Updates: यौन उत्पीड़न मामले में आरोपी को 10 साल की सजा; OPS लागू करेगी सिक्किम सरकार; पढ़ें देश की अहम खबरें
एक 19 वर्षीय लड़की के साथ यौन उत्पीड़न करने के आरोप में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। आरोपी पर एक अक्तूबर 2015 को अनुसूचित जाति की लड़की से शादी करने का वादा करके उसका यौन शोषण करने का आरोप लगाया गया था।
विस्तार
आरोपी की पहचान 33 वर्षीय राजेश राय के तौर पर हुई है जो पेरुवई गांव के बंतवाल तालुका का रहने वाला है। आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(1) और 448 के तहत सजा सुनाई गई है। एक 19 वर्षीय लड़की के साथ यौन उत्पीड़न करने के आरोप में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। आरोपी पर एक अक्तूबर 2015 को अनुसूचित जाति की लड़की से शादी करने का वादा करके उसका यौन शोषण करने का आरोप लगाया गया था।
लड़की एंडोसल्फान से संक्रमित थी और जब आरोपी ने उसका यौन उत्पीड़न किया, तब लड़की के माता-पिता घर में उपस्थित नहीं थे। इस मामले की जांच की जांच एएसपी राहुल कुमार ने की, उन्होंने एसटी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले में 27 गवाह थे, जिनमें से 14 की परीक्षण के दौरान जांच की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की तरफ से भी आरोपी से पीड़िता को भुगतान करने करने का निर्देश दिया गया है।
पुरानी पेंशन योजना लागू करेगी सिक्किम सरकार
सिक्किम सरकार ने राज्य में पुरानी पेंशन योजना लागू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि सरकार को इस बाबत गठित समिति की रिपोर्ट मिल गई है। तमांग ने कहा, सरकार ने समिति की रिपोर्ट के आधार पर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को लागू करने के लिए काम शुरू कर दिया है। इस योजना के लागू होने से सिक्किम के 30,000 सरकारी कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि राज्य की बड़ी आबादी के जीवनयापन का जरिया सरकारी नौकरी है। दरअसल पिछले साल सरकारी कर्मचारियों के ज्ञापन पर सरकार ने कार्मिक विभाग के सचिव रिनजिंग चेवांग भूटिया की अध्यक्षता में समिति का गठन किया था। तमांग ने राज्य में एक परिवार एक नौकरी योजना के तहत 20,000 संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की भी घोषणा की।
सड़क दुर्घटना में तीन इंजीनियरिंग छात्रों की मौत
राज्य के सिद्दीपेट जिले में चिन्ना कोदुर मंडल के अनंतसागर गांव के बाहरी इलाके में मंगलवार को सड़क पर खड़ी लॉरी से एसयूवी के टकराने से उसमें सवार तीन इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, घायल हुए आठ अन्य छात्रों को सिद्दीपेट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ये सभी इंजीनियरिंग के प्रथम वर्ष के छात्र थे और दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा देकर एक एसयूवी में करीमनगर से वापस लौट रहे थे। रास्ते में उनकी कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से जा टकराई।
तमिलनाडु में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को मनी लॉन्ड्रिंग और रेत खनन से जुड़े मामलों में करीब 30 ठिकानों पर छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि चेन्नई, पुडुकोट्टई और डिंडीगुल में कई परिसरों में तलाशी ली गई। धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत रेत माफिया और ठेकेदारों के खिलाफ छापे मारे गए।
चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मी सुविधा केंद्रों पर ही इस्तेमाल कर सकेंगे डाक मतपत्र
चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी डाक मतपत्र सुविधा का कोई दुरुपयोग न कर सकें, इसके लिए संबंधित नियमों में बदलाव किया गया है। इससे चुनाव ड्यूटी कर रहे कर्मचारी निर्धारित सुविधा केंद्रों पर ही अपना वोट डाल सकेंगे। वे मतपत्रों को लंबे समय तक अपने पास नहीं रख सकेंगे।
निर्वाचन आयोग ने पिछले साल सितंबर में केंद्रीय कानून मंत्रालय से चुनाव संचालन नियम, 1961 में बदलाव की सिफारिश की थी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी उस मतदाता सुविधा केंद्र पर ही अपना वोट डालें जहां उन्हें तैनात किया गया है। निर्वाचन आयोग का मानना था कि अगर डाक मतपत्र किसी मतदाता के पास लंबे समय तक रहता है तो उम्मीदवारों या राजनीतिक दलों की तरफ से अनुचित तरीकों, धमकी या रिश्वत देकर उसे प्रभावित किया जा सकता है।
आगामी राज्य चुनाव में लागू होगी नई व्यवस्था
अब, कानून मंत्रालय के विधायी विभाग ने चुनाव संचालन नियमों में संशोधन के लिए अधिसूचना जारी की है। नियमों में एक नई धारा 18ए जोड़ी गई है। इसमें कहा गया है कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात मतदाता अपना डाक मतपत्र प्राप्त करेगा, उस पर अपना वोट दर्ज करेगा और निर्धारित सुविधा केंद्र पर निर्वाचन अधिकारी को सौंप देगा। गत 23 अगस्त को संशोधन लागू होने के साथ, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मिजोरम, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनावों में चुनाव ड्यूटी पर तैनात मतदाता अब सुविधा केंद्रों पर मतदान करेंगे।
दो हाईकोर्ट के सात अतिरिक्त न्यायाधीशों को मंगलवार को स्थायी जज के रूप में नियुक्त किया गया। पांच अतिरिक्त न्यायाधीशों को मद्रास हाईकोर्ट से तो दो को कर्नाटक हाईकोर्ट से स्थायी जज बनाया गया। कर्नाटक हाईकोर्ट के एक अतिरिक्त न्यायाधीश इस वर्ष 8 नवंबर से अगले एक वर्ष के लिए उसी पद पर बने रहेंगे। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पर नियुक्तियों की घोषणा की।
मीनाक्षी लेखी ने रखी स्टिच्ड शिप की आधारशिला
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने मंगलवार को गोवा स्थित शिपयार्ड में एक "स्टिच्ड शिप" के निर्माण की आधारशिला रखी। इस दौरान नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार, प्रधान मंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल और अन्य लोग उपस्थित रहे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सरकार को पुर्तगाली खोजकर्ता वास्को डी गामा की डायरी की प्रतिकृति प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए, जो विदेश में एक संग्रहालय में है, इससे भारत के समृद्ध समुद्री इतिहास का पता लगाने में मदद मिलेगी।
पाकिस्तान से आए 100 से अधिक हिंदू शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता मिली
अहमदाबाद जिले के अधिकारियों ने मंगलवार को पाकिस्तान से 108 हिंदू शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता प्रदान की। ये नागरिक कई साल पहले भारत आने के बाद से यहां रह रहे थे। सरकार ने इसे लेकर एक विज्ञप्ति भी जारी की है। इसमें कहा गया है कि गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने जिला कलेक्टर कार्यालय में उन्हें नागरिकता प्रमाण पत्र सौंपे। इस दौरान संघवी ने उन्हें भारतीय नागरिक बनने के लिए बधाई दी। साथ ही उनसे "नए भारत के निर्माण के लिए" प्रतिबद्ध होने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार शरणार्थियों को हर संभव तरीके से मदद करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 1,149 पाकिस्तानी हिंदुओं को अहमदाबाद जिला कलेक्टरेट द्वारा भारतीय नागरिकता प्रदान की गई है। इसमें यह भी बताया गया है कि 2016 और 2018 के राजपत्र की अधिसूचनाओं में गुजरात के अहमदाबाद, गांधीनगर और कच्छ के जिला कलेक्टरों को पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों को भारतीय नागरिकता देने का अधिकार दिया गया है।
राजस्थान के हनुमानगढ़ में सड़क दुर्घटना में चार की मौत, एक घायल
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में टाउन थाना क्षेत्र के लाखोवाली के पास मंगलवार शाम एक जीप और बस की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। मरने वालों की पहचान नंदराम जाट (70), नीटू जाट (60), दीपू जाट (13) और अर्जुन जाट (40) के रूप में हुई हैं। पुलिस ने बताया कि घायल का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
बीएसएफ का पर्वतारोही दल माउंट मनास्लू रवाना
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का 18 सदस्यीय दल मंगलवार को पश्चिम-मध्य नेपाल स्थित माउंट मनास्लू पर चढ़ाई के लिए रवाना हुआ। यह दुनिया का आठवां सबसे ऊंचा पर्वत है। समुद्र तल से इसकी ऊंचाई 8,163 मीटर है। बीएसएफ के महानिदेशक नितिन अग्रवाल ने डिप्टी कमांडेंट-रैंक के अधिकारी लवराज सिंह धर्मशक्तू के नेतृत्व में टीम को हरी झंडी दिखाई। लवराज दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को सात बार फतह करने वाले देश के एकमात्र पर्वतारोही हैं। इस अभियान में बीएसएफ की दो महिला कर्मी भी शामिल हैं।