Updates: अब मोबाइल पर फर्जी संदेश का पता लगा सकेंगे; आंध्र के काकीनाडा से 48,000 करोड़ के चावल का अवैध निर्यात
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) का फर्जी फोन कॉल का पता लगाने से संबंधित नया नियम 11 दिसंबर से लागू होगा। पहले इसे एक दिसंबर से लागू किया जाना था। इस नियम के लागू होने के बाद किसी भी संदेश के शुरुआती सोर्स का पता लगाने में मदद मिल सकेगी। इससे फर्जी कॉल करने वालों की पहचान उजागर हो सकेगी। साथ ही बैंक धोखाधड़ी जैसी तमाम तरह की ऑनलाइन समस्याओं को झेल रहे मोबाइल फोन धारकों को भी बड़ी राहत मिल सकती है। मैसेज ट्रेसिबिलिटी वाले नए नियम के लागू होने से मोबाइल फोन पर आए संदेशों के भेजने वाले का पता लग सकेगा। इस सिस्टम में बैंकिंग व प्रचार वाले टेलिमार्केटिंग संदेशों को अलग-अलग रखा जा सकेगा। ट्राई ने कहा, इस नियम से नेटबैंकिंग व आधार ओटीपी मिलने में दिक्कत नहीं होगी।
जगन सरकार में काकीनाडा से हुआ 48,000 करोड़ के चावल का अवैध निर्यात : मंत्री
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सरकार में मंत्री एन मनोहर ने रविवार को आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान काकीनाडा बंदरगाह के जरिये 48,537 करोड़ रुपये के 1.3 करोड़ मीट्रिक टन से अधिक चावल का अवैध निर्यात किया गया। यहां संवाददाता सम्मेलन में नागरिक आपूर्ति, खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्री ने वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार पर काकीनाडा जिले में स्थित बंदरगाह को बदनाम करने और इसे 'तस्करी का अड्डा' बनाने का आरोप लगाया। मनोहर ने कहा, पिछले तीन वित्तीय वर्षों में अकेले काकीनाडा बंदरगाह से 48,537 करोड़ रुपये मूल्य का चावल निर्यात किया गया, जो चावल माफिया के पैमाने को दर्शाता है। लोगों को यह समझने की जरूरत है।
तेलंगाना में एसीबी ने निलंबित अधिकारी के घर पर की छापेमारी
तेलंगाना के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को सिंचाई विभाग के निलंबित इंजीनियर के घर और अन्य जगहों पर छापेमारी की। छापेमारी में अधिकारियों को 17 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति के दस्तावेज़ मिले। इस मामले में एसीबी ने शनिवार को एक बयान में बताया कि इन संपत्तियों का बाजार मूल्य सरकारी मूल्य से कहीं अधिक हो सकता है। इंजीनियर के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति जुटाने का मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी में पांच मकान, 6.5 एकड़ कृषि भूमि, छह फ्लैट और अन्य संपत्तियों के दस्तावेज़ मिले। इसके साथ ही जांच में पता चला कि आरोपी सहायक कार्यकारी अभियंता ने कुल 17,73,53,500 रुपये की संपत्ति जमा की थी। आरोपी को इस साल मई में एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था और अब उसे निलंबित किया जा चुका है।
ईडी की कोलकाता ईकाई ने पश्चिम बंगाल स्कूल भर्ती घोटाले से जुड़े एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एजेंसी की ओर से जारी बयान के अनुसार, पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (डब्ल्यूबीएसएससी) में ग्रुप 'सी' और 'डी' पदों की भर्ती घोटाले के मामले में बिचौलिए प्रसन्ना कुमार रॉय और उनके मुख्य एजेंट चंदन मंडल को क्रमशः 28 नवंबर और 26 नवंबर को गिरफ्तार किया गया।
दो दिसंबर तक हिरासत में आरोपी
दोनों को पीएमएलए की विशेष अदालत ने दो दिसंबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है। पश्चिम बंगाल के सरकारी स्कूल में ग्रुप 'सी' और ग्रुप 'डी' पदों पर अवैध नियुक्ति के मामले में सीबीआई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (1988) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। ईडी ने इन्हीं एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की है।
कर्नाटक में सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश की सीमा से लगे बेल्लारी जिले में रविवार तड़के एक कार के पेड़ से टकरा जाने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार में सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
यह दुर्घटना उस समय हुई जब कार में सवार व्यक्ति बेंगलुरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के अनंतपुर होते हुए बेल्लारी लौट रहे थे।
पश्चिम बंगाल ने अन्य राज्यों को आलू नहीं बेचने दिया तो मंगलवार से हड़ताल: आलू व्यापारी
पश्चिम बंगाल के आलू व्यापारियों ने सरकार के हड़ताल की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार दूसरे राज्यों को आलू बेचने पर प्रतिबंध नहीं हटाती है तो वे मंगलवार को हड़ताल पर चले जाएंगे। दरअसल, पश्चिम बंगाल ने हाल ही में स्थानीय बाजारों में कीमतों को नियंत्रित करने के प्रयास में पड़ोसी राज्यों को आलू बेचने पर प्रतिबंध फिर से लगा दिया है। स्थानीय बाजारों में आलू 35-40 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रहा है।
राज्य सरकार के फैसले के बाद, पुलिस ने राज्य से आलू के परिवहन को रोकने के लिए अंतर-राज्यीय सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी है। इसके कारण कई ट्रक सीमा पार से फंसे हुए हैं।
प्रगतिशील आलू व्यापारी संघ के सचिव लालू मुखर्जी ने सरकार के फैसले की आलोचना करते हुए कहा, “ऐसे अचानक उठाए गए कदमों से हमारा कारोबार बाधित होता है और भारी नुकसान होता है।
गड्ढे में गिरने से सात साल के बच्चे की मौत
भारत-कंबोडिया की सेना का संयुक्त अभ्यास शुरू
The 1st edition of Joint Table Top Exercise, CINBAX, between the Indian Army and the Cambodian Army commenced at the Foreign Training Node, Pune today. The exercise will be conducted from 1st to 8th December 2024. The Cambodian Army contingent will comprise 20 personnel and the… pic.twitter.com/gjl3JPEYlt
— ANI (@ANI) December 1, 2024
किसानों ने की शिंदे को सीएम बनाने की मांग
#WATCH | A farmer Satish Devgunde, says "My wife does not have a brother... Therefore for her, he (Ekanth Shinde) is the Ladka Bhau...Yesterday she started crying during dinner saying how such a situation has come to him that he is not being declared as CM. He has waived… https://t.co/EGopQz66Yl pic.twitter.com/c4nrvmn6du
— ANI (@ANI) December 1, 2024
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) चार दिसंबर को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) के प्रोबा-3 मिशन को प्रक्षेपित करेगा। इस मिशन में इसरो का भरोसेमंद रॉकेट पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (पीएसएलवी) का उपयोग किया जाएगा। इसरो ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह मिशन इसरो की वाणिज्यिक शाखा न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) के साथ ईएसए के सहयोग से हो रहा है। इसको के मुताबिक, इस मिशन के तहत ईएसए के प्रोबा-3 सैटेलाइट (550 किलोग्राम वजन) को एक विशेष अंडाकार कक्षा में स्थापित किया जाएगा, जो जटिल कक्षाओं में सैटेलाइट भेजने के मामले में पीएसएलवी की विश्वसनीयता को साबित करेगा।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता अविनाश जाधव ने विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार की जिम्मेदारी लेते हुए ठाणे और पालघर जिलों के अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। जाधव ने ठाणे से भाजपा के मौजूदा विधायक संजय केलकर के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि वे ठाणे और पालघर जिलों में पार्टी की हार केलिए जिम्मेदार हैं और इसलिए उन्होंने इस्तीफा दिया है।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने 2024 में अब तक त्रिपुरा में 675 अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 55 रोहिंग्या शामिल हैं। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में रविवार को यह जानकारी दी गई।
विज्ञप्ति के मुताबिक, इस दौरान 66316 बोतलें फेन्सिडिल कफ सिरप, 9000 किलोग्राम से अधिक गांजा और छह लाख से अधिक याबा टैबलेट भी जब्त किए गए हैं। बयान में कहा गया है कि बीएसएफ ने इस साल एक जनवरी से 30 नवंबर तक विभिन्न अभियानों में 55 अवैध रोहिंग्या प्रवासियों, 620 बांग्लादेशी नागरिकों और 260 भारतीयों को गिरफ्तार किया है।
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार और हिंदू नेता चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी के खिलाफ रविवार को कोलकाता में विभिन्नन संगठनों ने रैलियां निकालीं। संगठनों ने दास की तत्काल रिहाई की मांग की। इस दौरान भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल इस्कॉन की ओर से आयोजित एक रैली में भाग लिया। वहीं सनातनी हिंदू नामक संगठन ने शनिवार रात दक्षिण कोलकाता के जादवपुर में गांगुली बागान से 8बी बस स्टैंड तक रैली निकाली।
असम के कामरूप महानगर जिले में वन भूमि के अतिक्रमण मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने प्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक से जवाब तलब किया है। अधिकरण ने एक मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें दावा किया गया कि जिले में 35,329 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फैले 16 आरक्षित वनों के एक बड़े हिस्से पर अतिक्रमण किया गया है। जिले के अवैध अतिक्रमणों में फटासिल, दक्षिण कालापहाड़, जालुकबारी, गोटानगर, हेंगरबारी, सरानिया और गरभंगा जैसी पारिस्थितिक रूप से महत्वपूर्ण पहाड़ियां शामिल हैं।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को कहा कि पड़ोसी राज्य मणिपुर की स्थिति का असर असम में भी पड़ने की आशंका है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मणिपुर के साथ लगती बराक घाटी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
कछार जिले में एक कार्यक्रम से इतर सरमा ने कहा कि कछार जिले की बराक घाटी की सीमा मणिपुर के जिरीबाम से लगती है। मणिपुर में पिछले साल मई से इंफाल घाटी स्थित मैतेई और निकटवर्ती पहाड़ी स्थित कुकी-जो समुदाय के बीच जातीय हिंसा में अब तक 250 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। मणिपुर में जिरीबाम जिले के एक राहत शिविर से मैतेई समुदाय की तीन महिलाओं और तीन बच्चों के लापता होने के बाद हिंसा बढ़ गई है। उनके शव बाद में बरामद किए गए थे। 11 नवंबर को सुरक्षा बलों और कुकी उग्रवादियों के बीच गोलीबारी में 10 विद्रोहियों की मौत हो चुकी है।
मणिपुर : 9 जिलों में मोबाइल इंटरनेट प्रतिबंध 3 तक बढ़ा
मणिपुर सरकार ने रविवार को राज्य के 9 जिलों में मोबाइल इंटरनेट का निलंबन 3 दिसंबर तक बढ़ा दिया। गृह विभाग की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया है कि निलंबन को इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, काकचिंग, बिष्णुपुर, थौबल, चुराचांदपुर, कांगपोकपी, फेरजावल और जिरीबाम में बढ़ाया गया है। इसमें कहा गया है कि राज्य सरकार ने मौजूदा कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए मोबाइल इंटरनेट और मोबाइल डाटा सेवाओं का निलंबन जारी रखने का निर्णय लिया है।
असम पुलिस ने पांच बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ लिया और उन्हें पड़ोसी देश वापस भेज दिया। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को यह जानकारी दी। हालांकि उन्होंने उस सीमावर्ती जिले का नाम नहीं बताया जहां अवैध अप्रवासियों को पकड़ा गया। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, "अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पांच और अवैध घुसपैठिए पकड़े गए! उच्च सतर्कता बरतते हुए असम पुलिस ने पांच अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ा और उन्हें सीमा पार भेज दिया।"
उन्होंने बताया कि बिना वैध दस्तावेजों के सीमा पार करने की कोशिश कर रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान मोहम्मद नूर इस्लाम, मोहम्मद इमरान, यास्मीन अख्तर, इश्मो तारा अख्तर और मोहम्मद बाबुल हुसैन के रूप में हुई है।
पड़ोसी देश में अशांति फैलने के बाद से असम में 160 से अधिक घुसपैठियों को पकड़कर वापस बांग्लादेश भेजा गया है। पूर्वोत्तर में 1,885 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा पर चौकसी कड़ी कर दी गई है।
भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने रविवार को तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस पर झूठे वादों करने और लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया। राज्य में कांग्रेस सरकार की पहली वर्षगांठ के मौके पर एक सप्ताह तक चलने वाली समारोह पर कटाक्ष करते हुए तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष रेड्डी ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल जनता के साथ अपने वादों को पूरा करने में विफल रहा है। इस वजह से कांग्रेस सरकार का जश्न अर्थहीन है।
कांग्रेस सरकार ने पिछले साल 7 दिसंबर को विधानसभा चुनाव में जीत के बाद सत्ता संभाली थी। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ किशन रेड्डी ने ए रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि तेलंगाना के लोगों ने बीआरएस के तहत 10 साल के अहंकारी और एक परिवार के शासन के खिलाफ देश की सबसे पुरानी कांग्रेस पार्टी को वोट दिया था। कांग्रेस ने सत्ता में एक साल पूरा कर लिया है, फिर भी लोगों के जीवन में कोई बदलाव नहीं ला सकी है। लोगों ने कांग्रेस पर भरोसा कर उसे वोट दिया था। सरकार 100 दिनों के भीतर 6 गारंटी लागू करने का अपना वादा पूरा नहीं कर सकी है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर किसानों और किराएदार किसानों को सालाना 15,000 रुपये, रायथु भरोसा गारंटी योजना के तहत प्रति एकड़ खेत श्रमिकों को 12,000 रुपये और 10 फसलों के लिए बोनस प्रदान करने के वादे को पूरा करने का आरोप लगाया।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के दक्षिण बंगाल फ्रंटियर ने इस वर्ष नवंबर के अंत तक लगभग 120 करोड़ रुपये का सोना और चांदी जब्त कर 86 भारतीय व 32 बांग्लादेशी तस्करों को गिरफ्तार किया।