फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates of 09 May: Govt Formation in Puducherry, West Bengal, Tamilnadu, Telangana govt, News in Hindi

Updates: ओडिशा में अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत; कर्नाटक में आवारा कुत्ते ने नवजात को नोचकर मार डाला

Sat, 09 May 2026 05:58 PM IST
Pavan न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Sat, 09 May 2026 05:58 PM IST
विज्ञापन
News Updates of 09 May: Govt Formation in Puducherry, West Bengal, Tamilnadu, Telangana govt, News in Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
एन. रंगासामी का इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजूर कर लिया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया कि 7 मई 2026 से उनका इस्तीफा प्रभावी माना जाएगा। हालांकि नई सरकार के शपथ लेने तक रंगासामी और उनकी मंत्रिपरिषद कार्यवाहक सरकार के रूप में काम करती रहेगी। रंगासामी ने गुरुवार को उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन को अपना इस्तीफा सौंपा था। अब वे जल्द ही पांचवीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को बड़ी जीत मिली है। चुनाव में AINRC ने 16 में से 12 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी को 4 सीटें मिलीं। गठबंधन के अन्य सहयोगियों एआईएडीएमके और एलजेके को भी एक-एक सीट मिली। इस तरह 30 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए का आंकड़ा 18 तक पहुंच गया। विपक्ष में डीएमके को 5 सीटें और कांग्रेस को 1 सीट मिली है। टीवीके ने 2 सीटों पर जीत हासिल की।
विज्ञापन

तेलंगाना में अल्पसंख्यकों के लिए खुलेंगे विशेष डिग्री कॉलेज
तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने घोषणा की है कि तेलंगाना सरकार राज्य के 10 जिलों में अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों के लिए विशेष डिग्री कॉलेज खोलेगी। इन कॉलेजों में सामान्य पढ़ाई के साथ-साथ स्किल डेवलपमेंट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग भी दी जाएगी ताकि छात्रों को सीधे रोजगार मिलने में मदद हो सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सिर्फ पारंपरिक कोर्स चलाने के बजाय ऐसे कार्यक्रम तैयार किए जाएं जो युवाओं को नौकरी के लिए बेहतर तरीके से तैयार करें। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि मेधावी अल्पसंख्यक छात्रों को भी उसी तरह प्रोत्साहन दिया जाए जैसा पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों को दिया जाता है।

सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ग्रुप-1, ग्रुप-2 और ग्रुप-3 सेवाओं में चयनित अल्पसंख्यक युवाओं को चिन्हित कर उन्हें अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में जिम्मेदारियां दी जाएं। इसके अलावा इमामों और मोज्जनों को मिलने वाला मानदेय समय पर जारी करने के भी आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जहां जमीन उपलब्ध होगी वहां कब्रिस्तान के लिए भूमि दी जाएगी। मुसी नदी पुनर्जीवन परियोजना के तहत मंदिर के साथ मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारा भी बनाए जाएंगे, ताकि तेलंगाना की साझा संस्कृति और गंगा-जमुनी तहजीब को बढ़ावा मिल सके।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

कैट-2026 : परीक्षा से पहले बदले गए केंद्र
कोचीन यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (सीयूएसएटी) ने कैट 2026 के लिए नई दिल्ली स्थित परीक्षा केंद्र में बदलाव किया है। विवि ने कहा कि दिल्ली केंद्र वाले उम्मीदवार अपडेट एडमिट कार्ड डाउनलोड कर संशोधित केंद्र एचआरएल डिजिटल सॉल्यूशन में परीक्षा दें। परीक्षा 9, 10 व 11 मई को होंगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा से 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। उम्मीदवारों को प्रिंटेड एडमिट कार्ड के साथ मूल फोटो पहचान पत्र या डिजिलॉकर दस्तावेज लाना होगा। मान्य पहचान पत्रों में आधार, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पैन कार्ड व स्कूल-कॉलेज आईडी शामिल हैं।
विज्ञापन

मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार
ओडिशा के खुर्दा जिले में कथित छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश के बाद हुई मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब तक कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिन दो महिलाओं के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म की कोशिश हुई थी, उन्होंने गिरफ्तार लोगों को निर्दोष बताते हुए उनकी रिहाई की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि उन्हीं लोगों ने उनकी जान बचाई थी। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि वे स्कूटी से जा रही थीं, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उनका रास्ता रोका और हमला कर दिया। एक महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके कपड़े फाड़ दिए और दुष्कर्म की कोशिश की। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों आरोपी खेत की तरफ भागे। गुस्साई भीड़ ने दोनों को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया, जिसमें जीआरपी कांस्टेबल सौम्य रंजन स्वाइन की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने एक तरफ दुष्कर्म की कोशिश और दूसरी तरफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मणिपुर: एलंगबाम ने भाजपा से दिया इस्तीफा
मणिपुर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एलंगबाम जॉनसन ने शुक्रवार को पार्टी और पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि मई 2023 से जारी जातीय संघर्ष के बीच राज्य सरकार लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सरकार जनता की इच्छा के विरुद्ध काम कर रही है। बता दें, मणिपुर में जारी हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोग जान गंवा चुके हैं।
 

फ्रांसीसी शराब समूह पर्नोड रिकॉर्ड के खिलाफ जांच
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने फ्रांसीसी शराब समूह पर्नोड रिकॉर्ड के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। कंपनी पर आरोप है कि उसने दिल्ली के खुदरा विक्रेताओं के साथ मिलीभगत कर प्रतिस्पर्धी ब्रांडों को नुकसान पहुंचाया। नियामक आदेश के अनुसार पर्नोड ने खुदरा विक्रेताओं को लोन दिलाने के लिए 200 करोड़ की गारंटी दी, बदले में दुकानों में अपने ब्रांड का स्टॉक 35% सुनिश्चित करवाया।

आतंकवाद-कट्टरपंथ के खिलाफ मिलकर काम करेंगे भारत और सिंगापुर
भारत और सिंगापुर ने सीमा पार आतंकियों की आवाजाही, कट्टरता व आतंकवाद के वित्तपोषण सहित आतंकवाद की चुनौती से निपटने के लिए संयुक्त रूप से काम करने का संकल्प लिया है। गुरुवार को दिल्ली में आयोजित आतंकवाद और अंतरराष्ट्रीय अपराध से निपटने के लिए संयुक्त कार्य समूह (जेडब्ल्यूजी) की पांचवीं बैठक में दोनों पक्षों ने आतंकवाद विरोधी सहयोग को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जेडब्ल्यूजी ने सीमा पार आतंकवाद सहित आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की स्पष्ट और कड़ी निंदा की और आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता के सिद्धांत की पुष्टि की। बैठक में, दोनों पक्षों ने पिछले अप्रैल में पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले और नवंबर में लाल किले के पास हुई आतंकी घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। विज्ञप्ति में कहा गया है, "जेडब्ल्यूजी ने आतंकवादी भर्ती, आतंकवादियों की सीमा पार आवाजाही, कट्टरता, आतंकवादी उद्देश्यों के लिए प्रौद्योगिकी का दुरुपयोग और आतंकवाद के वित्तपोषण सहित पारंपरिक और उभरते खतरों और चुनौतियों की एक विस्तृत श्रृंखला पर चर्चा की।
 

तेलंगाना: 800 साल पुराने  मंदिर पर चला बुलडोजर स्कूल का होगा निर्माण
तेलंगाना के वारंगल जिले में काकतीय राजवंश के समय के एक प्राचीन शिव मंदिर को जमींदोज किए जाने से विवाद खड़ा हो गया है। खानापुर मंडल के अशोक नगर स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर को एक सरकारी स्कूल के निर्माण के लिए गिराया गया। 13वीं शताब्दी का यह मंदिर राजा गणपतिदेव के शासनकाल का था, जहां 1231 ईस्वी के दुर्लभ शिलालेख मौजूद थे। अधिवक्ता रामाराव इमनेनी की शिकायत पर राष्ट्रीय स्मारक प्राधिकरण ने मामला दर्ज किया है। तेलंगाना हेरिटेज एक्ट की धारा-30 के तहत उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है, जिन्होंने बिना अनुमति इस ऐतिहासिक ढांचे को नष्ट करने की अनुमति दी। विवाद बढ़ता देख कलेक्टर कार्यालय ने दावा किया कि झाड़ियों की सफाई के दौरान केवल एक पुराने जर्जर ढांचे के अवशेष मिले थे। हालांकि, बढ़ते विरोध को देखते हुए कलेक्टर डॉ. सत्य शारदा ने कहा कि मंदिर को फिर बनाया जाएगा।
 

तेलंगाना: पुलिस के सेवानिवृत्त डीजी की पत्नी की घर में हत्या
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आंध्र प्रदेश कैडर के डीजी रैंक से सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी विनय रंजन राय की पत्नी की शुक्रवार तड़के हत्या कर दी गई। उनके घर की नौकरानी की मदद से एक नेपाली गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया। शहर के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने बताया कि वारदात के वक्त राय शहर से बाहर थे और उनके बच्चे पॉश जुबली हिल्स में प्रशासन नगर के उनके घर की ऊपरी मंजिल पर थे। आरोपियों ने उस वक्त पहली मंजिल पर रही राय की 62 साल की पत्नी तनुजा की गला घोंटकर हत्या कर दी और घर से कीमती सामान लेकर फरार हो गए। कमिश्नर सज्जनार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया।
 

विदेश सचिव विक्रम मिस्री की नेपाल यात्रा स्थगित
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री की नेपाल यात्रा आखिरी समय में स्थगित कर दी गई है। यह दौरा सोमवार से शुरू होना था, लेकिन भारतीय पक्ष की ओर से अचानक इसे टालने की सूचना दी गई। नेपाल के विदेश मंत्रालय और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, यात्रा रद्द करने के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। सूत्रों के अनुसार, विक्रम मिस्री दो दिवसीय यात्रा पर काठमांडू आने वाले थे, जहां उनका उद्देश्य नई नेपाली सरकार के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करना था। इस दौरान वह नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह को भारत यात्रा का औपचारिक निमंत्रण भी देने वाले थे। लेकिन नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से उच्च स्तरीय बैठक को लेकर स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं मिलने के कारण यात्रा पर असर पड़ा। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब भारत और नेपाल के बीच लिपुलेख सीमा विवाद को लेकर तनाव बना हुआ है। हालांकि नेपाल के विदेश मंत्रालय ने साफ किया है कि यात्रा स्थगित होने और सीमा विवाद का आपस में कोई संबंध नहीं है। नेपाल ने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते बेहद करीबी हैं और एक मुद्दा व्यापक संबंधों को प्रभावित नहीं कर सकता।

अरुणाचल के वन्यजीव अभयारण्य में 20 साल बाद दिखा रॉयल बंगाल टाइगर
अरुणाचल प्रदेश के डी. एरिंग मेमोरियल वन्यजीव अभयारण्य में लगभग दो दशकों में पहली बार एक रॉयल बंगाल टाइगर को देखा गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को पासीघाट के पास अभयारण्य के भीतर जमा किए गए कैमरा ट्रैप सबूतों के आधार पर इसकी पुष्टि की। अरुणाचल प्रदेश वन और वन्यजीव विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि वन्यजीव अभयारण्य में किए गए कैमरा ट्रैप सर्वे के जरिए बाघ के दिखने की घटना को कैमरे में कैद किया गया है।

इस सर्वे में 'अशोका ट्रस्ट फॉर रिसर्च इन इकोलॉजी एंड एनवायरनमेंट' (एटीआरईई) से तकनीकी सहायता ली गई थी। उन्होंने बताया कि डीईएमडब्ल्यूएस के अंदर बाघ के होने का आखिरी पुख्ता सबूत 2005 में मिला था, और उसके बाद 2007-08 तक सिर्फ ऐसी रिपोर्टें मिली थीं, जिनकी पुष्टि नहीं हो पाई थी। अधिकारी ने कहा कि कैमरा ट्रैप से मिलीं ताजा तस्वीरों से इस इलाके में बाघ की मौजूदगी पूरी तरह से साबित हो गई है। 2014 में वर्ल्ड वाइड फंड (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) फॉर नेचर द्वारा प्रकाशित एक बेसलाइन सर्वे में एक निराशाजनक तस्वीर सामने आई थी। इसमें बाघों के कोई पगमार्क या कैमरा ट्रैप से जुड़ा कोई सबूत नहीं मिला था, और उनके गायब होने की संभावित वजह शिकारियों द्वारा बड़े पैमाने पर किए जा रहे शिकार को बताया गया था।

ओडिशा में अलग-अलग सड़क हादसों में 2 की मौत

ओडिशा के गंजम, मयूरभंज और सुंदरगढ़ जिलों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए। गंजम जिले में पोलसारा से पुरी जा रही करीब 30 श्रद्धालुओं से भरी एक बस की शनिवार तड़के कोडाला-खालिकोट रोड पर बाली ढाबा के पास एक ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई।

इस हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'घायलों को कोडाला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बाद में ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।' एक अन्य हादसे में मयूरभंज जिले में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी एक एसयूवी राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर बेतनाटी थाना क्षेत्र के नंदासोल चौक के पास ट्रक से टकराने के बाद पलट गई।

पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में 13 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें बारिपदा स्थित पीआरएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, सुंदरगढ़ जिले में शुक्रवार रात तलसरा थाना क्षेत्र के घोघर बुंडेल जंगल के पास हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय श्लोक बरला नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि तीनों एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

कर्नाटक में आवारा कुत्ते ने नवजात को नोचकर मार डाला

शनिवार सुबह कर्नाटक के बीदर जिले में एक दर्दनाक घटना घटी, जिसमें एक चार महीने के नवजात को कथित तौर पर एक आवारा कुत्ते ने नोचकर मार डाला। यह घटना बीदर जिले के हुमनाबाद तालुका के डबलगुंडी गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, माता-पिता ने शिशु को घर के अंदर सुला दिया था और खुद बाहर चले गए थे, लेकिन दरवाजा खुला छोड़ दिया था। इसी दौरान, कथित तौर पर एक आवारा कुत्ता घर में घुस आया और पालने में सो रहे नवजात शिशु पर हमला कर दिया।

कुत्ते ने शिशु के शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर काटकर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि शिशु के रोने की आवाज सुनकर माता-पिता घबराकर घर के अंदर भागे, जहां उन्होंने शिशु को खून से लथपथ पाया। शिशु को तुरंत पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई केस दर्ज नहीं किया गया है, और वे मेडिकल जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। आगे की जांच जारी है।
 

'बंगाल की भूमि पर लहरा रहा है भगवा', कर्नाटक में बोले अमित शाह 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कर्नाटक में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बी.एस. येदियुरप्पा के आज भाजपा की विचारधारा के अनुयायियों के लिए और भारत माता को आराध्य मानकर जीवन जीने वाले लोगों के लिए बहुत बड़ा दिन है। उन्होंने कहा कि जिस भूमि पर अरविंद, विवेकानंद, रामकृष्ण परमहंस और हमारी विचारधार के पुरोधा श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि में आज भगवा लहरा रहा है। 

अमित शाह ने भाजपा नेता बी. एस. येदियुरप्पा के 50 वर्ष के लंबे सार्वजनिक जीवन के बाद उनके सम्मान में आयोजित एक रैली में ये बात कही। उन्होंने कहा कि येदियुरप्पा ने विभिन्न मत-संप्रदायों के धर्मगुरुओं को एकजुट किया और उन्हें एक साथ एक मंच पर लाए हैं। 

भाजपा के वरिष्ठ नेता शाह ने आगे कहा, ''मणिकंचन योग में आज ही पश्चिम बंगाल में शपथ ग्रहण हुआ। इसके साथ ही बी. एस. येदियुरप्पा के 50 वर्ष के लंबे सार्वजनिक जीवन के बाद कर्नाटक, देशभर के किसान और भाजपा की सेवा करने के लिए उनके सम्मान का आज ही दिन तय हुआ है।'' 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed