केरल सोना तस्करी मामले में एनआईए ने एक भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार किया
केरल सोना तस्करी मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक आरोपी राबिंस हमीद को गिरफ्तार किया है। इस मामले में भगोड़े आरोपियों में से एक हमीद को कोच्चि एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। हमीद के खिलाफ इंटरपोल ने ब्ल्यू कॉर्नर नोटिस जारी किया था, जिसके आधार पर संयुक्त अरब अमीरात सरकार ने उसे अपने यहां से निर्वासित कर दिया था।
एजेंसी के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि हमीद जैसे ही यूएई से कोच्चि पहुंचा, उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हमीद केरल के एर्नाकुलन जिले में मुवात्तुपुझा का रहने वाला है। एनआईए के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल और प्रवक्ता सोनिया नारंग ने एक बयान में कहा कि एजेंसी रिमांड पर लेने के लिए उसे मंगलवार को एक नामित अदालत में पेश करेगी।
Kerala: National Investigation Agency (NIA) arrests Rabins Hameed - one of the absconding accused in Kerala Gold Smuggling Case - at Kochi airport.
विज्ञापन विज्ञापन
He was deported by the UAE government following Interpol's Blue Corner notice against him. — ANI (@ANI) October 26, 2020
जांच में पता चला है कि हमीद ने यूएई और भारत में रहते हुए गिरफ्तार किए जा चुके आरोपी रमीज केटी, जलाल एएम और अन्य के साथ मिल कर साजिश रची थी। उसने राजनयिक सामान के माध्यम से भारत में तस्करी के लिए दुबई में धन की व्यवस्था की और सोना भी खरीदा। एर्नाकुलम में एनआईए की विशेष अदालत ने हमीद की गिरफ्तारी के लिए गैर-जमानती वारंट जारी किया था।
बता दें कि पांच जुलाई को केरल के तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे से राजनयिक सामान के साथ 30 किलोग्राम सोना बरामद किया गया था। इस मामले में मुख्य आरोपी स्वप्ना सुरेश सहित कई लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच कस्टम विभाग, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी केंद्रीय एजेंसियां कर रही हैं।
इस मामले में केरल के मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव रहे शिवशंकर भी जांच के दायरे में हैं और उनसे कई दौर की पूछताछ हो चुकी है। केरल हाईकोर्ट ने उन्हें 28 अक्तूबर तक गिरफ्तारी से राहत दी है। बता दें कि स्वप्ना सुरेश से तार जुड़ने के बाद वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिवशंकर को निलंबित कर दिया गया था।