फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 6th January Politics Crime News North East West South India Latest National Hindi News

News Update: गुजरात हाईकोर्ट समेत कई अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी; कैटरिंग नीति पर रेलवे बोर्ड को नोटिस

Tue, 06 Jan 2026 11:37 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Tue, 06 Jan 2026 11:37 PM IST
विज्ञापन
News Updates 6th January Politics Crime News North East West South India Latest National Hindi News
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
गुजरात हाईकोर्ट, कई जिला अदालतों और कलेक्टर कार्यालयों को ईमेल के जरिए बम धमकी मिली। सुरक्षा एजेंसियों ने सभी परिसरों की जांच की, लेकिन कहीं भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और धमकी भेजने वाले की पहचान की जा रही है। जांच के बाद अदालतों और दफ्तरों में कामकाज फिर से सामान्य कर दिया गया।
विज्ञापन


कैटरिंग नीति पर मानवाधिकार आयोग का रेलवे बोर्ड को नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने रेलवे की कैटरिंग नीति को लेकर रेलवे बोर्ड को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि नीति में बदलाव से अजा, अजजा और ओबीसी वर्ग के संवैधानिक अधिकार प्रभावित हुए। आयोग ने रेलवे बोर्ड से दो सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। यह नोटिस लीगल राइट्स ऑब्जर्वेटरी की शिकायत पर जारी किया गया।
विज्ञापन


सबरीमाला में भक्तों के गीत भी गूंजेंगे
अब सबरीमाला मंदिर में सिर्फ प्रसिद्ध गायकों के भजन ही नहीं, बल्कि आम भक्तों द्वारा रचित मौलिक भक्ति गीत भी सुनाई देंगे। त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड ने फैसला किया है कि जांच के बाद भक्तों के गीतों को सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली में शामिल किया जाएगा। भक्तों को गीत की मौलिकता को लेकर शपथपत्र देना होगा। चयनित गीतों को मंदिर में घोषणाओं के बीच बजाया जाएगा। इससे भक्तों को सीधे तौर पर आस्था से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


यूएई रक्षा कॉलेज में सेना प्रमुख का संबोधन
थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने यूएई के नेशनल डिफेंस कॉलेज के अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य और आधुनिक युद्ध में तकनीक की भूमिका को रेखांकित किया। सेना प्रमुख ने कहा कि क्षेत्रीय और वैश्विक शांति के लिए भारत और यूएई समेत साझेदार देशों के बीच मजबूत द्विपक्षीय और बहुपक्षीय रक्षा सहयोग जरूरी है।

उडुपी में ट्रक और बस की टक्कर, 15 घायल 
कर्नाटक के उडुपी जिले में एक टिपर ट्रक और केएसआरटीसी बस की आमने-सामने की टक्कर में पंद्रह लोग घायल हो गए हैं। अधिकारियों के अनुसार सोमवार देर रात कुंडापुरा के शेट्टारकट्टे मोड़ के पास तेज रफ्तार टिपर ट्रक ने नेरालाकट्टे से तल्लूर की ओर जा रही केएसआरटीसी बस को टक्कर मार दी। इस हादसे में बस में सवार 15 लोग घायल हो गए, जिनमें सात छात्र भी शामिल थे।

गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को उपचार के लिए केएमसी मणिपाल में भर्ती कराया गया, जबकि बाकी लोगों को कुंडापुरा सरकारी और आदर्श अस्पतालों में ले जाया गया। टिपर चालक राघवेंद्र को चिन्मयी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुंडापुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

दो की हालत सिर में गंभीर बताई जा रही है, जबकि तीसरा खतरे से बाहर है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक हरिराम शंकर अस्पताल पहुंचे और घायलों की हालत के बारे में जानकारी ली।
 

तेलंगाना में दलित महिला डॉक्टर की मौत का मामला
हैदराबाद के सिद्धिपेट में एक 23 वर्षीय दलित महिला डॉक्टर की आत्महत्या से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, एक सीनियर डॉक्टर ने उनसे शादी का वादा किया था, लेकिन बाद में जाति के कारण इंकार कर दिया।इससे वह मानसिक रूप से परेशान थीं। पीड़िता की बहन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला जातिगत भेदभाव और मानसिक उत्पीड़न की ओर ध्यान दिलाता है।

जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज अगले सप्ताह आएंगे भारत
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज अगले सप्ताह दो दिवसीय यात्रा पर भारत आएंगे। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूती मिलेगी। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को मर्ज के पहले भारत दौरे की घोषणा की। पीएम नरेंद्र मोदी 12 जनवरी को अहमदाबाद में जर्मन नेता का स्वागत करेंगे।

जर्मन चांसलर बंगलूरू भी जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह दौरा उच्चतम राजनीतिक स्तर पर नियमित बातचीत से बनी गति को और आगे बढ़ाएगा। यह भारत और जर्मनी के साझा विजन को फिर से मजबूत करने का एक कीमती अवसर देगा, ताकि दोनों देशों के लोगों और बड़े वैश्विक समुदाय के फायदे के लिए एक आगे की सोच वाली साझेदारी बनाई जा सके।
 

‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर बंगाल में आयोजन
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने ‘वंदे मातरम्’ गीत की 150वीं वर्षगांठ पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का नेतृत्व किया। इस अवसर पर बाइक मार्च, मशाल यात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्यपाल ने प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर को कला और संस्कृति में योगदान के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विरासत को संजोना और युवाओं में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना रहा
 

तीन हाईकोर्टों में चार वकीलों को बनाया जज
केंद्र सरकार ने तीन हाईकोर्ट में चार वकीलों को जज बनाया है। विधि मंत्रालय से सोमवार को जारी सूचना के मुताबिक वकील जय कृष्ण उपाध्याय को इलाहाबाद हाईकोर्ट में जज नियुक्त किया गया। सिद्धार्थ साह उत्तराखंड हाईकोर्ट में अतिरिक्त जज बने हैं। वहीं, बिहार के वकील रितेश कुमार व प्रवीण कुमार को पटना हाईकोर्ट में जज नियुक्त किया गया।

ओडिशा में बड़े आर्थिक क्षेत्र के विकास पर जोर
नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने ओडिशा सरकार से भुवनेश्वर, कटक, पुरी और पारादीप को जोड़कर एक बड़े आर्थिक क्षेत्र के विकास कार्य को तेज करने को कहा। उन्होंने इस पूरे क्षेत्र को एक साथ विकसित करने की बात कही ताकि रोजगार, उद्योग और शहरों का विकास हो सके। बैठक में स्वच्छ ऊर्जा, युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण, आदिवासी समुदाय के लिए वन उत्पादों से आय बढ़ाने और विकसित ओडिशा 2036 व विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों पर भी चर्चा हुई।

पश्चिम बंगाल में सरस्वती प्रतिमाओं में तोड़फोड़
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में मां सरस्वती की प्रतिमाओं में तोड़फोड़ की गई है। महिषादल के गड़कमलपुर क्षेत्र के काठल पट्टी इलाके में स्थानीय कारीगरों की बनाई गई प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किया गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता शुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट कर यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि रविवार रात को घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि सरस्वती पूजा 23 जनवरी को मनाई जाएगी और इस तरह की घटनाओं से मूर्ति निर्माताओं को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। नेता प्रतिपक्ष शुवेंदु ने दावा किया कि इससे पहले भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।

यूएई से और मजबूत होंगे रक्षा संबंधी : सेना प्रमुख
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सोमवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सेना के शीर्ष कमांडर मेजर जनरल यूसुफ मायूफ सईद अल हल्लामी के साथ व्यापक बातचीत की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत और यूएई के बीच सैन्य सहयोग को और मजबूत करना रहा। जनरल द्विवेदी दो देशों की यात्रा के तहत यूएई के दो दिवसीय दौरे पर हैं। यह उनकी यात्रा का पहला चरण है। यूएई में 5 और 6 जनवरी तक रहने के बाद वह श्रीलंका के लिए रवाना होंगे। सेना प्रमुख की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब खाड़ी क्षेत्र में तेजी से हालात बदल रहे हैं और यमन को लेकर यूएई व सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। दोनों  के बीच हुई बातचीत में रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई। 

भारत-भूटान शीर्ष कोर्ट में समझौते पर हस्ताक्षर
भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने सोमवार को बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने भूटान के सर्वोच्च न्यायालय के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच युवा कानूनी पेशेवरों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना और न्यायिक सहयोग को और मजबूत बनाना है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि समझौते के तहत भूटान के दो लॉ क्लर्क तीन महीने की अवधि के लिए भारत की सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त किए जाएंगे। उन्हें भारतीय कानून प्रशिक्षुओं के समान मानदेय दिया जाएगा और उनके यात्रा व्यय का वहन भी सुप्रीम कोर्ट स्वयं करेगा।

बंगलूरू : शोभायात्रा पर पथराव...तनाव, तीन नाबालिग हिरासत में लिए
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में एक धार्मिक शोभायात्रा पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया, जिससे दो महिला श्रद्धालु घायल हो गईं। इससे क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। इस सिलसिले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। रविवार की रात हुई इस घटना के बाद लोगों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को आक्रोशित लोगों की ओर से जवाबी कदम उठाए जाने की आशंका के मद्देनजर जगजीवन राम नगर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वीएस गार्डन निवासी शशिकुमार एन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रविवार देर रात घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की।

ड्रग्स मामले में साक्ष्यों से छेड़छाड़ में एंटनी राजू की विस सदस्यता रद्द
केरल के पूर्व मंत्री और तिरुवनंतपुरम से विधायक एंटनी राजू को 1990 के ड्रग्स मामले में साक्ष्यों से छेड़छाड़ का दोषी पाए जाने पर विधानसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। विधानसभा सचिवालय ने सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। नेदुमंगद की एक अदालत ने उन्हें तीन साल के कारावास की सजा सुनाई है, जिसके बाद जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत उनकी सदस्यता 3 जनवरी से समाप्त मान ली गई। कोर्ट ने उन्हें ड्रग केस में आरोपी विदेशी नागरिक को बचाने के लिए सबूतों के साथ जालसाजी का दोषी माना है।

त्रिपुरा में सीएम पर टिप्पणी के आरोप में यूथ कांग्रेस नेता शाहजहां गिरफ्तार
त्रिपुरा पुलिस ने सोमवार को प्रदेश यूथ कांग्रेस नेता शाहजहां इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले छह महीने से फरार चल रहे थे। इस्लाम पर मुख्यमंत्री माणिक साहा के खिलाफ फेसबुक लाइव के दौरान अपमानजनक टिप्पणी करने और जून 2025 में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप है। सदर एसडीपीओ डीपी रॉय ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर जॉयपुर में छापा मारा गया और इस्लाम को पकड़ा गया। उनके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दो एफआईआर दर्ज हैं। ब्यूरो

मणिपुर के बिष्णुपुर में तीन आईईडी धमाके, दो घायल
इंफाल/बिष्णुपुर। मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में सोमवार सुबह तीन इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) धमाकों में दो स्थानीय लोग घायल हुए है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाकों को घेरकर गहन तलाशी शुरू की गई है। जानकारी के मुताबिक, पहले दो धमाके सुबह करीब 5.40 से 5.55 बजे के बीच फुगकचाओ पुलिस थाना क्षेत्र के सैतोन–नगानुकोन इलाके में स्थित एक खाली मकान में हुए। तीसरा धमाका सुबह 8.30 से 8.45 बजे के बीच उसी मकान से लगभग 200 मीटर की दूरी पर हुआ। ब्यूरो

दुनिया को डराने की कोशिश कर रहे ट्रंप : कांग्रेस
कांग्रेस ने वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई पर चिंता जताई है। कांग्रेस ने अमेरिकी कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताया है। यह भी कहा कि ऐसे कदम दुनिया की स्थिरता को खतरे में डाल सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को कहा कि वेनेजुएला में जो हालात हैं, वह दुनिया के लिए अच्छे नहीं हैं। आज अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पूरी दुनिया को डराने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन दुनिया उनके सामने झुकने वाली नहीं है। खरगे ने यूरोपीय तानाशाहों हिटलर और मुसोलिनी का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग अपने क्षेत्र को बढ़ाकर अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करते हैं, वो बहुत दिन टिकते नहीं हैं। जो लोग गलत विचार रखते हैं और शांति और सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश करते हैं, वह सही नहीं हैं। ब्यूरो

वेनेजुएला पर ताजा कार्रवाई का जिक्र कर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर साधा निशाना
खरगे ने यह भी कहा कि विस्तारवाद और प्रभुत्व थोपने का प्रयास, कभी भी लंबे समय तक नहीं चलता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि ट्रंप अक्सर दावा करते हैं कि उन्होंने पाकिस्तान और भारत के बीच शांति स्थापित करने में बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने यह बात एक बार नहीं, बल्कि कई बार कही है। इससे से यह स्पष्ट होता है कि ट्रंप खुद को बहुत शक्तिशाली मानते हैं, जो दुनिया को अपनी इच्छानुसार झुका सकते हैं। लेकिन दुनिया इस तरह झुकने वाली नहीं है।

चेन्नई: निजीकरण के खिलाफ कूवम नदी में उतरकर प्रदर्शन

शहर के दो जोन के निजीकरण के खिलाफ अपने आंदोलन को तेज करते हुए सैनिटरी कर्मचारियों के एक ग्रुप ने सरकार और ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन का ध्यान खींचने के लिए कूवम नदी में प्रवेश किया। ये कर्मचारी पिछले तीन महीनों के अधिक समय से नगर निकाय के दो जोन के निजीकरण के फैसले के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों को नौकरी जाने का डर है और वे अपनी सेवाओं को नियमित करने की मांग करने लगे।

पुलिस ने अग्निशमन और बचाव कर्मी की मदद से कूवम नदी में प्रवेश किया और प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों को जबरन हटा दिया। पुलिस ने बताया कि उन्हें पास के एक कम्युनिटी हॉल में ले जाया गया और बाद में छोड़ दिया गया।

पलानीस्वामी की राज्यपाल से मुलाकात

अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी पलानीस्वामी ने चेन्नई के लोक भवन में राज्यपाल आरएन रवि से मुलाकात की।
 

बंगाल: मृत मिला शख्स,  परिवार ने एसआईआर को लेकर लगाया आरोप

पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी के पास मंगलवार को एक 57 साल का व्यक्ति मृत पाया गया, परिवार वालों का आरोप है कि वह एसआईआर सुनवाई को लेकर तनाव में था। एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि उसका शव फूलबाड़ी इलाके में एक सूनसान पुलिस क्वार्टर से बरामद किया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान मोहम्मद खादिम के रूप में हुई है, जो चूनाभट्टी इलाके का रहने वाला था। परिवार वालों के अनुसार खादिम ने हाल ही में राज्य में चुनावी सूची के एसआईआर के तहत एक सुनवाई में हिस्सा लिया था, क्योंकि 2002 की वोटर लिस्ट में उसका नाम गायब था।

उन्होंने आरोप लगाया कि सुनवाई के बाद से वह काफी मानसिक तनाव में था। सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देब ने इलाके का दौरा किया, परिवार वालों से मुलाकात की और उन्हें मदद का भरोसा दिलाया। अधिकारी ने बताया कि उसकी मौत के कारणों की जांच चल रही है।

बेल्लारी हिंसा में 26 गिरफ्तार
कर्नाटक के बेल्लारी में हिंसा की कई घटनाओं के सिलसिले में अब तक 26 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हिंसा के बाद पथराव और गोलीबारी की घटनाएं भी सामने आई। पूरा विवाद बैनर एवं सजावटी झंडियों को लेकर हुआ। अब इस घटना के बाद बेल्लारी से कांग्रेस सांसद ई. तुकाराम ने कहा कि हम आज बेल्लारी जा रहे हैं, यह पता लगाने के लिए कि असल में क्या हुआ और अधिकारियों को क्या करना चाहिए था। वहीं  डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि मैं आज बेल्लारी जा रहा हूं। हमारे राज्य में शांति होनी चाहिए। बीजेपी बेचैन है और कुछ करने की कोशिश कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed