फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 21th june North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: आयोग ने विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू की; भर्ती घोटाले में टीएमसी विधायक को सीबीआई का समन

Fri, 21 Jun 2024 06:18 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Fri, 21 Jun 2024 06:18 PM IST
सार

लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद चुनाव आयोग ने अब विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। चुनाव आयोग ने हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र और जम्मू कश्मीर में मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 

विज्ञापन
News Updates 21th june North East West South India Politics Crime National News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

ओडिशा के नबरंगपुर, बोलांगीर, बौध, सुंदरगढ़ और गंजम जिलों में बृहस्पतिवार को आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं घटीं। इन घटनाओं में चार नाबालिगों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

विज्ञापन


65 फीसदी कोटा खत्म करने के फैसले को चुनौती देगी बिहार सरकार
बिहार सरकार राज्य में आरक्षण की सीमा 50 फीसदी से बढ़ाकर 65 फीसदी करने को रद्द करने के पटना हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रही है। बिहार के उपमुख्यमंत्री और राज्य भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि उनकी पार्टी आरक्षण का पूरी तरह समर्थन करती है और कानूनी विशेषज्ञों के साथ उचित परामर्श के बाद सरकार सर्वोच्च न्यायालय का रुख करेगी। चौधरी ने यह भी कहा कि भाजपा के पूर्ण समर्थन से ही नीतीश सरकार ने जाति गणना का आदेश दिया और दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्गों के लिए कोटा बढ़ाया। इससे पहले, बिहार में विपक्षी दल राजद के नेता तेजस्वी यादव ने पटना हाईकोर्ट के फैसले को लेकर नीतीश की चुप्पी पर सवाल उठाए। साथ ही कहा कि अगर राज्य सरकार हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती नहीं दी तो उनकी पार्टी शीर्ष कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। वहीं, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सवाल उठाया कि क्या केंद्र सरकार इस मामले में पूरी मजबूती के साथ नीतीश सरकार के साथ खड़ी होगी।

विज्ञापन

बंगाल सीएम ममता ने अवैध भूमि अतिक्रमण पर रिपोर्ट मांगी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान सीएम ने राज्य में सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण की रिपोर्टों पर नाराजगी व्यक्त की। राज्य सचिवालय के सूत्रों के मुताबिक बनर्जी ने संबंधित अधिकारियों से 24 जून तक इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है। साथ ही पुलिस को अवैध अतिक्रमण की सूचना मिलने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 

विज्ञापन

पुणे में पानी के टैंकर में मिला महिला का शव
पुणे के हडपसर इलाके में बृहस्पतिवार सुबह एक पानी के टैंकर में 25 वर्षीय महिला कौशल्या चव्हाण का शव मिला। पुलिस के अनुसार, चव्हाण हांडेवाडी इलाके की रहने वाली थी, उसने मरने से कुछ घंटे पहले ही अपना घर छोड़ दिया था। 

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हडपसर हाउसिंग सोसायटियों को पानी मुहैया कराने वाले पुरूषोत्तम सासाने ने सुबह टैंकर भरा। घर लौटने पर उसने टैंकर घर के बाहर खड़ा कर दिया। सुबह 10 बजे के आसपास, सासाने टैंकर को एक हाउसिंग सोसाइटी में ले गया। पानी का प्रवाह कम होने के कारण जब उसने टैंकर के का ढक्कन खोलकर देखा तो उसमें महिला का शव दिखा। उन्होंने बताया कि शव परीक्षण में महिला की डूबने से मौत हुई है। जांच जारी है। अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। 

विज्ञापन

मणिपुर: अलग केंद्र शासित प्रदेश के लिए 24 जून को प्रदर्शन करेगा आईटीएलएफ
इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (आईटीएलएफ) 24 जून को मणिपुर के कुकी जो लोगों के लिए केंद्र शासित प्रदेश की मांग करेगा। आईटीएलएफ ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि वे स्वायत्त जिला परिषद चुनावों का भी विरोध करेंगे। कहा कि फेरजवाल, चुराचांदपुर और कांगपोकपी जिलों में रैलियां निकाली जाएंगी। इस दौरान इन जिलों में पूर्ण बंदी रहेगी। लोगों से एडीसी चुनावों में भाग न लेने का आग्रह करते हुए कहा, हमने मणिपुर से अलग होने की मांग की है। अब तक हमारी राजनीतिक मांगों का कोई समाधान नहीं हुआ है।

खरीफ सीजन से 3,100 रुपये प्रति क्विंवट धान खरीदेगी ओडिशा सरकार: पात्रा
ओडिशा के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा ने बृहस्पतिवार को सरकार आगामी खरीफ सीजन से किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ी हुई कीमत पर धान खरीदेगी। कहा, संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिया गया है कि धान बेचने के 48 घंटे के भीतर किसानों को भुगतान कर दिया जाएगा। ओडिशा सरकार ने 2023-24 के खरीफ और रबी फसल सीजन के दौरान 79 लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा था। उन्होंने कहा राज्य सरकार पीडीएस चावल के सुचारू वितरण की सुविधा के लिए भुवनेश्वर में एक 'चावल एटीएम' भी स्थापित करेगी। लाभार्थी एटीएम मशीन में पीडीएस कार्ड डाल सकते हैं और अपने मासिक चावल का कोटा प्राप्त कर सकते हैं।

संवेदनशीलता और समावेशिता भारत की संस्कृति में निहित: राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस बात पर जोर दिया कि संवेदनशीलता और समावेशिता भारत की संस्कृति में गहराई से निहित है। उन्होंने कहा, यही मूल्य समाज की प्रगति के कारक हैं। मुर्मू ने नई दिल्ली स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्यांग व्यक्ति संस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने एथलीट दीपा मलिक, अरुणिमा सिन्हा और अवनि लेखारा जैसे व्यक्तियों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा, जब हमारे प्रयास दिव्यांगजनों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील और समावेशी हों तो कोई भी शारीरिक स्थिति सामान्य जीवन जीने में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने नव पुनर्निर्मित प्रोस्थेसिस और ऑर्थोसिस सेंटर का भी दौरा किया। उन्होंने मरीजों के साथ बातचीत की और दिव्यांग लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उन्नत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने ''मिट्टी'' कैफे का उद्घाटन किया। यह एक गैर-लाभकारी संगठन है, जो दिव्यांग व्यक्तियों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर बनाने और कौशल विकास पहल के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने पर केंद्रित है।

चुनाव आयोग ने शुरू की विधानसभा चुनाव की तैयारी

लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद चुनाव आयोग ने अब विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। चुनाव आयोग ने हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र और जम्मू कश्मीर में मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 1 जुलाई से इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके तहत बूथ लेवल के अधिकारी घर-घर जाकर जानकारी इकट्ठा करेंगे। 

सीबीआई ने टीएमसी विधायक को जारी किया समन

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के विधायक तापस साहा को राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में भर्ती में कथित अनियमितताओं के संबंध में शुक्रवार को पेश होने के लिए समन जारी किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। बंगाल की तेहटटा सीट से विधायक तापस साहा ने भी सीबीआई के सामने पेश होने की बात कही है। 
 

कर्नाटक के होटल में सिलेंडर विस्फोट में 10 लोग घायल, दो की हालत गंभीर

कर्नाटक के कलबुर्गी में शुक्रवार सुबह एक भोजनालय में एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट होने से कथित तौर पर दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि सप्तगिरी ऑरेंज होटल में जब विस्फोट हुआ, तब वहां कोई ग्राहक नहीं था। घटना सुबह करीब 6.15 बजे हुई, जब कर्मचारी नाश्ता तैयार कर रहे थे। एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के बाद रसोई में आग लग गई और कर्मचारी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सभी घायल कर्मचारियों को अस्पताल ले जाया गया और अग्निशमन एवं बचाव सेवा कर्मियों की एक टीम ने आग बुझाई। एक अधिकारी ने बताया, 'घायल कर्मचारियों का इलाज चल रहा है। हालांकि, दो कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई गई है। कर्मचारियों के बयान के आधार पर हम मामला दर्ज करेंगे।'

पिंपरी चिंचवड़ में मोटरसाइकिल सवारों ने हवा में की फायरिंग

महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवड़ इलाके में दो मोटरसाइकिल पर सवार छह लोगों ने दहशत फैलाने के लिए हवा में फायरिंग की। पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार की रात आठ बजे की है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए एक अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की प्रक्रिया भी जारी है। 

पुणे पुलिस ने ड्रग्स से साथ नाइजीरियाई महिला को किया गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे पुलिस ने एक 25 वर्षीय नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया है। दरअसल, पुलिस ने महिला के पास से लगभग 5.6 लाख रुपये की नशीली दवाएं बरामद की। एंटी नार्कोटिक टीम ने महिला को पकड़ा। उसकी पहचान सैंटार्ड बिलिव ओकाम के तौर पर की गई है। महिला के पास से 56.3 ग्राम एमडी क्रिस्टल पाउडर मिला। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला ने इस प्रतिबंधित ड्रग्स को कहां से प्राप्त किया। 

बीआरएस विधायक और उनके भाई के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कहा कि उसने हैदराबाद और उसके आसपास के इलाकों में बीआरएस विधायक गुडेम महिपाल रेड्डी और उनके भाई गुडेम मधुसूदन रेड्डी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 19 लाख रुपये नकद और बड़ी संख्या में दूसरे व्यक्तियों के नाम पर पंजीकृत बेनामी संपत्ति के दस्तावेज जब्त किए हैं। कथित अवैध खनन से जुड़ी धन शोधन जांच के तहत गुरुवार को लगभग दस स्थानों पर छापे मारे गए थे।

धनशोधन का यह मामला हैदराबाद के पटनचेरू में स्थित गुडेम मधुसूदन रेड्डी द्वारा प्रवर्तित कंपनी ‘संतोष सैंड एंड ग्रेनाइट सप्लाई’ के खिलाफ तेलंगाना पुलिस की प्राथमिकी के आधार पर दर्ज किया गया है। केंद्रीय एजेंसी ने एक बयान में कहा कि जी. मधुसूदन रेड्डी, जी महिपाल रेड्डी, उनकी कंपनी और अन्य के परिसरों पर छापे मारे गए।

तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के प्रमुख हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने कहा कि छापेमारी के दौरान 19 लाख रुपये की "बेहिसाबी" नकदी और बड़ी संख्या में दूसरे व्यक्तियों के नाम पर पंजीकृत बेनामी संपत्ति के दस्तावेज जब्त किए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed