Assam: आज आएंगी निर्मला सीतारमण, नौ नवंबर को आएंगे राजनाथ सिंह; पीएम मोदी व अमित शाह के दौरे की भी तैयारी
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 7 से 9 नवंबर के बीच दौरा करेंगे और कई प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के आगामी दौरों की पुष्टि की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को घोषणा की कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 7 से 9 नवंबर के बीच असम का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 7 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर गुवाहाटी पहुंचेंगी। अपने दौरे के दौरान वे जगीरोड में नए सेमीकंडक्टर प्लांट का निरीक्षण करेंगी और कई अहम आधारभूत ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी।
सीतारमण गुवाहाटी में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बने नए लैंड वॉटर टर्मिनल और रिवरफ्रंट गार्डन का उद्घाटन करेंगी। इसके अलावा 8 को वे कनकलता बरुआ राज्य विश्वविद्यालय, जो एक नया ग्रीनफील्ड विश्वविद्यालय होगा, की आधारशिला रखेंगी। उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 9 को गुवाहाटी पहुंचेंगे। वे भारतीय वायु सेना द्वारा आयोजित एयर शो में शामिल होंगे, जो लचित घाट पर आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सरमा ने यह भी बताया कि आने वाले डेढ़ महीने के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी असम का दौरा करेंगे। “अगले 45 दिनों में असम राष्ट्रीय नेताओं के कई उच्चस्तरीय दौरों का साक्षी बनेगा। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे की रूपरेखा बताते हुए सरमा ने कहा कि प्रधानमंत्री गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ दोनों का दौरा करेंगे। गुवाहाटी में वे हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे, जबकि डिब्रूगढ़ में असम सरकार और केंद्र सरकार के संयुक्त उपक्रम से बनने वाले नए फर्टिलाइजर कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखेंगे।
इसके बाद वे गुवाहाटी लौटकर ब्रह्मपुत्र नदी पर गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी को जोड़ने वाले पुल का उद्घाटन करेंगे। अमित शाह के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि गृह मंत्री पार्टी की बैठक में शामिल होंगे और दो प्रमुख सांस्कृतिक परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान गृहमंत्री एक 5,000 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम, जिसे ज्योति प्रसाद अग्रवाला और बिष्णु प्रसाद राभा को समर्पित किया जाएगा, तथा दूसरा महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान से जुड़ा सांस्कृतिक प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री सरमा ने कहा, दिसम्बर और जनवरी के महीनों में इन दौरों से असम में विकास का एक नया अध्याय आरंभ होगा।