Updates: असम से चार बांग्लादेशी घुसपैठिए वापस भेजे; मणिपुर में चार कैडर पकड़े; आंध्र के फार्मा प्लांट में आग
मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन के चार सदस्य पकड़े
मणिपुर के तेंगनोपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा पर प्रतिबंधित संगठन सोशलिस्ट रिवोल्यूशन पार्टी ऑफ कांगलीपाक के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि चारों को सोमवार को मोरेह पुलिस थाना क्षेत्र के पंगल बस्ती में सीमा स्तंभ 79 से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से तीन सिम कार्ड सहित एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है। आगे की जांच के लिए मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की पहचान लीशांगथेम सोमोरजीत सिंह (34), पेबाम मालेमंगनबा सिंह (18), लैशराम नेल्सन सिंह (22) और निंगथौजम मिलन मीतेई (25) के रूप में हुई है। इसके अलावा कांगपोकपी और चुराचांदपुर जिलों में आठ हथियार भी बरामद किए गए।
दवा कंपनी में लगी आग
आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में एक फार्मा प्लांट में आग लग गई। लपटों को 20 मिनट के भीतर बुझा दिया गया। दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस अधीक्षक तुहिन सिन्हा ने कहा कि अनाकापल्ली जिले के परवाड़ा स्थित जवाहरलाल नेहरू फार्मा सिटी में मेट्रोकेम एपीआई प्राइवेट लिमिटेड में प्रदूषण उपचार संयंत्र में सुबह 6:30 बजे आग लग गई। प्लांट में दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। 20 मिनट के भीतर आग बुझा दी गई। पुलिस ने कहा कि फैक्टरी इंस्पेक्टर और राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य स्थानीय अधिकारी आग के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल का दौरा करेंगे।
गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म
ट्रेन से यात्रा कर रही एक महिला ने अचानक प्रसव पीड़ा होने पर गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर बच्चे को जन्म दिया। इस दौरान रेलवे के डॉक्टरों और आरपीएफ की महिला कर्मियों ने उसकी मदद की। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के प्रवक्ता कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि महिला रानी कमलापति एक्सप्रेस से अगरतला से बरौनी जा रही थी। यात्री को ट्रेन में अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। सूचना मिलने पर हमारे अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक कदम उठाए और महिला को उसके परिवार के सदस्यों के साथ सोमवार को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर उतरने की सलाह दी। जैसे ही ट्रेन गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर पहुंची, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महिला कर्मियों के साथ रेलवे डॉक्टरों ने त्वरित कार्रवाई की और स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 पर महिला का सफल प्रसव कराया। महिला को उसके पति और नवजात शिशु के साथ एंबुलेंस से गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।
मणिपुर में आईएलपी घोटाले में सरकारी अधिकारी समेत 9 गिरफ्तार
मणिपुर में इनर लाइन परमिट (आईएलपी) घोटाले में सरकारी अधिकारी समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने बताया िक इनमें श्रम विभाग का एक लोअर डिविजन क्लर्क और जिला कलेक्टर कार्यालय का एक अधिकारी भी शामिल है। उन्होंने कहा, पूरे प्रदेश में पांच अलग-अलग स्थानों पर घोटाला सामने आया है। गौरतलब है कि आरोपियों ने मिलीभगत कर करीब 3,500 फर्जी आईएलपी कार्ड जारी किए थे। आईएलपी एक आधिकारिक यात्रा दस्तावेज है। इससे भारतीय नागरिकों को एक निर्दिष्ट अवधि के लिए मणिपुर की यात्रा करने की अनुमति मिलती है।
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने रविवार रात नेपाल बॉर्डर के पास मेलाघाट में एक झोपड़ी से 13.50 क्विंटल प्रतिबंधित चीनी लहसुन बरामद किया है। यह नेपाल के रास्ते चीन से भारत पहुंचाए जाने की आशंका है। इसे लाने वाले तस्कर पकड़ से बाहर हैं। 57वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट मनोहर लाल के नेतृत्व में टीम इसे गश्त के दौरान देर रात झोपड़ीनुमा घर से बरामद किया है।
केरल कांग्रेस के प्रभारी पीवी मोहन और उनका ड्राइवर सोमवार तड़के जिले की पाला-रामापुरम रोड पर हादसे में घायल हो गए। दुर्घटना देर रात करीब 2.30 बजे तब हुई जब अचानक सामने आए एक वाहन को बचाने के चक्कर में कार सड़क से नीचे उतर गई। मोहन और ड्राइवर दोनों को पाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।
असम : वन रक्षकों के साथ मुठभेड़ में संदिग्ध शिकारी ढेर
असम के सोनितपुर जिले के नामेरी नेशनल पार्क में वन रक्षकों के साथ मुठभेड़ में एक शिकारी मारा गया। प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) पीराइसूदन बी के मुताबिक, मुठभेड़ रविवार रात डिकराई इलाके में हुई। उन्होंने कहा, हमें पता चला कि शिकारियों ने एक हिरण को मार डाला है। वन रक्षकों के तुरंत चलाए अभियान में अपराधी घिर गए। जवाबी गोलीबारी में एक शिकारी मारा गया। घटनास्थल से राइफल और हिरण का शव बरामद किया गया।
तेलंगाना के 26 वर्षीय छात्र रवि तेजा की अमेरिका में अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। उनके परिवार के सदस्यों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि के रवि तेजा 2022 में अमेरिका गए थे और आठ महीने पहले अपना एमएस पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद नौकरी की तलाश में थे। परिजनों ने अब उनके बेटे का पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द वापस लाने में मदद करने का आग्रह किया है। रवि तेजा के पिता ने संवाददाताओं से कहा, मुझे पता चला है कि मेरे बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मेरी सरकार से अपील है कि शव को जल्द से जल्द वापस भेजा जाए। मैं और कुछ बोलने में सक्षम नहीं हूं। तेजा ने अपने पिता से कहा था कि वह नौकरी हासिल करने के बाद घर वापस आएगा। परिवार के सदस्यों ने कहा था कि नवंबर 2024 में भी तेलंगाना के खम्मम जिले के एक 22 वर्षीय युवक की अमेरिका के एक गैस स्टेशन पर बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी, जहां वह काम कर रहा था।
2030 तक ईवी की हिस्सेदारी 50 फीसदी पहुंचाने पर दें जोर : भूपेंद्र
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि साल 2030 तक सभी वाहनों की बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत तक होनी चाहिए। ताकि भारत 2070 तक अपने शून्य कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को हासिल कर सके।
केंद्रीय मंत्री सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (एसआईएएम) की ओर से सस्टेनेबल सर्कुलरिटी पर आयोजित तीसरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से अपनाया जा रहा है। साल 2030 तक इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री कुल वाहन बिक्री का 50 प्रतिशत तक पहुंचने की उम्मीद है, जिससे सालाना 5 मीट्रिक टन कार्बन उत्सर्जन से बचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि भारत अब कुछ देशों की आबादी से भी अधिक कारें सालाना बेच रहा है, लेकिन इस उपलब्धि के साथ हवा को साफ रखने और पर्यावरण को स्वस्थ रखने की जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। वाहनों की बिक्री में वृद्धि अर्थव्यवस्था के लिए अच्छी खबर है। अगर हम साथ मिलकर काम करें, तो यह पर्यावरण के लिए भी बेहतर होगा।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि प्रश्न पत्र लीक युवाओं के अधिकारों को छीनने का एक हथियार बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों में ऐसे मामले रोज हो रहे हैं। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि वह बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों का मुद्दा संसद में उठाएंगे। राहुल गांधी ने अपने यूट्यूब चैनल पर पटना में विरोध प्रदर्शन स्थल पर छात्र-छात्राओं के साथ बातचीत का वीडियो साझा किया।
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के जंगल से मंगलवार को सुरक्षाबलों ने 20 से ज्यादा IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) और 50 से ज्यादा जिलेटिन स्टिक बरामद की। यह बरामदगी नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुई। पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि सुरक्षाबलों ने सेरेंगड़ा गांव के पास जंगल से 21 आईईडी बरामद किए, जिन्हें बम निरोधक दस्ते ने मौके पर नष्ट कर दिया। इसके अलावा, 55 जिलेटिन स्टिक भी बरामद की गईं, जिन्हें नष्ट कर दिया गया।
महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने आज सुबह राजभवन में न्यायमूर्ति आलोक अराधे को बॉम्बे हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई।
संसदीय समिति: एनआरआई को भी संसद में प्रतिनिधित्व देने का सुझाव
विदेश मामलों की संसदीय समिति की बैठक में मंगलवार को सुझाव दिया गया कि संसद में अनिवासी भारतीयों (एनआरआई) को प्रतिनिधित्व दिया जाए, क्योंकि उनकी संख्या बढ़ रही है। प्रवासी भारतीयों के हितों से जुड़े कई मुद्दे भी अहम हैं। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस मांग के समर्थन में इटली जैसे कुछ देशों का उदाहरण दिया, जहां विदेश में रहने वाले उसके नागरिकों के लिए विधायिका में आरक्षण है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता वाली संसद की स्थायी समिति ने भारतीय प्रवासियों से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के बाद थरूर ने कहा, हमने प्रवासी भारतीय लोगों को लेकर काम करने वाले चार संगठनों के साथ बहुत विस्तृत और गहन चर्चा की। सूत्रों ने कहा कि बैठक में भाग लेने वाले संगठनों ने कुछ अच्छे प्रस्ताव दिए। विदेश मंत्रालय ने पहले की बैठक में समिति को सूचित किया था कि प्रवासन मुद्दों पर केंद्रित एक विधेयक सरकार के विचाराधीन है। थरूर ने कहा था कि मंत्रालय ने समिति को सूचित किया है कि विधेयक को लेकर विचार किया जा रहा है।
गुजरात में जूनागढ़ नगर निगम, 66 नगर पालिकाओं और तीन तालुका पंचायतों के लिए मतदान 16 फरवरी को होगा। एक निर्वाचन अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। गुजरात सरकार द्वारा 2023 में पंचायतों, नगर पालिकाओं और नगर निगमों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए घोषित 27 प्रतिशत कोटा के आधार पर स्थानीय निकायों के लिए यह पहला चुनावी मुकाबला है।
निर्वाचन अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि मतगणना 18 फरवरी को होगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि जूनागढ़ नगर निगम, 66 नगर पालिकाओं और कठलाल, कपड़वंज और गांधीनगर तालुका पंचायतों के लिए 16 फरवरी को मतदान होगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त एस मुरली कृष्ण ने संवाददाताओं को बताया कि गुजरात सरकार के 2023 के निर्णय के अनुसार इस चुनाव में ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत सीटें आरक्षित होंगी।
कोविड काल में स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार के आरोपों पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा, "... कहीं कोई घोटाला नहीं हुआ है। हमारी सरकार संवेदनशील सरकार है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में अच्छा काम किया तभी हमारी सरकार दोबारा सत्ता में आई है... रिम्स-2 की सौगात आज झारखंड को दी गई है।"
ओडिशा के पुरी जिले के कनास प्रखंड में डायरिया (दस्त) से चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि 10 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने कहा कि उचित जांच के बाद डायरिया से मौत की पुष्टि की जाएगी। मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी (सीडीएमओ) रूपभानु मिश्रा ने बताया कि तीन मरीजों का इलाज भुवनेश्वर के अस्पतालों में किया जा रहा है, जबकि सात अन्य मरीज कनास अस्पताल में भर्ती हैं। डायरिया प्रभावित गांवों में संयुक्त निरीक्षण किया गया है। लोगों ने बताया कि उन्हें पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है और वे दया नदी पर निर्भर हैं। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद प्रशासन ने प्रभावित गांवों का दौरा कर दवाएं उपलब्ध कराईं। साथ ही लोगों को दया नदी का पानी न पीने की सलाह दी गई है।