फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 17th September North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: रेणुकास्वामी हत्याकांड में आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ी; रांची में पटरी से उतरे दो ट्रेन इंजन

Tue, 17 Sep 2024 12:55 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Tue, 17 Sep 2024 12:55 AM IST
विज्ञापन
News Updates 17th September North East West South India Politics Crime National News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

बंगलूरू की एक अदालत ने रेणुकास्वामी हत्याकांड मामले में आरोपी कन्नड़ अभिनेता दर्शन थुगुदीप, उसकी दोस्त पवित्रा गौड़ा और अन्य आरोपियों की न्यायिक हिरासत 30 सितंबर तक बढ़ा दी है। दर्शन और पवित्रा समेत सभी 17 आरोपियों की न्यायिक हिरासत की अवधि मंगलवार को समाप्त होने के बाद उन्हें राज्य की विभिन्न जेलों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया।

विज्ञापन


पुलिस ने इस मामले से जुड़े कुछ तकनीकी साक्ष्य अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए। पुलिस ने चार सितंबर को मामले में 3,991 पृष्ठों का प्रारंभिक आरोपपत्र अदालत में प्रस्तुत किया था। दर्शन (47) फिलहाल बेल्लारी जेल में बंद हैं। उन्हें अदालत की अनुमति लेकर यहां परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल से वहां स्थानांतरित किया गया था।
विज्ञापन


रांची: रेलवे यार्ड में दो ट्रेन इंजन पटरी से उतरे
रांची के पास मंगलवार की सुबह एक रेलवे यार्ड में दो ट्रेन इंजन पटरी से उतर गए। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना मूरी के पास सुइसा रेलवे स्टेशन के नजदीक हुई। उन्होंने बताया कि इंजन पटरी से उतरने के बाद किनारे गिर गया। इसके कारण किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। सिली के पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

तमिलनाडु : विरोध प्रदर्शन करने पर हिरासत में लिए गए सैमसंग के 100 से अधिक कर्मचारी
अपनी मांगों को लेकर कांचीपुरम कलेक्टर कार्यालय की ओर मार्च कर रहे सैमसंग यूनियन के 100 से अधिक कर्मचारियों को तमिलनाडु पुलिस ने सोमवार को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सैमसंग के कर्मचारी पिछले सात दिनों से बेहतर वेतन और कामकाजी माहौल की मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सैमसंग कर्मचारी संघ के एक प्रतिनिधि ने पिछले बृहस्पतिवार को तमिलनाडु श्रम विभाग के मंत्री सीवी गणेशन से भी मुलाकात की थी, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला। इसके बाद कर्मचारियों ने कांचीपुरम शहर सुंकुवरचतिरम कारखाने के पास अपना विरोध जारी रखा। सीटू नेता ई मुथुकुमार की रिहाई की मांग को लेकर कर्मचारी जिला कलेक्टर कार्यालय की ओर मार्च करने जा रहे थे। लेकिन उससे पहले ही कांचीपुरम पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) ने कर्मचारियों को जबरदस्ती हिरासत में लेने का आरोप लगाया है।

झारखंड में तीन नक्सली गिरफ्तार
झारखंड के लातेहार जिले में तीन नक्सली गिरफ्तार हुए हैं। ये तीनों प्रतिबंधित संगठन के पीपल्स लिब्रेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) से जुड़े थे। पुलिस ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार होने वालों में स्वघोषित कमांडर रामविजय सिंह और सदस्य रुपेश राम व धर्मेंद्र लोहरा शामिल हैं। एक अधिकारी ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रविवार को ये गिरफ्तारियां हुईं। नक्सली रंगदारी वसूलने के लिए हेरहंज की ओर जा रहे थे, तभी छापा मार कर उन्हें धर दबोचा गया।

कन्नड़ फिल्म उद्योग को पीओएसएच पर कार्ययोजना के लिए 15 दिन का समय
कर्नाटक राज्य महिला आयोग ने सोमवार को कन्नड़ फिल्म उद्योग से यौन उत्पीड़न के खिलाफ एक समिति बनाने के लिए पीओएसएच पर कार्य योजना लाने या कारण बताने को कहा कि ऐसा करना संभव क्यों नहीं है। इस संबंध में एक बैठक में भाग लेने वाले कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (केएफसीसी) के निदेशक एनएम सुरेश और फिल्म निर्माता कविता लंकेश ने चैंबर को आयोग के निर्देश की पुष्टि की। कुछ दिन पहले राज्य महिला आयोग के निर्देशानुसार केएफसीसी की ओर से महिला कलाकारों के साथ बुलाई गई बैठक में, महिला कलाकारों को पीओएसएच (कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम) के लिए एक कार्य योजना तैयार करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था।

पुणे में ऑटो रिक्शा की टक्कर से दोपहिया सवार की मौत
महाराष्ट्र के पुणे जिले में ऑटो रिक्शा की टक्कर से सोमवार को 55 वर्षीय दोपहिया सवार व्यक्ति की मौत हो गई। ऑटो रिक्शा को कथित तौर पर एक विदेशी महिला पर्यटक चला रही थी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बालासाहेब डेरे के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मृतक अपने दोपहिया वाहन पर 37 वर्षीय दोस्त संजय जाधव के साथ सुबह कहीं जा रहा था। इस दौरान जुन्नर शहर के नारायणगांव-ओजर रोड पर तेज रफ्तार ऑटो-रिक्शा ने दोपहिया को टक्कर मार दी। डेरे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि जाधव को गंभीर चोटें आईं और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, हादसा दोपहिया वाहन को ओवरटेक करते समय हुआ।

कटक में मिलाद-उन-नबी जुलूस में दिखा फलस्तीन जैसा झंडा
ओडिशा के कटक में सोमवार को मिलाद-उन-नबी के अवसर पर आयोजित जुलूस में एक व्यक्ति को फलस्तीन जैसा झंडा लहराते हुए देखा गया, जिसके बाद जुलूस को कुछ देर के लिए रोक दिया गया। पुलिस के अनुसार, घटना शहर के दरगाह बाजार इलाके में हुई।

अतिरिक्त डीसीपी अनिल मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि जुलूस के दौरान एक युवक के पास फलस्तीन के झंडे जैसा झंडा पाया गया। हमने झंडा जब्त कर लिया है और युवाओं को ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जुलूस को कुछ देर के लिए रोक दिया गया और कुछ देर बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा आयोजकों के साथ चर्चा के बाद यह फिर से शुरू हुआ। मिश्रा ने कहा कि झंडे को किसी भी समस्या से बचने के लिए जब्त कर लिया गया था। उन्होंने कहा, 'फलस्तीनी झंडे में तीन रंग और एक त्रिकोण है। हालांकि, पुलिस द्वारा जब्त किए गए झंडे में तीन रंग हैं, लेकिन कोई त्रिकोण नहीं है। इस पर कुछ लिखा हुआ था। इसलिए इसमें फलस्तीनी ध्वज के सटीक विवरण नहीं थे।'

महाराष्ट्र चुनाव से पहले प्रमुख पदों पर शिवसेना सहयोगियों की नियुक्ति
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ शिवसेना में संभावित असंतोष को दबाने के लिए एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार ने सोमवार को पूर्व सांसद आनंदराव अडसुल और पार्टी विधायक संजय शिरसाट को प्रमुख निकायों में नियुक्त किया। शिरसाट को राज्य सरकार के सबसे अमीर उपक्रमों में से एक सिटी एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (सिडको) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शिरसाट उन शिवसेना विधायकों में से एक हैं, जो अतीत में कैबिनेट पद नहीं मिलने पर अपनी निराशा के बारे में मुखर थे।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता वाले शहरी विकास विभाग द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, सिडको अध्यक्ष का पद कैबिनेट रैंक के बराबर है। सेना नेता रामदास कदम के बेटे सिद्धेश कदम को महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया। शिंदे ने अपनी पार्टी के सहयोगी और पूर्व सांसद आनंदराव अडसुल को महाराष्ट्र राज्य अनुसूचित जाति और जनजाति आयोग का अध्यक्ष भी नियुक्त किया। सोमवार को जारी एक सरकारी आदेश में कहा गया है कि नियुक्ति का कार्यकाल अगले डेढ़ साल या अगला सरकारी आदेश आने तक रहेगा।

कांग्रेस को मिलेगी चार संसदीय समितियों की अध्यक्षता
संसदीय समितियों की अध्यक्षता को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच बातचीत पूरी हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस को विदेश और कृषि समेत चार समितियों का जिम्मा सौंपा जाएगा। कांग्रेस पार्टी पांच समितियां चाहती थी लेकिन लोकसभा की तीन और राज्यसभा की एक संसदीय समिति की अध्यक्षता सौंपने पर सहमति बनी है।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस लोकसभा में विदेश मामलों, कृषि, पशुपालन एवं खाद्य प्रसंस्करण, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज से जुड़ी संबंधित विभागीय स्थायी समितियों की अध्यक्षता करेगी। वहीं, राज्यसभा में उसे शिक्षा संबंधी समिति की अध्यक्षता हासिल होगी। सबसे अहम बात यह है कि कांग्रेस पांच साल के अंतराल के बाद विदेश मामलों की महत्वपूर्ण समिति की अध्यक्षता करेगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर सितंबर 2014 से मई 2019 के बीच विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष रहे थे।

बंगलूरू: मेट्रो स्टेशन कर्मचारियों ने व्यक्ति को आत्महत्या करने से बचाया
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू के ज्ञान भारती मेट्रो स्टेशन पर आज पटरी पर कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश करने वाले एक व्यक्ति को बचा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना अपराह्न करीब 2.13 बजे की है। व्यक्ति के आत्महत्या करने की कोशिश के कारण का पता नहीं चल सका है।

मेट्रो के अधिकारियों के अनुसार बिहार के रहने वाले सिद्धार्थ (30 वर्षीय) ने आज ज्ञानभारती मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आते समय पटरी पर छलांग लगा दी। मेट्रो कर्मचारियों द्वारा तत्काल आपातकालीन ट्रिप प्रणाली (ईटीएस) को सक्रिय किया गया और स्टेशन नियंत्रक एवं टीम द्वारा व्यक्ति को बचा लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पर्पल लाइन पर ट्रेन सेवाएं अपराह्न 2.30 बजे बहाल कर दी गईं।

आईपीएस अधिकारी अनुराग गर्ग को एनसीबी के नए महानिदेशक नियुक्त  
आपीएस अधिकारी अनुराग गर्ग को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया है। यह आदेश मंगलवार को जारी किया गया। 

गर्ग 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में सीमा सुरक्षा बल में अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं। गृह मंत्रालय (एमएचए) के आदेश के अनुसार, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने अनुराग गर्ग को एनसीबी के महानिदेशक के पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी है।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed