फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 27 January North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: हैदराबाद में नाव में लगी आग से युवक झुलसा, छात्र लापता; केरल में वृद्ध महिला और उसके बेटे की हत्या

Mon, 27 Jan 2025 02:54 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Mon, 27 Jan 2025 02:54 PM IST
विज्ञापन
News Updates 27 January North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

हैदराबाद में भारत माता महाआरती कार्यक्रम में आतिशबाजी के दौरान हुसैन सागर झील में नाव में आग लग जाने से एक युवक झुलस गया। जबकि इंजीनियरिंग का छात्र गायब हो गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा भी शामिल हुए थे। घटना उनके जाने के बाद हुई। पुलिस ने बताया कि भारत माता महाआरती कार्यक्रम के बाद झील में नाव से पटाखे फोड़े जा रहे थे, तभी एक रॉकेट नाव में रखे पटाखों से टकराया, जिससे आग लग गई। एक व्यक्ति को मामूली रूप से जलने के कारण अस्पताल ले जाया गया है। वहीं नाव पर इंजीनियरिंग का छात्र अजय अपने दोस्तों के साथ मौजूद था। आग लगने के बाद उसके दोस्त तो बाहर आ गए, जबकि अजय नहीं लौटा। अजय के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह हुसैन सागर पर हुए कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाहर नहीं लौटा है।

विज्ञापन


बुजुर्ग महिला और बेटे की हत्या के बाद आरोपी फरार
उत्तरी केरल के पलक्कड़ जिले में सोमवार को दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला और उसके 53 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि नेनमारा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत पोथुंडी में रहने वाली 72 वर्षीय मीनाक्षी और उनके बेटे सुधाकरन की उनके आवास के बाहर हत्या कर दी गई। पुलिस ने कहा कि हत्या को उनके पड़ोसी 57 वर्षीय चेंथमारा ने अंजाम दिया है। वह कुछ साल पहले सुधाकरन की पत्नी की हत्या के आरोप में जेल जाने के बाद जमानत पर रिहा हुआ था।
विज्ञापन


पुलिस ने बताया कि आरोपी ने लक्ष्मी पर तब हमला किया गया जब उसने सुधाकरन पर हमला करने से रोकने की कोशिश की। हमले के बाद सुधाकरन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। चेंथमारा सुधाकरन से दुश्मनी मानता था। क्योंकि उसका मानना था कि उसके परिवार के हस्तक्षेप के कारण उसकी पत्नी और बच्चों ने उसे छोड़ दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


वायनाड में आदमखोर बाघ का हमला, कुछ इलाकों में कर्फ्यू
केरल के वायनाड में अधिकारियों ने 47 वर्षीय महिला पर एक बाघ के जानलेवा हमले के बाद रविवार को माननथवडी नगर पालिका के कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया है। महिला पर हमले के बाद बाघ को आदमखोर घोषित कर दिया गया है और उसे मारने की योजना बनाई जा रही है। वन मंत्री एके शशींद्रन ने जिलाधिकारी कार्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद बाघ को आदमखोर घोषित कर दिया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, 27 जनवरी सुबह छह बजे से 48 घंटे के लिए कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगाया जाएगा।

इसरो प्रमुख ने एम मोहन को एलपीएससी का निदेशक नियुक्त किया
प्रसिद्ध वैज्ञानिक और विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र के वर्तमान निदेशक (परियोजनाएं) एम. मोहन को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) अध्यक्ष ने द्रव प्रणोदन प्रणाली केंद्र (एलपीएससी) का निदेशक नियुक्त किया है। मोहन ने जून 2023 से जून 2024 तक अंतरिक्ष यात्री उड़ान केंद्र के निदेशक के रूप में सेवा दी थी। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, इससे पहले, उन्होंने वीएसएससी (अनुसंधान एवं विकास) के सहायक निदेशक, वीएसएससी (एमएमई) के उप निदेशक और वीएसएससी (एएसओई) के उप निदेशक सहित प्रमुख भूमिकाएं निभाईं। विशेष रूप से, वह 2008 में चंद्रयान-1 मिशन के तहत मून इम्पैक्ट प्रोब (एमआईपी) परियोजना के 'सिस्टम लीडर' थे, जिसने चंद्रमा की सतह पर भारतीय राष्ट्रीय ध्वज को सफलतापूर्वक स्थापित किया था।

हैदराबाद में आतिशबाजी के दौरान नौका में लगी आग, एक व्यक्ति घायल
हैदराबाद में रविवार रात 'भारत माता महाआरती' कार्यक्रम के आतिशबाजी के चलते हुसैन सागर झील में एक नौका में आग लग गई, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया। यह घटना केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा के कार्यक्रम स्थल से जाने के कुछ समय बाद हुई। पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम के बाद झील में नौका से पटाखे फोड़े जा रहे थे, तभी एक रॉकेट नौका में रखे अन्य पटाखों पर आ गिरा, जिससे आग लग गई। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति को मामूली रूप से झुलसने के कारण अस्पताल ले जाया गया है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत माता फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, एटाला राजेंद्र, एम रघुनंदन राव तथा अन्य लोग भी शामिल हुए।

टंगस्टन खनन: मुख्यमंत्री स्टालिन ने केंद्र और अन्नाद्रमुक की आलोचना की
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने टंगस्टन खनन की योजना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। साथ ही इस मामले पर संसद में संशोधन का समर्थन करने के लिए मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक की आलोचना की। खनन प्रस्ताव को रद्द करवाने के लिए मदुरै जिले के वल्लालपट्टी गांव में आयोजित सम्मान समारोह में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए स्टालिन ने कहा कि भाजपा नीत केंद्र ने टंगस्टन खनन शुरू करने का प्रयास किया था, लेकिन इसे जनशक्ति के समर्थन से रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार के 'घृणित जनविरोधी कदमों' को जनता ने पहचान लिया है। इस दौरान स्टालिन ने किसानों के 'दिल्ली कूच' का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तीन विवादास्पद कृषि कानूनों (अब निरस्त किए जा चुके) के विरोध में लगभग दो साल तक प्रदर्शन जारी रहे। हालांकि, मदुरै में टंगस्टन खनन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तीन महीने के भीतर सफल हो गया है। उन्होंने कहा, 'केंद्र सरकार झुक गई और इसे रद्द कर दिया। इसका कारण लोगों और तमिलनाडु सरकार द्वारा दिखाया गया मजबूत विरोध है। आपको यह एहसास होना चाहिए। यह कोई साधारण जीत नहीं है, यह बहुत बड़ी जीत है।'

केरल की वरिष्ठ पत्रकार और लेखिका का निधन
केरल की वरिष्ठ पत्रकार और लेखिका तुलसी भास्करन का 77 वर्ष की आयु में सोमवार को एक निजी अस्पताल में बीमारी के बाद निधन हो गया। भास्करन ने पत्रकारिता में अपने दशकों लंबे करियर की शुरुआत सत्तारूढ़ सीपीआई (एम) के मुखपत्र देशाभिमानी की कोच्चि इकाई में उप-संपादक प्रशिक्षु के रूप में की थी। वह अखबार की पहली महिला समाचार संपादक थीं। इसके बाद वह 1989 से अखबार द्वारा निकाले जाने वाले विशेष प्रकाशन शी की प्रभारी बनीं। सितंबर 2008 में सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने दो पुस्तकें और सात अनुवाद लिखकर अपना लेखन करियर जारी रखा। तुलसी भास्करन प्रसिद्ध श्री पद्मांसभस्वामी मंदिर के प्रशासनिक पैनल सदस्य के रूप में भी कार्यरत थी। दिवंगत सीपीआई(एम) नेता सी भास्करन उनके पति थे। उनके परिवार में बेटा दिनेश भास्कर है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भास्करन के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

डिजिटल अरेस्ट मामले में ईडी ने गिरफ्तार किए दो मास्टरमाइंड
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक डिजिटल अरेस्ट धोखाधड़ी के मामले में दो मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया। एक आरोपी को कोलकाता से पकड़ा गया, जबकि दूसरा आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार किया गया, जब वह देश छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था। ईडी के मुताबिक, दोनों आरोपियों की मनी लॉन्ड्रिंग में भूमिका थी, जिसमें म्यूल अकाउंट (जिनका इस्तेमाल अवैध धन को क्रिप्टोकरंसी में बदलने और विदेश भेजने के लिए किया जाता था) का प्रबंधन शामिल था। इन आरोपियों ने अवैध धन को क्रिप्टोकरंसी में बदलकर विदेश भेजा।  
 

ओडिशा: विषैला फल खाने के बाद 10 आदिवासी बच्चे बीमार, अस्पताल में भर्ती
ओडिशा के जाजपुर जिले में रविवार को 10 आदिवासी बच्चे विषैले फल का सेवन करने के बाद बीमार हो गए। पुलिस के मुताबिक, ये बच्चे पांच से ग्यारह साल के बीच की उम्र के हैं। धर्मशाला थाना क्षेत्र के तहत अरुहा हतासाही गांव में बच्चे खेल रहे थे, तभी उन्होंने पेड़ पर फल लदा देखा। जिज्ञासा के कारण उन्होंने फल खा लिया और फिर घर लौट आए। इसके तुरंत बाद हर बच्चे को उल्टी और पेट में दर्द की शिकायत होने लगी। उन्हें पहले धर्मशाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति बिगड़ने पर उन्हें कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चों ने कौन सा पल खाया था। बच्चों ने फल का सही तरीके से वर्णन नहीं किया है, जिससे पहचान मुश्किल हो रही है। 
 
वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने इस घटना के बाद एक सार्वजनिक स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की है, जिसमें लोगों को अनजान फल खाने से बचने और विषाक्तता के लक्षणों का अनुभव होने पर तुरंत मेडिकल सहायता लेने की सलाह दी गई है। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि बच्चे धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। लेकिन वे अभी तक उस फल को पहचान नहीं पाए हैं, जिसे उन्होंने खाया था। 

मणिपुर कांग्रेस ने चार एनपीपी विधायकों के खिलाफ याचिकाएं दायर कीं
मणिपुर में विपक्षी कांग्रेस ने सोमवार को नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के चार विधायकों के खिलाफ अयोग्यता याचिकाएं दायर कीं। राज्य में, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) से दो महीने पहले संबंध तोड़ने के बावजूद भाजपा नीत सरकार को समर्थन देने को लेकर इन विधायकों के खिलाफ ये याचिकाएं दायर की गई हैं।

याचिकाकर्ता के वकील एन बुपेंडा मेइती ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कांग्रेस की मणिपुर इकाई के उपाध्यक्ष हरेश्वर गोस्वामी ने राज्य विधानसभा के ‘स्पीकर के ट्रिब्यूनल’ में विधायकों के खिलाफ चार अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे मुवक्किल ने राज्य में भाजपा नीत सरकार को समर्थन देने को लेकर एनपीपी के चार विधायकों के खिलाफ याचिका दायर की है। वे मुख्यमंत्री द्वारा सत्तारूढ़ दल के विधायकों की बुलाई गई बैठक में शामिल हुए थे।’’ इन चार विधायकों में मायांगलम्बम रामेश्वर सिंह, थोंगम शांति सिंह, इरेंगबाम नलिनी देवी और जंगहेमलुंग पनमेई शामिल हैं।

मेइती ने कहा कि एनपीपी के विधायक बैठक में शामिल हुए, जबकि एनपीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पहले ही मणिपुर में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार से समर्थन वापस ले लिया था।उन्होंने कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय के मेघचंद्र मामले का हवाला देते हुए उन्होंने (गोस्वामी ने) विश्वास जताया कि विधानसभा अध्यक्ष अयोग्यता याचिकाओं का शीघ्रता से निस्तारण करेंगे।’’

आईआईटी मद्रास करेगा एशिया की पहली अंतरराष्ट्रीय हाइपरलूप प्रतियोगिता की मेजबानी
आईआईटी मद्रास 21 से 25 फरवरी तक एशिया की पहली अंतरराष्ट्रीय हाइपरलूप प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। हाइपरलूप एक ऐसी तकनीक है, जिसकी मदद से लोगों या वस्तुओं को तीव्र गति के साथ सुरक्षित एवं कुशलतापूर्वक स्थानांतरित किया जा सकता है। स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क ने इस 2013 में इसका विचार रखा था। इस तकनीक के जरिये आईआईटी मद्रास की एक वैक्यूम ट्यूब पर हाई-स्पीड ट्रेन चलाने की तैयारी है। इसमें ट्रेन की गति 1000 किमी प्रति घंटे से भी अधिक हो सकती है।

आईआईटी मद्रास के प्रोफेसर सत्य चक्रवर्ती ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश अमेरिका, यूरोप, तुर्की और दुनिया के अन्य हिस्सों से प्रमुख हाइपरलूप हितधारकों को एकसाथ लाकर टिकाऊ और अल्ट्रा-फास्ट ट्रांजिट सिस्टम को अपनाने में तेजी लाना है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed