Updates: मणिपुर पुलिस ने नष्ट किए 330 किलो ड्रग्स; मंगलूरू में 11 छात्र गिरफ्तार, 12 किलो गांजा बरामद
मणिपुर पुलिस ने शनिवार को इम्फाल वेस्ट जिले में 330 किलो से ज्यादा नशीले पदार्थ नष्ट कर दिए। जब्त किए गए ड्रग्स में 6 किलो हेरोइन, 87 किलो ब्राउन शुगर और 182 किलो गांजा शामिल था। यह कार्रवाई शिजा कॉमन बायो मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट फैसिलिटी में की गई। पुलिस महानिदेशक राजीव सिंह ने कहा कि यह प्रक्रिया पर्यावरण अनुकूल तरीके से और पारदर्शिता के साथ की गई। उन्होंने बताया कि ऐसे ड्रग्स नष्ट करने की प्रक्रिया हर छह महीने पर की जाती है ताकि यह दोबारा अवैध बाजार में न पहुंच सके।
मंगलूरू में 11 छात्र गिरफ्तार, 12 किलो गांजा बरामद
कर्नाटक के मंगलूरू में पुलिस ने 11 छात्रों को गिरफ्तार किया है। सभी छात्र केरल से आए बीबीए सेकंड ईयर के विद्यार्थी हैं। पुलिस ने बताया कि छापेमारी में 12.26 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 2.45 लाख रुपये है। यह गांजा ओडिशा से लाया गया था और इसे बेचने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस ने मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किए हैं। आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और नेटवर्क की जांच की जा रही है।
सबरीमला मुद्दे पर एनएसएस ने दोहराया रुख, विरोध से बेपरवाह
केरल में नायर सर्विस सोसाइटी (एनएसएस) के महासचिव जी. सुಕು्मारन नायर ने शनिवार को कहा कि सबरीमला मुद्दे पर उनका रुख पहले ही साफ है और वे विरोध प्रदर्शनों से चिंतित नहीं हैं। नायर ने कहा कि उन्होंने राजनीति से अलग अपना रुख रखा है। टीवी चैनलों पर दिखाए गए पोस्टरों में नायर पर समुदाय से गद्दारी के आरोप लगाए गए। विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन ने कहा कि कांग्रेस और यूडीएफ का स्टैंड पहले जैसा ही है और वे एनएसएस को मनाने की कोशिश नहीं कर रहे।
ओडिशा पर मंडराए काले बादलों पर आईएमडी का प्रतिक्रिया
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को कहा कि दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के पास मंडरा रहे काले बादल यानी डिप्रेशन अगले 24 घंटे में पश्चिम की ओर बढ़ेंगे और कमजोर होकर एक लो-प्रेशर एरिया में बदल जाएंगे। सुबह 8.30 बजे तक यह सिस्टम ओडिशा के गुनपुर से 50 किमी, फूलबानी से 130 किमी और छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से 230 किमी की दूरी पर दर्ज हुआ। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि इन काले बादलों के असर से ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
उडुपी में दिनदहाड़े रौडी-शीटर की हत्या, इलाके में तनाव
कर्नाटक के उडुपी जिले के मालपे इलाके में शनिवार सुबह बदमाशों ने एक रौडी-शीटर सैफुद्दीन (38) की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने कार्यस्थल के पास उस पर गोलियां बरसाईं और फरार हो गए। मृतक मणिपाल का रहने वाला था और ट्रांसपोर्ट बिजनेस से जुड़ा था। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और हत्यारों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है।
तेलंगाना में आईपीएस अधिकारियों का तबादला
तेलंगाना सरकार ने शनिवार को आईपीएस अधिकारियों का बड़ा तबादला किया। वीसी सज्जनार को हैदराबाद का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उन्होंने सीवी आनंद की जगह ली है, जिन्हें विशेष मुख्य सचिव (गृह) बनाया गया है। सज्जनार वर्तमान में तेलंगाना स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक थे। वह साइबराबाद पुलिस कमिश्नर रहते हुए 2019 में महिला पशु चिकित्सक के रेप और मर्डर केस के चार आरोपियों के एनकाउंटर के कारण चर्चा में आए थे। सरकार ने कुल 23 आईपीएस और 6 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार ने खुफिया विभाग के प्रमुख बी. शिवाधर रेड्डी को नया डीजीपी नियुक्त किया है। मौजूदा डीजीपी डॉ. जितेंद्र 30 सितम्बर को सेवानिवृत्त होंगे।
जस्टिस सौमेन सेन बने मेघालय एचसी के मुख्य न्यायाधीश
कलकत्ता हाई कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस सौमेन सेन को शुक्रवार को मेघालय हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इस महीने की शुरुआत में उनके नाम की सिफारिश की थी। इसके अलावा, इलाहाबाद हाई कोर्ट में 24 और हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट में दो न्यायाधीशों की नियुक्ति की गई है। जस्टिस सेन ने जनवरी 1991 में बार काउंसिल ऑफ वेस्ट बंगाल के तहत अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया था। वे कलकत्ता हाई कोर्ट में वकालत करते थे और 13 अप्रैल 2011 को वहां न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत हुए। वे 16 सितंबर से कलकत्ता हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में काम कर रहे थे।
सीएजी ने सरकारी लेखा मानक सलाहकार बोर्ड की लॉन्च की वेबसाइट
भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) के. संजय मूर्ति ने शुक्रवार को सरकारी लेखा मानकों में सुगमता और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से जीएएसएबी की वेबसाइट लॉन्च की। उन्होंने सरकारी लेखा मानक सलाहकार बोर्ड (जीएएसएबी) की 37वीं बोर्ड बैठक में कहा कि जीएएसएबी में सभी संगठित लेखा सेवाओं की पहल और कार्य सरकारी लेखा और मानक-निर्धारण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। मूर्ति ने कहा कि जीएएसएबी की ओर से किया जाने वाला मानक-निर्धारण ऐसा कार्य है, जिसमें विभिन्न हितधारकों के साथ बातचीत और विषय-वस्तु विशेषज्ञों से फीडबैक लेना शामिल है। जीएएसएबी की उचित प्रक्रिया में विषयों के चयन और मानकों को तैयार करने की सुनियोजित प्रक्रिया शामिल है, जो सदस्यों, हितधारकों के साथ एक सुदृढ़ और समावेशी परामर्श प्रक्रिया के माध्यम से होती है। डिप्टी सीएजी (सरकारी लेखा) और जीएएसएबी के अध्यक्ष जयंत सिन्हा ने कहा कि बोर्ड की स्थापना 2002 में सीएजी के तत्वावधान में सरकारी लेखांकन और वित्तीय रिपोर्टिंग में पारदर्शिता में सुधार लाने के उद्देश्य से की गई थी।
अगले साल एशिया-पैसिफिक क्षेत्रीय एसेट रिकवरी नेटवर्क की अध्यक्षता करेगा भारत
भारत को 2026 में एशिया-पैसिफिक क्षेत्रीय एसेट रिकवरी नेटवर्क (एआरआईएन-एपी) की अध्यक्षता सौंपने की घोषणा की गई है। यह कदम भारत की आर्थिक अपराधों और अवैध संपत्ति की रिकवरी में नेतृत्व की भूमिका को मजबूत करेगा। 2026 में भारत एआरआईएन-एपी की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) की मेजबानी भी करेगा। यह नेटवर्क 28 सदस्य देशों और 9 पर्यवेक्षकों के साथ, अपराध से प्राप्त संपत्ति का पता लगाने, फ्रीज करने और जब्त करने पर काम करता है और भारत के जी-20 प्राथमिकताओं के अनुरूप है। उलानबाटार में चल रही 10वीं वार्षिक बैठक में मंगोलिया ने अध्यक्षता का हस्तांतरण किया। अध्यक्षता संभालते हुए जॉइंट डायरेक्टर ऑफ एंफोर्समेंट (कोऑर्डिनेशन) ने कहा, एआरआईएन-एपी केवल एक नेटवर्क नहीं, बल्कि एक परिवार और समुदाय है, जहां सदस्य देशों के बीच भरोसा और सहयोग मजबूत होता है।
केरल : माकपा कार्यकर्ता की हत्या के मामले में 9 भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ता बरी
केरल की एक अदालत ने 2015 में माकपा कार्यकर्ता की हत्या मामले में शुक्रवार को भाजपा-आरएसएस के नौ कार्यकर्ताओं को बरी कर दिया। ओ प्रेमन (45) पर कन्नूर के चित्तरीपरम्बा में हमला किया गया था और अगले दिन अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई। बरी किए गए लोगों में साजेश सी, प्रजेश डी, इंचिकांडी निशांत, लिजिन पी, मनपड्डी विनीश, सी राजेश, निखिल एन, आर रमेश और रेनजिथ सीवी शामिल हैं।
बचाव पक्ष के वकीलों ने बताया कि दूसरे आरोपी श्याम प्रसाद की 2018 में एक अन्य राजनीतिक झड़प में हत्या कर दी गई थी। आरोपियों का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिवक्ता पी प्रेमराजन ने कहा कि जिला अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने पुलिस जांच में गंभीर खामियों का हवाला देते हुए उन्हें बरी कर दिया। उन्होंने कहा कि मुकदमे से यह साबित हो गया कि आरोपी अपराध स्थल पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने उन पर गैरकानूनी गतिविधिया (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) और भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
500 करोड़ के घोटाले में पूर्व कांग्रेस सांसद न्यायिक हिरासत में
पोर्ट ब्लेयर की स्थानीय अदालत ने शुक्रवार को पूर्व कांग्रेस सांसद कुलदीप राय शर्मा और अंडमान एवं निकोबार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के पूर्व ऋण अधिकारी के. कलैवानन को 500 करोड़ रुपये के ऋण घोटाले में न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
दोनों को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 18 सितंबर को गिरफ्तार किया था और पूछताछ के लिए 8 दिनों की रिमांड पर कोलकाता ले जाया गया था। एनएससीबीएल के प्रबंध निदेशक के. मुरुगन से स्वास्थ्य कारणों से पोर्ट ब्लेयर में पूछताछ की गई। ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुरुगन समेत तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यह जांच अंडमान और निकोबार पुलिस द्वारा दर्ज केस पर आधारित है।
चुनाव में बाधा डालने के लिए की थी भाजपा नेता की हत्या माओवादी पिता-पुत्र पर यूएपीए
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 2023 में भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या के मामले में माओवादी पिता-पुत्र के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दायर किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।छत्तीसगढ़ में एनआईए की विशेष अदालत में दायर दूसरे पूरक आरोपपत्र में शिवानंद नाग और उसके पिता नारायण प्रसाद नाग पर भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। दोनों को दुबे की हत्या से संबंधित आपराधिक साजिश में सक्रिय रूप से शामिल पाया गया। एनआईए की जांच के अनुसार, शिवानंद नाग प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) का सक्रिय सदस्य था और रतन दुबे के साथ उसकी पहले से राजनीतिक, व्यावसायिक और व्यक्तिगत प्रतिद्वंद्विता थी। नवंबर 2023 में भाजपा नारायणपुर के उपाध्यक्ष दुबे की लक्षित हत्या चुनाव में बाधा डालने और स्थानीय लोगों को आतंकित करने के उद्देश्य से की गई थी।
गुजरात दंगे के आरोपियों को घरों के दरवाजे तोड़कर पकड़ा, मंत्री बोले-हर्जाना भी वसूला जाएगा
गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने शुक्रवार को कहा कि गांधीनगर ज़िले के देहगाम तालुका के बहियाल गांव में हुई हिंसा में शामिल हर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें से कई को पुलिस ने उनके घरों के दरवाजे तोड़कर पकड़ा। संघवी ने गांव पहुंचकर नवरात्रि कार्यक्रम में हिस्सा लिया और मां अंबा के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि दंगाइयों से नुकसान की भरपाई भी की जाएगी। पुलिस उन्हें सीसीटीवी फुटेज से पहचानकर जुर्माना लगाएगी। गांधीनगर पुलिस द्वारा एक आरोपी को पकड़ने के लिए घर का दरवाज़ा तोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर वायरल हो गया है।
नए इंदिरा भवन में पीएम मनमोहन सिंह के नाम पर रिसर्च सेंटर बनाया
दिवंगत प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती के अवसर पर उनके नाम पर कांग्रेस के नए इंदिरा भवन मुख्यालय में रिसर्च सेंटर और पुस्तकालय शुरू किया गया। उद्घाटन कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने किया। यह पुस्तकालय कांग्रेस की 139 साल लंबी यात्रा और मनमोहन सिंह की राजनीतिक यात्रा को दर्शाता है। आधिकारिक बयान के अनुसार पुस्तकालय में अभी 1,200 किताबें रखी गई हैं। यह केंद्र मनमोहन सिंह के जीवन, उनकी सादगी, ईमानदारी और समर्पण की विरासत को समर्पित है। इसमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल, इंदिरा गांधी को समर्पित अलग-अलग खंड हैं।
अटल बिहारी वाजपेयी पर लिखी किताबें भी रखी गईं
पुस्तकालय में कई दुर्लभ तस्वीरें लगाई गई हैं। इनमें संविधान सभा के सदस्य और 1991 में वित्त मंत्री के रूप में मनमोहन सिंह की ऐतिहासिक बजट प्रस्तुति से जुड़ी तस्वीरें शामिल हैं। पी चिदंबरम, शशि थरूर, सलमान खुर्शीद, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी आदि नेताओं पर लिखी किताबें भी हैं। उद्घाटन समारोह में मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद राहुल गांधी भी मौजूद थे।
केरल के मलप्पुरम जिले में देर रात हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। यह घटना वंडूर के पास हुई जब परिवार का वाहन सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। पुलिस के अनुसार, हादसा तब हुआ जब परिवार मैसूर से लौट रहा था। वे अपने एक बच्चे के कॉलेज एडमिशन के सिलसिले में गए थे। पुलिस का मानना है कि ड्राइवर गाड़ी चलाते समय सो गया था, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया। वंडूर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, 'महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। बाकी लोगों को मामूली चोटें आई हैं।'
कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में भारी बारिश और मौसम विभाग की ऑरेंज अलर्ट चेतावनी के चलते स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। स्कूल शिक्षा विभाग, कलबुर्गी के डिप्टी डायरेक्टर (प्रशासन) ने जानकारी दी कि जिले के सभी स्कूल 27 और 28 सितम्बर को बंद रहेंगे। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है, क्योंकि लगातार बारिश से कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं और यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और तेज बारिश की संभावना जताई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
केंद्रीय रेलवे मंत्रालय ने बंगलूरू और मुंबई के बीच एक नई सुपरफास्ट ट्रेन को मंजूरी दी है। यह जानकारी बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने शनिवार को दी। उन्होंने कहा कि यह दोनों शहरों के लोगों की 30 साल पुरानी मांग थी। तेजस्वी सूर्या ने बताया कि अभी तक बंगलूरू और मुंबई के बीच केवल एक ट्रेन 'उद्यान एक्सप्रेस' चलती है, जिसे यात्रा पूरी करने में 24 घंटे से ज्यादा लगते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले साल ही दोनों शहरों के बीच 26 लाख से ज्यादा लोगों ने हवाई यात्रा की। यह नई ट्रेन सेवा यात्रियों के लिए सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प देगी। यह ट्रेन दोनों शहरों के बीच आर्थिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करेगी और यात्रा को सुगम बनाएगी। सूर्या ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। नई सेवा के शुरू होने से फ्लाइट और बसों पर दबाव कम होगा और लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी।
केरल में कोच्चि की एनआईए अदालत ने कोयंबटूर के दो निवासियों मुहम्मद अजहरुद्दीन (27) और शेख हिदायतुल्ला उर्फ फिरोज खान (35) को इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) की विचारधारा फैलाने और भर्ती करने का दोषी पाया। अदालत ने उन्हें साजिश रचने का दोषी पाया। इसके अलावा दोनों गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम कानून (यूएपीए) की धारा 38 (आतंकी संगठन की सदस्यता) और 39 (आतंकी संगठन को समर्थन) के तहत भी दोषी करार दिए गए। मामला 2019 में दर्ज हुआ था। एनआईए को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी दक्षिण भारत, विशेषकर केरल और तमिलनाडु में युवाओं को आतंकवादी गतिविधियों के लिए भड़काने की ताक में थे। जांच में पाया गया कि दोनों 2016 से ही ऑनलाइन कट्टरपंथी सामग्री और वक्ताओं के संपर्क में हैं और इससे प्रभावित होकर इन लोगों ने सोशल मीडिया व डिजिटल उपकरणों पर ऐसी आपत्तिजनक सामग्रियों को और फैलाया। एनआईए के मुताबिक अजहरुद्दीन श्रीलंका के आईएसआईएस नेटवर्क से भी जुड़ा था और दोनों ने दक्षिण भारत में आईएसआईएस गतिविधियों को बढ़ावा दिया। अदालत सजा 29 सितंबर को सुनाएगी।
बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने जीता चुनाव, पूर्व बीटीसी प्रमुख ने दी बधाई
यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरेशन (UPPL) के निवर्तमान बीटीसी प्रमुख प्रमोद बोरों ने शनिवार को बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF) की जीत पर बधाई दी और क्षेत्र के विकास के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। बोरों ने कहा कि उनकी पार्टी जनता के जनादेश का सम्मान करती है और बीपीएफ से अपील की कि जनवरी 2020 के बोडो शांति समझौते की शेष धाराओं को लागू किया जाए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से भी सभी प्रावधानों को पूरी तरह लागू करने की मांग की। बोरों ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उनकी सरकार ने शांति, सुरक्षा और विकास के लिए काम किया, पर हार के कारणों का विश्लेषण किया जाएगा। बीपीएफ ने 40 में से 28 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया, जबकि यूपीपीएल को सात और भाजपा को पांच सीटें मिलीं। बोरों दो सीटों से लड़े, जिसमें गोइमारी जीते लेकिन डोटमा से हारे।
शपथ ग्रहण समारोह 3 अक्तूबर को कोकराझार में
चुनावी नतीजों की घोषणा के बाद बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के प्रमुख हगरामा मोहिलारी को पार्टी की नीति निर्धारक समिति की पहली बैठक में सर्वसम्मति से अगली बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (BTC) का नेता चुना गया। पूर्व असम मंत्री रहोन डैमारी को उपनेता और डेरहासत बसुमतारी को मुख्य व्हिप नियुक्त किया गया। शपथ ग्रहण समारोह 3 अक्तूबर को कोकराझार में आयोजित होने की योजना है। मोहिलारी ने सभी राजनीतिक दलों और संगठनों से समर्थन का स्वागत किया और चुनावी वादों को पूरा करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
लद्दाख में बुधवार को लगे कर्फ्यू के कारण कई पर्यटकों की छुट्टियां अनिश्चितता में घिर गई हैं। ऑस्ट्रेलियाई पर्यटक अमांडा वर्वॉक्स ने होटल में कैद रहने और प्रशासन से सूचना न मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उन्होंने पैंगोंग झील जाने का परमिट लिया है, लेकिन अधिकारियों के हस्ताक्षर न होने के कारण यात्रा रोकी गई। उनके साथ दिल्ली-एनसीआर के अनुज हंदू ने भी पर्यटकों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग की। कर्फ्यू से होटल कर्मियों को भी जरूरी सामान की कमी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं प्रशासन ने परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड दिखाकर आवागमन की अनुमति देने का निर्देश जारी किया है। बता दें कि लेह में लेह एपेक्स बॉडी (LAB) की युवा इकाई द्वारा राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची की मांग को लेकर बुलाए गए बंद के दौरान हिंसक प्रदर्शन हुए, जिसमें पुलिस फायरिंग से चार लोगों की मौत और कई घायल हुए। सरकार ने मशहूर एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को NSA जैसे सख्त कानून के तहत आरोप लगाकर गिरफ्तार किया है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने भारतीय वायुसेना अधिकारी को महिला सहकर्मी से दुष्कर्म के मामले में मिली 10 साल की सजा को निलंबित कर दिया और उन्हें जमानत दे दी। अदालत ने कहा कि अधिकारी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वे पहले ही 10 में से 4 साल जेल में बिता चुके हैं। उनकी अपील 2023 से लंबित है और निकट भविष्य में इसके निपटारे की संभावना नहीं है, ऐसे में पूरी सजा कटने का खतरा है। इसी आधार पर अदालत ने मार्च 2024 के आर्म्ड फोर्सेज ट्रिब्यूनल (AFT) के आदेश को पलटते हुए राहत दी। मामला 2021 का है जब कोयंबटूर एयरफोर्स कॉलेज में एक पार्टी के बाद कथित घटना घटी। महिला ने दवा और शराब के सेवन के बाद होश खो दिया था और बाद में यौन शोषण का आरोप लगाया। अभियोजन पक्ष का आधार महिला की गवाही, वीडियो में कथित स्वीकारोक्ति और अन्य अधिकारियों के बयान थे। हालांकि, अदालत ने कहा कि पीड़िता को घटना की प्रत्यक्ष जानकारी नहीं है और गवाहों की विश्वसनीयता संदिग्ध है, क्योंकि बयान और वीडियो को लेकर विरोधाभास हैं। आरोपी ने घटना को सहमति आधारित बताया और कहा कि दबाव में झूठी स्वीकारोक्ति कराई गई थी। अदालत ने कहा कि अपील लंबित रहते सजा निलंबित करना उचित है।
चुनाव आयोग 4 और 5 अक्तूबर को बिहार चुनाव तैयारियों की समीक्षा करेगा
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग 4-5 अक्तूबर को पटना का दौरा करेगा ताकि बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की जा सके। 243 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है और चुनाव इसी महीने में होने की संभावना है। 3 अक्तूबर को सामान्य, पुलिस व व्यय प्रेक्षकों की ब्रीफिंग होगी। विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) 30 सितंबर को अंतिम प्रकाशन के साथ पूरा होगा। विपक्ष ने इसे मताधिकार छीनने वाला बताया है, जबकि आयोग ने आश्वासन दिया कि कोई पात्र मतदाता छूटेगा नहीं और कोई अपात्र शामिल नहीं होगा।
एआईएमआईएम एनडीए की बी टीम नहीं, भाजपा शासित यूपी में हमले के बाद बचा: ओवैसी
इस राज्य की सियासत से ही जुड़े एक अन्य अहम घटनाक्रम में ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बिहार में अपनी पार्टी को एनडीए की "बी टीम" बताए जाने के आरोप को खारिज किया। उन्होंने कहा कि अगर कोई गठबंधन नहीं होता, तो पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी। ओवैसी ने याद दिलाया कि 2022 यूपी चुनावों में उनकी कार पर छह गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने आरजेडी पर उनके चार विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाया और बताया कि छह सीटें और सीमांचल विकास परिषद की लिखित गारंटी ही शर्तें थीं, मंत्री पद नहीं। ओवैसी ने आरजेडी के "बाहरी" कहने पर भी पलटवार किया और चुनाव लड़ने का संकल्प जताया।
विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने शनिवार को मुस्लिम व्यक्तिगत कानून बोर्ड (AIMPLB) की वक्फ़ संशोधन अधिनियम के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन की योजना पर सवाल उठाए। VHP ने केंद्र और राज्य सरकारों से हिंसा रोकने के लिए सतर्क रहने और सुप्रीम कोर्ट से मामले की गंभीरता से संज्ञान लेने की अपील की। AIMPLB ने आगामी 3 अक्तूबर को बंद और विभिन्न राज्यों में मार्च आयोजित करने की योजना बनाई है। VHP अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि यह कानून और सामाजिक समरसता के लिए खतरा है। उन्होंने हिंदुओं से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के साथ सहयोग करने का आह्वान किया। सुप्रीम कोर्ट ने अधिनियम के कुछ प्रावधानों को रोकते हुए पूरे कानून पर रोक नहीं लगाई।
बिहार में बढ़ते सियासी तापमान के बीच शनिवार को RJD नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि अपनी कुर्सी बचाने के लिए नीतीश कुमार ने उनके पिता लालू प्रसाद यादव की मदद ली थी। खगड़िया जिले में NDA कार्यकर्ताओं की बैठक का वीडियो क्लिप दिखाकर तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार अब राज्य का सही ढंग से शासन करने की स्थिति में नहीं हैं और BJP ने उन्हें नियंत्रित कर लिया है। उन्होंने राज्य की अति पिछड़ी जातियों (EBCs) से महागठबंधन का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा, राजद उन्हें केवल वोट बैंक नहीं बल्कि "पावर बैंक" मानती है।
तेजस्वी ने जो वीडियो दिखाया उसमें नीतीश कुमार को लालू प्रसाद के लिए अनुचित शब्द कहते सुना गया। तेजस्वी ने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार से बड़े हैं ऐसे में इस तरह की भाषा अस्वीकार्य है। उन्होंने राजद और JD(U) के बीच हुए अल्पकालिक गठबंधनों का हवाला भी दिया। अपनी भावी नीतियों को लेकर तेजस्वी ने कहा, EBCs को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पलायन रोकने जैसे मुद्दों पर सम्मान मिलेगा। उन्होंने NDA की तरफ से दिए जा रहे 10,000 रुपये के लाभ पर सवाल उठाते हुए इसे अपने वादों की नकल करार दिया।
तेजस्वी ने अति पिछड़ा न्याय संकल्प का जिक्र करते हुए कहा, अगर विधानसभा चुनाव के बाद महागठबंधन की सरकार बनती है तो उनकी पार्टी सरकारी ठेकों में आरक्षण, पंचायतों और नगर निकायों में कोटा बढ़ाना सुनिश्चित करेगी। इसके अलावा उन्होंने EBCs समुदाय के लोगों पर होने अत्याचारों से सुरक्षा देने वाला कानून बनाने का वादा भी किया।
भारत 2026 में पहली बार विश्व सीफूड कांग्रेस की मेजबानी करेगा
भारत 2026 में पहली बार वर्ल्ड सीफूड कांग्रेस (WSC) की मेजबानी करेगा, जो देश के लिए मील का पत्थर साबित होगी। यह द्विवार्षिक कार्यक्रम चेन्नई में आयोजित होगा और दुनिया भर के उद्योग नेताओं, नीति निर्धारकों और शोधकर्ताओं को एक मंच पर लाएगा। 1999 से यह कांग्रेस कनाडा, नीदरलैंड्स, ऑस्ट्रेलिया और आइसलैंड में आयोजित हुई है, लेकिन कभी एशिया के दूसरे सबसे बड़े मछली उत्पादक भारत में नहीं।
भारत ने 2023-24 में 1.78 मिलियन टन समुद्री उत्पादों का निर्यात किया, जिसकी कीमत 7.38 बिलियन डॉलर थी, और देश की कुल मछली उत्पादन 18.40 मिलियन टन तक बढ़ गई है। कांग्रेस के दौरान तकनीकी प्रस्तुतियाँ, कार्यशालाएँ और व्यापार मेले आयोजित होंगे, जिनमें प्रसंस्करण उपकरण और सप्लाई चेन नवाचार प्रदर्शित किए जाएंगे।
इस कार्यक्रम में समुद्री उत्पादों के नियम, सतत प्रौद्योगिकी और सर्कुलर अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। एशियाई और अफ्रीकी देशों के लिए वैश्विक तौर पर समुद्रों में मिलने वाले खाद्य पदार्थों की चुनौतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कई सरकारी मंत्रालय और संयुक्त राष्ट्र संगठन इस आयोजन का समर्थन कर रहे हैं।