Updates: PM मोदी के जन्मदिन पर भाजपा मना रही 'सेवा पखवाड़ा'; कोरिया में भारत के अगले राजदूत होंगे गौरंगलाल दास
पश्चिम बंगाल स्कूल सर्विस कमीशन (SSC) ने 7 सितंबर को आयोजित कक्षा 9 और 10 की शिक्षक भर्ती परीक्षा के प्रारंभिक मॉडल आंसर मंगलवार देर रात अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिए। एसएससी चेयरमैन सिद्धार्थ मजूमदार ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी इन मॉडल आंसर पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। विशेषज्ञों की टीम आपत्तियों की जांच करेगी और उसके बाद आयोग अंतिम आंसर-की जारी करेगा। इन्हीं के आधार पर कॉपियां जांची जाएंगी। यह प्रक्रिया दुर्गा पूजा की छुट्टियों के बाद होगी।
आयोग ने नोटिस में कहा कि 7 सितंबर को 11 विषयों की परीक्षा के लिए तैयार प्रारंभिक मॉडल आंसर अब उम्मीदवारों के लिए अपलोड कर दिए गए हैं। कक्षा 11 और 12 की शिक्षक भर्ती परीक्षा, जो 14 सितंबर को हुई थी, उसके मॉडल आंसर 20 सितंबर को अपलोड किए जाएंगे। उम्मीदवार 20 से 25 सितंबर तक प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क देकर सुझाव जमा कर सकेंगे। यदि सुझाव सही पाए जाते हैं तो जमा की गई राशि लौटा दी जाएगी।
आंध्र प्रदेश में अमानवीय घटना, पत्नी को खंभे से बांधकर पीटा
आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले से एक बेहद दर्दनाक और अमानवीय घटना सामने आई है। यहां के तरलुपाडु मंडल में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को संदिग्ध रिश्ते के शक में खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद आक्रोश फैल गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बलराजु की दो पत्नियां हैं और वह दूसरी पत्नी के साथ रह रहा था। हाल ही में इलाज के लिए पैसों की मांग करने पर पहली पत्नी भाग्यम्मा ने यह कहते हुए मना कर दिया कि वह चार बच्चों की अकेली देखभाल कर रही है। इसी बात से गुस्साए बलराजु ने पत्नी को खंभे से बांधकर मारपीट की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।
DPI और AI के क्षेत्र में मिलकर काम करना चाह रहा वेनेजुएला
भारत और वेनेजुएला डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (डीपीआई) और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में मिलकर काम करना चाहते हैं। इसमें भुगतान, नागरिक सेवाओं, कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में परिवर्तनकारी अनुप्रयोग शामिल हैं।
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि मंत्रालय के सचिव (पूर्व) पी. कुमारन ने वेनेजुएला के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विकास उप-मंत्री राउल हर्नांडेज से मुलाकात कर आपसी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। मंत्रालय के अनुसार, भारत और वेनेजुएला के बीच हमेशा सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं। दोनों देशों ने 2023 में राजनयिक संबंधों की स्थापना की 64वीं वर्षगांठ मनाई थी। कराकास और नई दिल्ली में चार दशकों से अधिक समय से दोनों देशों के स्थायी दूतावास हैं। वेनेजुएला भारत के सबसे बड़े तेल आपूर्तिकर्ताओं में से एक के रूप में उभरा है। फरवरी में डिजिटल परिवर्तन के लिए जनसंख्या स्तर पर कार्यान्वित सफल डिजिटल समाधानों को साझा करने के क्षेत्र में सहयोग पर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और वेनेजुएला के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे।
बंगाल : अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मी के साथ दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के एक सरकारी अस्पताल में संविदा स्वास्थ्यकर्मी से दुष्कर्म के आरोप में मंगलवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी एक निजी स्वास्थ्य सेवा कंपनी का कर्मचारी है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य अर्चना मजूमदार ने कोलकाता में संवाददाताओं से कहा कि आयोग पंसकुरा के उस अस्पताल में एक टीम भेजेगा जहां रविवार रात को यह अपराध हुआ था। उस समय पीड़िता ड्यूटी पर थी। पुलिस ने पीड़िता की ओर से अस्पताल प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए नियुक्त कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद प्राथमिकी दर्ज की।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा, आरोपी पिछले कई दिनों से मुझे अश्लील प्रस्ताव दे रहा था। मैं आधिकारिक काम के अलावा जितना हो सके, उससे बचती रही। रविवार की रात उसने मुझे दवा वितरण के बारे में बात करने के लिए एक कमरे में बुलाया और मेरे साथ दुष्कर्म किया। उस व्यक्ति को पूर्वी मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट से गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष अजीत कुमार मोहंती ने मंगलवार को कहा कि भारत परमाणु क्षेत्र में निजी कंपनियों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए एक सक्षम कानूनी ढांचा तैयार कर रहा है। सरकार ने 2047 तक अपनी परमाणु ऊर्जा क्षमता 100 गीगावाट तक बढ़ाने के लक्ष्य के साथ परमाणु ऊर्जा मिशन शुरू किया है।
वियना में अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के 69वें सम्मेलन में मोहंती ने कहा, इस लक्ष्य को पाने के लिए स्वदेशी तकनीकों, सार्वजनिक-निजी साझेदारी और बड़े निवेश पर जोर है। अभी भारत में 24 परमाणु संयंत्र चल रहे हैं, जिनकी कुल क्षमता 8,190 मेगावाट है। सरकार का लक्ष्य 2032 तक इसे 22 गीगावाट तक ले जाना है। मोहंती ने बताया कि सरकार ने छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर (एसएमआर) पर अनुसंधान और विकास के लिए 2 अरब डॉलर से ज्यादा का बजट रखा है। योजना है कि 2033 तक कम से कम पांच स्वदेशी एसएमआर काम करने लगें। 2024-25 में न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन के संयंत्रों का लोड फैक्टर 87 प्रतिशत रहा और पहली बार 50 अरब यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ। भाभा परमाणु रिसर्च सेंटर (बार्क) हल्के पानी पर आधारित 200 मेगावाट एसएमआर, 55 मेगावाट एसएमआर और हाइड्रोजन उत्पादन के लिए हाई टेंपरेचर गैस रिएक्टर विकसित कर रहा है।
भारत ने अर्जेंटीना में लिथियम ब्लॉक का किया अधिग्रहण
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि खान मंत्रालय के तहत संयुक्त उद्यम खनिज विदेश इंडिया लि. (काबिल) विदेशों में खनिज संपत्तियों का अधिग्रहण कर चुकी है। अब तक अर्जेंटीना में लिथियम ब्लॉक लिए जा चुके हैं, जबकि जाम्बिया व चिली समेत कई देशों से बातचीत जारी है। जापान, पेरू, ऑस्ट्रेलिया व यूएई जैसे देशों से समझौता ज्ञापन भी किए जा रहे हैं।
महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक की नीलामी के छठे चरण की शुरुआत और उत्कृष्टता केंद्रों पर सेमिनार में रेड्डी ने कहा, 2030 तक दुनिया में ईवी बैटरी व नवीकरणीय ऊर्जा की मांग लगभग तीन गुना बढ़ जाएगी। इसे देखते हुए भारत को एक मजबूत शोध व विकास प्रणाली की जरूरत है। भारत ने राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन के लिए लगभग 4 अरब डॉलर आवंटित किए हैं, जबकि अमेरिका ने इसी क्षेत्र में सिर्फ 1 अरब डॉलर दिए हैं। अब सरकार लिथियम, कोबाल्ट व निकेल की खोज पर काम कर रही है। मंगलवार को छठी नीलामी में 23 खनिज ब्लॉक बोली के लिए पेश किए गए, जिनमें पहली बार तेलंगाना, पंजाब, उत्तराखंड व बंगाल भी शामिल हुए।
भाजपा ने मनाया 'सेवा पखवाड़ा'
पीएम मोदी खुद महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर केंद्रित एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करने के लिए मध्य प्रदेश के धार पहुंच रहे हैं। वह कई अन्य विकास कार्यक्रमों का भी शुभारंभ करेंगे, जिनमें आदिवासी आबादी पर केंद्रित एक कार्यक्रम भी शामिल है, और लोगों को संबोधित भी करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अथक परिश्रम से देश को नई ऊर्जा दी है और उसे एक नई दिशा दिखाई है।
सिंह ने कहा कि उन्होंने विश्व स्तर पर भारत की क्षमता और सम्मान को बढ़ाया है और लोगों व गरीबों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अनुकरणीय है। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के हर वर्ग की प्रगति के लक्ष्य के साथ आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए कई परिवर्तनकारी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक प्रतिष्ठा मिली है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बताया और कामना की कि उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और "विश्वगुरु" बने और आतंकवाद व भ्रष्टाचार का उन्मूलन करे।
संयुक्त कमांडरों का सम्मेलन आयोजित
In a first-of-its-kind initiative at the Combined Commanders’ Conference, CCC 2025, junior leaders from the three Services engaged in candid discussions on combat leadership, morale under stress and resilience. They also had the unique opportunity to interact directly with… pic.twitter.com/z7sAE8BDre
— ANI (@ANI) September 17, 2025
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अंडमान और निकोबार द्वीप के पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता कुलदीप राय शर्मा और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। सहकारी बैंक लोन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस नेता समेत तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि संघीय जांच एजेंसी की ओर से धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अंडमान और निकोबार में इस तरह की पहली गिरफ्तारी है।
57 वर्षीय कुलदीप शर्मा अंडमान निकोबार राज्य सहकारी बैंक (एएनएससीबी) के पूर्व अध्यक्ष हैं। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दो अन्य लोग बैंक के प्रबंध निदेशक के. मुरुगन और बैंक के लोन ऑफिसर के. कलैवानन हैं। विशेष पीएमएलए अदालत ने कांग्रेस नेता और अन्य आरोपियों को तीन दिन के लिए ईडी के रिमांड पर भेज दिया, जहां उनसे बैंक लोन धोखाधड़ी मामले में पूछताछ होगी।
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार, राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) और अन्य से जवाब मांगा है। यह याचिका वकील गौरव कुमार बंसल ने दाखिल की है, जिसमें मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में बाघ-शिकार और वन्यजीव तस्करी के गंभीर मामले को उठाते हुए सीबीआई जांच की मांग की गई है।
सीजेआई बीआर गवई और न्यायमूर्ति के विनोद चंद्रन की पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही थी। याचिकाकर्ता ने कहा कि देश के करीब 30 फीसदी बाघ संरक्षित टाइगर रिजर्व के बाहर रहते हैं और कई समाचार रिपोर्टों में बड़े पैमाने पर बाघों के शिकार का खुलासा हुआ है। पीठ ने नोटिस जारी करते हुए केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी से याचिका पर निर्देश लेने को कहा। याचिका में हालिया घटनाओं और खुलासों का हवाला दिया गया है, जिनमें यह सामने आया कि एक संगठित अंतरराष्ट्रीय गिरोह व्यवस्थित तरीके से मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में बाघों का शिकार कर रहा है। इन बाघों की खाल, हड्डियां और अन्य अंगों की तस्करी राज्य की सीमाओं से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक की जा रही है।
याचिका में कहा गया है कि कई आरोपियों की गिरफ्तारी, बाघ की खाल और हड्डियों की बरामदगी, हथियार और वित्तीय रिकॉर्ड जब्त होने के साथ-साथ महाराष्ट्र सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट यह साबित करती है कि यह कोई अलग-थलग घटना नहीं, बल्कि अपराधी नेटवर्क का हिस्सा है, जो कानून-व्यवस्था और पारिस्थितिक सुरक्षा दोनों के लिए खतरा है। याचिकाकर्ता ने कहा कि संरक्षित रिजर्व से लगे गैर-संरक्षित जंगल ऐसे गिरोहों के लिए आसान निशाना बन गए हैं। अगर अदालत ने हस्तक्षेप नहीं किया तो राष्ट्रीय पशु 'बाघ' के अस्तित्व और देश की पारिस्थितिक सुरक्षा पर गंभीर संकट मंडराएगा। याचिका में मांग की गई है कि सीबीआई को पूरे मामले की जांच सौंपी जाए और एसआईटी की सिफारिशों को तुरंत लागू किया जाए। इसके साथ ही, बाघ कॉरिडोर और रिजर्व से लगे जंगलों की सुरक्षा, निगरानी और गश्त को उसी स्तर पर मजबूत किया जाए, जैसा कोर क्षेत्र में किया जाता है।
म्यांमार तक पहुंचाई जा रही बाघों की खाल और हड्डियां
याचिका में महाराष्ट्र सरकार की एसआईटी रिपोर्ट का हवाला दिया गया है, जिसमें पेशेवर शिकारी, तस्कर और हवाला कारोबारियों का बड़ा नेटवर्क सामने आया है। यह नेटवर्क बाघों की हत्या कर उनकी खाल, और हड्डियां गैरकानूनी चैनलों के जरिये म्यांमार तक पहुंचा रहा है। याचिका में गृह मंत्रालय, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, सीबीआई और एनटीसीए को पक्षकार बनाया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश सरकार तथा उनके मुख्य वन अधिकारियों को भी प्रतिवादी बनाया गया है।
विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव गौरंगलाल दास कोरिया गणराज्य में भारत के अगले राजदूत होंगे। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को इसकी घोषणा की। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा, गौरंगलाल दास 1999 बैच के आईएफएस अधिकारी हैं। मंत्रालय ने एक अन्य बयान में कहा कि साओ टोम और प्रिंसिपे में हमारे राजदूत दीपक मिगलानी को दक्षिण सूडान गणराज्य में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। उनके जल्द कार्यभार संभालने की उम्मीद है।
पंजाब बाढ़ राहत पर राहुल गांधी का पीएम मोदी को पत्र
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पंजाब में आई भयंकर बाढ़ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा घोषित 1,600 करोड़ रुपये की प्रारंभिक राहत राज्य के लोगों के साथ अन्याय है। राहुल गांधी ने दावा किया कि बाढ़ से पंजाब को कम से कम 20,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से नुकसान का जल्द आकलन कराने और एक व्यापक राहत पैकेज देने की मांग की। राहुल ने लिखा, 'यह संकट साहसिक कदम की मांग करता है। लोगों की आजीविका, फसलें और घर तबाह हो गए हैं। ऐसे में त्वरित और पर्याप्त मदद जरूरी है।' गौरतलब है कि पंजाब के कई जिलों में भारी बारिश और नदियों के उफान के कारण गांवों में बाढ़ का पानी भर गया है। राज्य सरकार लगातार केंद्र से अतिरिक्त मदद की मांग कर रही है।
गुजरात दंपती का दावा- बेटा थाईलैंड में बंधक, पुलिस ने जांच की शुरू
गुजरात के वडोदरा में एक दंपती ने दावा किया है कि उनका 28 वर्षीय बेटा पिछले पांच महीनों से थाईलैंड में बंधक बनाकर रखा गया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नगरभाई रानपरा और उनकी पत्नी रीता ने दो दिन पहले सामा पुलिस स्टेशन में आवेदन दिया था। उनका कहना है कि उनका बेटा तुषार पिछले साल अप्रैल में स्थानीय एजेंटों की मदद से दुबई गया था। बाद में एक दुबई-आधारित एजेंट उसे सितंबर 2024 में थाईलैंड भेज दिया। परिवार का आरोप है कि तुषार पांच महीने से संपर्क में नहीं है और उसे जबरन काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। पुलिस ने मामला अपराध शाखा को सौंप दिया है, जो तुषार का पता लगाने और उसे सुरक्षित वापस लाने की कोशिश कर रही है।