फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news updatesc 1st September north east west south india elections 2025 politics crime national news in hindi

Updates: केरल में अमीबिक मेनिंजोएंसेफलाइटिस से दो और मौतें; तेलंगाना में सड़क हादसे में चार की मौत-चार घायल

Mon, 01 Sep 2025 04:49 AM IST
बशु जैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: बशु जैन Updated Mon, 01 Sep 2025 04:49 AM IST
विज्ञापन
news updatesc 1st September north east west south india elections 2025 politics crime national news in hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले के नरसापुरम मंडल में रविवार को गणेश जुलूस के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में एक नाबालिग समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति घायल हो गया और उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि गणेश प्रतिमाएं स्थानीय लोगों की थीं और दुर्घटना होने से पहले जुलूस ने इलाके में कुछ चक्कर लगाए थे। इलाके में सड़क लगभग 20 फीट चौड़ी है और प्रारंभिक जांच से पता चला है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
विज्ञापन


चेन्नई एयरपोर्ट पर लावारिस धातु का डिब्बा मिलने से हड़कंप
चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आगमन टर्मिनल पर सोमवार को एक धातु का लावारिस डिब्बा मिलने से अफरा-तफरी मच गई। एक अधिकारी ने बताया कि यह छोटा सा धातु का डिब्बा सीमा शुल्क कार्यालय के पास बिना निगरानी के पड़ा हुआ था। जैसे ही यह जानकारी मिली, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान, बम डिटेक्शन स्क्वॉड और स्निफर डॉग्स के साथ मौके पर पहुंचे और डिब्बे की जांच शुरू की। एक सूत्र ने बताया कि जांच के बाद उस डिब्बे को और गहन इलेक्ट्रॉनिक परीक्षण के लिए एक सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
विज्ञापन


तेलंगाना में निजी बस के ट्रक से टकराने से चार लोगों की मौत   
तेलंगाना के महबूबनगर जिले में सोमवार तड़के एक निजी बस के ट्रक से पीछे से टकरा गई, जिस कारण चार लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। 
विज्ञापन
विज्ञापन

 
यह हादसा रात करीब सवार दो बजे हुआ। यह जगह अद्दकाल थाना क्षेत्र में आती है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे में घायल पांच लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस ने बताया कि बस में कुल 32 यात्री सवार थे और यह हैदराबाद से प्रोद्दटूरू की ओर जा रही थी।

ममता बनर्जी ने 'पुलिस दिवस' पर कानून के रखवालों को दी बधाई
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को 'पुलिस दिवस' के मौके पर पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं दीं और राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका सराहना की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, इस पुलिस दिवस पर हम वर्दी में मौजूद उन नायकों को सलाम करते हैं जो कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजबूती से खड़े रहते हैं।  उन्होंने आगे लिखा, आपका साहस, बलिदान और समर्पण हर दिन हमारी सुरक्षा और शांति सुनिश्चित करता है। ममता बनर्जी ने 2020 में घोषणा की थी कि एक सितंबर को हर साल 'पुलिस दिवस' के रूप में मनाया जाएगा, ताकि वर्दीधारी पुरुषों और महिलाओं के योगदान को मान्यता दी जा सके।

केरल में अमीबिक मेनिंजोएंसेफलाइटिस से दो और मौतें
केरल के कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। इनमें एक तीन महीने का शिशु भी शामिल है। दोनों की मौत 'अमीबिक मेनिंजोएंसेफलाइटिस' नाम की दुर्लभ और जानलेवा दिमागी बीमारी के कारण हुई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अगस्त महीने में इस बीमारी से राज्य में अब तक कुल तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

तेंदुए की खाल की तस्करी करते सात गिरफ्तार
ओडिशा के गंजम जिले में रविवार को तेंदुए की खाल की तस्करी में कथित संलिप्तता के आरोप में एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को भंजनगर उत्तरी वन प्रभाग क्षेत्र के एक घर और एक निजी लॉज से पकड़ा गया। घुमुसर उत्तरी प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) हिमांशु शेखर मोहंती ने बताया कि उनके पास से एक सात फुट लंबी तेंदुए की खाल, तेज धार वाले हथियार और मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। खाल पर गोली लगने का निशान था, जिससे संदेह है कि शिकारियों ने इसे लगभग एक महीने पहले मारा होगा।

असम में मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतरे, कोई हताहत नहीं
असम के कामरूप जिले में एक मालगाड़ी के दो डिब्बे रविवार को पटरी से उतर गए। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के एक अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ( सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा के मुताबिक, रविवार दोपहर लगभग 12:42 बजे असम के चांगसारी और बैहाटा स्टेशनों के बीच एक खाली मालगाड़ी के दो डिब्बों के पटरी से उतर गए, हालांकि इससे जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ।

केरल में यूट्यूबर को गाड़ी रोककर पीटा, मुकदमा दर्ज
केरल के थोडुपुझा जिले में यूट्यूबर शाजन स्कारिया पर हमला हुआ। पुलिस के अनुसार हमला शनिवार शाम अज्ञात लोगों ने किया। हमले में शाजन को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस एफआईआर के अनुसार, आरोपियों ने उनकी गाड़ी को रोका, उनके साथ मारपीट की और हत्या का प्रयास किया। शाजन मरुनदन मलयाली नाम के यूटयूब चैनल के मालिक हैं। थोडुपुझा पुलिस ने घटना पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश जारी है।

फिलीपीन को खाद्य निर्यात बढ़ाने की तैयारी में भारत
भारत-फिलीपीन खाद्य आयात उदार होने के बाद अब भारतीय चावल निर्यातकों का एक दल निर्यात बढ़ाने के मकसद से अगले महीने फिलीपीन का दौरा करेगा। फिलीपीन ने भारतीय बासमती चावल के आयात पर लगे प्रतिबंध को हटाने की सहमति दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस कदम से भारतीय किसानों की आय में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

कृषि सचिव फ्रांसिस्को पी. तियु लॉरेल जूनियर के नेतृत्व में फिलीपीन के एक दल ने इस महीने की शुरुआत में भारत का दौरा किया था। चर्चा के परिणामस्वरूप चावल, भैंस के मांस, सब्जियों और फलों सहित प्रमुख भारतीय खाद्य उत्पादों के आयात को बढ़ाने पर सहमति बनी। इन चर्चाओं में भारतीय बासमती चावल निर्यात पर प्रतिबंध हटाने का निर्णय भी लिया गया।षभारत ने 2024 में फिलीपीन को 413 मिलियन डॉलर के कृषि उत्पादों का निर्यात किया। दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने के लिए, फिलीपीन के खाद्य आयातक 25-28 सितंबर को विश्व खाद्य भारत और 30-31 अक्तूबर को अंतर्राष्ट्रीय चावल सम्मेलन में भी भाग लेंगे।

मणिपुर : पुष्प महोत्सव से लौट रहे पत्रकार को गोली मारी, घायल
मणिपुर के सेनापति जिले में एक टीवी पत्रकार को गोली मारकर घायल कर दिया गया। पुलिस ने रविवार को बताया कि नागालैंड के पत्रकार दीप सैकिया को बगल और पैरों में गोली लगी है। उन पर यह हमला शनिवार शाम नागा बहुल जिले के लाई गांव में जिन्निया पुष्प महोत्सव को कवर करने के बाद लौटते वक्त हुआ। फिलहाल, सैकिया अस्पताल में भर्ती हैं।

तेलंगाना में कुत्ते के काटने से 3 साल के बच्चे की मौत
तेलंगाना के जगतियाल जिले के तुंगुर गांव में एक तीन साल के बच्चे की कुत्ते के काटने से मौत हो गई। बच्चे पर एक महीने पहले आवारा कुत्तों ने हमला किया था। बीरपुर के सब-इंस्पेक्टर बी राजू ने रविवार को बताया कि परिवार ने उस समय स्थानीय चिकित्सा देखभाल तो ली थी, लेकिन बच्चे को कथित तौर पर रेबीज रोधी टीका नहीं लगाया गया था। 29 अगस्त को बच्चे के मुंह से झाग निकलने लगा। डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर पाते हुए उसे आगे के इलाज के लिए करीमनगर से हैदराबाद रेफर कर दिया। 30 अगस्त को हैदराबाद जाते समय बच्चे की मौत हो गई।

नसबंदी की गलत सर्जरी से महिला की मौत, चार निजी अस्पताल सील
झारखंड के पलामू जिले में रविवार को चार निजी अस्पतालों को सील कर दिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि एक कथित झोलाछाप डाक्टर द्वारा की गई नसबंदी की गलत सर्जरी के कारण एक महिला की मौत के बाद यह कार्रवाई की गई। पलामू के सिविल सर्जन (सीएस) डा. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला की मौत के बाद एक प्रशासनिक टीम ने निजी अस्पतालों की जांच की। हमें कई निजी अस्पतालों में झोलाछाप डाक्टरों के गलत इलाज करने की रिपोर्ट मिली थी। इसके बाद आठ केंद्रों की जांच की गई, जिनमें से चार को सील कर दिया गया। ये अस्पताल के मानदंडों का पालन नहीं कर रहे थे। दरअसल, पूनम देवी (29) नाम की महिला मरीज की शनिवार को एक निजी अस्पताल में कथित तौर पर एक झोलाछाप डाक्टर ने नसबंदी की सर्जरी की थी। हालत बिगड़ने पर उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

40 फीसदी वन आवरण होने पर मिलेगा ग्रीन क्रेडिट
 केंद्र सरकार ने ग्रीन क्रेडिट जारी करने के नियम बदल दिए हैं। अब बंजर-क्षतिग्रस्त वन भूमि की जमीन को पांच साल तक संवारे जाने और वहां 40 फीसदी वृक्षों का आवरण (कैनोपी कवर) जरूरी कर दिया है। इससे पहले, लगाए गए पेड़ों की संख्या के आधार पर तुरंत ग्रीन क्रेडिट दिया जाता था। हरित क्षेत्र को बढ़ाने के लिए सरकार ग्रीन क्रेडिट कार्यक्रम के तहत पौधे लगाने पर ग्रीन क्रेडिट देती है। पहली बार पिछले वर्ष 22 फरवरी को अधिसूचित किया गया था और 29 अगस्त को एक नई अधिसूचना जारी की गई है। नई प्रणाली के तहत कम से कम पांच साल के जीर्णोद्धार कार्य के बाद और भूमि पर कम से कम 40 फीसदी वन आवरण घनत्व होने पर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा, पांच साल से अधिक समय तक जीवित रहने वाले हर पेड़ के लिए एक क्रेडिट दिया जाएगा। ग्रीन क्रेडिट, पर्यावरण की सुरक्षा के लिए स्वैच्छिक कदम उठाने पर दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि है। व्यक्ति, समुदाय और कंपनियां पेड़ लगाने, मैंग्रोव (खारे पानी में पनपने वाले समुद्री पादप) को संरक्षित करने, टिकाऊ खेती करने या पर्यावरण के अनुकूल तरीके से कचरे का प्रबंधन करने जैसी गतिविधियों के माध्यम से इसे अर्जित कर सकते हैं।

भारत के साथ मिलकर स्विट्जरलैंड अनुसंधान और नवाचार को देगा बढ़ावा
भारत और स्विट्जरलैंड ने सोमवार को बर्न में आयोजित विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर भारत-स्विस संयुक्त समिति की सातवीं बैठक में अनुसंधान और नवाचार में सहयोग को गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। बैठक की सह-अध्यक्षता स्विट्जरलैंड की शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार राज्य सचिव मार्टिना हिरायामा और भारत के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अभय करंदीकर ने की।

एक बयान में कहा गया कि दोनों पक्षों ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर 2003 के द्विपक्षीय समझौते के तहत चल रहे सहयोग की समीक्षा की, जो संयुक्त पहल के लिए संस्थागत ढांचा प्रदान करता है। चर्चा मौजूदा सहायता साधनों का अधिक लक्षित उपयोग करने और संबंधों को मजबूत करने के लिए नए दृष्टिकोण अपनाने पर केंद्रित रही। दोनों देशों के अधिकारियों ने अब तक की साझेदारी की सफलता को स्वीकार किया और दीर्घकालिक विस्तार की इसकी संभावनाओं पर जोर दिया। कार्यान्वयन के लिए ठोस कदमों पर सहमति बनी और 2027 में भारत में अगली बैठक होगी।

अलास्का में भारत-अमेरिका के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास
टैरिफ पर जारी तनाव के बीच भारत और अमेरिका की सेनाएं 1 से सितंबर से अलास्का में शुरू हुए संयुक्त सैन्य अभ्यास में हिस्सा ले रही हैं। यह संयुक्त सैन्य अभ्यास का 21वां संस्करण है। इसमें दोनों देशों के जवान कई तरह की सामरिक रणनीतियों पर अभ्यास करेंगे। भारतीय सेना की ओर से मद्रास रेजीमेंट की एक बटालियन भाग ले रही है। 14 सितंबर तक चलने वाले इस अभ्यास में हेलिबोर्न ऑपरेशन, ड्रोन और निगरानी तकनीक का इस्तेमाल, पर्वतीय युद्ध, रॉक क्राफ्ट, घायलों की निकासी, मेडिकल सहायता, तोपखाने, विमानन और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली का संयुक्त प्रयोग होगा। इसके अलावा दोनों देशों के विशेषज्ञ ड्रोन और काउंटर-ड्रोन ऑपरेशन, सूचना युद्ध, संचार और लॉजिस्टिक्स जैसे अहम विषयों पर भी साझा सत्र करेंगे। अंत में सैनिक लाइव फायरिंग और ऊंचाई वाले इलाकों में युद्ध जैसी परिस्थितियों में संयुक्त युद्धाभ्यास करेंगे। इस ड्रिल का मकसद संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों के लिए क्षमता बढ़ाना और बहुआयामी चुनौतियों से निपटने की तैयारी को और मजबूत करना है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed