फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 25th December North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi

Update: हिज्ब-उत-तहरीर के दो सदस्यों के खिलाफ चार्जशीट दायर; छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में आरोपी पकड़ा

Wed, 25 Dec 2024 03:14 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 25 Dec 2024 03:14 PM IST
विज्ञापन
News Updates 25th December North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

भारत में इस्लामिक खिलाफत स्थापित करने की साजिश रचने के आरोप में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आतंकी संगठन हिज्ब-उत-तहरीर (एचयूटी) के दो सदस्यों के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया है। चेन्नई के पूनमल्ली स्थित विशेष एनआईए कोर्ट में पेश आरोपपत्र में अब्दुल रहमान व मुजीबुर रहमान उर्फ अल्थम साहिब पर तमिलनाडु व पड़ोसी राज्यों में एचयूटी की विचारधारा को बढ़ावा देने के लिए आतंकी कृत्यों की साजिश रचने व उन्हें अंजाम देने की तैयारी  का आरोप लगाया गया है। दोनों एचयूटी में युवकों की भर्ती करते थे। आरोपियों ने इस्लामी देशों की सैन्य शक्ति दिखाने के लिए प्रदर्शनी लगाई। उन्होंने सोशल मीडिया पर भारत विरोधी विचारधारा को बढ़ाने के लिए कई लघु फिल्में भी बनाई थीं।

विज्ञापन


विवि परिसर में छात्रा से दुष्कर्म मामले में एक आरोपी पकड़ा
चेन्नई के अन्ना यूनिवर्सिटी परिसर में कॉलेज छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए चार विशेष टीमें गठित की गईं। 
विज्ञापन

 

 

सबरीमला 26 दिसंबर को होगी 'मंडला पूजा'
सबरीमला भगवान अयप्पा मंदिर की वार्षिक तीर्थयात्रा के पहले चरण के समापन पर एक प्रमुख अनुष्ठान मंडला पूजा 26 दिसंबर को होगी। त्रावणकोर देवास्वोम बोर्ड (टीडीबी) के अध्यक्ष पीएस प्रशांत ने मंगलवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह अनुष्ठान मंदिर के तंत्री (मुख्य पुजारी) कंडारारू राजीवरू द्वारा दोपहर से 12.30 बजे के बीच किया जाएगा।

पीएस प्रशांत ने दी जानकारी
पीएस प्रशांत ने कहा कि औपचारिक ‘थंका अंकी’ जुलूस रविवार को पथानामथिट्टा में अरनमुला पार्थसारथी मंदिर से शुरू हुआ, जो बुधवार दोपहर तक पंबा पहुंचेगा। इसके साथ ही प्रशांत ने कहा कि सबरीमला को मकरविलक्कु उत्सव के लिए 30 दिसंबर की शाम को फिर से खोला जाएगा, अनुष्ठान 14 जनवरी को आयोजित किया जाएगा।
 

दिल्ली दौरे पर सीएम नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर आयोजित समारोह में भाग लेने के लिए मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एनडीए के सभी मुख्यमंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। सूत्रों ने बताया कि नायडू राज्य से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने के लिए मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अलग-अलग मुलाकात भी कर सकते हैं। 

Delhi | Andhra Pradesh CM N Chandrababu Naidu arrived in Delhi.

(Photo source: TDP) pic.twitter.com/5NJUPpUYxO

— ANI (@ANI) December 24, 2024

सीएम नायडू ने स्वीकारी सीबीसी की ट्रेनिंग नीति की सिफारिशें
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने क्षमता निर्माण आयोग (सीबीसी) द्वारा की गई प्रशिक्षण नीति की सिफारिशों को स्वीकार कर लिया है। दक्षिणी राज्य ने अगस्त में कर्मचारी प्रशिक्षण और अमरावती में सुशासन के वैश्विक संस्थान की स्थापना के लिए सीबीसी के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

ओडिशा में पुलिस और मजिस्ट्रेट पर हमले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
ओडिशा के भद्रक शहर में 27 सितंबर को एक अनधिकृत रैली के दौरान पुलिस और मजिस्ट्रेट पर हमला करने के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंशुमान द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को भद्रक शहर से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी और उसके साथियों ने बिना प्रशासन से अनुमति लिए संथिया ब्रिज के पास रैली का आयोजन किया था। बता दें कि यह घटना तीन महीने पहले हुई थी। तीन महीने पहले ओडिशा के भद्रक शहर में हुई हिंसा की बात करें तो प्रदर्शन के दौरान गुस्साई भीड़ ने हिंसा की, टायरों में आग लगाई, पुलिस को कर्तव्यों के पालन से रोका और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की थी। जब पुलिस और मजिस्ट्रेट ने हस्तक्षेप किया तो भीड़ ने पथराव किया, जिससे भद्रक तहसीलदार और एक पुलिस उपाधीक्षक घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन सोमवार को जब वह एक अलग मामले में जमानत लेने के लिए अदालत गया, तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

वैश्विक मंदिर विस्तार: टीटीडी बोर्ड ने प्रस्ताव को मंजूरी दी, एसवीआईएमएस को राष्ट्रीय दर्जा देने पर जोर

दुनियाभर में मंदिरों के विस्तार के लिए समिति गठित करने और श्री वेंकटेश्वर आयुर्विज्ञान संस्थान (SVIMS) को राष्ट्रीय दर्जा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। आंध्र प्रदेश के तिरुपति में तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ट्रस्ट बोर्ड की बैठक में यह फैसला लिया गया। टीटीडी पदाधिकारियों की बैठक में यह तय किया गया कि दुनियाभर में मंदिरों के विस्तार के लिए एक समिति बनाई जाएगी। चेयरमैन बीआर नायडू की अध्यक्षता में बोर्ड ने मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के निर्देशानुसार टीटीडी मंदिरों और संपत्तियों के वैश्विक विस्तार के लिए विशेषज्ञों की एक समिति के गठन को मंजूरी दी। देश भर में महत्वपूर्ण स्थानों पर श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिरों के निर्माण के लिए समिति की सिफारिशों का पालन किया जाएगा। इसके अलावा समिति नवी मुंबई में श्री पद्मावती अम्मावारी मंदिर के निर्माण के लिए 3.6 एकड़ भूमि के लिए 20 करोड़ रुपये के पट्टे की कीमत को कम करने के लिए महाराष्ट्र सरकार से अपील भी करेगी।

सैनिक स्कूलों में दाखिले के लिए आवेदन 13 तक
रक्षा मंत्रालय के अधीनस्थ आवासीय सैनिक स्कूलों में छठी व नौवीं कक्षा में दाखिले की प्रवेश परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी कराएगी। इच्छुक उम्मीदवार 13 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पेन-पेपर आधारित परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।

विषाक्त भोजन से एनसीसी के 60 कैडेट्स अस्पताल में भर्ती
केरल में नेशनल कैडेट्स कोर (एनसीसी) के 60 से अधिक कैडेट्स एक कैंप के दौरान विषाक्त भोजन खाकर बीमार पड़ गए। फूड पॉयजनिंग की शिकायत के बाद कैडेट्स को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फूड पॉयजनिंग की घटना पर एनसीसी ने विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। थ्रिक्काकारा के एक कॉलेज में 21 केरल बटालियन एनसीसी का कैंप आयोजित किया गया था। घटना की सूचना के बाद कैंप के बाहर समस्या पैदा करने के लिए केरल पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

21 मेधावी बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात
आईआईटी और एनआईटी उत्तीर्ण 21 मेधावी बच्चों ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राज्यसभा के पूर्व सांसद व अवसर ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. आरके सिन्हा  के नेतृत्व में हुई इस मुलाकात में राष्ट्रपति ने मेधावी बच्चों की हौसला अफजाई की। अवसर ट्रस्ट की ओर से ही आईआईटी और एनआईटी उत्तीर्ण इन छात्रों के पढ़ने की व्यवस्था की गई थी। उल्लेखनीय है कि अवसर ट्रस्ट आर्थिक रूप से गरीब बच्चों की शिक्षा तथा उनके रहने-खाने की व्यवस्था करता रहता है। यह किताबों से लेकर लैपटॉप और पढ़ाई में आर्थिक सहयोग भी देता है।

आयुष मंत्रालय ने जारी किया प्रकृति परीक्षण एप
बदलती जीवन शैली से हर उम्र के व्यक्ति प्रभावित हो रहे हैं। इनसे बचाव के लिए आयुष मंत्रालय ने प्रकृति परीक्षण एप जारी किया है। अनुचित आहार, अनुचित दिनचर्या, खराब जीवन शैली व तनाव असंतुलन का कारण बनते हैं।  देश का प्रकृति परीक्षण एप आपकी सेहत पर नजर रखेगा कि किस मौसम में क्या खाना चाहिए, किस तरह की वस्तुओं से परहेज करना चाहिए। एप के जरिए आयुर्वेदिक चिकित्सा उपाय की जानकारी भी दी जाएगी। आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. गीतांजलि अरोड़ा ने बताया कि एप गैर संचारी रोगों (एनसीडी) सहित विभिन्न बीमारियों की रोकथाम में भी मदद करेगा।

आंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
गुजरात के अहमदाबाद में बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के आरोप में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार है। घटना केके शास्त्री कॉलेज के पास सोमवार सुबह हुई थी। इसके विरोध में दलित समुदाय ने प्रदर्शन किया था। एक अधिकारी ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने पांच संदिग्धों में से दो मेहुल ठाकोर और भोला ठाकोर को पकड़ लिया है। तीन अन्य फरार हैं। उनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया है।

भ्रष्टाचार के आरोपों पर सुनवाई : लोकपाल ने सेबी प्रमुख बुच, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा को बुलाया
भ्रष्टाचार रोधी संस्था लोकपाल ने सेबी प्रमुख माधवी पुरी बुच और तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा समेत अन्य शिकायतकर्ताओं को अगले महीने मौखिक सुनवाई के लिए बुलाया है। लोकपाल के समक्ष भ्रष्टाचार की शिकायतों की सुनवाई चल रही है। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सेबी प्रमुख बुच और उनके पति के खिलाफ लोकपाल में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन पर भ्रष्टाचार और शेयर में हेरफेर में शामिल होने के आरोप लगे हैं। मोइत्रा ने लोकपाल से मामले की जांच करने की अपील की है। लोकपाल ने 8 नवंबर को लोकसभा सदस्य मोइत्रा और दो अन्य की ओर से दायर शिकायतों पर बुच से स्पष्टीकरण मांगा था।

रेलपटरी पर अधेड़ ने दिया मौत को चकमा, वीडियो वायरल
केरल के कन्नूर जिले से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति सामने से आ रही ट्रेन से चमत्कारिक रूप से बचते हुए दिख रहा है। वायरल वीडियो में कन्नूर के पास एक व्यक्ति ट्रेन के ऊपर से गुजरने के दौरान पटरियों पर लेट जाता है। ट्रेन गुजरने तक वह बिना सिर उठाए बैठा रहा। घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे कन्नूर और चिरक्कल रेलवे स्टेशनों के बीच तब हुई, जब मैंगलोर-तिरुवनंतपुरम ट्रेन गुजरी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस ने उस व्यक्ति की पहचान 56 वर्षीय पवित्रन के रूप में की, जिसे छोटे कद का बताया गया। रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि पवित्रन का बयान दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, पवित्रन ने दावा किया कि वह फोन पर बात कर रहा था और उसे ट्रेन का पता नहीं चला। जब उसे खतरे का अहसास हुआ, तो भागने का समय नहीं था और उसने एक पल में ही फैसला कर लिया और ट्रैक पर लेट गया।
 

आंध्र प्रदेश : आईपीएस अधिकारी पर धन के दुरुपयोग का केस दर्ज
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एन संजय के खिलाफ मंगलवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने 1.76 करोड़ रुपये के सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में केस दर्ज किया। उन्होंने 2023 में एन चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के दौरान सीआईडी का नेतृत्व किया था। आंध्र प्रदेश सरकार ने 4 दिसंबर को संजय को निलंबित कर दिया था। संजय के खिलाफ स्वचालित शासन और एनओसी एकीकरण (अग्नि-एनओसी) वेब पोर्टल, मोबाइल एप और अन्य सेवाओं के विकास व रखरखाव के लिए अनुबंध कार्य देने व हार्डवेयर की आपूर्ति में शामिल प्रक्रियाओं में हेरफेर के लिए केस दर्ज किया। यह कार्य सौथ्रिका टेक्नोलॉजीज एंड इंफ्रा को सौंपा गया था। 

आंध्र प्रदेश : आईपीएस अधिकारी पर धन के दुरुपयोग का केस दर्ज
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एन संजय के खिलाफ मंगलवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने 1.76 करोड़ रुपये के सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में केस दर्ज किया। उन्होंने 2023 में एन चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के दौरान सीआईडी का नेतृत्व किया था। आंध्र प्रदेश सरकार ने 4 दिसंबर को संजय को निलंबित कर दिया था। संजय के खिलाफ स्वचालित शासन और एनओसी एकीकरण (अग्नि-एनओसी) वेब पोर्टल, मोबाइल एप और अन्य सेवाओं के विकास व रखरखाव के लिए अनुबंध कार्य देने व हार्डवेयर की आपूर्ति में शामिल प्रक्रियाओं में हेरफेर के लिए केस दर्ज किया। यह कार्य सौथ्रिका टेक्नोलॉजीज एंड इंफ्रा को सौंपा गया था। 

News Updates 25th December North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
ज्योतिप्रिय मल्लिक (फाइल) - फोटो : एएनआई
पश्चिम बंगाल राशन घोटाला: ईडी ने पूर्व खाद्य मंत्री के सीए सहित तीन को किया गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल में हुए राशन घोटाले की जांच को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) एक बार फिर सक्रिय हो गया है। ईडी ने इस मामले में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। ईडी सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों में से दो मिल मालिक हैं और तीसरा घोटाले में जेल में बंद राज्य के पूर्व खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक की कंपनी का चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) है। एक साल पहले ईडी ने इन तीनों के घरों, दफ्तरों, मिल की तलाशी ली थी। हालांकि, एक साल बाद हुई इस गिरफ्तारी पर कोर्ट ने सवाल उठाए हैं। गिरफ्तारी सोमवार रात की गई, मंगलवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। ईडी ने जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया उनके नाम सुब्रत घोष, हितेश चांडक और शांतनु भट्टाचार्य हैं। इन्हें कोलकाता नगर सत्र न्यायालय की विशेष ईडी अदालत में न्यायाधीश प्रशांत मुखोपाध्याय के समक्ष पेश किया गया जहां से इन्हें 2 जनवरी तक ईडी हिरासत में भेज दिया गया। सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी ज्योतिप्रिय मल्लिक के करीबी है। सूत्रों के मुताबिक, पेशी के दौरान कोर्ट ने एक साल बाद गिरफ्तारी पर कई सवाल उठाए। 

केंद्र सरकार ने शुरू की राष्ट्र पर्व वेबसाइट

केंद्र सरकार ने बुधवार को राष्ट्र पर्व वेबसाइट लॉन्च की। इस वेबसाइट के जरिये गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस जैसे कार्यक्रमों के आयोजन की जानकारी लोगों को तक पहुंच सकेगी। इस पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। साथ ही टिकटों तथा बैठने की व्यवस्था से संबंधित विवरण मिलेगा। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर राष्ट्रपर्व वेबसाइट और मोबाइल एप का शुभारंभ किया। वेबसाइट गणतंत्र दिवस, बीटिंग रिट्रीट समारोह, स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों के आयोजन से संबंधित जानकारी देगी। इसमें लाइव स्ट्रीमिंग, टिकटों की खरीद, बैठने की व्यवस्था और कार्यक्रमों के रूट-मैप से संबंधित जानकारी प्रदान करेगी। वेबसाइट को rashtraparv.mod.gov.in पर देखा जा सकता है और मोबाइल एप को सरकारी एप स्टोर (एम-सेवा) से डाउनलोड किया जा सकता है।

तमिलनाडु: अन्ना विश्वविद्यालय में छात्र से दुष्कर्म, छात्र संगठन ने किया विरोध प्रदर्शन

चेन्नई के अन्ना विश्वविद्यालय में कथित तौर पर एक छात्रा के साथ अज्ञात लोगों द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विश्वविद्यालय ने पुलिस को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है। अन्ना विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। 

इस घटना को लेकर एक छात्र संगठन ने विश्वविद्यालय परिसर के सामने विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की। वहीं, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार जे. प्रकाश ने एक बयान में कहा कि पुलिस जांच में पूरी मदद की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। 
 

कर्नाटक: सड़क हादसे में तीन की मौत, नौ घायल
कर्नाटक के कलबुर्गी में गोब्बूर गांव के पास एक माल से लदे ट्रक, टूर ट्रैवल वाहन और एक मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई और नौ घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान विनिता (56 वर्षीय), अनुप (29 वर्षीय) और बसवराज (40 वर्षीय) के रूप में हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। 
 

पीएम मोदी से मिले आंध्र प्रदेश के सीएम नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास पर 30 मिनट तक चली बैठक के दौरान नायडू और मोदी ने राज्य के विकास मुद्दों तथा लंबित परियोजनाओं पर चर्चा की।

बैठक में तेलुगूदेशम पार्टी (टीडीपी) के नेता के. राममोहन नायडू, चंद्रशेखर पेम्मासानी और लावू श्री कृष्ण देवरायलु भी मौजूद थे। आंध्र से भाजपा सांसद और केंद्रीय भारी उद्योग राज्य मंत्री भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा भी उपस्थित रहे। टीडीपी राजग का घटक दल है। इससे पहले दिन में नायडू ने रेलवे, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी और उन्हें राज्य की चिंताओं से अवगत कराया था। आंध्र के सीएम ने पूर्व प्रधानमंत्री और भाजपा के संस्थापक अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी 100वीं जयंती पर उनके स्मारक ‘सदैव अटल’ पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

हैदराबाद में 400 से अधिक कछुए जब्त, दो गिरफ्तार
तेलंगाना पुलिस ने 400 से अधिक कछुओं की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 281 स्टार कछुए और 160 लाल कान वाले स्लाइडर कछुए बरामद किए गए हैं। इनमें से एक की उम्र 39 साल है, जबकि दूसरे की उम्र 50 साल है। दोनों हैदराबाद के रहने वाले हैं। पुलिस और वन विभाग के संयुक्त अभियान में 24 दिसंबर को दो एक्वेरियम की दुकानों पर छापेमारी की गई और एक गुप्त गोदाम में कछुए बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में एक्वेरियम स्टोर चलाने वाले आरोपी ने खुलासा किया कि आंध्र प्रदेश के एक व्यक्ति (जो इस मामले में फरार है) ने अवैध लाभ के लिए आंध्र प्रदेश से हैदराबाद तक कछुओं की तस्करी करने की योजना बनाई थी।
 

अल्लू अर्जुन की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही: अनुराग ठाकुर
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर बुधवार को पुष्पा 2 स्टार अल्लू अर्जुन के समर्थन में आए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग तेलुगु अभिनेता की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

तेलंगाना की कांग्रेस सरकार और भाजपा के बीच चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच अनुराग ठाकुर ने कहा, यदि आप फिल्म उद्योग में तेलुगु अभिनेता के योगदान को देखें, तो उन्होंने भारतीय सिनेमा को वैश्विक मानचित्र पर ला खड़ा किया है। लेकिन कुछ लोग उन्हें नीचे खींचने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा नेता अभिनेता अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2 के प्रीमियर के दौरान एक थिएटर में भगदड़ की घटना के बाद तेलंगाना पुलिस की ओर से उनके खिलाफ की गई कार्रवाई पर भाजपा सांसद प्रतिक्रिया दे रहे थे।

पाकिस्तान के मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान के बाद 70 से अधिक भारतीय तीर्थयात्री स्वदेश लौटे
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पवित्र कटास राज मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान करने के बाद 70 से अधिक भारतीय हिंदू तीर्थयात्री बुधवार को स्वदेश लौट आए। इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ईटीपीबी) के अतिरिक्त सचिव (तीर्थस्थान) सैफुल्लाह खोखर ने यहां वाघा सीमा पर तीर्थयात्रियों को विशेष उपहार और गुलदस्ते भेंट किए। तीर्थयात्रियों ने सुबह लाहौर में गुरुद्वारा डेरा साहिब में नाश्ता किया और ऐतिहासिक अनारकली बाजार का दौरा किया। उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच विशेष बसों में वाघा सीमा तक ले जाया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed