फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 25th Sept North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi

Update: अगले वायुसेना उप प्रमुख होंगे एयर मार्शल एसपी धारकर, मौजूदा एयर मार्शल एपी सिंह की लेंगे जगह

Wed, 25 Sep 2024 02:06 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 25 Sep 2024 02:06 PM IST
विज्ञापन
News Updates 25th Sept North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के समक्ष सीमा पर गश्त के दौरान अपहरण किए गए जवान मामले का कड़ा विरोध दर्ज कराया है। हालांकि बीजीबी ने दोनों पक्षों के बीच फ्लैग मीटिंग के बाद जवान को वापस सौंप दिया। जवान को 15-20 बांग्लादेशी बदमाशों के एक समूह ने उस समय अगवा कर लिया था, जब वह पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर इलाके में बिराल सीमा के पास नियमित गश्त कर रहा था। बता दें कि भारत और बांग्लादेश के बीच 4,096 किलोमीटर लंबी सीमा है, जिसकी सुरक्षा क्रमशः बीएसएफ और बीजीबी करते हैं।
विज्ञापन


ओडिशा में पेंशन के लिए 2 KM घिसटती रही महिला
ओडिशा में लाल फीताशाही का झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। अधिकारियों की बेरुखी के कारण 70 साल की एक बुजुर्ग महिला को पेंशन लेने के लिए अपने घर से दफ्तर तक दो किलोमीटर तक घिसटते हुए जाना पड़ा। क्योंझर जिले के इस मामले का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो प्रशासन ने महिला के घर तक पेंशन व राशन पहुंचाने का भरोसा दिया है। वृद्ध पथुरी देहुरी रायसुआं ग्राम पंचायत की रहने वाली हैं। वह ठीक से चल नहीं पातीं। राज्य सरकार ने अधिकारियों को बुजुर्ग व दिव्यांग लाभार्थियों को उनकी पेंशन घर तक पहुंचाने का आदेश दे रखा है। फिर भी बुजुर्ग महिला को पेंशन लेने के लिए रेंगते हुए पंचायत कार्यालय जाना पड़ा। ओडिशा में बुजुर्गों के साथ बेरुखी का यह पहला मामला नहीं है। पिछले साल भी ऐसा ही मामला आया था। 17 अप्रैल, 2023 को बुजुर्ग महिला को पेंशन लेने के लिए कड़ी धूप में कुर्सी के सहारे पैदल चलकर बैंक तक जाना पड़ा था।
विज्ञापन


दलित परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने में 16 गिरफ्तार
तेलंगाना में एक दलित परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने के मामले में अदालत के आदेश के बाद 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। राज्य के मेडक जिले में दलित परिवार को गांव के समारोहों में ‘दप्पू’ (ताल वाद्य यंत्र) बजाने से इन्कार के बाद सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया था। पीड़ित, मडिगा (अनुसूचित जाति) समुदाय के सदस्य, चंद्रम पंचमी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और तेलंगाना हाईकोर्ट में मामला दायर किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन


उपद्रवियों ने फूंका मंदिर का रथ, पांच हिरासत में
आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में एक हनुमान मंदिर के श्री रामालयम रथ को उपद्रवियों ने फूंक दिया। हनाकनहाल गांव में मंगलवार तड़के हुई इस घटना का पता चलने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस पांच लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। उधर, प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना की निंदा की और घटना स्थल का दौरा कर अधिकारियों को विस्तृत जांच के आदेश दिए। अनंतपुर के पुलिस अधीक्षक पी जगदीश ने बताया कि यह सांप्रदायिक घटना नहीं है, बल्कि एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच विवाद का नतीजा है।

असम से तीन बांग्लादेशी घुसपैठियों को वापस भेजा
पूर्वोत्तर भारतीय राज्य असम के रास्ते भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे तीन बांग्लादेशियों को सुरक्षाबलों ने वापस भेज दिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सोशल मीडिया में उन्होंने लिखा, सीमा सुरक्षा बल और असम पुलिस की सतर्कता से सोमवार को सीमा पर तीन अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को रोका और उन्हें वापस भेज दिया। इन बांग्लादेशियों की पहचान अनवर हुसैन, नशरीन शेख और बबली शेख के रूप में हुई।

एनआईए ने हिज्ब-उत-तहरीर के 11 ठिकानों पर मारे छापे

News Updates 25th Sept North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
NIA - फोटो : PTI
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने देश में इस्लामी शासन की मांग करने वाले इस्लामी संगठन हिज्ब-उत-तहरीर के चुनाव विरोधी कैंपेन की जांच के तहत तमिलनाडु के तीन जिलों में 11 ठिकानों पर छापे मारे। चेन्नई, तांबरम और कन्याकुमारी में 11 संदिग्धों के घरों पर छापा मारकर डिजिटल डिवाइस, बेहिसाबी नकदी व साहित्य समेत काफी आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। एनआईए ने विभिन्न सोशल मीडिया हैंडलों के माध्यम से असंतोष पैदा करने और चुनावी मताधिकार के प्रयोग के खिलाफ अभियान चलाने से जुड़े मामले में यह कार्रवाई की। एनआईए के मुताबिक, हिज्ब-उत-तहरीर कट्टरपंथी संगठन है जो अपने लोगों को विभाजनकारी कार्रवाइयों के माध्यम से वैध रूप से स्थापित लोकतांत्रिक सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए उकसाता है। मुख्य साजिशकर्ता हामिद हुसैन ने हिज्ब-उत-तहरीर की भारत विरोधी विचारधारा को बढ़ावा देने के लिए पांच अन्य आरोपियों के साथ मिलकर गुप्त बैठकें की थीं। इन आरोपियों ने कई लोगों के साथ मिलकर भारत में खिलाफत या इस्लामी शासन स्थापित करने के लिए पूरे तमिलनाडु में अभियान चलाया था।

बंगाल में मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतरे

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में मंगलवार को एक खाली मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा सुबह 6:20 बजे न्यू मयनागुड़ी रेलवे स्टेशन के पास हुआ। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लेकिन इससे कुछ घंटों के लिए रेल यातायात बाधित रहा। अलीपुरद्वार के मंडल रेल प्रबंधक अमरजीत गौतम ने बताया कि दोपहर 12:30 बजे मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही आंशिक रूप से बहाल कर दी गई। मालगाड़ी गुवाहाटी से सिलीगुड़ी के पास न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी। हादसे के कारण ओवरहेड बिजली के तार और कुछ खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। 

सीबीआई ने डॉक्टर की दो सहपाठियों के दर्ज किए बयान
पश्चिम बंगाल के ही एक अन्य घटनाक्रम में सीबीआई ने मंगलवार को सीजीओ कॉम्प्लेक्स में आरजी कर मेडिकल कॉलेज की दो डॉक्टर-छात्राओं के बयान दर्ज किए। जांच एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, ये दोनों जूनियर डॉक्टर की सहपाठी थीं। सीजीओ में उनके साथ मेडिकल कॉलेज के वर्तमान अध्यक्ष सप्तर्षि चट्टोपाध्याय भी गए थे। उन्होंने कुछ दस्तावेज भी जमा किए हैं। सीबीआई सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ताओं ने पहले भी उनसे बात की थी। वहीं, सीबीआई ने जूनियर डॉक्टर के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. अपूर्व विश्वास, मेडिकल कॉलेज के पूर्व अधीक्षक संजय वशिष्ठ को फिर तलब किया। 

मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादनों के लिए मरम्मत योग्यता सूचकांक लाने की तैयारी

केंद्र सरकार मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के लिए मरम्मत योग्यता सूचकांक लाने की तैयारी में है। इसके लिए एक मजबूत ढांचे की सिफारिश करने के लिए उपभोक्ता मंत्रालय ने एक समिति गठित की है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को सशक्त बनाना और तकनीकी उद्योग के भीतर टिकाऊ प्रथाओं को बढ़ावा देना है। समिति के अध्यक्ष उपभोक्ता मामलों के विभाग के अतिरिक्त सचिव भरत खेड़ा हैं। समिति सिफारिश के आधार पर सूचकांक विकसित किया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को उनके उत्पादों की मरम्मत के बारे में अधिक पारदर्शी जानकारी और अधिक टिकाऊ प्रौद्योगिकी उद्योग को बढ़ावा मिले। मंत्रालय के मुताबिक, इस सूचकांक के माध्यम से उपभोक्ताओं को उनके उत्पादों के स्पेयर पार्ट के बारे में भी आसानी जानकारी मिल सकेगी।

थियेटराइजेशन मॉडल को सेना प्रमुख ने सेनाओं के संयुक्त अभियान के लिए बेहतर बताया

सेना की एकीकरण प्रक्रिया पर सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने अहम बात कही है। महत्वाकांक्षी ‘थियेटराइजेशन मॉडल’ को लागू करने की सरकार की योजना को लेकर सेना प्रमुख ने कहा कि एकीकरण से तीनों सेनाओं में संयुक्त अभियान सुगम होंगे। किसी भी आकस्मिक स्थिति पर तेजी से प्रतिक्रिया देने की भारत की क्षमता में सुधार होगा। गौरतलब है कि ‘थियेटराइजेशन मॉडल’ के तहत सरकार सेना, वायुसेना और नौसेना की क्षमताओं को एकीकृत करना चाहती है। सरकार युद्धों और अभियानों के लिए उनके संसाधनों का अधिकतम उपयोग भी करना चाहती है।

दुबई जाने वाली फ्लाइट में तकनीकी खामी के बाद हुई देरी, बाद में जांच के बाद हुई रवाना

चेन्नई से दुबई जाने वाली एमिरेट्स की फ्लाइट में मंगलवार को विमान के विंग हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद विमान की उड़ान में देरी हुई। हालांकि बाद में पूरी जांच और मंजूरी के बाद आधी रात को विमान को अपने गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि 280 यात्रियों के साथ यह फ्लाइट रात 12.40 बजे दुबई के लिए रवाना हुई।

मंगलवार को उड़ान से ठीक पहले फ्लाइट के विंग हिस्से से धुआं निकला, जिससे हड़कंप मच गया। कथित घटना के एक वीडियो में विमान के पिछले हिस्से से भी धुआं निकलता हुआ दिखाई दे रहा है। मंगलवार को रात 9.15 बजे धुआं दिखने के बाद, फ्लाइट क्रू ने अधिकारियों को सतर्क किया और तकनीकी विशेषज्ञों ने विमान का निरीक्षण किया और लगभग 10 मिनट में धुआं बंद हो गया, जबकि दमकल गाड़ियां भी पहुंच गईं। प्राधिकरण ने धुएं के कारण का तुरंत खुलासा नहीं किया।

केरल में हाथी की टक्कर से पलटा ऑटोरिक्शा, चार लोग घायल

केरल के इडुक्की जिले में मुन्नार के नजदीक कल्लार इलाके में एक हाथी की टक्कर से ऑटोरिक्शा पलट गया। ऑटो रिक्शा पलटने से उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर है। घटना मंगलवार सुबह घटी, जब सफाई कर्मचारी एक कचरा यार्ड में सफाई के लिए जा रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि कचरे वाली जगह अक्सर जंगली जानवर खाने की तलाश में आ जाते हैं। घटना के समय मौके पर दो हाथी मौजूद थे। दोनों के बीच लड़ाई हुई और इस दौरान एक हाथी वहां से भागने लगा। भागने के दौरान वह ऑटोरिक्शा से टकरा गया, जिससे ऑटोरिक्शा पलट गया। घायलों में एक महिला भी शामिल है। 
 

अगले वायुसेना उप प्रमुख होंगे एयर मार्शल एसपी धारकर

दिग्गज लड़ाकू पायलट एयर मार्शल एसपी धारकर को वायुसेना का अगला उप प्रमुख नियुक्त किया गया है। बता दें कि वे मौजूदा एयर मार्शल एपी सिंह का जगह लेंगे, जिन्हें वायुसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। नए प्रमुख के कार्यभार संभालने के बाद एसपी धारकर अपनी नई नियुक्ति संभालेंगे। एसपी धारकर एक अनुभवी लड़ाकू पायलट हैं, जिन्हें 3600 घंटे से अधिक लड़ाकू विमान उड़ाने का अनुभव है। अपने शानदार करियर के दौरान, उन्होंने एक फ्रंटलाइन लड़ाकू स्क्वाड्रन और एक लड़ाकू उड़ान प्रशिक्षण प्रतिष्ठान की कमान संभाली है। उन्हें रक्षा अंतरिक्ष एजेंसी के पहले महानिदेशक होने का गौरव प्राप्त है। पिछले दो वर्षों से एसपी धारकर पूर्वी वायु कमान के प्रमुख हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed