फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 7th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: मणिपुर में पुलिस की कड़ी कार्रवाई; बंगाल- SSC शिक्षक भर्ती परीक्षा में 3.19 लाख उम्मीदवार होंगे शामिल

Sun, 07 Sep 2025 07:49 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 07 Sep 2025 07:49 PM IST
विज्ञापन
News Updates 7th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
मणिपुर में लोगों से कथित तौर पर जबरन वसूली करने के आरोप में कई प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि प्रतिबंधित पीआरईपीएके संगठन से जुड़े एक उग्रवादी को शनिवार को इंफाल पश्चिम जिले के हाओरेइबी इलाके में उसके आवास से गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन


इसमें कहा गया है, 'उग्रवादी, जिसकी पहचान सरुंगबाम बोदय सिंह के रूप में हुई है, दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आम जनता से पैसे की मांग/धमकी देकर और पैसे वसूलकर जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल था।' इसके अलावा, प्रतिबंधित केसीपी (पीडब्ल्यूजी) संगठन के एक कार्यकर्ता को शनिवार को थौबल जिला अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया गया। उग्रवादी की पहचान होदम बिक्रम सिंह के रूप में हुई है और उसके कब्जे से एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया है।
विज्ञापन


इस बीच, शुक्रवार को थौबल जिले के विभिन्न हिस्सों से खच्चर बैंक खाते चलाने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान कोंगखम अपू सिंह और येंगखोम (ओंगबी) राशेश्वरी लीमा के रूप में हुई है। बयान में कहा गया है कि उन्होंने दूसरों को बैंक खाते खोलने के लिए लुभाया और उन खातों का इस्तेमाल अन्य साइबर अपराधियों के साथ मिलीभगत करके साइबर धोखाधड़ी के पैसे ट्रांसफर करने और जमा करने के लिए किया। उनके पास से आपत्तिजनक सामान जब्त किया गया है और आगे की जांच जारी है। रैकेट में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


महानदी में 5.5 लाख क्यूसेक पानी पर ओडिशा में अलर्ट
देश के कई राज्यों में हुई भारी बारिश के बाद नदियों में बाढ़ के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसी बीच ओडिशा सरकार ने चेतावनी जारी की है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व वाली सरकार ने कहा है कि रविवार शाम तक महानदी नदी में कटक के पास मुंडली से लगभग 5.5 लाख क्यूसेक बाढ़ का पानी बह सकता है। जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता चंद्रशेखर पाधी ने बताया कि पिछले चार दिनों से जारी भारी बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि यह बाढ़ मानव बस्तियों को नुकसान नहीं पहुंचाएगी, हालांकि निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है। कटक, केंद्रापाड़ा, पुरी और जगतसिंहपुर जिलों को संवेदनशील मानते हुए चौकसी बढ़ा दी गई है। वहीं, हीराकुंड बांध से 20 गेट खोले गए हैं।

पीएम मोदी ने श्री नारायण गुरु को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को श्री नारायण गुरु की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। 1856 में जन्मे और 1928 में दिवंगत हुए नारायण गुरु समाज सुधार और आध्यात्मिक नेतृत्व के लिए प्रसिद्ध थे। उन्होंने जातिगत भेदभाव का विरोध किया और सामाजिक समानता, शिक्षा व भाईचारे का संदेश दिया। मोदी ने कहा कि गुरु की शिक्षाएं आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती हैं और उनका योगदान भारत की सामाजिक व आध्यात्मिक धारा में अमिट है।

कानून सिर्फ करियर नहीं, सामाजिक बदलाव का जरिया भी..., बोले जस्टिस सूर्यकांत
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने रविवार को बंगलूरू स्थित नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में कहा कि कानून को केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज में बदलाव लाने का माध्यम बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय की डोर उन समुदायों तक ले जानी चाहिए, जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। न्यायमूर्ति ने छात्रों को चेताया कि जल्दबाजी में लिए गए नैतिक फैसले जीवनभर का पछतावा बन सकते हैं। समारोह में 1,557 छात्रों ने उपाधि प्राप्त की। बार काउंसिल ऑफ इंडिया प्रमुख ने संवैधानिक मूल्यों की रक्षा को हर वकील का कर्तव्य बताया।


कोलकाता में 23 वर्षीय युवती की मौत, वीडियो कॉल पर दी थी खुदकुशी की धमकी
कोलकाता के बांसद्रोनी इलाके में 23 वर्षीय युवती का शव उसके किराए के फ्लैट में फंदे से लटकता हुआ मिला। मृतका सुदीप्ता मैती एक निजी कंपनी में काम करती थीं। पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात उन्होंने वीडियो कॉल पर अपने बॉयफ्रेंड से झगड़े के दौरान खुदकुशी की धमकी दी थी। इसके बाद उन्होंने कॉल काट दी। जब बॉयफ्रेंड उनके घर पहुंचा तो उसने सुदीप्ता को पंखे से लटका पाया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने युवती और बॉयफ्रेंड दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। बॉयफ्रेंड से भी पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में घटना को आत्महत्या माना जा रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को खारिज नहीं कर रही। यह घटना फिर से मानसिक तनाव और रिश्तों में बढ़ते दबाव की गंभीरता पर सवाल खड़े करती है।

कर्नाटक विधान परिषद में राज्यपाल ने चार सदस्यों को किया नामित 
कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने रविवार को चार सदस्यों को कर्नाटक विधान परिषद में नामित किया। राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, इनमें चिक्कमगलूरु जिले के श्रींगेरी तालुक की एम. आरथी कृष्णा, हुब्बली के एफ.एच. जक्कप्पनवर और मैसूरु के शिवकुमार के शामिल हैं। इसके अलावा, बंगलूरू के रमेश बाबू को उनके पूर्ववर्ती का कार्यकाल पूरा करने के लिए नामित किया गया है। रमेश बाबू का कार्यकाल 21 जुलाई, 2026 तक रहेगा। इन नियुक्तियों से परिषद में प्रतिनिधित्व और विविधता को बढ़ावा मिलेगा। राज्यपाल की ओर से की गई यह नामांकन प्रक्रिया राज्य की राजनीति में नए समीकरण और संतुलन को भी जन्म दे सकती है।

आंध्र प्रदेश एसबीआई डकैती कांड: हरियाणा का आरोपी गिरफ्तार, 2 किलो सोना बरामद
आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साई जिले में जुलाई में हुई एसबीआई बैंक डकैती मामले में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह घटना थुमुकुंटा गांव की बैंक शाखा में हुई थी, जहां से 10 किलो सोना और 38 लाख रुपये नकद चोरी किए गए थे। पुलिस अधीक्षक वी. रत्ना ने बताया कि आरोपी की पहचान हरियाणा निवासी अनिल कुमार पंवार के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।  गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 2 किलो सोने के गहने, 2 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति, एक होंडा सिटी कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की। बताया गया कि आरोपी पहले भी तमिलनाडु की कोयंबटूर जेल में पांच साल की सजा काट चुका है और जून में रिहा हुआ था। पुलिस के अनुसार, वह एक अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा है जो कई राज्यों में डकैतियां करता रहा है। गिरोह का एक अन्य सदस्य, जो राजस्थान का निवासी है, अभी फरार है।
 
तुरकापालेम गांव में रहस्यमयी मौतों के मामले में राहत के संकेत
आंध्र प्रदेश में गुंटूर जिले के तुरकापालेम गांव में 2 सितंबर के बाद से कोई नई मौत दर्ज नहीं हुई है, जबकि वर्तमान में पांच लोग अस्पताल में भर्ती हैं। जिला कलेक्टर एस. नागलक्ष्मी ने बताया कि अप्रैल से अब तक गांव में 29 लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक सड़क हादसे और पांच बुजुर्गों की प्राकृतिक मौत शामिल हैं, बाकी मौतें अब तक अज्ञात कारणों से हुई हैं। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को लगातार हो रही रहस्यमयी मौतों पर स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करने का आदेश दिया था। गांव में स्थिति नियंत्रण में है और निगरानी लगातार की जा रही है। एआईआईएमएस-मंगलागिरी के विशेषज्ञों सहित 50 मेडिकल टीमें सभी वयस्कों के ब्लड सैंपल लेकर 41 स्वास्थ्य मानकों की जांच कर रही हैं। शनिवार को 1,000 लोगों से सैंपल लिए गए। आज रविवार को भी नमूनों का संकलन जारी रहेगा। पानी के नमूनों की स्थानीय और उच्च स्तरीय जांच कराई जा रही है, शुरुआती रिपोर्ट में कोई खामी नहीं मिली है। सफाई, स्वच्छता और पशुपालन विभाग भी सक्रिय रूप से जांच में लगे हुए हैं।

एनएच-2 का फिर से खुलना बेरोकटोक आवाजाही की अनुमति नहीं : कुकी संगठन
हाल ही में केंद्र सरकार के साथ निलंबन समझौते (एसओओ) का नवीनीकरण करने वाले दो प्रमुख कुकी-जो संगठनों-कुकी नेशनल ऑर्गनाइजेशन (केएनओ) और यूनाइटेड पीपल्स फ्रंट (यूपीएफ) ने स्पष्ट किया है कि नेशनल हाईवे-2 का खुलना मैतेई और कुकी-जो क्षेत्रों के बीच बफर जोन में असीमित आवाजाही की स्वीकृति के रूप में न देखा जाए। उल्लेखनीय है कि दोनों संगठनों ने बृहस्पतिवार को सरकार के साथ नए शर्तों पर एसओओ समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें मणिपुर की क्षेत्रीय अखंडता बनाए रखने, संवेदनशील इलाकों से नामित शिविर हटाने और राज्य में स्थायी शांति बहाल करने के लिए समाधान खोजने पर सहमति बनी थी। संयुक्त बयान में कहा गया, भारत सरकार, मणिपुर सरकार और केएनओ-यूपीएफ ने शांति और राजनीतिक स्थिरता बहाल करने के लिए समयबद्ध त्रिपक्षीय संवाद के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई है।

केरल में अमीबिक मेनिंजाइटिस से एक और मौत, 11 संक्रमित
केरल में अमीबिक मेनिंगोएन्सेफलाइटिस नाम की दिमागी बीमारी का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि कोझिकोड़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान वायनाड जिले के सुल्तान बाथरी निवासी रथीश (45) की अमीबिक मेनिंगोएन्सेफलाइटिस से मृत्यु हो गई। अधिकारियों ने बताया कि वह हृदय रोग से भी पीड़ित थे। कोझीकोड मेडिकल कॉलेज में इस बीमारी के लक्षणों के साथ अब 11 लोगों का इलाज चल रहा है। पिछले अगस्त में, केरल में अमीबिक दिमागी बुखार से तीन लोगों की मौत हो गई थी। इन मौतों के बाद केरल में विशेष गाइडलाइन जारी की हैं। 

बच्चे का शव मिलने के बाद भीड़ ने दंपती को पीट-पीटकर मार डाला
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के निश्चिंतपुर में शनिवार सुबह नाबालिग का शव मिलने के बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपी दंपती की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि बच्चे की पहचान कक्षा 3 के छात्र स्वर्णभा मंडल के रूप में हुई है। वह शुक्रवार दोपहर से लापता था। परिजनों ने पड़ोसी दंपती पर हत्या का आरोप लगाया, जिसके बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और आरोपी के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। उन्हें पीटा। दंपती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आरोपी की पहचान उत्पल विश्वास और सोमा विश्वास के रूप में हुई है। भीड़ ने उनके घर के पास स्थित जूट गोदाम में भी आग लगा दी। मृतक बच्चे के परिवार और विश्वास परिवार के बीच पहले से विवाद था। इलाके में तनाव नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी ने बताया कि किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

उपराष्ट्रपति चुनाव में  रशीद कर सकेंगे मतदान
दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत ने जेल में बंद सांसद शेख अब्दुल रशीद उर्फ इंजीनियर रशीद को उपराष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने के लिए 9 सितंबर को हिरासत में संसद जाने की अनुमति दे दी है। दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद इंजीनियर रशीद जम्मू-कश्मीर के बारामुला से सांसद हैं।

एसयूवी पलटने से तीन इंजीनियरिंग छात्रों की मौत
गुजरात के राजकोट जिले में एक एसयूवी पलटने से एक इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्रों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। दुर्घटना जसदण तालुका के जंगवाड़ गांव के पास शनिवार को रात 1:30 पर हुई। मृतकों की पहचान आंध्र प्रदेश के नरेश कोडावती (19), मोती हर्ष (17) और अफरीद सैयद (17) के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर आरएस सकारिया ने बताया कि राजकोट की आरके यूनिवर्सिटी के 12 छात्र छुट्टियां मनाने दीव जा रहे थे।

पत्नी ने शराबी पति को मारकर घर में दफनाया
झारखंड के धनबाद जिले में एक आदिवासी महिला ने अपने शराबी पति की हत्या कर शव को दस दिन से अधिक समय तक घर में ही दफनाए रखा। पुलिस अधिकारी उमा शंकर ने बताया कि सुरजी मझियाइन (42) ने अपने पति सुरेश हांसदा (45) की हत्या कर शव को मिट्टी के घर के एक कमरे में दफना दिया। मामला तब सामने आया जब सुरेश के रिश्तेदारों ने उसे उसके चाचा के अंतिम संस्कार में उपस्थित नहीं पाया।

मणिपुर में उगाही में लिप्त पांच उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने उगाही की गतिविधियों में संलिप्त विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को इंफाल ईस्ट जिले के नगारियन नाका चेक प्वॉइंट से प्रतिबंधित संगठन प्रेपाक की दो सक्रिय महिला कैडर पकड़ी गईं। उनके पास से संगठन के 15 उगाही पत्र बरामद किए गए।

पिता ने नाबालिग बेटी पर किया एसिड अटैक
केरल के कासरगोड जिले के पनाथाडी गांव में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी और उसकी ममेरी बहन पर एसिड डाल दिया। हमले में दोनों झुलस गईं। आरोपी की पहचान कर्नाटक के करिके निवासी मनोज केसी (48) के रूप में हुई है। आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस के मुताबिक, मनोज और उसकी पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। इसी वजह से उसकी पत्नी उसे छोड़कर अपने भाई के घर रह रही थी। शुक्रवार को मनोज अपने साले के घर पहुंचा था। तभी उसने आंगन में खेल रही 17 साल की बेटी और उसकी 10 साल की मामा की लड़की पर एसिड डाल दिया।

बंगाल: SSC शिक्षक भर्ती परीक्षा में 3.19 लाख उम्मीदवार शामिल होंगे
पश्चिम बंगाल के अधिकारियों ने बताया कि कक्षा 9 और 10 के लिए सहायक शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए पश्चिम बंगाल एसएससी की स्कूल स्तरीय चयन परीक्षा (एसएलएसटी) में रविवार को लगभग 3.19 लाख उम्मीदवारों के शामिल होने की उम्मीद है। यह परीक्षा लगभग 26,000 स्कूल शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नौकरी जाने के बाद आयोजित की जा रही है। सर्वोच्च न्यायालय ने कहा था कि 2016 में हुई उनकी भर्ती प्रक्रिया दागी और दूषित थी।

अभ्यर्थी दोपहर से राज्य भर के सभी शैक्षणिक संस्थानों में 636 केंद्रों पर अपनी परीक्षा देंगे। WBSSC के अध्यक्ष सिद्धार्थ मजूमदार ने बताया कि अगले रविवार, 14 सितंबर को 478 केंद्रों पर कक्षा 11 और 12 के सहायक शिक्षकों की भर्ती परीक्षा में 2.46 लाख अभ्यर्थी और बैठेंगे। 

पश्चिम बंगाल विद्यालय सेवा आयोग ने अनुचित तरीकों का इस्तेमाल करने वाले अभ्यर्थियों पर नज़र रखने के लिए प्रत्येक प्रश्न पत्र में कुछ विशिष्ट पहचान सुरक्षा विशेषताएं जोड़ी हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने WBSSC को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था कि जिन शिक्षकों की पहचान बेईमानी से नौकरी पाने वाले के रूप में हुई है, उन्हें इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल न होने दिया जाए। इसके बाद, WBSSC ने ऐसे 1,806 'दागी' शिक्षकों के नामों की घोषणा की।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed