फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 8th Oct North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: गाजा की स्थिति को लेकर माकपा का प्रदर्शन, सीएम स्टालिन शामिल; करूर हादसे के पीड़ित को दिया गया मुआवजा

Wed, 08 Oct 2025 01:50 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Wed, 08 Oct 2025 01:50 AM IST
विज्ञापन
News Updates 8th Oct North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 2020 के अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क मामले में आठ और लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है। ये आरोपी पाकिस्तान से समुद्री रास्ते भारत में 500 किलोग्राम ड्रग्स की तस्करी से जुड़े हैं। ड्रग्स तस्करी का उद्देश्य आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) को वित्तपोषित करना था। एनआईए ने 8वें पूरक आरोपपत्र में इटली स्थित सिमरनजीत सिंह संधू, ऑस्ट्रेलिया स्थित तनवीर बेदी और भारत स्थित अंकुश कपूर की ओर से रची गई नार्को-आतंकी साजिश को निर्णायक रूप से स्थापित किया है। व्यापक डिजिटल, तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर अहमदाबाद स्थित एनआईए की विशेष अदालत में एनडीपीएस अधिनियम और यूए (पी) अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत आरोपपत्र दायर किया गया है। सिमरनजीत सिंह, ऑस्ट्रेलिया निवासी तनवीर सिंह बेदी और अंकुश कपूर के अलावा आरोपपत्र में नामित अन्य आरोपी पाकिस्तानी नागरिक तारिक उर्फ भाईजान, गगनदीप सिंह अरोड़ा और तीन अन्य आरोपी - तमन्ना गुप्ता, सुखबीर सिंह उर्फ हैप्पी और अनवर मसीह हैं।

विज्ञापन


असम: मुख्यमंत्री की पत्नी ने विधायक के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज कराया
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा ने बुधवार को रायजोर दल के प्रमुख और शिवसागर से विधायक अखिल गोगोई के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है। गोगोई ने आरोप लगाया था कि उनकी एक कंपनी ने सिंगापुर में हुए नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में हिस्सा लिया था, जहां गायक जुबीन गर्ग की मौत हुई थी।
विज्ञापन


तमिलनाडु विधानसभा में इस्राइल के गाजा पर हमलों के खिलाफ प्रस्ताव लाएगी सरकार: सीएम स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने बुधवार को कहा कि राज्य विधानसभा इस्राइल के गाजा पर हमलों की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित करेगी। यह प्रस्ताव गाजा में तत्काल युद्धविराम की मांग करेगा और केंद्र सरकार से भी इस दिशा में जरूरी कदम उठाने की अपील करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


स्टालिन ने कहा कि यह प्रस्ताव 14 अक्तूबर को विधानसभा के शुरू होने के बाद पेश किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि वह इस्राइल पर दबाव बनाए ताकि गाजा में हो रहे 'नरसंहार' को रोका जा सके। माकपा की ओर से आयोजित इस्राइल विरोधी एक प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, यह प्रस्ताव वहां तत्काल युद्धविराम की आवश्यकता को भी रेखांकित करेगा और तमिलनाडु की जनता की भावना को दर्शाएगा। मुझे पूरा विश्वास है कि सभी राजनेता मतभेदों से ऊपर उठकर सभी दल इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। 

अहमदाबाद: इंसानों पर क्लिनिकल ट्रायल में गड़बड़ी की शिकायत, नगर निगम ने एफडीसीए को लिखा पत्र 
अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) को शहर की कुछ प्रयोगशालाओं की ओर से इंसानों पर किए जाए रहे क्लिनिकल ट्रायल में गड़बड़ियों की शिकायतें मिली हैं। नगर निगम ने इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन (एफडीसीए) को पत्र लिखा है।  एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी भाविन सोलंकी ने बताया कि ज्यादातर शिकायतें इस बात को लेकर थीं कि ट्रायल  के दौरान और उसके बाद मरीजों को सही देखभाल और उपचार नहीं दिया गया।  इसके साथ ही यह भी आरोप लगा कि ट्रायल में भाग लेने वाले लोगों का वीडियो उनकी अनुमति के बिना रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बताया,  मामला क्लिनिकल ट्रायल से जुड़ा है, इसलिए हमने इसकी जानकारी एफडीसीए को दे दी है, ताकि वे आगे की कार्रवाई कर सकें। 

उद्घाटन कार्यक्रम में नहीं पहुंचे कुमार मंगलम बिड़ला, ममता बनर्जी ने पीछे दबाव की ओर इशारा किया
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को संकेत दिया कि उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला का उनके ग्रुप की फैक्ट्री के उद्घाटन समारोह में शामिल न होना किसी बाहरी दबाव का नतीजा हो सकता है। अदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला को खड़गपुर में गुरुवार को होने वाले फैक्ट्री उद्घाटन समारोह में शामिल होना था। लेकिन उन्होंने ममता बनर्जी को संदेश भेजकर स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपना दौरा रद्द कर दिया।

ममता बनर्जी ने कोलकाता हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा, मैंने कल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि मैं बिड़ला ओपस फैक्ट्री का उद्घाटन करूंगी, जो अब पूरी तरह तैयार है। इसके आधे घंटे के अंदर मुझे एक संदेश मिला। एक पत्र मिला जिसमें स्वास्थ्य संबंधी कारण बताकर कार्यक्रम रद्द करने के लिए माफी मांगी गई थी। मुख्यमंत्री ने आगे कहा, मैं उन्हें दोष नहीं दे रही। मुझे लगता है कि एक बहुत ही ताकतवर वायरस का काम है जो सबको डराता है। 

अदालतों के विरोधाभासी फैसलों से न्याय प्रणाली की साख को नुकसान: सीजेआई गवई
भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) बीआर गवई ने एक कार्यक्रम में कहा कि जब अदालतें और न्यायाधिकरण उचित, सुसंगत कारणों और पूर्वानुमान योग्य फैसले देते हैं, तब कानून एक ऐसा ढांचा बन जाता है जिसके भीतर नागरिक अपने अधिकारों और कर्तव्यों का आत्मविश्वास के साथ पालन कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा, अगर अदालतों की राय असंगत या विरोधाभासी होती है, तो इससे न्याय प्रणाली की साख को नुकसान पहुंच सकता है। सीजेआई गवई ने यह बात कानून की पारदर्शिता और नागरिकों के भरोसे को लेकर कही।

पीएम मोदी के राष्ट्र प्रथम के दृष्टिकोण ने भारत को बदला: राधाकृष्णन
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र प्रथम के दृष्टिकोण ने भारत को नाज़ुक पांच से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में बदल दिया है। राधाकृष्णन ने मोदी को 24 साल की समर्पित सेवा पूरी करने और सरकार के मुखिया के रूप में 25वें वर्ष में प्रवेश करने पर बधाई दी।

उपराष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, राष्ट्र प्रथम के आपके दृष्टिकोण ने भारत को कमजोर पांचवीं अर्थव्यवस्था से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में बदल दिया है। इसने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। मोदी की यात्रा ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है, जो धर्म-कर्तव्य बोध और सेवा भाव पर आधारित है। गरीबों को सशक्त बनाने से आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने और भारत के सांस्कृतिक गौरव को पुनर्जीवित करने तक आपका नेतृत्व 2047 तक विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मोदी शक्ति, दूरदर्शिता और समर्पण के साथ भारत का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन नन्हें के तहत सितंबर में 51 बच्चों को बचाया: दक्षिण पश्चिम रेलवे
दक्षिण पश्चिम रेलवे (एसडब्ल्यूआर) ने बुधवार को कहा कि उसकी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सितंबर महीने में ऑपरेशन 'नन्हे फरिश्ते' के तहत 51 बच्चों को बचाया है, जिनमें 12 लड़कियां भी शामिल हैं। ये बच्चे विभिन्न कारणों से अपने परिवारों से बिछड़ गए थे और आरपीएफ ने उन्हें खोज कर एनजीओ या पुलिस के हवाले किया। एक बयान में एसडब्ल्यूआर ने कहा कि अभियान के तहत छह बुजुर्गों को बचाकर उनके परिवार या एनजीओ को सौंप दिया गया।

महिलाओं के लिए खास पहल 'मेरी सहेली' के तहत, RPF कर्मियों ने अकेली और बिना साथ वाली महिला यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की। उनकी सीट और बर्थ की जानकारी स्टेशन की RPF टीमों को वास्तविक समय में निगरानी और सहायता के लिए दी गई। गंतव्य स्टेशनों पर उनसे प्रतिक्रिया भी ली गई। इस पहल के तहत फिलहाल 32 ट्रेनें आती हैं।

 मणिपुर में विस्फोटकों से भरा 200 किलो का देसी रॉकेट जब्त
 मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले से विस्फोटकों से भरा देसी रॉकेट जब्त किया है। रॉकेट 9 फीट लंबा और 200 किलो वजनी था। एक अधिकारी ने बताया कि इसे रविवार को एस लोनफाई और तुईकोंग गांवों के आसपास से जब्त किया गया। सितंबर 2024 में बिष्णुपुर जिले के मोइरांग में रॉकेट हमले में बुज़ुर्ग की मौत हो गई थी।

CPI (M) के प्रदर्शन में शामिल हुए सीएम स्टालिन
तमिलनाडु के सीएम और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन गाजा की स्थिति को लेकर तमिलनाडु सीपीआई (एम) के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
 

करूर हादसे के पीड़ित को मंत्री ने दी मुआवजा राशि
तमिलनाडु के करूर में डीएमके विधायक वी. सेंथिल बालाजी ने हाल ही में हुई त्रासदी से प्रभावित 45 परिवारों को मुख्यमंत्री जन राहत कोष से ₹50000-₹50000 के राहत चेक की पहली किस्त वितरित की। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को ₹10-₹10 लाख की राहत सहायता देने की घोषणा की थी और घायलों को ₹50000 से ₹1 लाख तक का मुआवजा देने का आदेश दिया था। 

 

टीएमसी ने अपना कुरूप चेहरा दिखाया- पूनावाला
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पश्चिम बंगाल में भाजपा सांसद पर हमले के मामले में कहा कि, 'टीएमसी की राजनीतिक हताशा ने पिछले 24 घंटों में भाजपा के तीन नेताओं, भाजपा के तीन निर्वाचित नेताओं जो आदिवासी समुदाय से हैं, के खिलाफ हुई हिंसा के माध्यम से अपना कुरूप चेहरा दिखाया है...भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर जानलेवा हमला किया गया।'
 

कर्नाटक के कोप्पल में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व पदाधिकारी की हत्या
कर्नाटक के कोप्पल में भाजपा की युवा शाखा के एक पूर्व स्थानीय पदाधिकारी की बुधवार को एक गिरोह ने पूर्व रंजिश के एक संदिग्ध मामले में हत्या कर दी। मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार तड़के जिले के गंगावती तालुक में उस समय हुई जब पूर्व युवा मोर्चा नेता वेंकटेश अपने एक दोस्त से मिलने के बाद दोपहिया वाहन पर एक दोस्त के साथ लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, पांच-छह हमलावरों का एक समूह एक कार में आया और उनके वाहन को रोक लिया। उन्होंने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हालांकि, उनका दोस्त मौके से भागने में सफल रहा। वेंकटेश पर हमला करने के बाद, हमलावर अपने वाहन में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एसपी राम एल अरासिद्दी ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और हत्या में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश का संदेह है और आगे की जांच जारी है। इस बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने कहा कि वेंकटेश की दुखद मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'मैं उनके निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। वेंकटेश की आत्मा को शांति मिले और ईश्वर उनके परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।'
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed