फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 20th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: जस्टिस के सोमशेखर बने मणिपुर हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश; पुडुचेरी में 12 लोग मिले कोरोना संक्रमित

Tue, 20 May 2025 10:46 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Tue, 20 May 2025 10:46 PM IST
विज्ञापन
News Updates 20th May North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति केम्पैया सोमशेखर को मंगलवार को मणिपुर उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। भारत के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 15 मई को जस्टिस सोमशेखर की पदोन्नति की सिफारिश की थी। उनकी नियुक्ति मणिपुर उच्च न्यायालय के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश डी कृष्णकुमार के 62 वर्ष की आयु होने पर 21 मई को पद छोड़ने से कुछ दिन पहले हुई है। केंद्रीय विधि मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर न्यायमूर्ति सोमशेखर को मणिपुर उच्च न्यायालय का अगला मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की घोषणा की।

विज्ञापन


पुडुचेरी में 12 लोग कोरोना संक्रमित मिले
पुडुचेरी के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण सेवा विभाग के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि पुडुचेरी में 12 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सेवाओं के निदेशक वी रविचंद्रन ने कहा कि विभाग केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशानुसार खांसी और जुकाम के लक्षणों वाले व्यक्तियों की जांच कर रहा है। रविचंद्रन ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। सरकारी जनरल अस्पताल, इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अनुसंधान संस्थान, कादिरकमम और राजीव गांधी सरकारी बाल अस्पताल में कोविड-19 रोगियों के लिए चार बेड तय किए गए हैं। वहीं गोरीमेदु स्थित सरकारी चेस्ट रोग अस्पताल में वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ छह बेड का वार्ड भी बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केन्द्र (एनसीडीसी) और नई दिल्ली स्थित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ समन्वय करके स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है।
विज्ञापन


हत्या के आरोपी पर कर्नाटक जेल में हमला
हिंदुत्व कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की हत्या के मुख्य आरोपी नौशाद पर सोमवार को मंगलुरु जेल में हमला किया गया। पुलिस ने बताया कि सुहास शेट्टी की हत्या के मुख्य आरोपी नौशाद पर सोमवार शाम मंगलुरु जिला जेल के क्वारंटीन सेल सेक्शन में लड़ाई के दौरान हमला किया गया। पुलिस ने बताया कि लड़ाई तब शुरू हुई जब कार्यालय क्षेत्र के पास खड़े कुछ विचाराधीन कैदियों ने कथित तौर पर अन्य कैदियों को घूरना शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस वजह से दोनों समूहों के बीच गाली-गलौज और तीखी बहस हुई। इसके बाद उन्होंने सीमेंट के ब्लॉक तोड़कर एक-दूसरे पर फेंके। इस घटना में नौशाद के पैर में चोट आई है। पुलिस ने बताया कि दूसरे बैरक से कुछ कैदी भी कार्यालय कक्ष में घुस आए और अपने हाथों से कांच के दरवाजे को तोड़ दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

सिक्किम में NVS गैर-शिक्षकीय भर्ती परीक्षा में नकल करते 19 उम्मीदवार पकड़े गए
सिक्किम पुलिस ने बताया कि नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) की गैर-शिक्षकीय भर्ती परीक्षा में 19 उम्मीदवारों को नकल करते पकड़ा गया। यह परीक्षा रविवार को सर ताशी नामग्याल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित की गई थी। पकड़े गए अभ्यर्थी गुप्त संचार उपकरण के जरिए नकल कर रहे थे। इनमें 17 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। मामले में पुलिस अधिकारी के अनुसार, 17 पुरुष उम्मीदवारों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट, 2000 के तहत केस दर्ज किया गया है।

जादू-टोना करने के संदेह में महिला की हत्या में 23 लोगों को आजीवन कारावास
असम के चराइदेव जिले की एक अदालत ने 13 साल पहले जादू-टोना करने के संदेह में एक महिला की हत्या के मामले में 23 लोगों को सोमवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
चराईदेव जिला व सत्र न्यायाधीश आबूबाकर सिद्दीकी ने 12 पुरुषों और 11 महिलाओं को अपराध करने के लिए दोषी ठहराते हुए फैसला सुनाया और उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही प्रत्येक दोषी पर 5,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। अदालत ने दोषियों को पीड़ित परिवार को 8 लाख रुपये का मुआवजा देने का भी आदेश दिया।

2012 की इस घटना से व्यापक आक्रोश फैला था और इस मामले की सुनवाई 13 साल तक चली। पुलिस ने बताया कि पीड़िता को गंभीर शारीरिक यातनाएं दी गईं ।आखिरकार जादू-टोना करने के संदेह में चराइदेव के जाल्हा गांव में लोगों के एक समूह ने पीड़िता को आग के हवाले कर दिया।

मेघालय की रिफिनेस वारजरी ने फहराया एवरेस्ट पर तिरंगा
नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की सदस्य रिफिनेस वारजरी ने एक बड़ा कारनामा करते हुए माउंट एवरेस्ट फतह कर लिया है। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली मेघालय की तीसरी महिला बन गई हैं। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि 10 एनसीसी कैडेट्स की टीम ने रविवार को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ाई की और वहां तिरंगा फहराया। इस टीम में सभी पर्वतारोहियों की औसत उम्र 19 साल थी। 20 साल की रिफिनेस वारजरी शिलांग के सेंट एंथनी कॉलेज की छात्रा हैं और पूरी पूर्वोत्तर भारत से चुनी गई एकमात्र कैडेट थीं।

बंद कार में दम घुटने से चार बच्चों की मौत
आंध्र प्रदेश के विजयनगरम के द्वारापुडी गांव में चार बच्चों की कार में दम घुटने से मौत हो गई। इनमें दो सगे भाई-बहन थे। पुलिस मान रही है कि कार ऑटो-लॉक हो गई और बच्चे उसे खोल नहीं पाए।

पुलिस के मुताबिक, रविवार को घर के बाहर खेलने के दौरान उदय (8), चारुमति (8), करिश्मा (6) व मनस्विनी (6) कार में बैठ गए और उससे बाहर नहीं निकल पाए। कई घंटों बाद परिजन जब बच्चों को खोजते हुए कार के पास पहुंचे तो अंदर चारों के शव मिले। राज्य के मंत्री कोंडापल्ली श्रीनिवास ने कहा कि हादसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने भरोसा दिया कि सरकार इस मुद्दे को उठाएगी और प्रभावित परिवारों को मदद देगी। उन्होंने यह भी कहा, ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए माता-पिता को बच्चों पर नजर रखनी चाहिए।

मोदी 29 को जाएंगे सिक्किम, राज्य के स्थापना दिवस में शामिल होंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 मई को सिक्किम की यात्रा पर जाएंगे। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी राज्य के 50वें स्थापना दिवस पर एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रस्तावित यात्रा के बारे में प्रधानमंत्री कार्यालय से अंतिम पुष्टि अभी प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन अन्य सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, 29 मई के प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के लिए लोगों में उत्साह है।  

लापरवाही से वाहन चलाने में पिछले वर्ष कटे करीब आठ करोड़ चालान
लापरवाही से वाहन चलाने का आलम यह है कि पिछले साल देशभर में आठ करोड़ चालान काटे गए। इस अवधि में करीब 12,000 करोड़ रुपये का यातायात जुर्माना लगाया गया लेकिन लोगों ने इसमें से 9,000 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुग्राम में रोजाना लगभग 4,500 चालान हुए, जबकि नोएडा में केवल हेलमेट न लगाने पर ही एक महीने में तीन लाख रुपये से अधिक के चालान कटे। कार्स24 की रिपोर्ट में बताया गया है कि सख्त नियमों के बावजूद कानून लागू करना कठिन हो रहा है। लोग नियम-कायदों के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रहे। रिपोर्ट के मुताबिक, 12,000 करोड़ रुपये का जुर्माना सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है बल्कि यह दर्शाता है कि देशभर में कितनी बार और कितनी आसानी से यातायात नियमों का उल्लंघन किया जाता है। 1,000 लोगों से बातचीत पर आधारित ई-चालान रिपोर्ट ने यह मिथक भी तोड़ दिया है कि लापरवाही बरतने में बड़े और छोटे वाहन होने से कोई फर्क पड़ता है अथवा कोई शहर या आय समूह मायने रखता है। 

ट्रक और बस की टक्कर में चार की मौत, 17 घायल
तेलंगाना के विक्राबाद जिले के पारिगी पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत सीमेंट से भरे ट्रक और बस के बीच हुई टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, 17 लोग घायल हो गए। मामले में विकाराबाद के एसपी IPS के. नारायण रेड्डी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया है, और घायलों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भेज दिया गया है। 

बारिश के कारण गिरी दीवार, तीन लोगों की मौत
तमिलनाडु के मदुरै के वलाईयांगुलम में भारी बारिश के कारण दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। जिनकी पहचान अम्मापिल्लई उम्र 65 साल और वेंगट्टी उम्र 55 साल की दो महिलाएं और वीरमणि नाम के एक लड़के की मौत हो गई। मामले में मदुरै जिला एसपी अरविंद ने बताया कि पेरुंगुडी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच कर रही है।

मेघालय में बिना वैध दस्तावेज पकड़ी गई बांग्लादेशी परिवार की पांच सदस्यीय टोली
मेघालय के री-भोई जिले में पुलिस ने सोमवार सुबह बांग्लादेशी नागरिकों के एक परिवार को पकड़ा, जो बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के राज्य में प्रवेश कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक वी. एस. राठौर ने बताया कि यह कार्रवाई सुबह 7 बजे वाहनों की रूटीन चेकिंग के दौरान हुई। पूछताछ में जब उनसे यात्रा के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। जांच के दौरान पता चला कि ये पांचों बांग्लादेशी नागरिक हैं, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। यह परिवार पिछले एक साल से हैदराबाद में रह रहा था और अब अपने देश बांग्लादेश लौट रहा था। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

संदिग्ध आतंकी सिराज उर रहमान को न्यायिक हिरासत में भेजा
विजयनगरम के संदिग्ध आतंकी सिराज उर रहमान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। विजयनगरम टाउन पुलिस स्टेशन में सिराज उर रहमान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।



अग्निवीर मुरलीनायक को दी श्रद्धांजलि
भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर टीम ने अग्निवीर मुरलीनायक को श्रद्धांजलि दी। कोर टीम ने कहा कि जीओसी और व्हाइट नाइट कोर के सभी रैंक अग्निवीर मुरलीनायक को सलाम करते हैं, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण हमारी स्मृति में अंकित है। हम शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं। 

सुप्रिया श्रीनेत ने भाजपा पर लगाए आरोप
भाजपा नेता अमित मालवीय के पोस्ट के जवाब में कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि भाजपा की फर्जी खबरों की फैक्टरी के प्रमुख अमित मालवीय हों या भाजपा के अन्य नेता सभी पाकिस्तान का साथ देते हैं। सावरकर अंग्रेजों के साथ काम करते थे। श्यामा प्रसाद मुखर्जी उत्तर पश्चिमी सीमा प्रांत और सिंध में मुस्लिम लीग के साथ सरकार चलाते थे। उनके प्रमुख नेता लालकृष्ण आडवाणी जिन्ना की कब्र पर गए। अटल बिहारी वाजपेयी लाहौर बस में गए। नरेंद्र मोदी नवाज शरीफ का जन्मदिन मनाने पाकिस्तान गए। पीएम मोदी अमेरिका के दबाव में युद्ध विराम की घोषणा करने आए। अगर उनमें इच्छाशक्ति होती तो वे इंदिरा गांधी की तरह पाकिस्तान को दो टुकड़ों में बांट देते। विदेश मंत्री के बयान का क्या मतलब है। भाजपा पाकिस्तान के खिलाफ लड़ने से डरती है।

देश विरोधी पोस्ट करने के मामले में गुजरात एटीएस ने दो पकड़े
गुजरात एटीएस ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वेबसाइटों को हैक करने, भारत विरोधी संदेश पोस्ट करने और उनके सबूत अपने टेलीग्राम चैनल पर साझा करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञता का उपयोग करने के आरोप में दो आरोपियों जसीम शाहनवाज अंसारी और एक नाबालिग लड़के को गिरफ्तार किया। एटीएस डीआईजी सुनील जोशी ने कहा कि हमें अक्सर इनपुट मिलते हैं कि हैकर्स अलग-अलग वेबसाइट पर हमला करते हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमें कई ऐसे इनपुट मिले कि राष्ट्र-विरोधी तत्व लगातार भारतीय वेबसाइटों पर हमला कर रहे हैं। हमने उनके खिलाफ आईटी अधिनियम, 2000 की धारा 43 और 66एफ के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

ओडिशा पुलिस ने चार कर्मियों का निलंबन आदेश लिया वापस
ओडिशा पुलिस ने पांच में से चार कर्मियों के निलंबन आदेश को वापस ले लिया है, जिन पर पिछले साल सितंबर में एक सेना अधिकारी को प्रताड़ित करने और उसकी मंगेतर के साथ यौन उत्पीड़न करने के आरोप में अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई थी।  यह कथित घटना 15 सितंबर, 2024 को हुई थी, जब सेना अधिकारी और उसकी मंगेतर रोड रेज की शिकायत दर्ज कराने के लिए यहां भरतपुर पुलिस स्टेशन गए थे। हालांकि, भरतपुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक दीनाकृष्ण मिश्रा निलंबित रहेंगे, यह जानकारी डीजीपी वाई बी खुरानिया ने सोमवार रात को जारी आदेश में दी।

इसमें कहा गया है कि एक उप-निरीक्षक, दो सहायक उप-निरीक्षक और एक कांस्टेबल के निलंबन आदेश वापस ले लिए गए हैं। ओडिशा सरकार ने पहले आरोपों की न्यायिक जांच और अपराध शाखा द्वारा जांच के आदेश दिए थे। उड़ीसा उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति चित्तरंजन दाश की अध्यक्षता वाले न्यायिक आयोग ने मार्च में राज्य के गृह विभाग को 282 पृष्ठों की जांच रिपोर्ट सौंपी थी।

टिटागढ़ में धमाका, TMC पार्षद समेत तीन गिरफ्तार
कोलकाता के पास टिटागढ़ में सोमवार सुबह एक फ्लैट में हुए जोरदार धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक धमाके में दीवारों के हिस्से उड़ गए, और पास की एक झोपड़ी भी मलबे की चपेट में आ गई। घटना उत्तर 24 परगना जिले के टिटागढ़ नगर पालिका के वार्ड नंबर 4 में हुई, जो काफी घनी आबादी वाला इलाका है। पुलिस ने इस मामले में त्रिणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पार्षद अर्मान मंडल और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि जिस फ्लैट में धमाका हुआ, उसे अर्मान मंडल ने किराए पर लिया था।

हालांकि धमाके के वक्त फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था, लेकिन पुलिस को शक है कि अंदर विस्फोटक सामग्री रखी गई थी, जिसकी वजह से हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वहां विस्फोटक क्यों और किस उद्देश्य से रखे गए थे।

मुर्शिदाबाद में कुछ स्थानों पर पुलिस निष्क्रिय थी: पैनल ने हाईकोर्ट को बताया
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हिंसा के पीड़ितों की पहचान और पुनर्वास के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा गठित समिति ने रिपोर्ट दाखिल की है। इसमें कहा गया है कि 11 अप्रैल को हुई घटनाओं के दौरान स्थानीय पुलिस निष्क्रिय और अनुपस्थित थी। धुलियान कस्बे में हमलों का निर्देश एक स्थानीय पार्षद ने दिया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि धुलियान में एक गारमेंट्स मॉल में भी लूटपाट की गई। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के रजिस्ट्रार (कानून) जोगिंदर सिंह, पश्चिम बंगाल विधिक सेवा प्राधिकरण (डब्ल्यूबीएलएसए) के सदस्य सचिव सत्य अर्नब घोषाल और डब्ल्यूबीजेएस के रजिस्ट्रार सौगात चक्रवर्ती वाले पैनल ने मामले की सुनवाई कर रही खंडपीठ के निर्देशानुसार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और पीड़ितों से बात करने के बाद पिछले सप्ताह उच्च न्यायालय को रिपोर्ट सौंपी।

 

पत्थर खदान में भूस्खलन में पांच श्रमिकों की मौत
शिवगंगा जिले के मल्लाकोट्टई में मेगा ब्लू मेटल द्वारा संचालित पत्थर खदान में भूस्खलन में पांच श्रमिकों की मौत हो गई। शिवगंगा जिले के एसपी ने बताया कि अभी तक हमें चार शव मिले हैं और एक घायल व्यक्ति को इलाज के लिए मदुरै के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। सीएम कार्यालय ने बजाया कि सीएम ने मुख्यमंत्री सार्वजनिक राहत कोष से मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये और घायल श्रमिक को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि माइकल, जो दुर्घटना में घायल हो गया था और वर्तमान में एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहा है को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सुविधा दी जाए। घटना में, चट्टानों और मिट्टी के अचानक भूस्खलन ने ओडिशा राज्य के पांच श्रमिकों- मुरुगनंधम, अरुमुगम, गणेशन, अंदिचामी और हर्षित की जान ले ली। 
 

शशि थरूर ने फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल से की बात
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की। उन्होंने कहा कि हमने भारत-फ्रांस द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती, राजनीतिक, आर्थिक, रणनीतिक, सैन्य सभी पहलुओं पर बहुत मजबूत और सकारात्मक चर्चा की। हमने भविष्य के क्षितिज के बारे में भी सकारात्मक बातचीत की। फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल ने पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद की हमारी कार्रवाइयों के मद्देनजर भारत की स्थिति के लिए मजबूत समर्थन व्यक्त किया। हमारी समिति ने उस समर्थन की बहुत सराहना की। उन्होंने सांसद रविशंकर प्रसाद से भी मुलाकात की। रविशंकर प्रसाद ने राफेल की प्रशंसा हमारे घनिष्ठ सहयोग के प्रतीक के रूप में की। सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल (सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल) अगले दिन पेरिस के लिए रवाना हो रहा है। उन्होंने कहा कि राफेल भारत और फ्रांस के बीच साझा संबंधों का प्रतीक है। 

ईजमाइट्रिप ने खारिज किए निशांत पिट्टी के महादेव एप से संबंध के आरोप
ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल ईजमायट्रिप ने मंगलवार को अपने संस्थापक और चेयरमैन निशांत पिट्टी के महादेव एप से किसी भी संबंध को स्पष्ट रूप से खारिज किया। मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कर रहा है। कंपनी ने एक बयान में कहा, हम निशांत पिट्टी के खिलाफ महादेव एप सट्टेबाजी मामले से संबंधित आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हैं। ये दावे पूरी तरह से निराधार, भ्रामक और तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। बयान में आगे कहा गया है कि पिट्टी का किसी भी अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों या महादेव एप से संबंधित संस्थाओं से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं रहा है। ईजमायट्रिप एक संगठन के रूप में उच्चतम कॉर्पोरेट प्रशासन मानकों और सभी लागू कानूनों का पूर्ण अनुपालन करता है। हम इन आरोपों को गंभीरता से लेते हैं और तथ्यों को पारदर्शी और त्वरित ढंग से स्थापित करने के लिए अधिकारियों के साथ पूर्ण सहयोग कर रहे हैं।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed