फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 2 March North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: प्रसिद्ध यूरोलॉजिस्ट जॉर्ज अब्राहम ने की आत्महत्या; जॉर्डन- भारतीय की गोली लगने से मौत, घर में कोहराम

Mon, 03 Mar 2025 10:52 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Mon, 03 Mar 2025 10:52 AM IST
विज्ञापन
News Updates 2 March North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

प्रसिद्ध यूरोलॉजिस्ट डॉ. जॉर्ज पी अब्राहम नेदुंबसेरी में अपने फार्महाउस में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, पुलिस ने सोमवार को बताया। वह 75 वर्ष के थे। वरिष्ठ सर्जन का शव रविवार रात नेदुंबसेरी थाना क्षेत्र में आने वाले उनके फार्महाउस में लटका हुआ मिला। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उनके पास से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला। जटिल यूरोलॉजिकल विकारों के सर्जिकल प्रबंधन में एक प्रतिष्ठित विशेषज्ञ अब्राहम कोच्चि के एक प्रमुख निजी अस्पताल से जुड़े थे। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, उन्होंने व्यक्तिगत रूप से 2,500 से अधिक गुर्दा प्रत्यारोपण प्रक्रियाएं की थीं। पुलिस ने कहा कि उनके शव को आगे की प्रक्रियाओं के लिए अंगमाली के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

विज्ञापन


जॉर्डन- भारतीय की गोली लगने से मौत, घर में मचा कोहराम
जॉर्डन में भारतीय शख्स थॉमस गेब्रियल पेरीरा की मौत के बाद उनके परिजन ने बताया कि, 'मेरे रिश्तेदार का बेटा लंदन में है और उसी ने मुझे फोन करके इस घटना के बारे में बताया। हमें ठीक से नहीं पता कि क्या हुआ। वह 5 (फरवरी) को यहां से चला गया। 9 (फरवरी) को मेरी बहन को एक कॉल आया, यह सिर्फ 2 मिनट के लिए था। उसने सिर्फ उसके लिए प्रार्थना करने के लिए कहा और फोन काट दिया। फिर हमें एक ईमेल मिला और हमें पता चला कि उसके सिर में गोली लगने से उसकी मौत हो गई और उसका शव वहां के एक सरकारी अस्पताल में पड़ा है। वह एक बार 5 साल तक के लिए कुवैत में काम चुका था...उसने अपनी पत्नी और किसी से कुछ नहीं कहा, वह चुपचाप चला गया। वहां पहुंचने के बाद उसने फोन किया और उसके बाद ही उसने बताया कि वह कहां गया'। इस मामले में थॉमस गेब्रियल पेरीरा की पत्नी ने बताया कि, 'पिछली बार जब मुझे कॉल आया था, तो उसने मुझसे सिर्फ 2 मिनट बात की थी। उसने मुझसे सिर्फ उसके लिए प्रार्थना करने के लिए कहा था'
विज्ञापन

पीयूष गोलय ने बेल्जियम की राजकुमारी एस्ट्रिड का स्वागत किया
नई दिल्ली: केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को बेल्जियम की राजकुमारी एस्ट्रिड का दिल्ली में सफेद ऑर्किड का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। इस दौरान दोनों पक्षों के प्रतिनिधिमंडल ने एक-दूसरे का अभिवादन किया। विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, बेल्जियम के राजा फिलिप की बहन राजकुमारी एस्ट्रिड 2 से 8 मार्च तक भारत की यात्रा पर हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात करेंगी। इसके अलावा, वह उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों का दौरा करेंगी। भारत में बेल्जियम के राजदूत डिडिएर वेंडरहासेल्ट ने बताया कि राजकुमारी भारत में बेल्जियम के आर्थिक मिशन का हिस्सा हैं, जिसमें 335 सदस्य और 180 कंपनियों का प्रतिनिधिमंडल शामिल है। बेल्जियम के नए विदेश मंत्री मैक्सिम प्रीवोट भी इस मिशन में शामिल हैं।

केरल में युवक के गले में मछली फंसने से मौत
केरल में अलपुझा के पास कायमकुलम में रविवार को एक युवक के गले में मछली फंसने से उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना तब हुई जब वह शाम करीब साढ़े चार बजे दोस्तों के साथ धान के खेत में पानी निकालते समय मछली पकड़ रहा था। वह दूसरी मछली को मुंह में दबाकर मछली पकड़ने की कोशिश कर रहा था, तभी मछली उसके गले में चली गई। उसे तुरंत ओचिरा के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पुथुपल्ली निवासी आदर्श उर्फ उन्नी (25) के रूप में हुई है। उसका शव कायमकुलम तालुक अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया है।

ओडिशा में परीक्षा केंद्र पर पुरुष शिक्षक ने अनुचित तरीके से ली तलाशी, छात्रा ने जान दी
ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में 18 वर्षीय एक छात्रा ने परीक्षा हॉल में प्रवेश से पहले एक पुरुष शिक्षक की तरफ से कथित तौर पर अनुचित तरीके से तलाशी लेने से आहत होकर आत्महत्या कर ली। छात्रा की मां ने शनिवार को इस मामले में पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि 19 फरवरी को छात्रा पट्टामुंडई कॉलेज में ओडिशा उच्चतर माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीएचएसई) की परीक्षा में शामिल होने गई थी तब एक पुरुष शिक्षक ने अनुचित तरीके से उसकी तलाशी ली थी। पट्टामुंडई ग्रामीण पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक धीरज लेंका ने कहा कि यह सीएचएसई दिशानिर्देशों के खिलाफ है। शिकायतकर्ता ने कहा, उत्पीड़न से परेशान होकर 12वीं की छात्रा ने 24 फरवरी को आत्महत्या कर ली।। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हार्दिक पटेल और चार अन्य के खिलाफ देशद्रोह का मामला वापस लेने की अनुमति
गुजरात की एक सत्र अदालत ने भाजपा विधायक हार्दिक पटेल और चार अन्य के खिलाफ राजद्रोह के मामले वापस लेने की राज्य सरकार की याचिका स्वीकार कर ली है। यह मामला 2015 के पाटीदार आरक्षण आंदोलन से संबंधित है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एमपी पुरोहित की अदालत ने शनिवार को विशेष लोक अभियोजक सुधीर ब्रह्मभट्ट की ओर से हार्दिक पटेल, दिनेश बांभणिया, चिराग पटेल, केतन पटेल और अल्पेश कथीरिया के खिलाफ राजद्रोह के मामलों को अभियोजन से वापस लेने के लिए दायर आवेदन को अनुमति दे दी। अदालत ने पांचों आरोपियों को दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 321 (ए) के तहत सभी आरोपों से मुक्त कर दिया। सरकार ने इन आरोपों को वापस ले लिया था। गुजरात सरकार ने पिछले महीने 2015 के पाटीदार आरक्षण आंदोलन के संबंध में दर्ज नौ मामलों को वापस लेने का फैसला किया था, जिनमें दो राजद्रोह के मामले भी शामिल थे।

ग्लेनमार्क ने वापस मंगाईं जेनेरिक दवा की 15 लाख बोतलें
ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स अमेरिकी बाजार में एक जेनेरिक दवा की करीब 15 लाख बोतलें वापस मंगा रही है, जिसका इस्तेमाल एकाग्रता की कमी और अति सक्रियता विकार (एडीएचडी) के इलाज में किया जाता है।

अमेरिकी स्वास्थ्य नियामक यूएसएफडीए ने बताया कि मुंबई स्थित दवा विनिर्माता की सहयोगी कंपनी ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स इंक, यूएसए एटोमोक्सेटिन कैप्सूल की करीब 14.76 लाख बोतलें वापस मंगा रही है। नियामक ने रिपोर्ट में कहा कि तय सीमा से अधिक एन-नाइट्रोसो एटोमोक्सेटिन अशुद्धता पाए जाने के कारण यह फैसला किया गया। इसके तहत कंपनी 10 मिलीग्राम से 100 मिलीग्राम तक की क्षमता वाले भारत में बने उत्पाद वापस मंगा रही है। 

हिंदुओं के लिए सबसे बड़ा खतरा वामपंथी और उदारवादी : सरमा
 असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को आरोप लगाया कि वामपंथी और उदारवादी हिंदुओं के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। मुस्लिम या ईसाई कभी भी हिंदुओं के लिए खतरा नहीं हैं, बल्कि हिंदू समाज को कमजोर करने वाले तत्व समाज के भीतर ही मौजूद हैं। कोलकाता में स्वामी विवेकानंद सेवा सम्मान 2025 के कार्यक्रम में आयोजित पुरस्कार समारोह में सरमा ने कहा, प. बंगाल में हिंदुओं को कमजोर करने की विचारधारा ममता बनर्जी को वामपंथियों और उदारवादियों से विरासत में मिली है।

भारत की सभ्यता 5,000 साल से अधिक पुरानी है और यह 1947 में देश की आजादी से शुरू नहीं हुई। भारत प्राकृतिक रूप से एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है और इसे सहनशीलता और भाईचारे की शिक्षा देने की जरूरत नहीं है। असम के मुख्यमंत्री ने कहा, अगर राहुल गांधी या ममता बनर्जी सोचते हैं कि हिंदू खत्म हो जाएंगे, तो उन्हें बता दें कि हिंदू हमेशा बने रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि असम में हिंदुओं का प्रतिशत घटकर 58 फीसदी रह गया है, जबकि प. बंगाल में यह लगभग 65 फीसदी है। सरमा ने कहा कि हिंदू सभ्यता हमेशा बनी रहेगी और फलती-फूलती रहेगी। 

जादवपुर विवि मामला : बंगाल के शिक्षा मंत्री बोले, पूर्वनियोजित था मेरे ऊपर हमला
जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर में वामपंथी छात्र कार्यकर्ताओं के हंगामे के एक दिन बाद प. बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने रविवार को दावा किया कि उन पर और टीएमसी के प्रोफेसर्स विंग के सदस्यों पर हमला पूर्वनियोजित था। उन्होंने कहा कि उनकी कार के शीशे तोड़े गए। टूटे कांच से उन्हें और ड्राइवर को चोट आई। बसु ने कहा कि मैं छात्र प्रतिनिधियों से बात करने को तैयार था, लेकिन उन्होंने बात करने से इन्कार कर दिया। 

वामपंथी नेताओं को धमकाने के आरोप में AITC के केरल संयोजक अनवर पर केस
अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) के केरल संयोजक पीवी अनवर के खिलाफ रविवार को वामपंथी नेताओं को धमकाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। अनवर के खिलाफ सीपीआई(एम) के एडक्कारा क्षेत्र सचिव की शिकायत के बाद एडक्कारा पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर उकसाना) और 351 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया। अनवर ने 25 फरवरी को एक भाषण में दावा किया था कि कुछ वामपंथी नेता अपने कार्यकर्ताओं को उन पर और यूडीएफ कार्यकर्ताओं पर हमला करने के लिए भेज रहे हैं। अनवर ने कहा था कि अगर आप ऐसा करेंगे तो हम आपके घर आएंगे और आपका सिर फोड़ देंगे। इसलिए बेहतर होगा कि आप अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। यह टिप्पणी उस समय की गई जब एलडीएफ ने चुंगथारा पंचायत में यूडीएफ से नियंत्रण खो दिया था।

केरल: शख्स ने पत्नी और उसके दोस्त को उतारा मौत के घाट

पथानामथित्ता पुलिस ने बताया कि जिले के कलंजूर गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके दोस्त की कथित तौर पर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान वैष्णवी और विष्णु के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वैष्णवी के पति बैजू को अपनी पत्नी और विष्णु के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था।

उसने कथित तौर पर वैष्णवी का पीछा करते हुए कलंजूर में विष्णु के घर तक पहुंचाया, जहां उसने रविवार रात करीब 11 बजे धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। वैष्णवी कथित तौर पर घरेलू विवाद के बाद अपने घर से भागकर विष्णु के घर में शरण लेने आई थी। वैष्णवी पर हमला करने के बाद बैजू ने विष्णु पर भी हमला किया, जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बैजू को हिरासत में ले लिया गया है।

आंध्र में कार-ऑटो की टक्कर में चार लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के कुंदेरू मंडल में रविवार को एक कार ऑटो से टकरा गई। हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसे में कुल सात लोग घायल हुए। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अस्पताल में इलाज के बाद दो और लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर, सर्किल इंस्पेक्टर राजू और पुलिस दल दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए तुरंत अनंतपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।

केरल: नर्सिंग कॉलेज रैगिंग मामले में संस्थान से बर्खास्त होंगे पांचों छात्र
केरल के कोट्टयम स्थित नर्सिंग कॉलेज में हुई रैगिंग की बर्बर घटना में शामिल पांचों छात्रों को संस्थान से बर्खास्त किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने सोमवार को यह घोषणा करते हुए इसे समाज की अंतरात्मा को झकझोर देने वाली घटना करार दिया।

विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान जॉर्ज ने कहा, पांचों आरोपी पहले से ही निलंबित हैं। उन्हें कॉलेज से बर्खास्त करने के आदेश जारी किए जा चुके हैं। इस संबंध में जल्द ही एक आधिकारिक आदेश भी जारी किया जाएगा।

इससे पहले सदन में यह मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस विधायक सजीव जोसेफ ने इस मामले में की गई कार्रवाई का ब्यौरा मांगा और पूछा कि क्या आरोपियों का रैगिंग के मामलों में संलिप्त होने का कोई इतिहास है। इस पर जॉर्ज ने कहा, वे पहले रैगिंग की किसी घटना में शामिल नहीं थे। उनके खिलाफ ऐसी कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई थी।

गंगा, ब्रह्मपुत्र और सिंधु नदियों में 6,324 डॉल्फिन की मौजूदगी: रिपोर्ट
भारत में नदी डॉल्फिन के पहले संख्या अनुमान से गंगा, ब्रह्मपुत्र और सिंधु नदियों में 6,324 डॉल्फिन की मौजूदगी का पता चला है। यह जानकारी सोमवार को प्रकाशित एक सरकारी रिपोर्ट से मिली। गंगा नदी डॉल्फिन अपनी अनूठी विशेषताओं के लिए जानी जाती है तथा भारत, बांग्लादेश, नेपाल और भूटान में गंगा-ब्रह्मपुत्र-मेघना नदियों और इसकी सहायक नदियों में पाई जाती है। कुछ सिंधु नदी डॉल्फिन भारत में सिंधु नदी में पाई जाती है।

‘प्रोजेक्ट डॉल्फिन’ के एक हिस्से के रूप में, आठ राज्यों - उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम और पंजाब में नदी डॉल्फिन की संख्या का अनुमान लगाने के लिए पहली बार एक व्यापक सर्वेक्षण किया गया।

"भारत में नदी डॉल्फिन की संख्या स्थिति" रिपोर्ट के अनुसार, यह विश्व के सबसे बड़े मीठे पानी के सर्वेक्षणों में से एक है, जिसमें गंगा और ब्रह्मपुत्र में गंगा नदी डॉल्फिन की संपूर्ण शृंखला, तथा व्यास नदी में सिंधु नदी डॉल्फिन को शामिल किया गया है।

औद्योगिक परियोजनाओं के क्रियान्वयन में देरी बर्दाश्त नहीं: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार का कहा कि राज्य में औद्योगिक परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फरवरी में बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट के बाद उद्योगपतियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा, बंगाल कौशल और प्रतिभा के मामले में नंबर वन है। हम आईटी और छोटे-मझोले उद्योगों जैसे क्षेत्रों में परियोजनाओं को लागू करने में देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे। 

केरल: त्रिशूर में पूर्व कर्मचारी ने तेल गोदाम में लगाई आग, भारी नुकसान, नौकरी से निकाले जाने पर लिया बदला
केरल के त्रिशूर जिले के वेलाक्कोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक तेल गोदाम में सोमवार तड़के एक पूर्व कर्मचारी ने आग लगा दी। पुलिस के मुताबिक, नौकरी से निकाले जाने से नाराज टीटू थॉमस ने आगजनी की घटना को अंजाम दिया और बाद में मेडिकल कॉलेज पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आग गल्फ पेट्रोकेमिकल्स ऑयल कंपनी के मुंदूर स्थित गोदाम में लगी। यहां एक लाख लीटर से अधिक तेल जमा था।

अग्निशमन विभाग ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर कुन्नमकुलम, त्रिशूर, वडक्कनचेरी, चालाकुडी और गुरुवायुर से अग्निशमन टीमें मौके पर पहुंचीं। तेल टैंकों में बड़ा विस्फोट होने से सफलतापूर्वक बचाव कर लिया गया। आग पर काबू पाने में 8 घंटे लगे और दोपहर 3 बजे इसे पूरी तरह बुझाया जा सका। आग लगने के दौरान गोदाम में रखी करीब 3 लाख रुपये की नकदी बचा ली गई। थॉमस ने पुलिस को बताया कि नौकरी से निकाले जाने के बाद उसने बदला लेने के लिए जानबूझकर आग लगाई। मेडिकल कॉलेज पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, आग से कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

शेख हसीना शासन में छात्र आंदोलन को बर्बर तरीके से दबाया गया: संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने सोमवार को कहा कि पिछले साल बांग्लादेश में हिंसा देखने को मिली, जब तत्कालीन सरकार ने मानवाधिकारों की मांग करने वाले छात्र आंदोलन को बर्बर तरीके से दबाया। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश अब एक नई दिशा की ओर बढ़ रहा है और इस यात्रा में हालिया फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट का महत्वपूर्ण योगदान है। यह रिपोर्ट पिछले साल बांग्लादेश में हुए मानवाधिकार उल्लंघनों को लेकर थी, जिसमें अल्पसंख्यक हिंदू, अहमदी मुसलमानों और आदिवासियों के खिलाफ भेदभाव शामिल है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed