फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 20th November North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi

Update: संविधान दिवस- 26 नवंबर को नहीं होगी लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही; तेलंगाना में MDM खाने 17 बच्चे बीमार

Wed, 20 Nov 2024 10:34 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 20 Nov 2024 10:34 PM IST
विज्ञापन
News Updates 20th November North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
एक चौंकाने वाली घटना में तमिलनाडु के मल्लिपत्तनम में सरकारी स्कूल परिसर में एक युवक ने एक महिला शिक्षिका पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इससे शिक्षण संस्थान में कुछ तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने बताया कि बाद में हिरासत में लिए गए युवक ने स्कूल के स्टाफ रूम में शिक्षिका पर उसके सहकर्मियों के सामने बार-बार चाकू से हमला किया। घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और तमिलनाडु के स्कूली शिक्षा मंत्री अंबिल महेश पोय्यामोझी ने तंजावुर जिले के मल्लिपत्तनम सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की शिक्षिका रमानी पर हमले की कड़ी निंदा की। पुलिस ने जानलेवा हमले के पीछे निजी कारण बताया है। शिक्षिका को यहां सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन


वहीं, तेलंगाना के वारंगल जिले में सार्वजनिक क्षेत्र के एक बैंक से चोरों ने 13.6 करोड़ रुपये मूल्य के 19 किलोग्राम से अधिक सोने के आभूषण चुरा लिए। पुलिस ने बताया कि चोर रायपर्ती मंडल स्थित बैंक की शाखा में गैस कटर से खिड़की काटकर घुसे और मुख्य तिजोरी से करीब 19.5 किलोग्राम वजन के सोने के आभूषण चुराकर फरार हो गए। बैंक के कर्मचारियों को मंगलवार को चोरी के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
विज्ञापन


बालासोर में सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत
ओडिशा के बालासोर जिले में बुधवार को सुबह एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, 20 से 25 वर्ष की आयु के चार युवक मोटरसाइकिल पर सवार थे और एक संकरे पुल को पार करते समय चालक मोटरसाइकिल से नियंत्रण खो बैठा जिसके चलते वाहन फिसल गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन


इंडिगो की फ्लाइट में तकनीकी खराबी
इस बीच इंडिगो की फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण उसे दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। विमान जयपुर से देहरादून जा रहा था। विमानन कंपनी ने बताया कि विमान की आवश्यक जांच किए जाने के बाद ही उसका दोबारा परिचालन किया जाएगा। कंपनी के मुताबिक जयपुर से देहरादून जा रहे विमान संख्या 6 ई 7468 में तकनीकी खराबी के बाद मार्ग दिल्ली के लिए परिवर्तित किया गया। यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई। एक सूत्र ने बताया कि विमान के इंजन में कुछ समस्या थी। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।

तकनीकी खराबी...माले जा रहे इंडिगो के विमान की आपात लैंडिंग
बंगलूरू से माले जा रहे इंडिगो के विमान को तकनीकी खराबी के कारण कोच्चि में आपात स्थिति में उतारना पड़ा। मालदीव की राजधानी के लिए उड़ान 6ई1127 विमान से संचालित की जा रही थी, लेकिन इसमें तकनीकी समस्या आ गई, जिसके बाद इसे कोच्चि हवाईअड्डे पर भेजा गया और मंगलवार दोपहर 2.21 बजे सुरक्षित वहां उतारा गया। विमान में चालक दल के चार सदस्यों समेत 140 यात्री सवार थे।

गायक टीएम कृष्णा को एमएस सुब्बुलक्ष्मी पुरस्कार देने पर रोक
मद्रास हाईकोर्ट ने संगीत अकादमी को प्रसिद्ध गायिका एमएस सुब्बुलक्ष्मी के नाम पर स्थापित पुरस्कार सुप्रसिद्ध कर्नाटक संगीत गायक टीएम कृष्णा को प्रदान करने से रोक दिया। यह रोक सुब्बुलक्ष्मी के पौत्र वी श्रीनिवासन की उस याचिका पर लगाई, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि कृष्णा सोशल मीडिया मंच पर उनकी दादी के खिलाफ घृणित और निंदनीय हमले कर रहे थे। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अकादमी कृष्णा को पुरस्कार दे सकती है, लेकिन वह सुब्बुलक्ष्मी के नाम पर न हो।

आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी डॉ. देबरॉय की विरासत : पीके मिश्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव डॉ. पीके मिश्रा ने कहा कि डॉ. देबरॉय की विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। उन्होंने नीति निर्माण और नीति क्रियान्वयन में डॉ. देबरॉय के विश्लेषणात्मक कौशल व जटिल अवधारणाओं को स्पष्ट तरीके से समझाने की उनकी असाधारण क्षमता को सराहा। राष्ट्रीय राजधानी स्थित आकाशवाणी रंग भवन में प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. बिबेक देबरॉय की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। डॉ. देबरॉय का 1 नवंबर निधन हो गया था। दिवंगत देबरॉय को याद करते हुए डॉ. मिश्रा ने कहा कि वह एक बेहतरीन व्यक्ति थे, जिनकी बौद्धिक क्षमता अर्थशास्त्र से लेकर संस्कृत, साहित्य से लेकर इतिहास जैसे क्षेत्रों में थी। वह एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं, जिसके मूल में दूरदृष्टि और मानवता है और यह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। 

हर क्षेत्र में पारंगत थे देबरॉय : पीएम मोदी...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संदेश में कहा कि डॉ. देबरॉय महान विद्वान थे और अर्थशास्त्र, इतिहास, संस्कृति, राजनीति, अध्यात्म और अन्य विविध क्षेत्रों में पारंगत थे। अपने कार्यों से उन्होंने भारत के बौद्धिक क्षेत्र पर एक अमिट छाप छोड़ी है। वह बहुआयामी प्रतिभा संपन्न विद्वान थे, जिन्हें प्राचीन भारतीय ग्रंथों पर काम करना और उन्हें युवाओं के लिए सुलभ बनाना पसंद था।

एप के जरिये कर्ज मामले में दो चीनी नागरिक गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोरोना महामारी के दौरान मोबाइल एप के जरिये भोलेभाले लोगों को कर्ज देकर भारी ब्याज वसूलने के आरोप में चीन के दो नागरिकों को गिरफ्तार किया है। वे कमाई की रकम को वजीरएक्स क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से देश से बाहर भेज देते थे। ईडी ने मंगलवार को बताया कि जिओ या माओ और वू युआन लून को 13 नवंबर को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली से धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया था। अदालत ने उन्हें 29 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने एप के जरिये कर्ज देने के मामले में चीनी नागरिकों की ओर से संचालित एप के खिलाफ कई मामले दर्ज किए थे। इसी के आधार पर ईडी ने पीएमएलए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। ये लोगों को 5,000-10,000 रुपये तक तुरंत कर्ज दे देते थे और केवाईसी के नाम पर लोगों के दस्तावेज ले लेते थे। कर्ज लेने वालों के कॉन्टेक्ट लिस्ट तक उनकी पहुंच हो जाती थी। कर्ज की एक किस्त चुकाने में देरी होने पर उनके संबंधियों को फोन कर डराते-धमकाते थे। एक कर्ज चुकाने के लिए पीड़ित दूसरी बार कर्ज लेते थे और इस तरह उनके जाल में फंसते जाते थे।

असम के करीमगंज जिले का नाम अब श्रीभूमि
असम के मुख्यमंमत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को घोषणा की कि असम का करीमगंज जिला अब श्रीभूमि के नाम से जाना जाएगा। कैबिनेट की बैठक के बाद उन्होंने यह जानकारी दी। कैबिनेट बैठक में बराक घाटी के करीमगंज जिले का नाम बदलने का प्रस्ताव पास कर दिया गया। सरमा ने ट्वीट कर बताया कि 100 साल पहले कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर ने असम में आधुनिक करीमगंज जिले को श्रीभूमि मां लक्ष्मी की भूमि के रूप में वर्णित किया था। आज असम कैबिनेट ने लंबे समय से चली आ रही इस मांग को पूरा कर दिया है। सरमा ने कहा, करीमगंज का नाम बदलने का कदम जिले के लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को दर्शाता है। हम उन नामों को बदलना जारी रखेंगे, जिनका कोई शब्दकोश संदर्भ या कोई अन्य ऐतिहासिक साक्ष्य नहीं है। हम लंबे समय से ऐसा कर रहे हैं और यह एक सतत प्रक्रिया है। 

देरी से स्कूल आने पर प्रधानाचार्य ने छात्राओं के काटे बाल, निलंबित
आंध्र प्रदेश में एक सरकारी स्कूल की प्रधानाचार्य ने देरी से आने पर कुछ छात्राओं के बाल काट दिए। मामला सामने आने के बाद कलेक्टर ने आरोपी प्रधानाचार्य यू साई प्रसन्ना को निलंबित कर दिया। समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक बी श्रीनिवास राव ने मंगलवार को बताया कि यह घटना अल्लूरी सीतारामराजू जिले के जी मदुगुला में आवासीय स्कूल कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) में शुक्रवार को हुई थी, लेकिन इसका पता सोमवार को चला। इसके बाद प्रसन्ना के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई। जांच के दौरान उन पर लगे आरोप को सही पाया गया, जिसके बाद कलेक्टर ने उनके निलंबन के आदेश जारी कर दिए। 

‘सरपंच पति’ प्रथा को समाप्त करने पर केंद्रीय मंत्री का जोर; गांवों से पलायन रोकने का उपाय भी बताया
केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि गांवों से पलायन रोकने के लिए सरकारी सेवाओं का बेहतर कार्यान्वयन और सुगम जीवनयापन जरूरी है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने पंचायती राज मंत्रालय के एक कार्यक्रम में ‘सरपंच पति’ प्रथा को समाप्त करने पर भी जोर दिया। उत्तर प्रदेश के आगरा में आयोजित इस सम्मेलन में बघेल ने कहा, हमारी पंचायतें सिर्फ प्रशासनिक इकाइयां नहीं हैं, बदलाव की शुरुआत यहीं से होती है। उन्होंने कहा कि गांवों को विकसित बनाने में पंचायतों की भूमिका अहम है। यही कारण है कि सरकार ‘डिजिटल’ सशक्तीकरण पर जोर दे रही है।

सूरत की इमारत में गैस सिलेंडर में आग लगने से सात लोग घायल
गुजरात के सूरत शहर में बुधवार को सुबह एक इमारत में गैस सिलेंडर में आग लगने से सात लोग झुलस गए। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि घटना कतारगाम इलाके में स्थित कृष्णा कॉम्प्लेक्स इमारत की दूसरी मंजिल पर सुबह करीब छह बजे हुई। इमारत के एक छोटे से कमरे में मौजूद 18 से 27 वर्ष की आयु के सात लोग झुलस गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज हो रहा है।

ओडिशा के कटक में ईंट भट्टे पर नाबालिग से दुष्कर्म
ओडिशा के कटक जिले में ईंट भट्टे पर बने अस्थायी आश्रय में आठ वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार रात जिले के त्रिसूलिया इलाके में हुई। नाबालिग को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर है। आरोपी भी भट्टे पर काम करता है और इलाके में कई छापेमारी के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

न्यायमूर्ति डी कृष्णकुमार मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए गए

न्यायमूर्ति डी कृष्णकुमार को बुधवार को मणिपुर उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम द्वारा सिफारिश किए जाने के 48 घंटे के भीतर ही उनकी नियुक्ति कर दी गई है। उच्च न्यायालय के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सिद्धार्थ मृदुल गुरुवार को पद से मुक्त हो रहे हैं।

शीर्ष न्यायालय कॉलेजियम ने 18 नवंबर को न्यायमूर्ति कृष्णकुमार का नाम प्रस्तावित किया था, जो वर्तमान में मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में कार्यरत हैं। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने न्यायमूर्ति कृष्णकुमार को मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किए जाने की घोषणा की 

न्यायमूर्ति कृष्णकुमार को 7 अप्रैल, 2016 को मद्रास उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और वे 21 मई, 2025 को सेवानिवृत्त होंगे। कॉलेजियम ने कहा था कि वे अपने मूल उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश के बाद सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश हैं और पिछड़े समुदाय से आते हैं। 

सरकार ने संसद के शीतकालीन सत्र से पहले 24 नवंबर को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। संसद का शीतकालीन सत्र 25 नवंबर से आरंभ होगा और 20 दिसम्बर तक चलेगा।

मदुरै हवाई अड्डे के विस्तार पर अंतरिम रोक

मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ ने मदुरै हवाई अड्डे के विस्तार के लिए मदुरै जिले के चिन्ना उदयप्पु गांव के निवासियों को बेदखल करने से अधिकारियों को रोकते हुए अंतरिम रोक जारी की है। अदालत ने अब अंतरिम रोक लगाते हुए अधिकारियों को अगले आदेश तक निवासियों को बेदखल न करने का निर्देश दिया है और मामले की सुनवाई 11 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी है।

शिकायतों के बाद बंगाल स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को महत्वपूर्ण पद से हटाया गया

पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग ने मानस चक्रवर्ती को राज्य चिकित्सा परिषद के रजिस्ट्रार के पद से हटाने का निर्देश जारी किया है, एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है। विभाग ने परिषद के अध्यक्ष सुदीप्तो रॉय को इस पद पर किसी अन्य अधिकारी को नियुक्त करने के लिए भी कहा है। आदेश में कहा गया है, राज्य सरकार के संज्ञान में लाया गया है कि मानस चक्रवर्ती को सरकार की पूर्व मंजूरी के बिना 01.11.2019 से पुनर्नियुक्ति पर पश्चिम बंगाल चिकित्सा परिषद के रजिस्ट्रार के रूप में नियुक्त किया गया है। डॉक्टरों के कई संघों ने राज्य स्वास्थ्य विभाग को लिखित शिकायत दर्ज कराई है जिसमें चक्रवर्ती को पद से हटाने की मांग की गई है और आरोप लगाया है कि नियुक्ति 'अवैध' है।

संविधान दिवस: 26 नवंबर को नहीं होगी लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही

संसद का शीतकालीन सत्र 25 नवंबर से शुरू हो रहा है। यह सत्र 20 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान 26 नवंबर को संविधान दिवस के मद्देनजर दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं होगी। संसदीय कार्य मामलों के मंत्रालय ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि शीतकालीन सत्र से पहले संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू 24 नवंबर को सुबह 11 बजे विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ सर्वदलीय बैठक करेंगे। इस बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में संसद की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने पर विचार-विमर्श होगा। शीतकालीन सत्र के दौरान सरकार वक्फ संशोधन विधेयक, एक देश एक चुनाव विधेयक जैसे अहम बिल को पारित कराने का प्रयास करेगी।

तेलंगाना: मिड-डे-मील खाने के बाद 17 छात्र बीमार, सीएम ने दिए जांच के आदेश


तेलंगाना के नारायणपेट जिले के एक सरकारी स्कूल के 17 छात्र बुधवार को मध्याह्न भोजन (मिड-डे-मील) खाने के बाद बीमार पड़ गए। अधिकारियों ने बताया कि 15 छात्रों का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि दो को छुट्टी दे दी गई है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर को पूरी जांच करने और जिम्मेदार लोगों की पहचान करते हुए एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

प्रसार भारती ने ओटीटी एप 'वेव्स' का किया अनावरण

भारत के सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती ने बुधवार को अपना ओटीटी ऐप 'वेव्स' लॉन्च किया। इसके माध्यम से उपयोगकर्ता दूरदर्शन और आकाशवाणी के विशाल अभिलेखागार तक पहुंच सकते हैं।

वर्तमान में, एप कई समाचार चैनलों समेत लगभग 40 लाइव चैनल प्रदान करता है। प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत कुमार सहगल ने गोवा के पणजी में भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के अवसर पर कहा, हम स्वच्छ और पारिवारिक मनोरंजन उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पर प्रसार भारती के सभी अभिलेखागार उपलब्ध हैं। आप अपने पसंदीदा शो देखकर अपने बचपन को फिर से जी सकते हैं।

रक्षा आपूर्ति अनियमितता: भारतीय-अमेरिकी सीईओ के खिलाफ CBI मामले में हाईकोर्ट का फैसला सुरक्षित

कर्नाटक हाईकोर्ट ने भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक और कैलिफोर्निया स्थित एकॉन इंक के सीईओ सूर्या सरीन की ओर से दायर याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। याचिका में सीबीआई के उस मामले को खारिज करने की मांग की गई है, जिसमें 2009 में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) को रेडियो फ्रीक्वेंसी (आरएफ) जनरेटर की आपूर्ति में अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है।

एकॉन इंक ने 2009 में डीआरडीओ की इकाई, रक्षा एवियोनिक्स अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीएआरई) को 35 वोल्टेज-नियंत्रित ऑसिलेटर-आधारित आरएफ जनरेटर की आपूर्ति के लिए एक मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक का अनुबंध हासिल किया था। दोषपूर्ण आपूर्ति के आरोपों के बाद सीबीआई ने 2020 में मामले की जांच शुरू की और 2023 में आरोपपत्र दायर किया। मामले में उपस्थिति के लिए जारी गैर-जमानती वारंट का जवाब देने में विफल रहने के बाद सूर्या सरीन को अब प्रत्यर्पण के मामले का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed