फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 19th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: कई देशों के विदेश मंत्रियों से मिले जयशंकर; अमृतपाल सिंह के सात सहयोगी असम जेल से हुए रिहा

Wed, 19 Mar 2025 10:45 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 19 Mar 2025 10:45 PM IST
विज्ञापन
News Updates 19th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने लिकटेंस्टाइन, क्यूबा, मोल्दोवा, नॉर्वे और जॉर्जिया के विदेश मंत्रियों से अलग-अलग मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों समेत वैश्विक मुद्दों पर बातचीत की। ये मुलाकातें रायसीना डायलॉग के इतर हुईं। विदेश मंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इन नेताओं के साथ मुलाकात की जानकारी दी।
विज्ञापन


केरल विदेशी महिलाओं-बच्चों के लिए बनाएगा ट्रांजिट-होम
केरल सरकार ने बुधवार को विदेशी महिलाओं और बच्चों को रखने के लिए तटीय जिले अलप्पुझा में ट्रांजिट-होम स्थापित करने का फैसला किया। सीएमओ के एक बयान में कहा गया है कि प्रस्तावित सुविधा वहां चल रहे विकलांग बच्चों के लिए देखभाल गृह की इमारत में खोली जाएगी। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया। प्रस्तावित ट्रांजिट होम उन विदेशी नागरिकों के लिए हैं, जो अवैध रूप से देश में आए हैं, जो अपने पासपोर्ट या वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी यहां रुके हुए हैं, जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है और पैरोल पर हैं और जिन्हें जेलों की सुरक्षा की आवश्यकता है। कैबिनेट ने विझिनजाम पोर्ट को बलरामपुरम रेलवे स्टेशन से जोड़ने वाली भूमिगत रेलवे लाइन के निर्माण के लिए कोंकण रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (केआरसीएल) द्वारा तैयार की गई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को भी सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी।
विज्ञापन


कांग्रेस ने UIDAI पर चुनाव आयोग के प्रस्ताव का स्वागत किया
कांग्रेस ने यूआईडीएआई (आधार कार्ड) के साथ मतदाता पहचान पत्र को जोड़ने के फैसला का स्वागत किया है। चुनाव आयोग ने मतदाता सूचियों में होने वाले फर्जीवाड़े पर नकेल कसने के लिए अपने विशेषज्ञों और यूआईडीएआई के बीच तकनीकी परामर्श की पहल की है। इस पर कांग्रेस के नेताओं और विशेषज्ञों के सशक्त कार्य समूह ने कहा, पार्टी उनके आरोपों को स्वीकार कर इसी आधार पर मतदाता सूची को साफ़ करने की कोशिश कर रहा है। पार्टी ने कहा, कांग्रेस का मानना है कि कोई भी व्यक्ति वोट देने के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। पार्टी सुरक्षा उपायों और रचनात्मक समाधान का स्वागत करती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

मणिपुर में 3.29 करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार
मणिपुर के चंदेल जिले में 3.29 करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि असम राइफल्स ने रविवार को जिले के कुलजांग गांव में अभियान चलाया। इस दौरान 23 वर्षीय युवक के पास से ब्राउन शुगर के 137 डिब्बे जब्त किये गए। एक बयान में बल ने कहा कि आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए और आगे की कार्रवाई के लिए उसे बाद में पुलिस को सौंप दिया गया।

गुजरात में धर्मांतरण कराने की कोशिश, दो आरोपी गिरफ्तार
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में ईसाई धर्म में धर्मांतरण के लिए नकदी और अन्य लाभ का प्रलोभन देने पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को दर्ज एफआईआर के अनुसार, आरोपियों ने शिकायकर्ता सहित कुछ लोगों को धर्म बदलने के लिए 20,000 रुपये और अन्य लाभ देने की पेशकश की थी। एक अधिकारी ने कहा, पुलिस ने सुरेंद्रनगर निवासी आरोपी रतिलाल परमार और उदयपुर के भंवरलाल पारधी को वडली से गिरफ्तार कर लिया है।

सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर की हत्या दो आरोपियों ने किया आत्मसमर्पण
तमिलनाडु में तीन अज्ञात हमलावरों ने एक सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर की सरेराह हत्या कर दी। घटना मंगलवार सुबह उस वक्त हुई, जब पीड़ित जाकिर हुसैन (60) स्थानीय मस्जिद में नमाज के बाद घर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे जमीन विवाद का संदेह है। इस बीच, एक अधिकारी ने बताया कि हत्या के सिलसिले में दो लोगों ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है।

हथियारों के साथ चार उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर पुलिस ने प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से कुछ पर जबरन धन वसूली के आरोप हैं। इंफाल पूर्व जिले के नगारियान हिल से सोमवार को सुरक्षा बलों ने तीन हथियार, चार हैंड ग्रेनेड और अन्य सामग्री भी बरामद की।

पुडुचेरी में दुकानों को तमिल में प्रदर्शित करने होंगे नाम

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में दुकानों और प्रतिष्ठानों को अपना नाम तमिल में प्रदर्शित करना होगा। मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने मंगलवार को कहा कि सरकार सभी दुकानों और प्रतिष्ठानों को परिपत्र जारी कर इस बाबत निर्देश देगी। भाषा को लेकर विवाद के बीच रंगासामी का यह बयान आया है। विधानसभा में शून्यकाल के दौरान निर्दलीय सदस्य जी नेहरू उर्फ कुप्पुसामी के सवाल पर रंगासामी ने कहा, परिपत्र के माध्यम से सख्त निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि दुकान मालिक साइनबोर्ड पर अपने प्रतिष्ठान का नाम का तमिल में प्रदर्शित करें। कुप्पुसामी ने इस बात पर जोर दिया कि इस मामले में कोई ढील नहीं बरती जानी चाहिए और सरकार से तमिल भाषा के सम्मान के लिए सख्त निर्देश वाले परिपत्र जारी करने का आग्रह किया।

West Bengal: कोलकाता एयरपोर्ट पर नियुक्त हुए तीन नए एयरफील्ड क्रैश फायर टेंडर्स
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तीन नए एयरफील्ड क्रैश फायर टेंडर्स नियुक्त किए गए हैं। एयरपोर्ट के निदेशक प्रव्रत रंजन बेउरिया ने मंगलवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी के कई अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में इन फायर टेंडर्स का उद्घाटन किया। ये अग्निशमन वाहन दुबई में बनाए गए हैं और जीरो से 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार 35 सेकेंड में हासिल कर सकते हैं। इनका कुल वजन 39 टन है और ये एक बार में 10 हजार लीटर पानी स्टोर कर सकते हैं। साथ ही इनमें 250 किलो ड्राई केमिकल और 1300 लीटर क्षमता वाले फोम से भी लैस हैं।

थरूर ने माना- भारत की आलोचना के कारण बिगड़ी उनकी छवि
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने अपनी गलती स्वीकार की है। थरूर ने कहा, रूस-यूक्रेन युद्ध छिड़ने पर भारत के रुख का विरोध करने पर उन्हें मुंह की खानी पड़ी थी। बता दें कि थरूर ने रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला किए जाने पर भारत के रुख की आलोचना की थी और आक्रमण की निंदा करने का आह्वान किया था। अब अपनी गलती स्वीकार करते हुए रायसीना डायलॉग में एक संवाद सत्र के दौरान पूर्व विदेश राज्य मंत्री थरूर ने मंगलवार को कहा, जो नीति अपनाई गई थी, उसके कारण देश अब ऐसी स्थिति में है जहां वह स्थायी शांति के लिए बदलाव ला सकता है। संघर्ष छिड़ने के बाद भारत द्वारा अपनाई गई नीति का मतलब है कि देश के पास वास्तव में एक ऐसा प्रधानमंत्री है जो यूक्रेन के राष्ट्रपति और मॉस्को में राष्ट्रपति दोनों को दो सप्ताह के अंतराल पर गले लगा सकता है। भारतीय राष्ट्राध्यक्ष को दोनों जगहों पर स्वीकार किया जा सकता है।

कोच्चि एयरपोर्ट पर मेकअप आर्टिस्ट 4 करोड़ रुपये के गांजे के साथ गिरफ्तार
कोच्चि में सीमा शुल्क अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक मॉडल और एक मेकअप आर्टिस्ट को 15 किलोग्राम हाइब्रिड गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार रात जब्त किए गए प्रतिबंधित पदार्थ की कीमत बाजार में करीब 4.5 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान राजस्थान के जयपुर की रहने वाली मॉडल मानवी चौधरी और दिल्ली की रहने वाली और पेशे से मेकअप आर्टिस्ट छिब्बत स्वांती के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपी महिलाएं बैंकॉक से आई थीं।

भारत की यात्रा पर आएंगी राष्ट्रमंडल सचिव-चयनित शर्ली बोचवे
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि राष्ट्रमंडल सचिव-चयनित शर्ली बोचवे 20-21 मार्च को भारत की यात्रा पर आएंगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा के दौरान शर्ली बोचवे विदेश मंत्री एस जयशंकर से मिलेंगी और दोनों राष्ट्रमंडल से संबंधित कई मामलों पर चर्चा करेंगे विशेष रूप से, उनकी यात्रा में संबंधित हितधारकों के साथ बातचीत भी होगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, शर्ली बोचवे घाना की पूर्व विदेश मंत्री हैं। वह 1 अप्रैल, 2025 को राष्ट्रमंडल की 7वीं महासचिव के रूप में पदभार ग्रहण करेंगी।

भारत और फ्रांस की नौसेनाओं के बीच संयुक्त युद्धाभ्यास वरुण शुरू
भारत और फ्रांस की नौसेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 'वरुण' बुधवार से शुरू हो गया। दोनों नौसेनाओं के बीच अभ्यास का यह 23वां संस्करण है, जो 22 मार्च तक चलेगा। यह नौसैनिक सहभागिता और परिचालन (ऑपरेशन) के लिए तालमेल को बढ़ाने के लिए दोनों देशों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। नौसेना ने एक बयान में कहा, इस अभ्यास में विमानवाहक पोत विक्रांत और चार्ल्स डी गॉल के साथ-साथ उनके लड़ाकू विमान, विध्वंसक जहाज, फ्रिगेट तथा एक भारतीय स्कॉर्पीन श्रेणी की पनडुब्बी हिस्सा ले रही है। यह दोनों नौसेनाओं की सहयोगी सामर्थ्य को उजागर करती है। चार दिवसीय इस अभ्यास के दौरान उन्नत वायु रक्षा व लड़ाकू अभ्यास आयोजित किये जाएंगे। इसमें फ्रांसीसी राफेल-एम और भारतीय मिग-29के के बीच हवा से हवा में संघर्ष भी शामिल होगा। इससे सामरिक एवं परिचालन क्षमताओं में निखारने आएगा।

कर्नाटक- उडुपी में महिला से मारपीट के आरोप में चार गिरफ्तार
कर्नाटक पुलिस ने बुधवार को बताया कि मछली चोरी का आरोप लगाकर एक महिला को पेड़ से बांधने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि यह घटना 18 मार्च को हुई और कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कथित वीडियो में एक महिला पीड़ित को थप्पड़ मारती हुई दिखाई दे रही है, जबकि भीड़ खड़ी है। बाद में पीड़ित को पेड़ से बांध दिया गया और फिर से उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सार्वजनिक अपमान के बावजूद किसी ने इसे रोकने के लिए हस्तक्षेप नहीं किया।

उडुपी के पुलिस अधीक्षक अरुण के ने कहा कि विजयनगर जिले की निवासी पीड़िता पर स्थानीय लोगों ने मछली चोरी करने का आरोप लगाया था। जिस महिला ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की, उसकी पहचान लक्ष्मी बाई के रूप में हुई है। उसके साथ, तीन अन्य लोगों - सुंदर, शिल्पा और एक अन्य व्यक्ति को घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस वीडियो का विश्लेषण कर इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उडुपी की डिप्टी कमिश्नर विद्या कुमारी के ने कहा कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने में मोदी-पुतिन की वार्ता होगी मददगार- पोलिश उप विदेश मंत्री

पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव टेओफिल बार्टोस्जेव्स्की ने बुधवार को कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच वार्ता रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए मददगार साबित हो सकती है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मानना है कि राष्ट्रपति पुतिन के साथ कोई भी समझौता करने का अधिकार केवल अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास है। बार्टोस्जेव्स्की ने यह टिप्पणी नई दिल्ली में आयोजित रायसीना डायलॉग के दौरान की। उन्होंने कहा कि यह बेहतर होगा कि एक व्यक्ति बातचीत करे और देखे कि क्या होता है। मुझे लगता है कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन भारतीय प्रधानमंत्री मोदी से बहुत बात करते हैं। यह किसी चरण में युद्ध समाप्त करने में बहुत मददगार हो सकता है। इस बीच बार्टोस्जेव्स्की से जब इस्राइल-गाजा युद्ध के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने गाजा में इस्राइल के हालिया हवाई हमले की निंदा की और युद्ध विराम और दो देश समाधान का आह्वान किया।

भ्रष्टाचार के मामले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के दो कर्मचारी गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के मामले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के संरक्षण सहायक और नासिक में संविदा कर्मचारी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एएसआई के संरक्षण सहायक दीपक चौधरी और नासिक स्थित एएसआई पांडवलेनी कार्यालय के एमटीएस में कार्यरत संविदा कर्मचारी प्रकाश काकलिज के रूप में हुई है। सीबीआई ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था।

 

खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के सात सहयोगी असम जेल से रिहा 
खालिस्तान समर्थक कट्टरपंथी प्रचारक अमृतपाल सिंह के सात सहयोगियों को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून रिमांड की अवधि खत्म होने के बाद असम के डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल से रिहा कर दिया गया। हालांकि रिहा होते ही पंजाब पुलिस ने इन सभी को एक अन्य मामले में फिर से गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पंजाब पुलिस की 25 सदस्यीय टीम पिछले कई दिनों से असम के डिब्रूगढ़ में है ताकि अमृतपाल के सात साथियों को स्थानांतरित किया जा सके। ये सभी वारिस पंजाब दे (डब्ल्यूपीडी) नेता के साथ करीब दो साल से यहां कैद हैं। कुलवंत सिंह, हरजीत सिंह और गुरिंदर पाल सिंह को बुधवार को रिहा कर दिया गया क्योंकि राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत उनकी हिरासत अवधि समाप्त हो गई थी। रिहाई के बाद पंजाब पुलिस ने उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया और डिब्रूगढ़ की एक अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड की मांग की।

पिछले दो दिनों में चार अन्य लोगों गुरमीत सिंह, भगवंत सिंह उर्फ प्रधानमंत्री बाजेके, दलजीत सिंह कलसी और बसंत सिंह को भी डिब्रूगढ़ जेल से रिहा किया गया और उसी मामले में उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि सभी को अदालत में पेश किया गया और उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब भेज दिया गया है। अब इन सातों को रिहा कर दिया गया है तथा उन्हें पंजाब स्थानांतरित करने की कानूनी प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। अधिकारी ने बताया कि अमृतपाल सिंह समेत शेष तीन को भी 2025 के मध्य तक स्थानांतरित किए जाने की संभावना है। पुलिस अधीक्षक हरिंदर सिंह गिल के नेतृत्व में पंजाब पुलिस की टीम पूर्वी असम के डिब्रूगढ़ शहर में स्थानांतरण की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में लगी हुई है।

खालिस्तान समर्थक संगठन के दस सदस्यों को मार्च 2023 से डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल में रखा गया है। उन्हें संगठन पर कार्रवाई के बाद पंजाब के विभिन्न हिस्सों से एनएसए के तहत गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार किए गए लोगों में निर्दलीय सांसद अमृतपाल और उसके चाचा भी शामिल हैं। 2024 में एनएसए के तहत उनकी हिरासत अवधि एक साल के लिए बढ़ा दी गई थी। अमृतपाल सिंह के साथ पपलप्रीत सिंह और वरिंदर सिंह जौहल को यहां एनएसए के तहत हिरासत में रखा जाएगा और उनकी हिरासत अवधि जून 2025 में समाप्त होगी। कट्टरपंथी प्रचारक अमृतपाल ने 2024 का लोकसभा चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लड़ा था और पंजाब की खडूर साहिब सीट से जीत हासिल की थी।

अंतरराज्यीय शिशु तस्करी मामले में 27 और गिरफ्तार, 10 बच्चे बचाए गए
हैदराबाद पुलिस ने फरवरी में पकड़े गए अंतरराज्यीय शिशु तस्करी रैकेट के सिलसिले में 27 और लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 10 बच्चों को बचा भी लिया गया है। मामला अवैध रूप से शिशुओं को खरीदने और उन्हें आंध्र प्रदेश-तेलंगाना में निःसंतान दंपतियों को बेचने से जुड़ा है। इससे पहले 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। तब गुजरात से चार शिशुओं को बचाया गया था।

पुलिस ने बताया कि शिशुओं को खरीदने और बेचने वाले तीन आरोपियों से पूछताछ के बाद हैदराबाद निवासी 29 वर्षीय महिला (मुख्य आरोपी) सहित 27 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। राचकोंडा के पुलिस आयुक्त जी सुधीर बाबू ने बताया कि आगे की जांच से पता चला है कि कुल 25 शिशुओं को अवैध रूप से खरीदा और बेचा गया था। शिशुओं को बचाने के लिए विशेष टीमें बनाई गईं और उन्हें तैनात किया गया। पुलिस ने कहा कि एक महीने और उससे अधिक उम्र के शिशु लड़के और लड़कियों को मुंबई, उत्तर प्रदेश के कानपुर, रायपुर (छत्तीसगढ़), अमरावती (महाराष्ट्र) और हैदराबाद से खरीदा गया था। उन्हें कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद और आंध्र प्रदेश के गुंटूर में बेचा गया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed