Updates: मेघालय में नेता विपक्ष बने TMC के मुकुल संगमा; वायनाड भूस्खलन- पुनर्वास पर केरल में हुई सर्वदलीय बैठक
केरल पुलिस ने बताया कि केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी को कथित तौर पर अपनी कार में बैठने से रोकने, मंत्री के सुरक्षा अधिकारी विष्णु राज को धमकी देने और धक्का देकर उन्हें सरकारी ड्यूटी करने से रोकने के आरोप में मीडियाकर्मियों के खिलाफ पूर्वी पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
तमिलनाडु में एक निजी स्कूल को बम से उड़ाने की मिली धमकी
तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के रामजीनगर में एक निजी स्कूल को आज ईमेल पर बम से उड़ाने की धमकी मिली। बम की तलाश के लिए त्रिची बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों को स्कूल भेजा गया। बम की धमकी के कारण स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
UPSC में अब आधार से प्रमाणीकरण
फर्जीवाड़े से बचने के लिए संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) उम्मीदवारों का आधार आधारित प्रमाणीकरण कर सकेगा। हालांकि यह व्यवस्था स्वैच्छिक आधार पर होगी। केंद्र सरकार ने यूपीएससी को इसकी इजाजत दे दी है। यह कदम बर्खास्त अधिकारी पूजा खेड़कर विवाद के बाद उठाया गया है। कार्मिक मंत्रालय ने अधिसूचना में कहा कि संघ लोकसेवा आयोग को वन टाइम रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर पंजीकरण के समय और परीक्षा के विभिन्न चरणों में उम्मीदवारों की पहचान के सत्यापन के लिए आधार प्रमाणीकरण की अनुमति है।
The Department of Personnel and Training (DoPT) has issued notifications where the Union Public Service Commission (UPSC) has been authorised to perform Aadhaar authentication, voluntarily, for verification of the identity of candidates at the time of registration on the ‘One… pic.twitter.com/3UFubpMCvT
— ANI (@ANI) August 29, 2024
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में ठहरे झारखंड पुलिस के दो उपनिरीक्षकों से दिल्ली पुलिस ने पूछताछ की है। सूत्रों के अनुसार इन दोनों पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की जासूसी का संदेह है। दोनों झारखंड पुलिस की विशेष शाखा में तैनात हैं। बता दें कि इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने आरोप लगाया था कि झारखंड पुलिस पांच महीने से चंपई सोरेन की जासूसी कर रही है। सरमा ने कहा था कि सोरेन के करीबी लोगों ने दिल्ली के एक होटल में झारखंड पुलिस की विशेष शाखा के दो उप निरीक्षकों (एसआई) को पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन पर नजर रखते हुए पकड़ा था।
मेघालय पुलिस ने बांग्लादेश की सीमा से लगे जैंतिया हिल्स जिले में सुपारी के बागान से अवामी लीग नेता इशाक अली खान पन्ना का शव बरामद किया। एसपी गिरि प्रसाद ने बुधवार को बताया कि शव 26 अगस्त की शाम को भारत-बांग्लादेश सीमा से करीब 1.5 किमी दूर मिला। पन्ना की पहचान उसके पासपोर्ट से हुई। सूत्रों ने बताया कि बांग्लादेश छात्र लीग के पूर्व महासचिव और पिरोजपुर जिले से अवामी लीग के प्रमुख सदस्य पन्ना पांच अगस्त को शेख हसीना सरकार के गिरने के बाद से फरार थे।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने देश में 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए संगठन ने लोगों से मिस्ड कॉल, क्यूआर कोड, नमो ऐप और भाजपा वेबसाइट के जरिए सदस्यता ग्रहण करने का आह्वान किया। इसके लिए मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सदस्यता अभियान कार्यशाला 2024 आयोजित की गई। इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने किया।
गुजरात के वडोदरा में वन विभाग ने बड़ौदा के महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय के परिसर में देखे गए मगरमच्छ को बचाया।
#WATCH | Vadodara, Gujarat: Forest Department rescues the crocodile seen on the campus of the Maharaja Sayajirao University of Baroda pic.twitter.com/joBQjJfAHW
— ANI (@ANI) August 29, 2024
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को कहा कि राज्य में लगभग 1.2 लाख लोगों की पहचान डी वोटर (संदिग्ध मतदाता) के रूप में की गई है, जिनमें से 41,583 को विदेशी घोषित किया गया है। विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, सरमा ने कहा कि अब तक कुल 1,19,570 लोगों को डी-मतदाता के रूप में चिह्नित किया गया।
1965 के युद्ध में अपने पराक्रम के लिए वीर चक्र जीतने वाले 90 वर्षीय वयोवृद्ध एयर मार्शल डेन्जिल कीलर (सेवानिवृत्त) का बुधवार को गुरुग्राम में निधन हो गया। एयर मार्शल डेन्जिल कीलर, एक सम्मानित भारतीय वायुसेना अधिकारी और 1965 के भारत-पाक युद्ध के नायक, को युद्ध में सेबर विमान को मार गिराने के लिए सबसे ज्यादा याद किया जाएगा। दिसंबर 1933 में लखनऊ में जन्मे, कीलर और ट्रेवर कीलर लड़ाकू पायलट भाइयों के रूप में जाने जाते हैं। डेन्जिल कीलर ने 1971 के भारत-पाक युद्ध में भी भाग लिया था। कीलर ने 1978 में दो विमान आपातकालीन स्थितियों के दौरान (ग्रुप कैप्टन के रूप में) अपने साहस के लिए कीर्ति चक्र भी जीता था।
एनसीपी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने गुरुवार को कहा कि सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के तीनों घटक दल आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जल्द ही सीट बंटवारे पर बातचीत करेंगे। नांदेड़ में पार्टी अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की अगुवाई वाली 'जनसंपर्क यात्रा' के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि महायुति के सहयोगी अगले 4 से 5 दिनों में सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए एक साथ बैठेंगे। लेकिन उन सीटों पर कोई चर्चा नहीं होगी जो पहले से ही संबंधित दलों के पास हैं। महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुनाव अक्टूबर-नवंबर में होने की संभावना है।
असम के ओरंग राष्ट्रीय उद्यान में एक बाघ ने एक होम गार्ड को मार डाला। प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) प्रदीप्त बरुआ बताया कि बीते बुधवार शाम पार्क के बिलपारा रेंज में दो होम गार्ड पैदल गश्त कर रहे थे। उसी समय एक बाघ ने उन पर हमला कर दिया और उनमें से एक को जंगल के अंदर खींच लिया। उन्होंने कहा, दूसरे गार्ड ने वन अधिकारियों को सूचित किया और देर शाम तक तलाश शुरू की गई। डीएफओ ने कहा कि बाघ को गार्ड को घसीटते हुए देखा गया था। गार्ड की पहचान धनमोनी डेका के रूप में हुई है। हालांकि, गार्ड को बचाने के लिए खोजी दल ने हवाई फायरिंग भी की थी।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण शहर में एक 37 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर बिल्डिंग की 18वीं मंजिल में अपने बालकनी से कूदकर अपनी जान दे दी। एक अधिकारी ने बताया कि घटना बुधवार को खड़कपाड़ा इलाके में हुई। महिला के पिता के अनुसार, तलाक के बाद से ही महिला उदास थी। हालांकि, फ्लैट में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और आगे की जांच जारी है।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने गुरुवार को एक केंद्रीकृत मंच लॉन्च किया, जिसे यौन उत्पीड़न की शिकायतों को ध्यान में रख करके महिलाओं के लिए कार्यस्थलों को सुरक्षित बनाने के लिए डिजाइन किया गया है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि शी-बॉक्स पोर्टल कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार के चल रहे प्रयासों में एक महत्वपूर्ण प्रगति है। दिल्ली में लॉन्च कार्यक्रम में मंत्रालय की एक नई वेबसाइट भी शुरू की गई। मंत्रालय ने कहा कि पोर्टल देश भर में आंतरिक समितियों और स्थानीय समितियों से संबंधित सूचनाओं के लिए एक केंद्रीकृत भंडार के रूप में कार्य करेगा, जिसमें सरकारी और निजी दोनों क्षेत्र शामिल होंगे। पोर्टल महिलाओं को शिकायत दर्ज करने, उनकी स्थिति को ट्रैक करने और यह सुनिश्चित करने की अनुमति देगा कि शिकायतों का समय पर निपटान किया जाए।
महाराष्ट्र पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने पुणे में एक अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़ किया है, जिससे दूरसंचार विभाग को राजस्व का नुकसान हुआ और आतंकवादी गतिविधियों में मदद करने की संभावना थी। पुणे संभाग के एटीएस अधिकारियों के अनुसार, नौशाद अहमद सिद्दीकी नाम का शख्स शहर के कोंढवा इलाके में अवैध टेलीफोन एक्सचेंज चला रहा था। अधिकारी ने बताया कि इस छापे में सात सिम बॉक्स, 3,788 सिम कार्ड, नौ वाईफाई राउटर, एंटेना, इनवर्टर और लैपटॉप जब्त किए गए। अवैध टेलीफोन एक्सचेंज चलाकर आरोपी ने दूरसंचार विभाग को राजस्व का नुकसान पहुंचाया है।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) की तरफ से बनाया गया एक स्वागत द्वार ढह गया है। पुलिस ने इस मामले में परियोजना से जुड़े ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कोलसेवाड़ी पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि कल्याण (पूर्व) शहर के चक्की नाका पर बनाया गया यह स्वागत द्वार 27 अगस्त को सुबह लगभग 11 बजे ढह गया। इस हादसे के बाद केडीएमसी के अधिकारियों ने ठेकेदार बॉबी कांबले के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस से मुलाकात की और 9 अगस्त को कोलकाता में आरजी कर अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी के बाद राज्य में मौजूदा संकट पर चर्चा की। इस बैठक के दौरान, जिसमें पूर्व राज्य पार्टी अध्यक्ष दिलीप घोष और अन्य भाजपा नेता शामिल हुए, मजूमदार ने राज्यपाल से पश्चिम बंगाल में उथल-पुथल को दूर करने के लिए निर्णायक कार्रवाई करने का आग्रह किया। मजूमदार ने मामले में बताया कि, हमने राज्यपाल से बंगाल में लोगों के अधिकारों की रक्षा करने और राज्य को इस गंभीर स्थिति से बाहर निकालने के लिए जो भी आवश्यक हो, वह करने का अनुरोध किया है।
तृणमूल कांग्रेस के नेता और पूर्व सीएम मुकुल संगमा को मेघालय विधानसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया, जबकि कांग्रेस के एकमात्र विधायक रोनी वी. लिंगदोह को विपक्ष का मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया। बता दें कि संगमा ने आधिकारिक तौर पर स्पीकर थॉमस ए. संगमा से उन्हें विपक्ष का नेता नियुक्त करने का अनुरोध किया था, क्योंकि टीएमसी के नेतृत्व वाले गठबंधन, जिसे कांग्रेस के एकमात्र विधायक का समर्थन प्राप्त है, के पास 60 सदस्यीय सदन में छह विधायक हैं। यह नियुक्ति उस नियम के अनुसार की गई है जिसके अनुसार इस पद पर दावा करने के लिए विपक्ष की संख्या सदन की कुल संख्या का कम से कम 10वां हिस्सा होनी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने त्रिशूर पुलिस आयुक्त के समक्ष मीडियाकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया गया है कि कुछ मीडियाकर्मियों ने 27 अगस्त को रामनिलयम में उन्हें कार में बैठने से रोका था। केरल पुलिस ने कहा, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी की शिकायत पर मीडियाकर्मियों के खिलाफ पूर्वी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। मीडियाकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने मंत्री को उनकी कार में बैठने से रोका, मंत्री के सुरक्षा अधिकारी विष्णु राज को धमकाया और धक्का देकर उन्हें उनके आधिकारिक कर्तव्यों के पालन में बाधा पहुंचाई। मामला बीएनएस की धारा 329 (3), 126 (2) और 132 के तहत दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में पुलिस ने आदित्य ठाकरे की यात्रा के दौरान राजकोट किले में हुई झड़प के मामले में शिवसेना (यूबीटी) और भाजपा के 122 समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एफआईआर में सीसीटीवी फुटेज से पहचाने गए 42 लोगों के नाम हैं। एक अधिकारी ने बताया कि अन्य 80 आरोपियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है और पुलिस हर व्यक्ति की पहचान और घटना में उनकी भूमिका का पता लगाने के लिए फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है। एक अधिकारी ने बताया कि झड़प के दौरान पथराव में घायल हुए पुलिसकर्मियों में से एक पुलिसकर्मी की शिकायत पर बुधवार देर रात दंगा और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया। मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है
रेलवे बोर्ड ने सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारियों को सेवाओं की आवश्यकताओं के अनुसार रिक्त पदों पर सलाहकार के रूप में फिर से नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। सभी क्षेत्रीय रेलवे और सार्वजनिक उपक्रमों को संबोधित 29 अगस्त के एक परिपत्र में, बोर्ड ने कहा कि पुनः नियुक्ति योजना केवल 31 दिसंबर, 2026 तक वैध होगी। राजपत्रित अधिकारियों के रिक्त पदों के कारण क्षेत्रीय रेलवे की तरफ से सामना की जा रही कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए, बोर्ड ने सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारियों को सेवाओं की आवश्यकताओं के अनुसार रिक्त पदों पर सलाहकार के रूप में फिर से नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है।
इंफाल पुलिस ने बताया कि अज्ञात हथियारबंद लोगों ने गुरुवार रात इंफाल पश्चिम जिले में नागरिक समाज संगठन यूनाइटेड कमेटी मणिपुर (यूसीएम) के कार्यालय परिसर में दो बम विस्फोट किए। पुलिस ने बताया कि लैम्फेल में शाम करीब 7:45 बजे हुए विस्फोटों से कार्यालय की संपत्ति को मामूली नुकसान पहुंचा है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने कार्यालय पर कई राउंड फायरिंग भी की। वहीं इस वारदात की सूचना पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, मौके पर जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने गुरुवार को वायनाड में 30 जुलाई को हुए भूस्खलन से प्रभावित परिवारों के लिए 1000 वर्ग फीट के एक मंजिला मकान बनाने की योजना की घोषणा की, जिसमें दो मंजिला मकान बनाने का विकल्प भी शामिल है। सीएम की तरफ से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में इस निर्णय पर सर्वसम्मति से सहमति बनी, जिसका उद्देश्य विनाशकारी भूस्खलन से प्रभावित लोगों के लिए पुनर्वास योजना तैयार करना था, जिसमें 78 लोग अभी भी लापता हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि बैठक में राज्य के कोझिकोड जिले के विलंगड गांव में भूस्खलन के पीड़ितों के लिए पुनर्वास करने का भी निर्णय लिया गया।