Updates: पीएम मोदी ने की सत्या नडेला से मुलाकात; CM सोरेन ने 'मईयां सम्मान योजना' के तहत दिए 1415 करोड़ रुपये
It was indeed a delight to meet you, @satyanadella! Glad to know about Microsoft's ambitious expansion and investment plans in India. It was also wonderful discussing various aspects of tech, innovation and AI in our meeting. https://t.co/ArK8DJYBhK
— Narendra Modi (@narendramodi) January 6, 2025विज्ञापन
CM सोरेन ने 'मईयां सम्मान योजना' के तहत दिए 1415 करोड़ रु.
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने आज 'मईयां सम्मान योजना' के तहत 1415 करोड़ रुपये की धनराशि ट्रांसफर की है। जानकारी के मुताबिक, इस योजना से राज्य की 56 लाख से ज्यादा महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। बता दें कि, सीएम सोरेन ने नामकुम में एक समारोह के दौरान यह राशि ट्रांसफर की, जो पहले पिछले साल 28 दिसंबर को निर्धारित किया गया था, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद राष्ट्रीय शोक के कारण स्थगित कर दिया गया था।
इस दौरान सीएम सोरेन ने समारोह में कहा कि, 'हम नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार हैं। दशकों तक शोषण झेलने वाला राज्य नई उड़ान के लिए तैयार है।' 'माईयां सम्मान योजना' के तहत, सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने दिसंबर 2024 से मासिक मानदेय 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये करने का संकल्प लिया था। पिछले साल अगस्त में शुरू की गई इस योजना के तहत शुरुआत में 18-50 वर्ष की आयु की महिलाओं को 1,000 रुपये दिए गए, जिसके तहत लगभग 56 लाख लाभार्थी शामिल थे।
मणिपुर में आग लगने से 15 से अधिक घर क्षतिग्रस्त
मणिपुर के मोरेह कस्बे में भारत-म्यांमार सीमा के पास भीषण आग लगने की खबर सामने आ रही है। इसमें दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए। साथ ही 15 से अधिक घर जल गए। बता दें कि यह आग टेंग्नौपाल जिले के मिशन वेंग इलाके में लगी थी। रक्षा मंत्रालय के द्वारा जारी बयान में असम राइफल्स और मणिपुर अग्निशमन सेवाओं ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 15-20 घरों में लगी भीषण आग को बुझा दिया। इसके अलावा, दो घायल व्यक्तियों को निकाला गया और उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। साथ ही अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
ओडिशा: सड़क दुर्घटना में दो भाजपा नेताओं की मौत, साजिश का आरोप
ओडिशा के संबलपुर जिले में एक डंपर ने कार को भीषण टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार भाजपा के दो नेताओं की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं।
रेंगाली के पूर्व भाजपा विधायक नौरी नाइक ने आरोप लगाया कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि जानबूझकर मारी गई टक्कर थी। डंपर ने कार को तीन बार टक्कर मारी थी। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि यह घटना बुर्ला थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर शनिवार रात करीब 1.30 बजे हुई। कार में चालक समेत छह लोग सवार थे और वे भुवनेश्वर से करडोला अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद सभी छह लोगों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने देबेंद्र नायक और मुरलीधर छुरिया को मृत घोषित कर दिया। नायक भाजपा के गोशाला मंडल अध्यक्ष थे, जबकि छुरिया पूर्व सरपंच। दोनों वरिष्ठ भाजपा नेता नौरी नायक के करीबी माने जाते थे। दुर्घटना में घायल हुए सुरेश चंदा ने आरोप लगाया कि डंपर ने हमारी कार को पीछे से दो बार टक्कर मारी। जानबूझकर टक्कर मारने की कोशिश करने का संदेह होने पर, चालक ने कार को कांटापल्ली चौक के पास राजमार्ग से ग्रामीण सड़क की ओर मोड़ दिया। फिर भी, डंपर ने हमारी गाड़ी का पीछा किया और उसमें दोबारा भीषण टक्कर मारी।
पीएम मोदी ने गुरु गोबिंद सिंह को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु गोबिंद सिंह की जयंती पर सोमवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि मैं श्री गुरु गोबिंद सिंह जी को उनके प्रकाशोत्सव पर नमन करता हूं। उनके विचार हमें एक ऐसे समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं जो प्रगतिशील, समृद्ध और दयालु हो। गुरु गोबिंद सिंह का जन्म पटना में आज ही के दिन हुआ था। उनकी जयंती को प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है।
सोमवार को खराब दृश्यता के कारण कोलकाता हवाई अड्डे से करीब 60 उड़ानें देरी से चलीं। अधिकारी ने बताया कि घने कोहरे के कारण सुबह सात बजे से ही हवाई अड्डे पर कम दृश्यता प्रक्रिया लागू की गई। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएससीबीआईए) के निदेशक प्रवत रंजन बेउरिया ने बताया कि सुबह 7:10 बजे से नौ बजे तक कोई यातायात गतिविधि नहीं हुई और लगभग 30 उड़ानों के आगमन और 30 प्रस्थान में देरी हुई। कोलकाता आने वाली पांच उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों पर भेज दिया गया। सुबह 9 बजे के बाद दृश्यता की स्थिति में सुधार हुआ और एयरपोर्ट पर पहुंचने वाली पहली फ्लाइट दुबई से कोलकाता जाने वाली एमिरेट्स की फ्लाइट (ईके 570) थी। यह सुबह 9.04 बजे उतरी।
बंगलूरू के सदाशिवनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में आरएमवी द्वितीय स्टेज के एक किराये के घर में एक परिवार के चार सदस्य मृत पाए गए। डीसीपी (सेंट्रल) बेंगलुरु सिटी शेखर एच टेक्कनवर ने बताया कि मृतकों में 5 और 2 साल के बच्चे शामिल हैं। सभी प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
भारतीय प्रबंधन संस्थान बंगलुरु (आईआईएम) के एक छात्र की छात्रावास की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि सूरत के रहने वाले निलय कैलाशभाई पटेल ने शनिवार को अपने दोस्तों के साथ अपना 29वां जन्मदिन मनाया था। वह आधी रात के बाद अपने दोस्त के कमरे में केक काटने के बाद अपने कमरे में चला गया था और रविवार सुबह छात्रावास के लॉन में पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। संभावना है कि निलय गलती से दूसरी मंजिल की बालकनी से गिर गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
महाराष्ट्र के नागपुर में एक पशु बचाव केंद्र में एवियन फ्लू से तीन बाघों और एक तेंदुए की मौत हो गई। इसके बाद चिड़ियाघरों को अलर्ट पर रखा गया है। बाघों को दिसंबर के दूसरे सप्ताह में बचाव केंद्र में लाया गया था, जबकि तेंदुआ मई से वहां था। एक अधिकारी ने बताया कि जानवरों में अलग-अलग लक्षण दिखे लेकिन दिसंबर के तीसरे सप्ताह में वे लंगड़ा कर चलने लगे और बुखार से पीड़ित हो गए। उनके नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे गए और दो जनवरी को आई जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि वे एच5एन1 वायरस से संक्रमित हैं। पिछले महीने संक्रमण के मामले सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने एक एडवाइजरी जारी की। जिसमें चिड़ियाघरों को एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।
गुजरात के कच्छ जिले के एक गांव में सोमवार सुबह 18 वर्षीय एक लड़की गहरे बोरवेल में गिर गई। उसे बचाने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने कहा कि भुज तालुका के कंदेराई गांव में सुबह करीब 6.30 बजे राजस्थान के प्रवासी मजदूरों के परिवार की एक किशोरी 540 फुट गहरे बोरवेल में गिर गई। वहीं 490 फुट की गहराई पर फंस गई। उन्होंने दोपहर में एक कैमरे की मदद से उसकी उपस्थिति की पुष्टि की। स्थानीय बचाव दल लगातार बोरवेल में ऑक्सीजन की आपूर्ति कर रहा है। लड़की को निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की टीमों को भी बुलाया गया है।
पश्चिम त्रिपुरा के मोहनपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां रविवार को पिकनिक मनाने आए छात्रों से भरी एक बस में आग लग गई, जिससे 13 स्कूली छात्र झुलस गए। मामले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) किरण कुमार ने बताया कि इनमें से नौ छात्रों को जीबीपी अस्पताल भेजा गया, जबकि बाकी चार को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद घर भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि यह आग बस में रखे जनरेटर के विस्फोट के कारण लगी थी। मामले की जांच चल रही है।
सीएम माणिक साहा ने जताई चिंता
मामले में राज्य के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई और सभी घायल छात्रों के जल्दी ठीक होने की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लिखा कि मोहनपुर में हुई इस दुखद घटना से मैं बहुत चिंतित हूं, जहां जनरेटर के विस्फोट के बाद पिकनिक बस में आग लग गई। उन्होंने कहा कि मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है और घायल छात्रों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने सभी से पिकनिक का आनंद लेते समय सतर्क और सावधान रहने की अपील की है।
भारत की द्विवार्षिक एयरोस्पेस प्रदर्शनी एयरो इंडिया का आयोजन 10-14 फरवरी तक बंगलूरू के बाहरी इलाके येलहंका में किया जाएगा, जिसका उद्देश्य देश को रक्षा विनिर्माण केंद्र के रूप में पेश करना है। रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि इस कार्यक्रम में एयरोस्पेस क्षेत्र से सैन्य प्लेटफार्मों की एक बड़ी श्रृंखला के हवाई प्रदर्शन और स्थिर प्रदर्शन दोनों शामिल होंगे।
इसमें कहा गया है कि 'रनवे-टू-ए-बिलियन ऑपर्च्युनिटीज' की व्यापक थीम के साथ, यह कार्यक्रम विदेशी और भारतीय फर्मों के बीच साझेदारी बनाने और स्वदेशीकरण प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए वैश्विक मूल्य श्रृंखला में नए रास्ते खोजने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।' इस कार्यक्रम के पहले तीन दिन व्यावसायिक दिन होंगे, जबकि 13 और 14 फरवरी को सार्वजनिक दिन के रूप में निर्धारित किया गया है ताकि लोग शो देख सकें।
पश्चिम बंगाल में सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदाता सूची सोमवार को प्रकाशित की गई, जिसमें 1 जनवरी, 2025 को पात्रता तिथि माना गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एक बयान में कहा कि, अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 7,63,96,165 है, जिनमें से 3,87,93,743 महिलाएं हैं। इसके अलावा, थर्ड जेंडर के 1,811 मतदाता हैं। अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि निरंतर अद्यतन कार्यक्रम के तहत, पात्र लोग अभी भी अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। पात्रता के लिए संदर्भ तिथियां 1 जनवरी, 2025 हैं, इसके साथ ही वर्ष के दौरान बाद की पात्रता तिथियां - 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्तूबर - उनकी संबंधित तिमाहियों के अनुरूप हैं।
देशभर में जन औषधि केंद्रों के जरिए दवाओं की बिक्री 30 नवंबर, 2024 तक 1,255 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गई है। रसायन और उर्वरक मंत्रालय ने बताया कि किफायती दाम पर दवाओं की खरीद से नागरिकों को लगभग 5,020 करोड़ रुपये की बचत हुई। मंत्रालय ने कहा, मौजूदा वित्त वर्ष में फार्मास्युटिकल्स विभाग के तहत भारतीय औषधि और चिकित्सा उपकरण ब्यूरो (पीएमबीआई) की बिक्री नवंबर के अंत तक 1,255 करोड़ रुपये रही। इस दौरान पीएमबीजेपी ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड और असम राइफल्स (सीएपीएफ, एनएसजी और एआर) के साथ कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। ताकि सीएपीएफ, एनएसजी और एआर (एमएचए) अस्पतालों में जन औषधि दवाएं लाकर स्वास्थ्य सेवा पहुंच को बढ़ाया जा सके।