{"_id":"636cff8eeec0997d1c1796cf","slug":"northeast-news-nda-wins-12-out-of-22-seats-in-assam-council-elections-two-kidnappers-killed-in-meghalaya","type":"story","status":"publish","title_hn":"पूर्वोत्तर की खबरें: असम में परिषद चुनाव में 22 में से 12 सीटों पर एनडीए की जीत, मेघालय में दो अपहरणकर्ता ढेर","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
पूर्वोत्तर की खबरें: असम में परिषद चुनाव में 22 में से 12 सीटों पर एनडीए की जीत, मेघालय में दो अपहरणकर्ता ढेर
Thu, 10 Nov 2022 10:19 PM IST
अभिषेक दीक्षित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी/शिलांग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी/शिलांग
Published by: अभिषेक दीक्षित
Updated Thu, 10 Nov 2022 10:19 PM IST
सार
विपक्षी कांग्रेस दो सीटें जीतने में सफल रही, जबकि आठ सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार दिन में मतगणना पूरी होने के बाद विजयी हुए।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा
- फोटो : Himanta Biswa Sarma/Twitter
विस्तार
भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को गुरुवार को देवरी स्वायत्त परिषद चुनाव में 22 में से 12 सीटें मिलीं। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। असम राज्य चुनाव आयोग (एएसईसी) के सचिव के कार्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि भाजपा पार्टी ने 11 सीटें जीतीं, जबकि उसकी सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) ने एक सीट हासिल की।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, विपक्षी कांग्रेस दो सीटें जीतने में सफल रही, जबकि आठ सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार दिन में मतगणना पूरी होने के बाद विजयी हुए। मंगलवार को हुए मतदान के दौरान 43,595 मतदाताओं में से 80 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। 22 निर्वाचन क्षेत्र छह जिलों और अन्य जिलों के चार उप-मंडलों में फैले हुए हैं।
विज्ञापन
वहीं, मेघालय के पश्चिमी गारो हिल्स जिले में गुरुवार को भारी हथियारों से लैस दो अपहरणकर्ताओं को मार गिराया गया। राहत की बात यह भी रही कि दो पीड़ितों को बचा भी लिया गया। घटना डिब्रू हिल रिजर्व फॉरेस्ट में तड़के हुई। पुलिस ने अपहर्ताओं का पीछा किया और जवाबी फायरिंग में उन्हें मार गिराया। मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने एक ट्विटर पोस्ट में इस घटना का जिक्र किया।
विज्ञापन
रिश्वत लेने के आरोप में पुलिस अधीक्षक गिरफ्तार
असम के दरांग जिले में एक लड़की से बलात्कार और हत्या के आरोपी एक व्यक्ति के परिजनों से दो लाख रुपये की रिश्वत कथित तौर पर लेने के लिए निलंबित पुलिस अधीक्षक (एसपी) राज मोहन रे को गिरफ्तार कर लिया गया। राज्य अपराध जांच विभाग (सीआईडी) की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि साक्ष्य एकत्र करने के बाद एसपी को गिरफ्तार कर लिया गया। रे ने लड़की की हत्या के मामले को कमजोर करने के लिए आरोपी के परिजनों से कथित तौर पर रिश्वत ली थी।
असम-मेघालय सीमा वार्ता का दूसरा दौर नवंबर के अंत तक
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने कहा कि सीमा विवाद को सुलझाने के लिए असम के साथ दूसरे दौर की बातचीत इस महीने के अंत तक शुरू होने की संभावना है। असम और मेघालय ने अंतरराज्यीय सीमा पर 12 विवादित क्षेत्रों की पहचान की। पहले दौर में दो पूर्वोत्तर राज्यों ने छह क्षेत्रों में मतभेदों को सुलझाया और मार्च में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
असम ने 17 नवंबर की तारीख का प्रस्ताव रखा
वहीं, असम ने मिजोरम के साथ सीमावार्ता के तीसरे दौर के लिए 17 नवंबर की तारीख का प्रस्ताव रखा है। पहले यह वार्ता चार नवंबर को होने वाली थी लेकिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मिजोरम यात्रा के कारण वह नहीं हो सकी। तब मिजोरम ने वार्ता को 9-11 नवंबर के लिए टाल देने की अपील की थी। अब वह असम सरकार की प्रस्तावित तारीख पर चर्चा कर रहा है।