भी नियमित रूप से चलाने का प्रस्ताव उत्तर मध्य रेलवे की ओर से बोर्ड को भेजा गया है। वर्ष 2019 में लगने वाले कुंभ मेले के पूर्व सप्ताह में तीन दिन चलने वाली हरिद्वार एक्सप्रेस भी नियमित हो जाएगी।