News Updates: केरल में कंप्रेसर फटने से युवक की मौत; महाराष्ट्र में 250 से ज्यादा पुलिस अधिकारियों का तबादला
केरल के उत्तरी जिले में बुधवार को इलेक्ट्रॉनिक सामान की मरम्मत की एक दुकान में कंप्रेसर मशीन में विस्फोट होने से 36 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान ओरकदावु निवासी रशीद के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना तब हुई जब वह दुकान में रेफ्रिजरेटर की मरम्मत कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि दुकान में मौजूद कंप्रेसर में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया। उन्होंने बताया कि राशिद को पास के अस्पताल ले जाया गया लेकिन बाद में उसने दम तोड़ दिया।
महाराष्ट्र: विधानसभा चुनाव से पहले 260 से अधिक पुलिस अधिकारियों का तबादला
महाराष्ट्र सरकार ने विधानसभा चुनावों की तैयारियों के चलते 260 से अधिक पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है। जिसमें से 150 अधिकारी मुंबई से हैं। चुनाव आयोग के निर्देश पर इन अधिकारियों का तबादला किया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मुंबई पुलिस के 150 अधिकारियों को गढ़चिरौली, गोंदिया, भंडारा, नागपुर और वाशिम जैसे जिलों में भेजा गया है। इनमें वरिष्ठ निरीक्षक भी शामिल हैं। नवी मुंबई और मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के कुछ अधिकारियों का भी तबादला किया गया है।
मंदिर आग हादसे में घायलों का इलाज कराएगी राज्य सरकार
केरल सरकार ने कासरगोड जिले में नीलेश्वरम के पास एक मंदिर में आग लगने की घटना में घायल हुए लोगों का चिकित्सा खर्च वहन करने का बुधवार को फैसला किया। इस घटना 154 लोग घायल हो गए, जिनमें से आठ गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार देर रात नीलेश्वरम के पास अंजुत्तनबलम वीरारकावु मंदिर में हुई जब आसपास रखे पटाखों में आग लगने से विस्फोट हो गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में निर्णय लिया गया कि इस घटना में घायल हुए लोगों का चिकित्सा खर्च सरकार वहन करेगी।
इस घटना के सिलसिले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किए जाने के बाद मंगलवार को मंदिर समिति के दो अधिकारियों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
इसके अलावा, अतिरिक्त संभागीय मजिस्ट्रेट को अलग से घटना की जांच करने और एक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने बताया कि बिना अनुमति के मंदिर परिसर में आतिशबाजी की जा रही थी और आरोपियों की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई। थेय्यम प्रस्तुति की एक झलक पाने के लिए मंदिर में महिलाओं और बच्चों सहित सैकड़ों लोग इकट्ठा हुए थे उसी समय यह घटना हुई। थेय्यम केरल के मालाबार (उत्तरी केरल) क्षेत्र के मंदिरों और ‘कावु’ (पवित्र उपवनों) में आयोजित किया जाने वाला सदियों पुराना अनुष्ठान है।
कमला हैरिस की जीत के लिए तेलंगाना में 11 दिवसीय यज्ञ
आगामी पांच नवंबर को अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। भारत के कुछ हिस्सों में भी इस चुनाव को लेकर खास उत्साह का माहौल है। कारण भारतवंशी प्रत्याशी कमला हैरिस का चुनावी रेस में शामिल होना। उत्साह की मिसाल तेलंगाना में देखने को मिली। यहां श्री राजा श्यामलम्बा संहिता शत चंडी पूर्व सुदर्शन महा यज्ञ का आयोजन किया गया। इस 11 दिवसीय यज्ञ में शामिल लोगों ने अमेरिकी डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल डेमोक्रेट उम्मीदवार कमला हैरिस की जीत की प्रार्थना की।
#WATCH | Bhadradri Kothagudem, Telangana: 11-day Sri Raja Syamalamba Samhita Shata Chandi Purvaka Sudarshana Maha Yagna was organised for the victory of US Democratic Presidential candidate Kamala Harris. (29.10) pic.twitter.com/qlewgwpvmN
— ANI (@ANI) October 29, 2024
कासरगोड पटाखा विस्फोट मामले में तीन गिरफ्तार
केरल की नीलेश्वरम पुलिस ने कासरगोड में हुई आतिशबाजी की घटना के मामले में वीरकावु मंदिर समिति के अध्यक्ष भारतन और सचिव चंद्रशेखरन सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि उत्सव के दौरान आतिशबाजी के समय दुर्घटना होने के कारण 150 लोग घायल हो गए थे।
निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहे श्रमिक की दर्दनाक मौत
झारखंड के पलामू में मंगलवार को एक निर्माणाधीन इमारत में काम करते समय पीसने वाली मशीन से वहां काम कर रहे एक मजदूर का गर्दन का एक हिस्सा कट जाने मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मकान मालिक पुरुषोत्तम कुमार तिवारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
चुनाव आयोग ने मंगलवार को ओडिशा में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू किया। जिसके बारे में जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि यह पुनरीक्षण प्रक्रिया एक महीने यानी 28 नवंबर तक जारी रहेगी। बता दें कि व्यापक जन जागरूकता पैदा करने के लिए ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने यहां वॉकथॉन और पथोत्सव का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन सीईओ आरएस गोपालन ने किया।
गोपालन का संबोधन
उद्घाटन के बाद गोपालन ने कहा कि 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने वाले प्रत्येक नागरिक को अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना होगा। उन्होंने कहा हमारा मुख्य उद्देश्य मतदाताओं में व्यापक जागरूकता पैदा करके और चुनावों में 100 प्रतिशत भागीदारी करके लोकतंत्र को मजबूत करना है।" खुर्दा जिला कलेक्टर चंचल राणा ने कहा कि लोकतंत्र और चुनाव एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और एक के बिना दूसरा संभव नहीं है।
ठाणे पुलिस ने पेट्रोल पंप के पास 47 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार करके दो घंटे के भीतर हत्या का मामला सुलझाने का दावा किया है। जानकारी के अनुसार 28 अक्टूबर को सुबह करीब 8 बजे राजेसाब इब्राहिम शेख का शव सिर पर गंभीर चोटों के साथ मिला था और उसके गले में प्लास्टिक का थैला लिपटा हुआ था।
जिसको लेकर अपराध जांच दल के अधिकारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और आसपास से जानकारी एकत्र की। अधिकारी ने इस मामले में बताया कि दो घंटे के भीतर उन्होंने उल्हासनगर निवासी अफरोज मोहम्मद याकूब शेख उर्फ राहुल नामक एक संदिग्ध की पहचान की और उसे पकड़ लिया।
कन्नूर के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट नवीन बाबू आत्महत्या मामले में आरोपी सीपीआई (एम) नेता पीपी दिव्या को केरल पुलिस ने मंगलवार को हिरासत में ले लिया। इसके कुछ घंटे पहले अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। दिव्या ने एडीएम के खिलाफ रिश्वतखोरी के आरोप लगाए थे।
बता दें कि 15 अक्तूबर को विदाई समारोह के बाद एडीएम अपने क्वार्टर में मृत पाए गए थे। पुलिस आयुक्त अजीत कुमार ने कहा, दिव्या पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। इससे पहले दिन में प्रधान जिला एवं सत्र अदालत ने दिव्या की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
कर्नाटक हाईकोर्ट ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के भाई गोपाल जोशी, उनके बेटे अजय जोशी और सहयोगी विजयलक्ष्मी से जुड़े आपराधिक मामले की जांच पर अंतरिम रोक लगा दी। हाईकोर्ट ने उन्हें पुलिस हिरासत से रिहा करने का भी आदेश दिया।
तीनों आरोपियों को हाल ही में पूर्व विधायक देवानंद फूल सिंह चव्हाण की पत्नी सुनीता चव्हाण की शिकायत के बाद हिरासत में लिया गया था। जस्टिस एम नागप्रसन्ना ने तीनों आरोपियों की याचिका को स्वीकार करते हुए यह रोक लगाई।
इसके साथ ही सुनीता चव्हाण ने अपनी शिकायत में तीनों पर धोखाधड़ी और विश्वासघात का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों ने लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा का टिकट दिलाने का वादा कर दो करोड़ रुपये लिये थे, लेकिन वादा पूरा नहीं किया। अदालत ने पाया कि शिकायत का मूल मुद्दा वित्तीय विवाद के इर्द-गिर्द घूमता है, जैसा कि शिकायत में ही कहा गया है।
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि स्वास्थ्य से बड़ा कोई धन नहीं है। उन्होंने पीएम मोदी की रविवार को हुई मन की बात का एक वीडियो भी अपनी पोस्ट के साथ साझा किया।
अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, सर्दी, गर्मी, धूप, बारिश- मेरे लिए साल के सभी दिन फिटनेस के दिन हैं। कोई बहाना नहीं, कोई समझौता नहीं। यह अविश्वसनीय है कि हमारे देश के कप्तान हमें फिटनेस को जीवन का एक तरीका बनाने का आग्रह कर रहे हैं और उदाहरण के तौर पर इसका नेतृत्व कर रहे हैं।
अक्षय ने मोदी का वह वीडियो साझा किया जिसमें वह फिटनेस का मंत्र दे रहे हैं और देशवासियों से सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के मौके पर 29 अक्तूबर से शुरू हो रही ‘रन फॉर यूनिटी’ में हिस्सा लेने की अपील कर रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। तृणमूल के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी ने पत्र में कहा कि शाह ने रविवार को बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पेट्रोपोल में इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट, पैसेंजर टर्मिनल व मैत्री द्वार के उद्घाटन अवसर पर अपने संबोधन में चुनाव वाले जिले में राजनीतिक टिप्पणियां कीं। उन्होंने सीएम के बारे में भी निंदात्मक टिप्पणी की।
कलकत्ता हाईकोर्ट ने उत्तर दिनाजपुर के बोल्ला काली माता मंदिर में पशुओं की बलि पर रोक लगाने के लिए कोई अंतरिम आदेश देने से इन्कार कर दिया। अखिल भारतीय कृषि गोसेवा संघ की ओर से दायर जनहित याचिका में काली मंदिर में नवंबर में रास पूर्णिमा के बाद 10,000 पशुओं (बकरों, भैंसों) की प्रस्तावित बलि को रोकने की मांग की गई थी। याचिकाकर्ता ने जानवरों के खिलाफ क्रूरता की रोकथाम पर विभिन्न कानूनों के सख्त अनुपालन की मांग की थी।
बकाया पैसा मांगने गया था मजदूर
इस मामले में टाउन थाना प्रभारी देवब्रत पोद्दार ने बताया कि पीड़ित के परिवार के सदस्यों द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, मजदूर की पहचान निरंजन प्रजापति (24) के रूप में हुई है। जो अपना बकाया पैसा लेने के लिए तिवारी के घर गया था। इसके साथ ही पोद्दार ने पीड़ित के परिवार के हवाले से बताया लेकिन तिवारी ने उसे अपने निर्माणाधीन इमारत में काम पर लगा दिया। काम के दौरान पीसने वाली मशीन से उसकी गर्दन का एक हिस्सा कट गया।
एनडीएमसी के अध्यक्ष नियुक्त किए गए आईएएस केशव चंद्रा
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी केशव चंद्रा को नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गृह मंत्रालय के एक आदेश में यह जानकारी दी गई। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एजीएमयूटी कैडर के 1995 बैच के अधिकारी चंद्रा केंद्र शासित प्रदेश अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत थे। एनडीएमसी के पूर्व अध्यक्ष नरेश कुमार के 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने के बाद से यह पद खाली था। अंतरिम अवधि के दौरान दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आयुक्त अश्विनी कुमार को एनडीएमसी की जिम्मेदारियों को संभालने का जिम्मा सौंपा गया था।
जद (एस) ने कर्नाटक में विधानसभा उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारों की सूची जारी की। इस सूची से जीटी देवगौड़ा और एचडी रेवन्ना के गायब हैं।
सिक्किम उप चुनाव: निर्विरोध चुने गए आदित्य गोले और सतीश चंद्र राय
सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) के उम्मीदवार आदित्य गोले और सतीश चंद्र राय क्रमश: सोरेंग-चाकुंग और नामची-सिंघीथांग विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में बुधवार को निर्विरोध निर्वाचित हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक गोले सोरेंग-चाकुंग सीट के लिए उपचुनाव में एकमात्र उम्मीदवार थे क्योंकि सिक्किम लोकतांत्रिक मोर्चा (एसडीएफ) के उम्मीदवार प्रोबिन हंग सुब्बा ने मंगलवार को अपना नामांकन वापस ले लिया था। अधिकारियों ने बताया कि गोले निर्विरोध निर्वाचित हुए और सोरेंग के निर्वाचन अधिकारी धीरज सुबेदी ने नाम वापस लेने की समय सीमा समाप्त होने के बाद उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। एसकेएम के सतीश चंद्र राय ने नामची के निर्वाचन अधिकारी अनूपा तमलिंग से निर्वाचन प्रमाण पत्र भी प्राप्त किया। राय नामची-सिंघीथांग विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव में निर्विरोध निर्वाचित हुए, क्योंकि मंगलवार को एसडीएफ उम्मीदवार डेनियल राय द्वारा नाम वापस लेने के बाद वह मैदान में एकमात्र उम्मीदवार थे।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले में जूनियर डॉक्टर्स ने सीबीआई कार्यालय तक निकाली टॉर्च रैली
कोलकाता में बुधवार की शाम को जूनियर डॉक्टर्स और आम लोगों ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नौ अगस्त को हुए दुष्कर्म-हत्या मामले में न्याय की मांग करते हुए एक टॉर्च रैली आयोजित की। पश्चिम बंगा जूनियर डॉक्टर्स फोरम के प्रतिनिधियों और कई नागरिक समाज संगठनों ने सॉल्ट लेक के सेक्टर-3 (पश्चिम बंगाल चिकित्सा परिषद का कार्यालय) से सेक्टर-1 में सीजीओ कॉम्पलैक्स (सीबीआई का कार्यालय) तक रैली निकाली। रैली में भाग ले रहे लोगों ने 'हमें न्याय चाहिए' जैसे नारे लगाए और सीबीआई से मामले में जल्द से जल्द जांच पूरी करने की मांग की। एक डॉक्टर ने कहा, घटना हुए करीब तीन महीने बीत चुके हैं। लेकिन सीबीआई अभी भी जांच कर रही है। हम चाहते हैं कि वह अपनी जांच तेज करे।
ओडिशा पुलिस ने तीन जिलों से 24 साइबर जालसाजों को किया गिरफ्तार
ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने एक कॉर्पोरेट कर्मचारी से 6.28 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में तीन राज्यों से 24 साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) विनयतोष मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने संदिग्धों के बैंक खातों से 16.85 लाख रुपये जब्त कर पीड़ित को 6.80 लाख रुपये लौटा दिए हैं।
शिकायत के अनुसार, पीड़ित को धोखाधड़ी के इरादे से बनाए गए एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया और उच्च रिटर्न के वादे के साथ बड़ी रकम का निवेश करने का लालच दिया गया। पुलिस के मुताबिक, शिकायत के बाद अंतरराज्यीय धोखाधड़ी गिरोह की जांच के लिए सात दलों का गठन किया गया था। मिश्रा ने बताया कि पुलिस दलों ने तमिलनाडु से नौ, गुजरात से आठ और राजस्थान से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जालसाजों की कार्यप्रणाली के बारे में अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोग असली सरगना नहीं हैं और उन्हें लोगों को धोखा देने वाले एक प्रमुख गिरोह के पैदल सैनिक कहा जा सकता है। मिश्रा ने कहा कि पीड़ित को शुरुआत में 19 रुपये के शेयर बेचे गए थे, जिनकी कीमत तेजी से बढ़कर 110 रुपये हो गई, जिससे कुल मूल्य 25 करोड़ रुपये हो गया। उन्होंने बताया कि जब शिकायतकर्ता ने धनराशि निकालनी चाही, तो ग्रुप एडमिन ने उसे 21 अगस्त 2024 को 23 करोड़ रुपये निकालने की इजाजत दे दी। मिश्रा के अनुसार, जब शिकायतकर्ता ने धनराशि निकालने का प्रयास किया, तो उसे उस व्हाट्सएप ग्रुप से हटा दिया गया और लेनदेन के लिए उपयोग किया जाने वाला एप्लिकेशन निष्क्रिय कर दिया गया।
महाराष्ट्र की नागपुर पुलिस ने कहा कि उन्होंने देशभर में हवाई अड्डों और अन्य स्थानों पर बम धमकी के फर्जी मामलों के पीछे के एक संदिग्थ की पहचान कर ली है। पुलिस के मुताबिक, ये धमकी भरे मेल संदिग्ध ने दिल्ली से भेजे थे। जांच एजेंसियों के मुताबिक, संदिग्ध की पहचान जगदीश श्रीम उइके (35 वर्षीय) के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के अर्जुनी मोरगांव का निवासी है। वह पिछले कुछ वर्षों से दिल्ली में रह रहा है।
इंफाल के गांव में धमाके से दहशत, कोई हताहत नहीं
इंफाल पश्चिम जिले के एक गांव में बुधवार शाम एक धमाके के बाद लोगों में दहशत फैल गई। यह घटना कदंगबंद गांव में हुई। यह गांव लमशांग पुलिस थाने के क्षेत्र में आता है। धमाके के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि इस घटना में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है। सुरक्ष बल तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों को अधिक सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किय जा रहा है। कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि धमाका एक ड्रोन की वजह से हुआ। लेकिन इसकी अभी तक पु्ष्टि नहीं हुई है।
आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के एक गांव में बुधवार को पटाखा निर्माण इकाई पर आकाशीय बिजली गिरने और उसके बाद आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक जिले के सूर्यारुपलेम गांव के बाहरी इलाके में स्थित पटाखा निर्माण इकाई पर बिजली गिर गई, जिसके बाद वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस उपायुक्त (कोव्वुरु) जी देवकुमार के अनुसार, इस घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एम. वीरप्पा मोइली और कार्यकर्ता बी.टी. ललिता नाइक को प्रतिष्ठित कर्नाटक राज्योत्सव पुरस्कार के लिए चुना गया है। इस पुरस्कार के लिए कुल 69 व्यक्तियों को चयनित किया गया है। प्रसिद्ध मूर्तिकार अरुण योगीराज भी इस सूची में शामिल हैं, जिन्हें अयोध्या में राम लला की मूर्ति बनाई। मोइली और नाइक को साहित्य क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पुरस्कार दिया गया। प्रसिद्ध पर्यावरणविद आलमित्रा पाटिल को भी उनके पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए यह पुरस्कार मिला। पाटिल बंगलूरू में ठोस कचरा प्रबंधन को सुधारने के प्रयासों में सबसे आगे रही हैं।
ठाणे जिले से 1.25 करोड़ रुपये मूल्य की चरस जब्त, दो गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने दो लोगों के पास से 1.25 करोड़ रुपये मूल्य की चरस बरामद होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मीरा भयंदर, वसई विरार पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि स्वापक विरोधी प्रकोष्ठ (एएनसी) के अधिकारियों ने सोमवार को भयंदर (पूर्व) में गोल्डन नेस्ट इलाके के पास दो व्यक्तियों को रोका। प्रवक्ता के मुताबिक, दोनों के पास से 3.1 किलोग्राम चरस बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपये थी। प्रवक्ता ने बताया कि नवघर पुलिस ने दोनों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस चरस के स्रोत के साथ-साथ यह पता लगाने की कोशिशों में जुटी है कि उसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।
केरल: एयर अरेबिया की उड़ान में बम की झूठी खबर देने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
करिपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अबू धाबी जा रही एयर अरेबिया की उड़ान में बम रखे होने की फर्जी धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान पड़ोसी पलक्कड़ जिले के मोहम्मद इजास (26) के रूप में हुई है। करीपुर पुलिस के मुताबिक मंगलवार शाम को हवाईअड्डा निदेशक को इजास से एक ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया था कि कोझीकोड से अबू धाबी जा रहे एयर अरेबिया के विमान में बम रखा गया है। पुलिस ने बताया कि हवाई अड्डा के प्राधिकारियों की शिकायत के आधार पर धमकी के स्रोत की पहचान के लिए तत्काल जांच शुरू की और अंततः साइबर पुलिस की सहायता से इजास को पकड़ा गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने उसे तुरंत हवाई अड्डे से हिरासत में ले लिया। दरअसल, वह दुबई जाने वाली उसी उड़ान में सवार होने वाला था। उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और कहा कि उसका एकमात्र इरादा उड़ान को रद्द कराना था।’’