Updates: कर्नाटक में बेटी की हत्या के बाद पिता ने आत्महत्या; असम राइफल्स ने आरडीएफ के साथ किया समझौता
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान तारक साहा के रूप में हुई है, जो बरहामपुर नगर पालिका के अंतर्गत उत्तरपाड़ा क्षेत्र के गांधी कॉलोनी का निवासी था।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "साहा का शव उनके आवास के पास एक पेड़ से लटका हुआ मिला। परिवार के सदस्यों के अनुसार, जब उन्हें पता चला कि उनका नाम 2002 की मतदाता सूची में नहीं है, तो वह चिंतित हो गए थे। साहा इसलिए चिंतित थे क्योंकि उनके पास खुद को असली मतदाता साबित करने के लिए कोई पुराना दस्तावेज नहीं था।"
पश्चिम बंगाल में 23 वर्षों के अंतराल के बाद मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) किया जा रहा है। राज्य में पिछली एसआईआर 2002 में हुई थी। अधिकारी ने बताया कि अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार एसआईआर की घोषणा के बाद से पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के दौरान मतदाता सूची से बाहर होने के डर से कई लोगों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
छिपे कैमरे के साथ मंदिर में प्रवेश कर रहा था श्रद्धालु, गिरफ्तार
ओडिशा के पुरी में जगन्नाथ मंदिर में चश्मे में छिपा कैमरे लेकर प्रवेश करने वाले एक श्रद्धालु को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने बताया कि उसकी पहचान गुजरात के अहमदाबाद के भरत पंड्या के रूप में हुई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मंदिर के अंदर फोटोग्राफी और वीडियो रिकॉर्डिंग सख्ती से मना है। अधिकारियों ने कहा कि हाल के महीनों में यह पांचवां मामला है जिसमें किसी ने मंदिर परिसर में छिपा कैमरा ले जाने की कोशिश की।
असम राइफल्स ने आरडीएफ के साथ समझौते पर किए हस्ताक्षर
असम राइफल्स ने अपने कर्मियों के अकादमिक, शोध, प्रशिक्षण और ऑनलाइन शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए रुद्रम डायनेमिक्स फाउंडेशन (आरएडीएफ) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह समझौता असम राइफल्स के मुख्यालय लैटकॉर के पास गुरुवार को किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस सहयोग का उद्देश्य कर्मियों की पेशेवर और शैक्षणिक क्षमताओं को कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिए मजबूत करना है।
किसी मतदान केंद्र पर कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई: चुनाव आयोग
चुनाव आयोग ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद जांच में किसी भी मतदान केंद्र पर कोई गड़बड़ी या अनियमितता नहीं पाई गई। इसलिए किसी भी केंद्र पर दोबारा मतदान (री-पोल) की सिफारिश नहीं की गई।
सीबीआई ने बीएचईएल के पूर्व लेखा अधिकारी और उप प्रबंधन के खिलाफ दर्ज किया मामला
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के एक मामले में तेलंगाना के कोठागुडेम स्थित भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) के पूर्व वरिष्ठ लेखा अधिकारी और उप प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कर्नाटक: पत्नी के भाग जाने के बाद व्यक्ति ने बेटी की हत्या के बाद खुदकुशी की
कर्नाटक के कोलार में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी चार साल की बेटी की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। व्यक्ति की पत्नी किसी और पुरुष के साथ भाग गई थी। यह घटना मंगलवार रात को कोलार जिले के मुलबागल तालुक में हुई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, घर छोड़ने से पहले लोकेश की पत्नी नव्याश्री ने एक नोट लिखा था, जिसमें उसने कहा था कि वह अब लोकेश के साथ नहीं रहना चाहती और उससे तलाक लेना चाहती है। उसने यह भी लिखा कि वह उसे ढूंढने की कोशिश न करे। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को लोकेश ने अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। यह दंपत्ति चार साल से शादीशुदा था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, शिकायत दर्ज कराने के बाद लोकेश (37 वर्षीय) अपनी बेटी निहारिका को कार में लेकर निकला। वह उसे एक बेकरी ले गया और उसकी पसंदीदा चीजें खिलाईं। इसके बाद उसने कथित रूप से कार के अंदर ही उसका गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली।
बुधवार को निहारिका का शव सड़क किनारे खड़ी कार से मिला, जबकि पास ही एक पेड़ से लोकेश का शव लटका मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध था और वह लोकेश से तलाक चाहती थी। पुलिस ने बताया कि लोकेश के पिता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
तदाशा मिश्रा झारखंड की नई कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त
तदाशा मिश्रा 1994 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। अधिसूचना में कहा गया, "झारखंड के गृह, कारागार एवं आपदा प्रबंधन विभाग की विशेष सचिव तदाशा मिश्रा का तबादला किया जाता है और उन्हें अगले आदेश तक उनके मौजूदा वेतनमान के अनुसार झारखंड, रांची का प्रभारी महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया जाता है।"
इस बीच, सरकार ने डीजीपी पद से अनुराग गुप्ता का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। बता दें कि विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग द्वारा झारखंड के डीजीपी पद से हटाए गए गुप्ता को हेमंत सोरेन सरकार ने नवंबर 2024 में अतिरिक्त डीजीपी नियुक्त किया था।
लेह हिंसा : जांच के लिए न्यायिक आयोग गठित
लद्दाख के अतिरिक्त सचिव रिग्जिन स्पाल्गॉन ने 24 सितंबर को हुई लेह हिंसा और कानून-व्यवस्था की गड़बड़ी के बारे में बृहस्पतिवार को पत्रकार वार्ता की। इस हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई थी। न्याय की बढ़ती मांग को देखते हुए मंत्रालय ने घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच के लिए न्यायिक जांच आयोग का गठन किया है। स्थानीय निवासियों, कानून प्रवर्तन कर्मियों और मृतकों के रिश्तेदारों सहित गवाहों को बयान देने के लिए बुलाया गया है।
गोवा में जिलाधिकारियों को मिला एनएसए लगाने का अधिकार
बंगाल में बस नहर में गिरी, कई लोग घायल
एफटीए से भारत-ईयू साझेदारी को मिल सकता है नया आयाम
भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) को लेकर नई दिल्ली में तीन से सात नवंबर 2025 तक उच्च स्तरीय वार्ताएं हुईं। यह वार्ता दोनों पक्षों के बीच एक संतुलित, व्यापक और परस्पर लाभकारी व्यापार समझौते की दिशा में उठाया गया बड़ा कदम मानी जा रही है। दोनों पक्षों ने वस्तुओं, सेवाओं, निवेश और सतत विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा की।
वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, यह सप्ताहभर चलने वाली बैठकें भारत-यूरोपीय संघ एफटीए वार्ताओं को तेज़ी से आगे बढ़ाने के प्रयासों का हिस्सा थीं। इस दौरान वस्तु व्यापार, सेवाओं, निवेश, व्यापारिक नियमों, मूल के नियम और तकनीकी व्यापार अवरोध जैसे अध्यायों पर विचार-विमर्श हुआ। दोनों पक्षों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि समझौता निष्पक्ष और पारदर्शी हो, जिससे व्यापारिक संबंधों में स्थिरता और विकास बढ़े।
वार्ता के दौरान वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने यूरोपीय आयोग की ट्रेड निदेशक जनरल सबीन वेयांड के साथ पांच और छह नवंबर को विस्तृत बैठकें कीं। इन बैठकों में अब तक हुई प्रगति का आकलन किया गया और लंबित मुद्दों पर सहमति बनाने की दिशा में बातचीत आगे बढ़ाई गई। दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि वार्ता की गति को और तेज किया जाए ताकि जल्द से जल्द एक संतुलित एफटीए पर अंतिम निर्णय लिया जा सके।