{"_id":"5ed7a524b1af305cd96e7f83","slug":"no-major-impact-of-cyclone-nisarga-in-gujarat","type":"story","status":"publish","title_hn":"गुजरात में निसर्ग का कोई बड़ा प्रभाव नहीं, 63 हजार से ज्यादा लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
गुजरात में निसर्ग का कोई बड़ा प्रभाव नहीं, 63 हजार से ज्यादा लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए
Wed, 03 Jun 2020 06:57 PM IST
गौरव पाण्डेय
पीटीआई, अहमदाबाद
पीटीआई, अहमदाबाद
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Wed, 03 Jun 2020 06:57 PM IST
सार
चक्रवाती तूफान निसर्ग के चलते बुधवार को गुजरात के दक्षिणी तट में अभी तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि निसर्ग पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में दस्तक दे चुका है। अधिकारी ने बताया कि एहतियाती कदम के तौर पर अभी तक आठ जिलों में तट के पास रहने वाले 63,700 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
विज्ञापन
सूरत के सुवाली बीच पर बचाव कार्य में लगे एनडीआरएफ के कर्मचारी
- फोटो : एएनआई
विस्तार
चक्रवाती तूफान दोपहर करीब साढ़े 12 बजे महाराष्ट्र के तटीय रायगढ़ जिले में अलीबाग के पास पहुंचा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर में तूफान के चलते तेज हवाएं चलेंगी और भारी वर्षा होगी। राज्य के राहत आयुक्त हर्षद पटेल ने कहा, ‘अरब सागर के पास स्थित वलसाड और नवसारी जिलों में हवा की गति सामान्य रही।'
विज्ञापन
उन्होंने कहा, हालांकि अगले तीन घंटे में हवा की गति बढ़कर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है क्योंकि चक्रवात उत्तर पूर्व महाराष्ट्र की ओर बढ़ रहा है। अभी तक किसी अप्रिय घटना या किसी मनुष्य को चोट लगने की सूचना नहीं है। पटेल ने कहा, ‘वलसाड और नवसारी में सुबह से क्रमश: दो मिलीमीटर और सात मिलीमीटर वर्षा हुई है। स्थिति नियंत्रण में है।’
विज्ञापन
पटेल ने कहा कि एहतियाती कदम के तौर पर अभी तक आठ जिलों में तट के पास रहने वाले 63,700 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 18 टीमों और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की छह टीमों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि इनमें से 33,680 लोगों को वलसाड जिले से निकाला गया है, वहीं 14,400 लोगों को नवसारी में, सूरत में 8,727 लोगों को, भावनगर में 3,066 लोगों को, अमरेली में 2,086 लोगों को, भरूच में 12,020 लोगों को, आणंद में 761 लोगों को और गिर-सोमनाथ में 228 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।