जवानों के स्मार्टफोन रखने पर पाबंदी नहीं: सेना प्रमुख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेना प्रमुख जनरल विपिन रावत ने जवानों के स्मार्टफोन पर प्रतिबंध की खबर को गलत बताया है। जनरल रावत ने कहा है कि जवानों के स्मार्टफोन रखने पर प्रतिबंध लगाने का सेना का कोई इरादा नहीं है। हालांकि संवेदनशील इलाकों, सीमा की अग्रिम पंक्ति में तैनाती और सैन्य कार्रवाई के दौरान इसके इस्तेमाल का फैसला तय नियम (एसओपी) के आधार पर किया जाएगा।
सेना के मुताबिक, जनरल ने अपने बयान में स्मार्टफोन पर पाबंदी लगाने संबंधी बात कभी नहीं कही। शुक्रवार को सेना प्रमुख की पहली प्रेस कांफ्रेंस के बाद कुछ अखबारों और मीडिया में प्रतिबंध संबंधी खबर आई।
सेना प्रमुख ने इसी भ्रम को दूर करने के लिए यह बयान जारी किया है। गौरतलब है कि प्रेस कांफ्रेंस में जनरल रावत ने कहा था कि सोशल मीडिया दोधारी हथियार है और इसका फायदा और नुकसान दोनों हैं। जनरल ने कहा था कि जवानों को सोशल मीडिया के बजाय सीधे लिखित शिकायत करनी चाहिए।
जवानों के लिए मददगार है स्मार्टफोन
सेना प्रमुख ने यह भी माना कि फोन की उपलब्धता की वजह से जवान हमेशा घर के संपर्क में रह पाते हैं। इससे घर की समस्याएं उनके पास रियल टाइम में पहुंचती हैं। नतीजतन जवान कुछ कर तो नहीं सकता लेकिन उसके भीतर तनाव बढ़ जाता है।
जनरल के मुताबिक यह काफी स्वाभाविक है। इस नई समस्या से निपटने के लिए नए उपायों पर विचार किया जा रहा है। लेकिन इससे निजात के लिए स्मार्टफोन पर प्रतिबंध लगाने की बात नहीं की थी।
उल्लेखनीय है कि पिछले चार दिनों के अंदर सोशल मीडिया के जरिये सेना, बीएसएफ और सीआरपीएफ की शिकायतें उजागर हुई हैं। बीएसएफ के जवान ने खाने की, सीआरपीएफ के जवान ने सेना की तुलना में कम सुविधा व पेंशन की और सेना के लांस नायक ने वरिष्ठ अधिकारियों के खराब व्यवहार की शिकायत का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था।
यज्ञ प्रताप की पत्नी ने कहा, भूख हड़ताल पर पति
ऋचा ने कहा कि यज्ञ प्रताप ने खाना-पीना भी छोड़ दिया है और अनशन पर बैठ गए हैं। ऋचा को अपने पति पर गर्व है। उन्होंने बताया, ‘पिछले साल मैं देहरादून में अपने पति के साथ थी। मैंने वहां देखा कि जवानों से अफसरों के घरों पर कार साफ करने, कुत्ता नहलाने, उसको शौच के लिए ले जाने और उसका मल साफ करने, जूता साफ करने और शौचालय की सफाई जैसे काम कराए जाते थे।
विरोध करने पर जवानों को दंडित किया जाता था।’ यज्ञ प्रताप का परिवार रीवा की बोदा बाग कॉलोनी में रहता है। ऋचा के मुताबिक, आखिरी बार यज्ञ प्रताप काफी डरे हुए लग रहे थे और उन्होंने मुझसे कहा था कि बेटे का ख्याल रखना।