फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 9th Nov North East West South India Elections 2025 Politics Crime National Latest Hindi News

News Updates: अरुणाचल में कैडेट की मौत, सैनिक स्कूल के तीन कर्मचारी गिरफ्तार; सड़क हादसे में युवक की जलकर मौत

Sun, 09 Nov 2025 10:30 PM IST
लव गौर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: लव गौर Updated Sun, 09 Nov 2025 10:30 PM IST
विज्ञापन
News Updates 9th Nov North East West South India Elections 2025 Politics Crime National Latest Hindi News
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले के निगोलोक स्थित सैनिक स्कूल के तीन कर्मचारियों को शैक्षणिक संस्थान परिसर में एक 12 वर्षीय कैडेट की मौत के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। 1 नवंबर को, कक्षा 7 के एक छात्र ने कथित तौर पर स्कूल परिसर में आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद, रुक्सिन पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया।
विज्ञापन


गिरफ्तार किए गए तीन कर्मचारियों में सुबनसिरी हाउस जूनियर कैडेट विंग के हाउस मास्टर देवेंद्र सिंह, सुबनसिरी हाउस सीनियर कैडेट विंग के हाउस मास्टर कांगे दरिन और स्कूल के छात्रावास अधीक्षक अमर सिंह ठाकुर शामिल हैं। पूर्वी सियांग के एसपी पंकज लांबा ने कहा कि गवाहों के बयानों, फोरेंसिक साक्ष्यों और इस त्रासदी को जन्म देने वाले घटनाक्रम की जांच के बाद शनिवार को गिरफ्तारियां की गईं। इस मामले ने राज्य भर में आक्रोश पैदा कर दिया है क्योंकि ऐसी खबरें सामने आई हैं कि लड़के ने अपनी मौत से कुछ समय पहले अपनी बहन को एक संदेश भेजा था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उसे "वरिष्ठ छात्र प्रताड़ित" कर रहे हैं। उसके परिवार ने आरोप लगाया कि लड़के को स्कूल के छात्रावास में गंभीर रैगिंग और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। इससे पहले, पुलिस ने इस मामले में संस्थान के आठ छात्रों, सभी नाबालिगों को गिरफ्तार किया था और उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया था। 
विज्ञापन


बंगाल में आठ बीएलओ को कारण बताओ नोटिस
चुनाव आयोग ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में आठ बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया, क्योंकि उन पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए गणना प्रपत्र घर-घर जाकर वितरित करने के बजाय चाय की दुकानों, स्थानीय क्लबों और अन्य स्थानों से वितरित करने का आरोप है। चुनाव आयोग ने राज्य में मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए नए निर्देश भी जारी किए हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों ने कहा कि चुनाव आयोग ने इन खामियों पर असंतोष व्यक्त किया है और सभी जिला चुनाव अधिकारियों (डीईओ) और जिलाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि बीएलओ चुनावी मानदंडों के अनुसार प्रत्येक मतदाता के घर जाकर प्रपत्र वितरित और एकत्र करें। उन्होंने कहा, "कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अब तक आठ बीएलओ को इन निर्देशों का कथित उल्लंघन करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।"
विज्ञापन
विज्ञापन


कांग्रेस और बीआरएस मुसलमानों का तुष्टिकरण कर रहे हैं- बी संजय कुमार
केंद्रीय मंत्री बी संजय कुमार ने शनिवार को सत्तारूढ़ कांग्रेस और बीआरएस पर मुस्लिम तुष्टिकरण में लिप्त होने का आरोप लगाया और हिंदुओं से भाजपा को वोट देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो हिंदू धर्म की रक्षा करती है। 11 नवंबर को होने वाले जुबली हिल्स उपचुनाव के लिए प्रचार करते हुए कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में, तेलंगाना में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) भारतीय मुस्लिम कांग्रेस (आईएमसी) बन गई है। उन्होंने हिंदुओं से "एकल वोट बैंक" बनाने की अपील की। कुमार ने कहा, 'तेलंगाना में कांग्रेस का नाम बदल गया है। यह (उपचुनाव) एकतरफा मुकाबला होना चाहिए और हिंदुओं को यहां जीतना चाहिए। क्या जुबली हिल्स के हिंदुओं को गिड़गिड़ाकर जीना चाहिए या गर्व से कहना चाहिए, 'मैं हिंदू हूं'? मैं उकसा नहीं रहा हूं मैं तथ्य बता रहा हूं, क्योंकि मुख्यमंत्री ने खुद कहा है कि मुकाबला हिंदुओं और मुसलमानों के बीच है।' उन्होंने कहा कि हिंदुओं को भाजपा को वोट देना चाहिए क्योंकि यही एकमात्र पार्टी है जो हिंदू धर्म की रक्षा के लिए काम कर रही है और यहां 'हिंदू राज्यम' की स्थापना होनी चाहिए।

काजीरंगा ने खोया अपना वीर साथी ‘जूबी’
काजीरंगा ने अपने एक बहादुर साथी को खो दिया। बेल्जियन मेलिनोइस नस्ल की डॉग स्क्वॉड सदस्य ‘जूबी’ ने 7 नवंबर को अंतिम सांस ली। जूबी पिछले सात वर्षों से काजीरंगा नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व में वन्यजीव अपराधों, खासकर शिकार और तस्करी से निपटने में अहम भूमिका निभा रही थी। जूबी का जन्म वर्ष 2017 में हुआ था। वह आरण्यक संस्था की के9 स्निफर डॉग टीम का हिस्सा थी और अपने प्रशिक्षक सनातन माली के साथ बागोरी रेंज में तैनात थी। काजीरंगा नेशनल पार्क की फील्ड डायरेक्टर डॉ. सोनाली घोष ने जूबी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उसने पार्क की सुरक्षा और वन्यजीवों की रक्षा में अमूल्य योगदान दिया। उसकी सेवाओं को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।

पलक्कड़ में सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, तीन युवकों की मौत
केरल के पलक्कड़ जिले में एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा शनिवार देर रात पलक्कड़-चित्तूर रोड पर हुआ, जब तेज रफ्तार कार नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे पेड़ से टकराकर धान के खेत में पलट गई। पुलिस के अनुसार, कार में छह युवक सवार थे जो चित्तूर से पलक्कड़ की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान सनूश (19), रोहन रंजीत (24) और रोहन सन्तोष (22) के रूप में हुई है। घायल युवकों के नाम ऋषि (24), जितिन (21) और आदित्यन (23) बताए गए हैं।

हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर ने सड़क पर अचानक आए जंगली सूअर से टकराने से बचने के लिए कार मोड़ने की कोशिश की, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। पुलिस ने बताया कि घायलों में से एक को त्रिशूर अस्पताल में और दो को तमिलनाडु के कोयंबटूर में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाके में जंगली सूअरों का सड़कों पर आना आम बात है, जिसके कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

पश्चिमी घाट में पर्यावरणीय उल्लंघन पर केंद्र ने यतिनहोल परियोजना की मंजूरी टाली
केंद्र सरकार ने कर्नाटक की यतिनाहोल पेयजल परियोजना के ग्रेविटी नहर हिस्से को मंजूरी देने का फैसला फिलहाल टाल दिया है। इसका कारण है- परियोजना में बड़े पैमाने पर बिना अनुमति निर्माण, जंगलों में मिट्टी और मलबा डालना और पश्चिमी घाट के पर्यावरण और वन्यजीवों के लिए खतरा।

पर्यावरण मंत्रालय की सलाहकार समिति ने अपनी 27 अक्तूबर की बैठक में कहा कि यतिनहोल परियोजना के पहले चरण के दौरान ही कई भूस्खलन और पारिस्थितिक नुकसान हो चुके हैं, जबकि परियोजना अभी तक उन जिलों को पेयजल उपलब्ध कराने में सफल नहीं रही, जिनके लिए इसे शुरू किया गया था।

RSS का गीत गाने का मामला: केरल के शिक्षा मंत्री ने जांच के दिए आदेश
केरल में छात्रों से आरएसएस का गीत ‘गान गीतम’ गवाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले पर राज्य के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जानकारी के अनुसार, यह घटना वंदे भारत ट्रेन के उद्घाटन समारोह के दौरान हुई, जहां कुछ छात्रों को कथित तौर पर RSS का गीत गाने के लिए मजबूर किया गया। कांग्रेस नेता के. मुरलीधरन ने कहा यह देखा गया कि कुछ छात्रों को ‘गान गीतम’ गाने के लिए बाध्य किया गया। यह बेहद निंदनीय है और भविष्य में ऐसा नहीं होना चाहिए।

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम. एम. हसन ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा यह बहुत ही आपत्तिजनक है कि सरकारी कार्यक्रम में छात्रों से RSS का गीत गवाया गया। इस मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। शिक्षा मंत्री शिवनकुट्टी ने अधिकारियों से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है और कहा है कि अगर इसमें कोई लापरवाही या राजनीतिक हस्तक्षेप पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर में 4 साल की बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म
हुगली जिले के तारकेश्वर में एक चार साल की बच्ची के साथ अमानवीय घटना सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार, बच्ची को रेलवे शेड से अपहरण कर यौन शोषण किया गया। यह घटना शनिवार की है, जब बच्ची अपनी दादी के साथ रेलवे शेड में सो रही थी। कुछ घंटों बाद वह बेहोश हालत में और चोट के निशान के साथ पास के नाले के पास मिली। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस पर आरोप लगाया कि उन्होंने FIR दर्ज करने में देरी की और मामले को दबाने की कोशिश की।

असम में दर्दनाक हादसा: वॉटरफॉल में डूबे NIT सिलचर के 3 छात्र
असम के दीमा हसाओ जिले में स्थित बुलचोल (ह्मुंथाजाओ) वॉटरफॉल में NIT सिलचर के तीन छात्र डूबकर मौत का शिकार हो गए। यह हादसा शनिवार दोपहर उस समय हुआ जब छात्र घूमने के लिए इस खूबसूरत लेकिन दुर्गम झरने पर पहुंचे थे। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, लेकिन इलाके में नेटवर्क और पहुंच की दिक्कतों के कारण बचाव कार्य में मुश्किलें आईं। मृत छात्रों की पहचान सौहार्द राय (20) और सर्ववर्तिका सिंह (20) (दोनों उत्तर प्रदेश से) और राधिका (19) (बिहार से) के रूप में हुई है।

बंगलूरू में राइड सर्विस ड्राइवर ने महिला से की छेड़खानी, सोशल मीडिया पोस्ट के बाद गिरफ्तार
राइड-हेलिंग सर्विस (कैब सेवा) के एक ड्राइवर को महिला यात्री से छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह घटना 6 नवंबर की है, जब महिला अपने PG हॉस्टल लौट रही थी। मामला तब सामने आया जब पीड़िता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के ज़रिए अपनी आपबीती साझा की। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ने यह पोस्ट देखी और महिला से संपर्क कर पूरी जानकारी ली। अगले दिन एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपी की पहचान लोकश (28) के रूप में हुई है, जो उल्लाल के मुनीयप्पा लेआउट का निवासी है। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

असम: 1,140 बीघा जंगल की जमीन से हटाए गए अवैध कब्जे, 600 परिवारों पर असर
असम सरकार ने रविवार को गोलपाड़ा ज़िले के दहीकाटा रिज़र्व फॉरेस्ट में 1,140 बीघा (करीब 376 एकड़) जंगल की जमीन से अवैध कब्जे हटाने के लिए अभियान शुरू किया। जिला उपायुक्त प्रदीप तिमुंग ने बताया कि अब तक 70 प्रतिशत लोग स्वेच्छा से जगह खाली कर चुके हैं, जबकि बाकी लोग मकान खाली करने की प्रक्रिया में हैं। कुल 580 परिवारों को 15 दिन पहले नोटिस जारी किया गया था। प्रशासन ने दर्जनों जेसीबी, ट्रैक्टर और सुरक्षा बलों को इस अभियान में लगाया है।

डीसी ने बताया कि क्षेत्र को पांच हिस्सों (ब्लॉक्स) में बांटा गया है। इनमें से चार ब्लॉक्स में 80% लोग पहले ही जा चुके हैं, जबकि एक ब्लॉक में कुछ परिवार अभी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को अब तक किसी विरोध का सामना नहीं करना पड़ा है और कोशिश है कि पूरा अभियान आज ही पूरा हो जाए।

तेलंगाना- पत्नी पर शक में पति ने क्रिकेट बैट से की हत्या
संगारेड्डी जिले के अमीनपुर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। आरोपी रियल एस्टेट का काम करता है जबकि उसकी पत्नी सहकारी बैंक में सहायक प्रबंधक थी। झगड़े के दौरान गुस्से में पति ने पत्नी पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और जांच जारी है।

तमिलनाडु- तेज रफ्तार कार हादसे में युवक की जलकर मौत
तमिलनाडु के तिरुवरूर जिले में एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मोहम्मद रफीक अपनी पत्नी से मिलने के बाद कार से घर लौट रहा था। थिरुथुराइपोंडी के पास तेज रफ्तार में चल रही कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई और दरवाजा जाम होने से रफीक बाहर नहीं निकल सका। वह मौके पर ही जलकर मर गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed