अब नौ और स्टेशनों पर फ्री वाई फाई की सुविधा
- गूगल की मदद से अपनी सेवा का दायरा रेलटेल ने बढ़ाया
- 15 लाख यात्री ले सकेंगे हाई स्पीड इंटरनेट सेवा का लाभ
- भारतीय रेलवे के विकास में फ्रांस अदा करेगा बड़ी भूमिका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय रेलवे की टेलीकॉम इकाई रेलटेल ने गूगल के सहयोग से नौ और स्टेशनों पर फ्री वाई फाई की सुविधा शुरू कर दी है। इसके साथ फ्री वाई फाई वाले स्टेशनों की संख्या 10 हो गई है। इससे करीब 15 लाख यात्रियों को लाभ मिलेगा। गूगल-रेलटेल ने इस साल जनवरी में मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर फ्री वाई फाई देकर इस सेवा की शुरुआत की थी।
नए स्टेशनों में पुणे, भुवनेश्वर, भोपाल, रांची, रायपुर, विजयवाड़ा, कचेगुडा (हैदराबाद), एर्नाकुलम जंक्शन (कोच्चि) और विशाखापट्टनम में शुक्रवार से स्मार्टफोन पर फ्री वाई फाई नेटवर्क की सुविधा शुरू की गई है। हालांकि इस सेवा की औपचारिक शुरुआत रविवार को भुवनेश्वर से होगी। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा जयपुर, उज्जैन और अहमदाबाद में अगले सप्ताह से फ्री वाई फाई की सुविधा मिलने लगेगी।
गूगल इंडिया के एक्सेस प्रोजेक्ट के प्रमुख गुलजार अहमद ने बताया कि नया नेटवर्क देश भर के 10 प्रमुख स्टेशनों पर काम कर रहा है। इससे करीब 15 लाख लोगों को हाई स्पीड इंटरनेट सुविधा मिलेगी। हम तेजी से काम कर रहे हैं और जल्द ही कुछ छोटे स्टेशनों पर फ्री वाई फाई कनेक्टिविटी देनी की कोशिश की जा रही है।
साल के अंत तक सौ स्टेशनों पर फ्री वाई फाई
मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर प्रति सप्ताह करीब एक लाख लोग इस सेवा का उपयोग कर रहे हैं। गूगल और रेलटेल की योजना इस साल के अंत तक 100 स्टेशनों को फ्री वाई फाई से जोड़ने की है। इससे प्रतिदिन एक करोड़ लोग लाभान्वित होंगे। फिलहाल इस प्रोजेक्ट में देश भर के 400 रेलवे स्टेशन शामिल हैं, जिन्हें वाई फाई से जोड़ा जाना हैं।
भारतीय रेलवे के विकास में फ्रांस अदा करेगा बड़ी भूमिका
केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु का मानना है कि भारतीय रेल के विकास में फ्रांस बड़ी भूमिका अदा करेगा। फ्रांस की कंपनियां इस दिशा में काफी मददगार होंगी। फ्रांस यात्रा पर गये रेल मंत्री ने यह बातें फ्रांसीसी परिवहन, सामुद्रिक मामले एवं मत्स्य राज्य मंत्री एलएन विडालाइज (एवी) से मुलाकात के दौरान कहीं।
सुरेश प्रभु ने 11-12 अप्रैल की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान फ्रांस के कई मंत्रियों व फ्रांसीसी कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। साथ ही पेरिस से रेम्स तक हाई स्पीड ट्रेन (टीजीवी) की चालक केबिन में बैठकर यात्रा की। सुरेश प्रभु ने चालक से केबिन की सुरक्षा विशेषताओं एवं आधुनिक उपकरणों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
दूसरी तरफ फ्रेंच रेलवे के सीईओ फोरेंस पारले (एफपी) से मुलाकात में सुरेश प्रभु ने बताया कि भारतीय रेलवे अगले पांच सालों में भारतीय रेलवे के विकास पर 142 मिलियन डॉलर का निवेश होगा। उन्होंने पारले से आग्रह किया कि वह मौजूदा रेल ट्रैक पर ट्रेनों की गति में तेजी लाने के लिये संपूर्ण अध्ययन योजना बनाने में सहयोग करें।
तेजस पर अमर उजाला की खबर का सोशल मीडिया पर धमाल
अमर उजाला में प्रकाशित एयरबस जैसी सुविधाओं से लैस तेजस ट्रेन से जुड़ी खबर ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर धमाल मचाया। प्रधानमंत्री मोदी की सपनों की ट्रेन के ब्ल्यूप्रिंट संबंधी इस खबर को रेल मंत्री सुरेश प्रभु, वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों समेत आम लोगों ने रि-ट्वीट किया। इस पर आ रहे ज्यादातर कमेंट सकारात्मक रहे।
लोगों ने ट्रेन चलाने की योजना की तारीफ की। साथ ही रेल मंत्री को इस ट्रेन में महिलाओं, बच्चों व गरीबों की सुविधा का खास ख्याल करने की सलाह भी दी।