फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news updates north east west south india politics crime events national news in hindi

News Update: गुजरात कांग्रेस उपाध्यक्ष हीरा जोतवा समेत तीन गिरफ्तार; तमिलनाडु में तीन श्रीलंकाई नागरिक बचाए गए

Sat, 28 Jun 2025 11:22 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Sat, 28 Jun 2025 11:22 PM IST
विज्ञापन
news updates north east west south india politics crime events national news in hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

गुजरात पुलिस ने मनरेगा घोटाले में गुजरात कांग्रेस उपाध्यक्ष हीरा जोतवा, उनके बेटे दिग्विजय जोतवा व एक अन्य को गिरफ्तार किया। भरूच के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मयूर चावड़ा ने बताया कि 11 गांवों के सर्वेक्षण में पता चला कि सरकारी धन की हेराफेरी की गई है। चावड़ा ने कहा, मनरेगा में अवैध कामों का संदेह होने पर भरूच डीडीओ ने 56 गांवों में प्राथमिक जांच शुरू कर दी। उन्होंने जाली दस्तावेजों, अवैध रूप से सरकारी धन की हेराफेरी और साजिश को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि मनरेगा में प्रयुक्त सामग्री का 60:40 अनुपात नहीं रखा गया। चावड़ा ने कहा, डिप्टी एसपी की निगरानी में एसआईटी ने मामले की जांच की। टीम ने उस साइट का दौरा किया जहां काम ठीक से नहीं किया गया था और पाया कि इस्तेमाल की गई सामग्री संलग्न बिलों से मेल नहीं खाती। उन्होंने बताया कि जलाराम और मुरलीधर एजेंसियों के मालिक फरार हैं। इन एजेंसियों के अलावा और भी बहुत से लोग इसमें शामिल हैं। जांच में पता चला कि हीरा जोतवा भी किसी दूसरे के नाम पर एक एजेंसी चला रहा था और पैसे उसके रिश्तेदार के खाते में डाले जाते थे। इसी अधार पर हीरा जोतवा व उसके बेटे को गिरफ्तार किया गया।

विज्ञापन


तमिलनाडु- आईसीजी ने तीन श्रीलंकाई नागरिकों की बचाई जान
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने तमिलनाडु के धनुषकोडी के तट पर एडम ब्रिज के नजदीक सैंडबार पर छोड़े गए तीन श्रीलंकाई नागरिकों की जान बचाई। तटीय सुरक्षा समूह पुलिस के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि ये तीनों एक अज्ञात नाव में श्रीलंका से धनुषकोडी के लिए चले थे। आईसीजी इन्हें बचाकर धनुषकोडी लाई और तटीय सुरक्षा समूह पुलिस को सौंप दिया। तटीय पुलिस के मुताबिक, मामले की आगे की जांच की जा रही है।

विज्ञापन

आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने जगन मोहन रेड्डी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर लगाई रोक
आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी के खिलाफ एक जुलाई तक किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी। यह आदेश पार्टी के एक कार्यकर्ता की मौत से जुड़े मामले में दिया गया है। हाईकोर्ट ने मामले में अन्य आरोपियों राज्यसभा सांसद वाईवी सुब्बा रेड्डी और पूर्व मंत्री अंबाती रम्बाबु व वी. राजिनी को भी राहत दी है।

18 जून को जगन रेड्डी ने पालनाडु जिले के रेंटापल्ला गांव में एक पार्टी नेता के परिवार से मुलाकात की। उसने एक साल पहले टीडीपी नेताओं और पुलिस के अत्याचार के कारण आत्महत्या कर ली थी। गांव जाते समय वाईएसआरपीसी समर्थक सी. सिंगय्या जगन के वाहन के पहियों के नीचे आकर घायल हो गया था और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन चालक को पहला और जगन को दूसरा आरोपी बनाया था। जगन ने हाईकोर्ट में अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की याचिका दायर की थी। अदालत ने मामले की सुनवाई एक जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी है।

विज्ञापन

आगे निकलने की होड़ में पत्रकार घटनाओं को गलत तरीके से प्रस्तुत न करें : नवनीत सहगल
प्रसार भारती के चेयरमैन नवनीत सहगल ने कहा कि पत्रकारों को प्रतिद्वंद्वियों से आगे निकलने या मशहूर होने के लालच में घटनाओं को गलत तरीके से पेश नहीं करना चाहिए। ऐसे दृष्टिकोण से नुकसान हो सकता है, जिसे ठीक नहीं किया जा सकता। देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान-2025 समारोह को संबोधित करते हुए सहगल ने ऑपरेशन सिंदूर की कवरेज का हवाला दिया। इसने लोगों की उम्मीदें बढ़ा दी थीं, जिसे पत्रकार उचित ठहराने में असमर्थ थे। उन्होंने मीडिया कवरेज में सावधानी बरतते हुए कहा, ऐसा माहौल बनाया गया कि यह दिखाया जाए कि (ऑपरेशन सिंदूर के हिस्से के रूप में) जो कुछ और हो सकता था, वह वास्तव में नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सरकार द्वारा उठाया गया बड़ा कदम था, जो कल्पना से परे था। कई सरकारों ने कभी सोचा भी नहीं था कि ऑपरेशन सिंदूर जैसा कदम उठाया जा सकता है, लेकिन कुछ पत्रकारों ने इसे इस तरह से पेश किया कि कुछ नहीं हुआ। पत्रकारों को समाचार रिपोर्टिंग को सनसनीखेज बनाने की प्रवृत्ति से बचना चाहिए। 
विज्ञापन

केरल हाईकोर्ट जज के घर चोरी निजी सचिव का सोना गायब
केरल उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति ए बदरुद्दीन के कलामस्सेरी स्थित आवास में चोरी हो गई। उनके निजी सचिव का लगभग छह ग्राम सोना गायब पाया गया। कलामस्सेरी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि 23 जून को हुई चोरी के संबंध में 26 जून को शिकायत मिली थी। अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

केरल में इमारत ढहने से तीन प्रवासी मजदूरों की दबने से मौत
केरल के त्रिशूर जिला स्थित कोडकारा इलाके में शुक्रवार की सुबह 6 बजे एक पुरानी इमारत ढहने से उसमें रह रहे तीन प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। सभी मजदूर काम पर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी हादसा हुआ। पुलिस और दमकल एवं बचाव सेवाओं के अधिकारियों के अनुसार इमारत में 17 प्रवासी श्रमिक रह रहे थे, जिनमें से 14 सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। पुलिस के अनुसार बचाव अभियान ढाई घंटे चला। श्रम आयुक्त को घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।

मणिपुर में तीन महिलाओं समेत छह उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर पुलिस ने इंफाल पश्चिम और पूर्वी जिले से प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वार ग्रुप) की तीन महिलाओं समेत छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को इंफाल पश्चिम जिले के थांगमेइबंद थिंगल लेइकाई इलाके से कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्लूजी) की दो महिलाओं समेत तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने बताया कि वे जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल थे। वहीं इंफाल पूर्वी जिले के चिंगरेल तेजपुर क्षेत्र से जबरन वसूली गतिविधि में शामिल केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। जबरन वसूली की गतिविधि में शामिल केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को गुरुवार को इंफाल पूर्वी जिले के वांगखेई निंगथेम पुखरी मापल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

असम में पांच करोड़ की हेरोइन जब्त
असम के कछार जिले में एक संदिग्ध तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से पांच करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन जब्त की गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर कछार पुलिस ने सिलचर में मादक पदार्थ विरोधी अभियान चलाया। 5.55 करोड़ रुपये मूल्य की 1.109 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई। 

तेलंगाना में लाइव अश्लील वीडियो बनाने पर दंपती गिरफ्तार
तेलंगाना के अंबरपेट पुलिस स्टेशन क्षेत्र के मल्लिकार्जुन नगर में अपने निवास पर पैसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वेबसाइटों पर अपने लाइव अश्लील वीडियो चलाने के आरोप में दंपती को गिरफ्तार किया गया है। काचीगुडा के एसीपी वाई. हरीश कुमार ने कहा कि पति-पत्नी कांति नरेश कुमार और कांति पल्लवी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

तमिलनाडु में पटरी से उतरी पैसेंजर ट्रेन
तमिलनाडु के रानीपेट जिले में चिट्टेरी रेलवे स्टेशन पर अराकोणम-कटपडी मेमू पैसेंजर ट्रेन (सं. 66057) पटरी से उतर गई। ट्रेन के पटरी से उतरने के बाद अफरातफरी मच गई। ट्रेन के चित्तेरी स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही समय बाद पटरी से उतर गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। वर्तमान में मरम्मत का काम चल रहा है, रेलवे कर्मचारी और आपातकालीन दल मौके पर पटरियों को साफ करने और संरचनात्मक क्षति का आकलन कर रहे हैं। 

अंडमान सहकारी बैंक घोटाले में प्रबंध निदेशक और एक कर्मचारी गिरफ्तार
लोन घोटाला मामले में अंडमान निकोबार स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के. मुरुगन और एक कर्मचारी कलैवणन को शुक्रवार रात गिरफ्तार किया गया। इसके पहले बृहस्पतिवार को तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर पिछले कुछ वर्षों में संदिग्ध बैंक लेनदेन और नियमों को ताक पर रखकर लोन मंजूर करने का आरोप है। पूछताछ में बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की संलिप्तता का खुलासा हुआ है। कुछ दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

15 मई को मामले में बैंक के उपाध्यक्ष और पूर्व कांग्रेस सांसद कुलदीप राय शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच में एक ड्राइवर, पोर्ट ब्लेयर के एक चाय दुकानदार और एक मैकेनिक के बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन का पता चला है। एफआईआर में बैंक के पूर्व चेयरमैन, बोर्ड सदस्यों, निदेशकों व अधिकारियों और कई लाभार्थियों को भी नामजद किया गया है।

हैदराबाद में प्रमुख तेलुगु एंकर ने की आत्महत्या
एक प्रमुख तेलुगु चैनल के 40 वर्षीय पत्रकार और समाचार एंकर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। एंकर स्वेच्छा वी को शुक्रवार रात उनके घर पर छत के पंखे से लटका पाया गया। पुलिस ने बताया कि उसके पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद आत्महत्या का मामला दर्ज किया गया है। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने समाचार एंकर के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि पत्रकार, लेखिका और समर्पित तेलंगानावासी स्वेच्छा वोटारकर के दुर्भाग्यपूर्ण निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं।यदि आपको कभी लगे कि जीवन कठिन है, तो कृपया किसी पेशेवर व्यक्ति से संपर्क करने में संकोच न करें। जीवन जीने के लिए है और इसके लिए हमेशा सहायता उपलब्ध है।

टीका लगवाने के बावजूद कुत्ते के काटने से बच्चे की मौत
कन्नूर में पिछले महीने आवारा कुत्ते के काटने से पीड़ित पांच वर्षीय बच्चे की शनिवार को यहां परियारम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई, जबकि उसे टीका लगाया गया था। जानकारी के मुताबिक, तमिल दंपति के बेटे हरित को 31 मई को कन्नूर शहर के श्री नारायण पार्क के पास एक आवारा कुत्ते ने काट लिया था।

बच्चे की दाहिनी आंख और बाएं पैर पर काटा गया था और उसी दिन कन्नूर जिला अस्पताल में उसे टीका लगाया गया था। पिछले कुछ महीनों में टीकाकरण के बावजूद कुत्ते के काटने से बच्चे की मौत की यह चौथी घटना है। मई में, कोल्लम की रहने वाली सात वर्षीय निया की कुत्ते के काटने से रेबीज के कारण मृत्यु हो गई, जबकि उसे टीका लगाया गया था। वहीं अप्रैल में, मलप्पुरम जिले में छह वर्षीय लड़की जिया फारिस की टीकाकरण के बावजूद रेबीज के कारण मृत्यु हो गई।

केरल में ड्रग पार्टी पर छापेमारी के दौरान पुलिस पर हमला
केरल के नेल्लनकारा के निकट शनिवार को कथित ड्रग पार्टी को रोकने का प्रयास करने पर पुलिस अधिकारियों पर हमला किया गया। इस दौरान सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की गई। घटना में पांच पुलिस अधिकारी घायल हो गए। जबकि तीन पुलिस जीपें क्षतिग्रस्त हो गईं। मामले में एक हत्या आरोपी सहित छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि उन्हें एक आरोपी की मां ने फोन किया था, क्योंकि शुक्रवार देर रात शुरू हुई पार्टी शनिवार की सुबह तक जारी रही और शोर बहुत बढ़ गया था। जब अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तो पार्टी कर रहे लोगों ने उन पर हमला कर दिया और उनकी जीप को क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में जब और अधिकारी पहुंचे तो उन पर भी हमला किया गया और उनके वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

पराग जैन बने नए RAW प्रमुख
पराग जैन को भारत की रिसर्च एंड एनालिसिस विंग का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। वे 1989 बैच के पंजाब कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। इनकी नियुक्ति 1 जुलाई से दो साल के लिए प्रभावी होगी। वे 'ऑपरेशन सिंदूर' के मुख्य योजनाकार थे, जिसके तहत 7 मई को पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए गए। पराग जैन ने कश्मीर, पंजाब आतंकवाद और खालिस्तानी नेटवर्क पर भी गहरी पकड़ बनाई है। वे श्रीलंका और कनाडा में भारतीय मिशनों में भी सेवाएं दे चुके हैं।

सीएम सिद्धारमैया ने होसबाले पर कसा तंज
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के महासचिव दत्तात्रेय होसबाले की उस टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है, जिसमें उन्होंने संविधान की प्रस्तावना से ‘समाजवादी’ और ‘धर्मनिरपेक्ष’ शब्दों की समीक्षा की बात कही थी। मुख्यमंत्री ने कहा, 'आरएसएस मनुस्मृति में विश्वास करता है, न कि भारतीय संविधान में। उन्हें लोकतंत्र में कोई आस्था नहीं है। वे संविधान को बदलना चाहते हैं और मनुस्मृति को लागू करना चाहते हैं।' सिद्धारमैया ने कहा कि संविधान को डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता वाली समिति ने तैयार किया था और इसे संविधान सभा ने गहन चर्चा के बाद स्वीकार किया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘समाजवादी’ और ‘धर्मनिरपेक्ष’ जैसे शब्द संविधान में संसद में बहस के बाद जोड़े गए थे। इन्हें कोई अकेला व्यक्ति अपनी मर्जी से नहीं हटा सकता।'

सोशल मीडिया पर अपना अश्लील वीडियो चलाने के आरोप में दंपती गिरफ्तार
हैदराबाद के अंबरपेट पुलिस स्टेशन की सीमा के मल्लिकार्जुन नगर में अपने घर से सोशल मीडिया वेबसाइट पर खुद के लाइव अश्लील वीडियो को लाइव स्ट्रीम करने के आरोप में पत्नी और पति को गिरफ्तार किया गया है। कांति नरेश कुमार और कांति पल्लवी को एक अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

काचीगुडा के एसीपी वाई हरीश कुमार ने बताया कि 26 जून को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वेबसाइटों पर ऑनलाइन लाइव नग्न वीडियो बनाने के आरोप में दंपती को गिरफ्तार किया गया। वे पैसे लेकर अपने नग्न अश्लील लाइव वीडियो का लाइव लिंक देते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही और घटना से जुड़े सबूत जुटा रही है।

केरल में BJP का प्रदर्शन
तिरुवनंतपुरम नगर निगम मुख्यालय पर भाजपा पार्षदों और कार्यकर्ताओं की तरफ से सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ प्रशासनिक समिति के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए शनिवार को प्रदर्शन हिंसक हो गया। भाजपा पार्षदों ने वाम शासित निगम द्वारा स्कूली छात्रों को वितरित किए गए लैपटॉप की खरीद में लाखों रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। महिला पार्षदों सहित प्रदर्शनकारियों ने निगम तक मार्च निकाला, जिसे पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रोक दिया। जब प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स फांदकर परिसर में घुसने की कोशिश की, तो पुलिस को कई बार पानी की बौछारें करनी पड़ीं। प्रदर्शनकारियों ने तुरंत पीछे हटने की कोई इच्छा नहीं दिखाई, लेकिन पुलिस के साथ उनकी हाथापाई भी हुई। बाद में भाजपा की एक महिला पार्षद ने मीडिया को बताया कि निगम में सीपीआई (एम) शासित प्रशासनिक समिति भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि लैपटॉप की खरीद में ही नहीं, बल्कि मंदिर उत्सव अट्टुकल पोंगाला के संबंध में की गई व्यवस्थाओं में भी भ्रष्टाचार हुआ है। हालांकि, निगम में माकपा सूत्रों ने आरोप लगाया कि भाजपा पार्षदों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को छिपाने के लिए यह विरोध प्रदर्शन किया गया।

कालीगंज विस्फोट मामले में चार और आरोपी पकड़े
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कालीगंज में हुए बम विस्फोट में एक लड़की की मौत के सिलसिले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों समेत चार और लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात छापेमारी के दौरान दो लोगों - रहीबुल शेख और नवाब शेख को बरहामपुर से गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य को पूर्वी बर्धमान के कटवा से गिरफ्तार किया गया। कालीगंज विस्फोट मामले में इन लोगों के नाम एफआईआर में दर्ज हैं। आज उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। हम जल्द ही उनसे पूछताछ शुरू करेंगे। मामले में गिरफ्तारियों की कुल संख्या नौ तक पहुंच गई है। जिनमें से 24 लोगों के नाम एफआईआर में दर्ज हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed