Updates: मणिपुर में छह लोगों की हत्या के मामले में NIA ने दर्ज किया केस, गुजरात में सड़क हादसे में चार की मौत
मध्य केरल के त्रिशूर जिले में मंगलवार तड़के एक ट्रक के सड़क किनारे तंबू में घुस जाने से दो बच्चों समेत कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और इतने ही लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि राजमार्ग के किनारे लगे टेंटों में रहने वाले खानाबदोशों को सुबह साढ़े चार बजे वालापद पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नटिका में एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक ने टक्कर मार दी। घायलों को त्रिशूर के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों में डेढ़ और चार साल के दो बच्चे शामिल हैं। दो महिलाओं की भी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि वाहन के चालक और क्लीनर को हिरासत में ले लिया गया है।
एनआईए ने मणिपुर के विभिन्न मामलों में दर्ज किए मुकदमे
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मणिपुर के जिरिबाम में हाल में छह महिलाओं व बच्चों की हत्या के संबंध मामला दर्ज किया। इसके अलावा, दो अन्य मामलों में भी मामला दर्ज किया गया है।
बंगाल में स्कूल नौकरी घोटाले में टीएमसी नेता गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने स्कूल नौकरी घोटाले में कथित संलिप्तता को लेकर तृणमूल कांग्रेस के एक नेता को गिरफ्तार किया है जो पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी के करीबी सहयोगी हैं।
अधिकारी ने बताया कि सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में भर्तियों में अनियमितताओं के संबंध में केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों द्वारा यहां अपने शहर कार्यालय में मैराथन पूछताछ के बाद बेहाला से तृणमूल कांग्रेस के नेता संतू गांगुली को सोमवार शाम गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा, 'हमारे पास घोटाले में उनके शामिल होने के सबूत हैं। मौद्रिक लेन-देन में उनकी संलिप्तता के सबूत हैं।'
उन्होंने बताया कि सीबीआई ने गांगुली के बेहाला आवास पर पहले की तलाशी के दौरान मामले से जुड़े बैंक संबंधित कई दस्तावेज जब्त किए थे। उन्होंने कहा, 'गांगुली पार्थ चटर्जी (राज्य के पूर्व उद्योग मंत्री) के करीबी रहे हैं। उन्हें आज तलब किया गया था और वह पूरी पूछताछ के दौरान सहयोग नहीं कर रहे थे। हमें जांच के हिस्से के रूप में उसे हिरासत में लेने की जरूरत थी। प्रवर्तन निदेशालय ने भी इससे पहले उनसे पूछताछ की थी और घोटाले के सिलसिले में उनके आवास पर तलाशी अभियान चलाया था।
गुजरात के सुरेंद्रनगर में वैन-ट्रक की टक्कर में चार महिलाओं की मौत, 16 घायल
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में एक पिकअप वैन और ट्रक की टक्कर में चार महिलाओं की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए।स्थानीय पुलिस थाने के निरीक्षक असी ओदेदरा ने बताया कि यह घटना सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे चोटिला के पास हुई।
वैन में 20 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद उनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वैन जिले के लिम्बडी तालुका के शियानी गांव से सोमनाथ की ओर जा रही थी।
अधिकारी ने बताया कि विपरीत दिशा से आ रहा ट्रक दाहिनी ओर मुड़कर सड़क किनारे स्थित एक होटल में रुका और हादसा हुआ। पीड़ित पूर्वजों के लिए एक अनुष्ठान 'पितृ तर्पण' करने के लिए सोमनाथ जा रहे थे। सभी 16 घायलों का राजकोट सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान मगजीबेन रेथारिया (72), गलालबेन रेथारिया (60), मंजूबेन रेथारिया (65) और गौरीबेन रेथारिया (68) के रूप में हुई है।
सियाचिन और दौलत बेग ओल्डी में ऑप्टिकल फाइबर कनेक्शन
लद्दाख की काराकोरम पर्वत श्रृंखला में 18,000 से 20,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित सियाचिन ग्लेशियर को दुनिया के सबसे ऊंचे सैन्य क्षेत्र के रूप में जाना जाता है। यहां तैनात सैनिकों को शीतदंश और ठंडी तेज हवाओं जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। सेना ने कहा कि सियाचिन और डीबीओ की बर्फीली ऊंचाइयों के बीच, फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स के सिग्नलर्स ने 18,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर ऑप्टिकल-फाइबर कनेक्टिविटी स्थापित करने के दौरान बेहद कठिन मौसमी स्थितियों का सामना किया। फायर एंड फ्यूरी कोर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, पहली बार और सभी बाधाओं के बावजूद, दूरदराज के स्थानों को जोड़ने के लिए दुर्गम इलाकों में ऑप्टिकल फाइबर केबल सावधानीपूर्वक बिछाए गए।
एक साथ तीन पूड़ियां खाने के बाद दम घुटने से छात्र की मौत
तेलंगाना के हैदराबाद में एक बार में तीन से अधिक पूड़ी खाने के बाद कथित तौर पर दम घुटने से 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसा सोमवार को स्कूल में दोपहर के भोजन के दौरान हुआ। छात्र के पिता ने पुलिस के पास दर्ज शिकायत में कहा, उन्हें स्कूल से फोन आया जिसमें बताया गया कि उनके बेटे ने एक साथ ‘तीन से अधिक पूड़ियां’ खा लीं जिससे उसकी सांस फूलने लगी। छठी कक्षा के इस छात्र को स्कूल के कर्मचारी पास के एक निजी अस्पताल में ले गए। डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया।
झारखंड : नक्सलियों ने अपहरण कर चाचा-भतीजे का गला रेता
पाकिस्तानी जेल में दम तोड़ने वाले मछुआरे का शव परिजनों को सौंपा
गोवा में अवैध कॉल सेंटर पकड़ा आठ राज्यों के 24 ठग गिरफ्तार
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में शानदार जीत के बाद पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस शीर्ष नेताओं से मिलने दिल्ली पहुंचे। खबरों के मुताबिक देवेंद्र फडणवीस सोमवार देर रात महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के साथ पार्टी के शीर्ष नेताओं से मिलने दिल्ली पहुंचे। फडणवीस गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलकर राज्य में नई सरकार के गठन पर विचार-विमर्श करेंगे। बता दें कि भाजपा के अभूतपूर्व प्रदर्शन के बाद फडणवीस को राज्य में मुख्यमंत्री पद का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। दिल्ली में राजनीतिक विमर्श से पहले सोमवार रात फडणवीस ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की बेटी की शादी के भोज में भी हिस्सा लिया।
कृषि वैज्ञानिक सी आनंदरामकृष्णन को इस साल का ‘टाटा ट्रांसफॉर्मेशन पुरस्कार’
टाटा संस और न्यूयॉर्क एकेडमी ऑफ साइंसेज ने इस साल का टाटा ट्रांसफॉर्मेशन पुरस्कार, कृषि वैज्ञानिक सी आनंदरामकृष्णन को देने का फैसला लिया है। पुरस्कार खाद्य सुरक्षा, स्थिरता और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अग्रणी प्रौद्योगिकियों पर काम करने वाले उत्कृष्ट वैज्ञानिकों को दिया जाता है। इस साल के विजेता आनंदरामकृष्णन वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर)- राष्ट्रीय अंतरषयी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईआईएसटी) के निदेशक हैं। पुरस्कार की घोषणा के बाद जारी बयान में कहा गया, 'आनंदरामकृष्णन ने फोर्टिफाइड चावल के विकास की दिशा में उल्लेखनीय काम किया है। इससे लाखों लोगों के पोषण और स्वस्थ आहार जैसी चुनौतियों का समाधान करने में मदद मिलती है जिसके दूरगामी प्रभाव हैं।'
बंगाल स्कूल भर्ती घोटाला: तृणमूल कांग्रेस के नेता को सीबीआई ने गिरफ्तार किया
पश्चिम बंगाल स्कूल भर्ती घोटाले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है। सोमवार को सीबीआई ने इस मामले में कथित संलिप्तता के लिए बंगाल के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी के करीबी तृणमूल कांग्रेस के एक नेता को गिरफ्तार किया। सीबीआई अधिकारी ने बताया कि बेहाला से तृणमूल कांग्रेस नेता संतू गांगुली को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। सीबीआई का दावा है कि प्राथमिक विद्यालयों में भर्ती में अनियमितताओं के संबंध में एजेंसी के पास गांगुली की संलिप्तता के सबूत हैं। पैसों के लेन-देन में भी उनकी संलिप्तता के सबूत हैं।
देश में वर्ष 2023 में कुल 95.2 लाख पर्यटक आए
केंद्र सरकार के मुताबिक 2023 में भारत आए कुल विदेशी पर्यटकों की संख्या 95.2 लाख रही। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि 95 लाख से अधिक पर्यटकों में अवकाश और मनोरंजन के मकसद से यात्रा करने वाले लोगों की संख्या 46.2 प्रतिशत थी, जबकि 26.9 फीसदी भारतीय प्रवासी रहे। वर्ष 2022-23 से जुड़े एक सवाल पर सोमवार को संसद के शीत सत्र में सरकार ने बताया कि देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में पर्यटन क्षेत्र का योगदान पांच प्रतिशत रहा। मंत्री ने कहा कि वर्ष 2018-19 में देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में पर्यटन क्षेत्र का योगदान 5.01 प्रतिशत था।
पश्चिम बंगाल: भाजपा नेता के काफिले पर हमले के मामले में आरोपपत्र दायर
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल का बाटपारा क्षेत्र में भाजपा नेता प्रियांगु पांडेय और उनके सहयोगियों के काफिले पर हमले के मामले में मंगलवार को 12 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। हमला इस साल अगस्त में किया गया था। जांच एजेंसी ने कहा कि एनआईए की विशेष अदालत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आयुध अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दाखिल आरोपपत्र ने हमले के पीछे आपराधिक साजिश का पर्दाफाश कर दिया है। बता दें कि घातक हथियारों से लैस 50 से अधिक लोगों के एक समूह ने 28 अगस्त को भाजपा नेता की कार पर हमला कर दिया था। इस हमले में चालक रवि वर्मा और पांडेय के सहयोगी रबी सिंह को गोली लगी थी।
ओडिशा में जुलाई से नवंबर 2024 तक करीब 40 हाथी, पांच तेंदुए और 200 अन्य वन्य जीवों की मौत हुई। यह जानकारी मंगलवार को ओडिशा विधानसभा में राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री गणेश राम खुंटिया ने दी। मंत्री ने बताया कि हाथियों और तेंदुओं की मौत के मामले में विभागीय जांच की जा रही है। ये मौतें एक जुलाई से 20 नवंबर तक हुईं। मंत्री ने यह भी बताया कि हाथियों की मौत के मामले में अब तक 26 लोग गिरफ्तार किए गए हैं और दो वनरक्षकों और एक वन कर्मी को ड्यूटी में लापरवाही के कारण निलंबित किया गया है। तेंदुओं की मौत के मामलों में 14 लोग गिरफ्तार हुए हैं।
झारखंड के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी व झामुमो की नेता कल्पना सोरेन ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा मंगलवार को कहा कि उनके राज्य में जाति सर्वेक्षण का काम 92 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है और उनकी सरकार सामाजिक न्याय प्रदान करने का काम पूरा कर रही है। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में कांग्रेस के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेड्डी ने कहा कि संविधान के जरिए गरीबों को आरक्षण दिया गया, लोगों को मतदान का अधिकार मिला और शिक्षा व रोजगार जैसे अन्य अधिकार भी दिए गए। यह सब (देश के पहले प्रधानमंत्री) जवाहर लाल नेहरू, (संविधान के शिल्पकार) बाबा साहेब अंबेडकर और (पूर्व प्रधानमंत्री) इंदिरा गांधी द्वारा किया गया। इसके अलावा किसानों के लिए कृषि सीमा कानून लाया गया और हर गरीब को जमीन देने की कोशिश की गई।
गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र में मंगलवार की शाम 3.2 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंपीय अनुसंधान केंद्र (आईएसआर) ने यह जानकारी दी। गिर सोमनाथ जिला प्रशासन के मुताबिक, भूकंप से किसी के भी हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है। आईएसआर के मुताबिक, भूकंप का झटकाशाम 06 बजकर आठ मिनट पर दर्ज किया या। इसका केंद्र गिर सोमनाथ जिले के तलाला से करीब दो किलोमीटर दूर था।
ठाणे के कल्याण शहर में मंगलवार की शाम एक इमारत की 16वीं मंजिल के फ्लैट में आग लग गई। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दमकल विभाग के वाहन शाम 6.30 बजे घटनास्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाया गया। नगर निकाय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मणिपुर के मेतेई समुदाय से जुड़े एक शीर्ष नागरिक समाज संगठन ने मंगलवार को घोषणा कि वह कल से दो दिन तक केंद्र और राज्य सरकार के कार्यालयों को बंद करेंगे। आफ्स्पा की वापसी और कुकी उग्रवादियों के खिलाफ अभियान चलाने की मांग को लेकर संगठन यह कदम उठा रहा है।
कोकोमी के समन्वयक ठोकचोम सोमोरेंद्रो ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने 18 नवंबर को विधायकों की बैठक में जो वादा किया था, उसे पूरा करने में विफल रही है। बैठक में यह प्रस्ताव पारित हुआ था कि आफ्स्पा को हटाया जाएगा और कुकी उग्रवादियों के खिलाफ सात दिन के भीतर बड़े स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। सोमरेंद्रो ने कहा, राज्य सरकार ने 18 नवंबर को एनडीए के 27 विधायकों की बैठक में आफ्स्पा की वापसी और कुकी उग्रवादियों के खिलाफ बड़े अभियान का प्रस्ताव पारित किया था। लेकिन सरकार ने तय समय सीमा के भीतर कोई कार्रवाई नहीं की।
झारखंड के धनबाद जिले में मंगलवार को आईटीबीपी के एक जवान की दुर्घटनावश गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, यह घटना जिले के बिनोद बिहारी महतो कॉलेज के शिविर में हुई, जो जिला मुख्यालय से करीब बीस किलोमीटर दूर बालीपुर में स्थित है। मृतक जवान की पहचान संदीप कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला था। वह झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान ड्यूटी पर थे और अपनी बटालियन के साथ शिविर में रह रहे थे।
शहर के एसपी अजित कुमार के मुताबिक, गोली की आवाज सुनने के बाद संदीप कुमार के साथी जवान उनके कमरे में पहुंचे, जहां उन्होंने उन्हें अचेत अवस्था में पाया और उनके सीने पर गोली का निशान था। इसके बाद जवान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि जवान की मौत 'दुर्घटनावश' गोली लगने के कारण हुई है। हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
अमेरिका के डेलावेयर में इस साल 21 सितंबर को आयोजित शिखर सम्मेलन में 'विलमिंगटन घोषणा' जारी की गई। इस घोषणा में चार देशों (भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया) ने मिलकर तय किया कि वे नीति और सार्वजनिक वित्त के जरिए अपनी प्रतिबद्धताओं को लागू करेंगे, ताकि उच्च मानकों और निजी निवेश को बढ़ावा दिया जा सके। क्वाड देशों के इन नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि वे मिलकर न केवल वैश्विक अर्थव्यवस्था में मजबूती लाने के लिए काम करेंगे, बल्कि खासतौर पर विकासशील देशों में बुनियादी ढांचा निर्माण, हरित उर्जा और प्रौद्योगिकी में सुधार के लिए निजी क्षेत्र में निवेश को आकर्षित करेंगे।
ईरान ने वित्तीय कार्रवाई कार्य बल (एफएटीएफ) की काली सूची से बाहर निकलने के लिए भारत से तकनीकी मदद मांगी है। इसके लिए ईराने ने यूरेशियन समूह (ईएजी) के जरिए मदद की गुहार लगाई है, ताकि वह एफएटीएफ के नियमों का पालन कर सके। यह जानकारी मंगलवार को केंद्र सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के अतिरिक्त सचिव विवेक अग्रवाल ने कहा, भारत ने ईरान को ईएजी के जरिए तकनीकी ज्ञान और विशेषज्ञ सलाह देने का आश्वासन दिया है। अग्रवाल इंदौर में चल रही ईएजी की 41वीं पूर्ण बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख के रूप में भाग ले रहे हैं।
केरल हाईकोर्ट ने कहा कि नवंबर 2013 में लागू हुई वक्फ अधिनियम की धारा 52ए पूर्वव्यापी प्रभाव नहीं रखती है। यह धारा वक्फ बोर्ड की मंजूरी के बिना वक्फ संपत्ति के हस्तांतरण पर दंड का प्रावधान करती है। जस्टिस पीवी कुन्हिकृष्णन ने केरल राज्य वक्फ बोर्ड की शिकायत पर वक्फ अधिनियम की धारा 52ए के तहत उनके खिलाफ शुरू अभियोजन को चुनौती वाली दो लोगों की याचिका पर फैसला सुनाया। बोर्ड ने आरोप लगाया कि दोनों लोगों ने कोझिकोड निगम सीमा के भीतर चेरिया चकलाथोप्पा थरवाड वक्फ संपत्ति पर अनाधिकृत और अवैध कब्जा कर रखा था। हाईकोर्ट ने कहा कि अधिनियम की धारा 52ए के तहत किसी व्यक्ति पर मुकदमा चलाने के लिए यह साक्ष्य होना चाहिए कि आरोपी ने बोर्ड की पूर्व मंजूरी के बिना कोई चल या अचल संपत्ति बेची, खरीदी या कब्जा किया।
थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने मंगलवार को पुणे में डिफेंस सर्विसेज टेक्निकल स्टाफ कोर्स (डीएसटीएससी) का प्रशिक्षण ले रहे भारतीय सेना के युवा सैन्य कमांडरों और अगली पीढ़ी के लीडरों को संबोधित किया। रक्षा मंत्रालय की ओर से बताया गया कि सेना प्रमुख ने युवा अधिकारियों को आधुनिक युद्ध की चुनौतियों को अटूट संकल्प और अथक उत्साह के साथ स्वीकार करने की सलाह दी।
मिलिट्री इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के मेहरा ऑडिटोरियम में जनरल द्विवेदी ने युद्ध के उभरते परिदृश्य, लागातार हो रहे परिवर्तन और चुनौतियों में आगे रहने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने रक्षा तैयारियों को कला, रणनीति और सटीकता का मिश्रण करार दिया। उन्होंने अधिकारियों से बदलते परिदृश्य के अनुरूप बहुमुखी प्रतिभा, अनुकूलनशीलता और दृढ़ संकल्प की भावना को अपनाने का भी आग्रह किया। उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं के दौरान मानवीय सहायता प्रदान करने, निराशा के समय सांत्वना की भूमिका पर जोर दिया। इसेक अलावा युवा अधिकारियों को सामरिक प्रतिभा व मानवीय करुणा के मिश्रण के प्रदर्शन की अपील की।
रेल कर्मियों के कॅरिअर में ठहराव का अध्ययन करने के लिए समिति गठित
रेलवे बोर्ड ने विभिन्न विभागों में सुपरवाइज की भूमिका वाले कर्मचारियों के करियर में ठहराव के मुद्दे की समीक्षा करने और उनकी पदोन्नति की संभावनाओं में सुधार के तौर-तरीके सुझाने के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह मामला ग्रेड वेतन स्तर एल-सात और एल-आठ के तहत समूह सी श्रेणियों में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता, कनिष्ठ अभियंता इंजीनियर, मुख्य मंडल नियंत्रक, यातायात निरीक्षक और स्टेशन प्रबंधक सहित अन्य पदों से संबंधित है।
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रश्मि शुक्ला ने राज्य विधानसभा चुनाव के समापन के बाद मंगलवार को महाराष्ट्र के डीजीपी के रूप में पदभार ग्रहण किया। एक अधिकारी ने बताया कि रश्मि शुक्ला ने दक्षिण मुंबई में पुलिस आयुक्त कार्यालय में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्य के गृह विभाग की ओर से सोमवार शाम को शुक्ला को पुलिस महानिदेशक पद पर बहाल करने का आदेश जारी किया गया। कांग्रेस की ओर से उनके बारे में शिकायत करने के बाद चुनाव आयोग के निर्देशों पर शुक्ला को डीजीपी पद से हटा दिया गया था और स्थानांतरित कर दिया गया था। उनकी अनुपस्थिति में संजय कुमार वर्मा ने राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारी का पदभार संभाला था। उन्हें चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने तक शीर्ष पद पर बने रहना था।
तेलंगाना के नारायणपेट जिले के एक सरकारी स्कूल के 22 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन छात्रों ने पेट में दर्द की शिकायत की थी। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि बीमारी का संबंध स्कूल में परोसे गए दोपहर के भोजन से था या नहीं। जिला शिक्षा अधिकारी के मुताबिक, पीड़ित छात्रों ने पास के बेकरियों और दुकानों में भी सुबह नाश्ता किया था। प्रारंभिक जांच के आधार पर प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए नमूने एकत्र कर लिए गए हैं।
ओडिशा सरकार ने आईएएस सुजाता कार्तिकेयन के अवकाश विस्तार आवेदन को खारिज कर दिया। वीके पांडियन की पत्नी सुजाता कार्तिकेयन को कल यानी 27 नवंबर से कार्यभार ग्रहण करने का आदेश दिया है।