Updates: प्रज्वल रेवन्ना को कर्नाटक हाईकोर्ट से जमानत नहीं; लड्डू मामले की जांच के लिए SIT पहुंची तिरुपति
कर्नाटक हाई कोर्ट ने यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे प्रज्वल रेवन्ना को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया है। हाईकोर्ट ने शुक्रवार को मामले में सुनवाई करते हुए रेवन्ना की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। रेवन्ना के खिलाफ चौथा मामला 12 जून को बेंगलुरु के सीआईडी के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए दर्ज किया गया था।
इस मामले में उन पर यौन उत्पीड़न, पीछा करने और आपराधिक धमकी देने और आईटी अधिनियम की गोपनीयता का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में शिकायतकर्ता एक महिला है, जिसका कथित तौर पर वीडियो कॉल पर यौन उत्पीड़न किया गया था।
वर्तमान में रेवन्ना परप्पाना अग्रहारा जेल में न्यायिक हिरासत में हैं और उनके खिलाफ चार अलग-अलग मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।
मणिपुर की नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने अपने सदस्यों को मुख्यमंत्री बीरेन सिंह द्वारा बुलाई गई किसी भी बैठक में शामिल न होने की सलाह दी गई है। यह सलाह 21 नवंबर को एनपीपी के राज्य प्रमुख एन कायिसी की ओर से जारी किया है। इसमें कहा गया है कि पार्टी के राष्ट्र अध्यक्ष ने 17 नवंबर को आधिकारिक रूप से बीरेन सिंह सरकार से समर्थन वापस ले लिया था।
महाराष्ट्र के सांगली जिले में फर्टिलाइजर संयंत्र में गैस लीक होने से तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि नौ को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन की उस याचिका पर सुनवाई स्थगित कर दी, जिसमें उन्होंने ‘सनातन धर्म को मिटाने’ संबंधी कथित टिप्पणी को लेकर अपने खिलाफ दर्ज कई प्राथमिकियों को एक साथ जोड़ने का अनुरोध किया था। मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति संजय कुमार की पीठ ने मामले में सुनवाई फरवरी, 2025 तक स्थगित कर दी।
पीठ ने कहा कि राजनेता को निचली अदालतों के समक्ष प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित होने से छूट देने वाला अंतरिम आदेश अगले आदेश तक जारी रहेगा। स्टालिन की ओर से बहस करते हुए वरिष्ठ वकील अभिषेक सिंघवी और अन्य वकीलों ने बताया कि कई प्रतिवादियों (शिकायतकर्ताओं) ने याचिका पर अपने जवाब दाखिल नहीं किए हैं। शीर्ष अदालत ने चार मार्च को स्टालिन को उनकी टिप्पणी के लिए फटकार लगाई थी और पूछा था कि उन्होंने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अपने अधिकार का दुरुपयोग करने के बाद अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को एक साथ जोड़ने की याचिका के साथ अदालत का रुख क्यों किया।
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को पंजाब सरकार की एक याचिका को खारिज कर दिया। याचिका में जनवरी 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब यात्रा के दौरान सुरक्षा में चूक की जांच के लिए शीर्ष कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश इंदु मल्होत्रा के समक्ष गवाही देने वाले गवाहों के बयानों की मांग की गई थी। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की पीठ ने राज्य सरकार से कहा कि वह बयानों की मदद के बिना दोषी अधिकारियों के खिलाफ स्वतंत्र रूप से जांच करे। सुप्रीम कोर्ट ने पीएम की सुरक्षा में चूक की जांच के लिए 12 जनवरी 2022 को पूर्व न्यायाधीश मल्होत्रा की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया था।
जस्टिस डी. कृष्णकुमार ने मणिपुर हाईकोर्ट के आठवें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शुक्रवार को शपथ ली। इसके लिए राज भवन के दरबार हॉल में कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
ओडिशा के कोरापुटजिल में शुक्रवार को एक ट्रक ने मोटरसाइकिल पर सवार लोगों को टक्कर मार दी। जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-26 पर जबाकनदी गांव के पास हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी। जेयपोर सदर थाने के प्रभारी निरीक्षक ईश्वर तांडी ने कहा, हादसे की वजह घना कोहरा हो सकता है।
पुलिस के सूत्रों ने बताया कि चारों लोग दिहाड़ी मजदूर थे और बैरपरिगुडा गांव से जेयपोर धान काटने जा रहे थे, तभी ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।
मुंबई में लोकल ट्रेन में सीट को लेकर हुए झगड़े के बाद 16 वर्षीय किशोर ने रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति की कथित रूप से चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि कुर्ला रेलवे पुलिस ने बुधवार को किशोर को हिरासत में ले लिया और हमले के संबंध में उसके बड़े भाई को गिरफ्तार किया। हमले की यह घटना 15 नवंबर को मध्य रेलवे के घाटकोपर स्टेशन पर हुई थी।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित अंकुश भगवान भालेराव 14 नवंबर को टिटवाला से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस जाने वाली फास्ट ट्रेन में चढ़े थे। यात्रा के दौरान सीट को लेकर अंकुश और नाबालिग के बीच जबदस्त बहस हुई और अंकुश ने लड़के को थप्पड़ जड़ दिया। अंकुश अगली सुबह घाटकोपर के लिए यही ट्रेन पकड़ने वाले थे और वह प्लेटफॉर्म संख्या चार पर टहल रहे थे, तभी किशोर ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोट आई और उन्हें राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लिया और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया, जिसने सबूत छिपाने में उसकी मदद की थी।
तेलंगाना में माओवादियों ने की दो लोगों की हत्या
तेलंगाना में माओवादियों द्वारा दो लोगों की हत्या करने की घटना सामने आई है। पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि ये घटना मुलुगु जिले के पेनुगोलु गांव में हुई। यहां पुलिस मुखबिर होने के संदेह में माओवादियों ने दो लोगों की हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि पांच माओवादियों के समूह ने पेनुगोलु गांव के सचिव ओका रमेश पर उनके घर पर चाकुओं से हमला किया। हमले के दौरान जब ओका रमेश की पत्नी ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, तो उन्होंने उसे पकड़ लिया। हमले के बाद रमेश को इटुरुनगरम सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इससे पहले माओवादियों ने एक अन्य ग्रामीण ऊका अर्जुन की उसके घर पर ही हत्या कर दी थी। घटनास्थल पर छोड़े गए एक पत्र में दोनों पीड़ितों पर पुलिस मुखबिर होने का आरोप लगाया गया था, जिस पर वाजेदु वेंकटपुर क्षेत्र समिति के सचिव शांता ने हस्ताक्षर किए थे। फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है।
किशोर की हैंडगन से रील शूट करते समय मौत
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में एक आठवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई, जब वह हैंडगन से रील शूट कर रहा था। घटना जिले के कालियाचक इलाके में गुरुवार दोपहर को हुई, जब किशोर अपने घर पर वीडियो शूट करने के लिए जिस हैंडगन का इस्तेमाल कर रहा था, वह गलती से चल गई। कालियाचक पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत श्रीरामपुर में अपने घर की छत पर सफीउल इस्लाम (13) वीडियो शूट कर रहा था, तभी 7 एमएम की पिस्तौल से गोली चल गई और उसके सिर में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर नाबालिग के पड़ोसी और परिवार के सदस्य छत पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने इस्लाम को मृत घोषित कर दिया।
मिजोरम में 86 करोड़ की हेरोइन जब्त म्यांमार के दो नागरिक गिरफ्तार
पूर्वोत्तर भारतीय राज्य मिजोरम में 86 करोड़ रुपये मूल्य से अधिक की हेरोइन और प्रतिबंधित मेथामेफ्टामाइन गोलियां जब्त की गई हैं। असम राइफल्स ने मिजोरम पुलिस के साथ मिलकर चंफाई जिले में दो अलग-अलग अभियानों के तहत कार्रवाई करते हुए इस मामले में म्यांमार के दो नागरिकों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान 85.56 करोड़ रुपये मूल्य की 28.52 किलोग्राम मेथामेफ्टामाइन गोलियां बरामद की गईं।
युवती से छेड़छाड़ की कोशिश, नाबालिग हिरासत में
कर्नाटक के मंगलुरु में एक युवती के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया गया। मामला कोन्जे थानाक्षेत्र के बोलीयार गांव का है। एक नाबालिग को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि युवती जब एक निजी अस्पताल जा रही थी तभी एक स्कूटर सवार नाबालिग ने उसका पीछा कर उससे छेड़छाड़ करने की कोशिश की। लेकिन शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने युवती की मदद की और आरोपी नाबालिग लड़के को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नौसेना का जहाज गोवा के समुद्र में मछुआरों के जहाज से टकराया
भारतीय नौसेना ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम नौसेना का एक जहाज गोवा तट से 1370 समुद्री मील दूर मछली पकड़ने वाले मार्थोमा नामक जहाज से टकरा गया। सूचना मिलने पर भारतीय नौसेना ने तत्काल खोज और बचाव अभियान शुरू किया। अब तक 11 चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया है। शेष दो की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। नौसेना ने अतिरिक्त संसाधनों को क्षेत्र में भेजा है।
मां के निधन के बाद मिला पैरोल, नौकरी के लिए नकदी घोटाला मामले की आरोपी घर पहुंचींYesterday evening, an Indian Navy vessel collided with a fishing vessel named Marthoma with a crew of 13, 70 nautical miles off the Goa coast. Search and Rescue efforts were immediately launched by the Indian Navy and 11 crew have been recovered so far. Search and Rescue efforts… pic.twitter.com/DUb80xORAT
— ANI (@ANI) November 21, 2024
पश्चिम बंगाल कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) में भर्ती घोटाले की आरोपी अर्पिता मुखर्जी अपनी मां के निधन के बाद दो दिन की पैरोल दिए जाने के बाद बेलघरिया के दीवानपारा स्थित अपने घर पहुंचीं। अर्पिता पश्चिम बंगाल सरकार के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी की करीबी सहयोगी हैं। जांच के बाद पुलिस ने इन्हें नौकरी के लिए नकदी घोटाला मामले में मुख्य आरोपी बनाया है। अदालत ने मां के निधन के एक दिन बाद उन्हें दो दिन की पैरोल पर रिहा करने का आदेश दिया।
#WATCH | SSC recruitment scam, West Bengal | Former West Bengal minister Partha Chatterjee's close aide, and prime accused in cash-for-jobs scam, Arpita Mukherjee arrived at her home, in Belgharia's Dewanpara after the court granted her two-day parole a day after her mother… pic.twitter.com/cWGYZK6qk8
— ANI (@ANI) November 21, 2024
एसआईटी पहुंची तिरुपति
तिरुमला मंदिर के श्रीवारी लड्डू प्रसादम में इस्तेमाल किए गए घी की मिलावट की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) तिरुपति पहुंच गया है। यह टीम तिरूपति और तिरुमाला में विस्तृत जांच कर रही है। इस जांच और पूछताछ का उद्देश्य मिलावट मामले के संबंध में पूरी जानकारी जुटाना है। जानकारी के मुताबिक, एसआईटी 10 दिनों के भीतर सीबीआई को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी।
असम : एनएसजी ने नदी क्रूज पर की बंधक रोधी मॉक ड्रिल
असम के गुवाहटी में ब्रह्मपुत्र नदी स्थित पांडु बंदरगाह पर शुक्रवार को एनएसजी ने एक नदी क्रूज पर बंधक संकट से निपटने का मॉक ड्रिल किया। अभ्यास में एनएसजी के साथ राज्य पुलिस, प्रशासन, स्थानीय कमांडो इकाई, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, असम अंतर्देशीय जल परिवहन के कर्मियों अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने भी भाग लिया।
अधिकारियों ने कहा कि पर्यटकों के बीच नदी परिभ्रमण की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। पर्यटकों की सार्वजनिक सुरक्षा और खतरे के मद्देनजर बलों ने क्रूज पर बंधकों को छुड़ाने का जटिल अभ्यास किया। इसमें आतंकियों से निपटने के लिए विस्फोटक उपकरणों को भी शामिल किया गया।
अभ्यास का उद्देश्य प्रतिक्रिया क्षमताओं का आकलन करना, रणनीतियों में सुधार करना, राज्य की अन्य एजेंसियों के साथ एनएसजी के समन्वय को मजबूत करना और अंतर्देशीय जल परिवहन पर खतरों को बेअसर करने के लिए एकीकृत और कुशल दृष्टिकोण सुनिश्चित करना था।
प. बंगाल : स्कूल के बाहर देसी बम विस्फोट से 2 बच्चे घायल
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में शुक्रवार को स्कूल के बाहर देसी बम के विस्फोट से दो बच्चे घायल हो गए। यह स्कूल बांग्लादेश सीमा के पास बोंगांव के खरुआ में स्थित है। स्कूल के बाहर कक्षा 5 के दो छात्र स्कूल के बाहर खेल रहे थे, तभी उनकी नजर पत्थर के ढेर के बीच पड़ी हुई वस्तु पर पड़ी। जैसे ही उन्होंने उसे छुआ, एक जोरदार विस्फोट हो गया। दोनों बच्चों के हाथों में चोटें आईं और उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि उनकी हालत स्थिर है। पुलिस ने फोरेंसिक जांच के लिए मौके से नमूने एकत्र किए।
केरल : नर्सिंग छात्रा आत्महत्या मामले में तीन छात्र गिरफ्तार
केरल के पथनमथिट्टा जिले में पिछले सप्ताह नर्सिंग की छात्रा अम्मू सजीव (22) की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को तीन छात्राओं को गिरफ्तार किया। वे सभी उसकी सहपाठी रही हैं। पुलिस के अनुसार, अम्मू पथनमथिट्टा जिले के चुट्टीपारा स्थित एसएमई नर्सिंग कॉलेज की अंतिम वर्ष की छात्रा थी। मूल रूप से तिरुवनंतपुरम की निवासी अम्मू सजीव ने 15 नवंबर की रात को छात्रावास भवन की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आत्महत्या से पहले अम्मू सजीव ने अपनी डायरी में लिखा था, मैंने हार मान ली है। लड़की के पिता सजीव ने पूर्व में कॉलेज प्रधानाचार्य से शिकायत की थी कि उनकी बेटी को उसके सहपाठी मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं और उसकी जान को खतरा है। पुलिस ने बताया कि शिकायत में नामित छात्राओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें से दो मूल रूप से कोट्टायम, जबकि एक कोल्लम की रहने वाली है। सूत्रों के अनुसार, विस्तृत पूछताछ और जांच के बाद छात्राओं पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए गए हैं। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने भी केरल स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय को घटना की जांच करने का निर्देश दिया है।
असम में मारपीट के मामले में 12 लोगों को 10 साल जेल की सजा
असम के होजई जिले की एक अदालत ने कोविड ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर और नर्स पर हमला करने के आरोप में बारह लोगों को 10 साल जेल की सजा सुनाई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्य नाथ सरमा ने 46 लोगों के बयान दर्ज करने के बाद फैसला सुनाया।
गौरतलब है कि 1 जून, 2021 को फुलटोली मॉडल अस्पताल में सीओवीआईडी देखभाल केंद्र में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सियोज कुमार सेनापति और नर्स ललिता भराली पर एक मृत मरीज के रिश्तेदारों ने हमला किया।
मंगलुरु की महिला ने पति के खिलाफ तत्काल तलाक और उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई
मंगलुरु में एक 23 वर्षीय महिला ने अपने पति के खिलाफ तीन तलाक देने और उस पर हमला करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना 8 नवंबर को हुई, जब व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट करने के बाद कथित तौर पर तीन तलाक बोल दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसने अपने ससुर पर उत्पीड़न और दहेज मांगने का भी आरोप लगाया।