फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 17th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: केरल में केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन, पूर्व केंद्रीय मंत्री का निधन; कर्नाटक में 75 करोड़ की ड्रग्स जब्त

Mon, 17 Mar 2025 06:23 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 17 Mar 2025 06:23 PM IST
विज्ञापन
News Updates 17th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
केरल के सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने सोमवार को राज्यभर में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन आयोजित किए। एलडीएफ ने आरोप लगाया कि केंद्र ने हाल के बजट में केरल की उपेक्षा की है और राज्य की ओर से उठाए गए मुद्दों को नजरअंदाज किया है। मुख्य विरोध प्रदर्शन राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित राजभवन के सामने हुआ, जबकि अन्य जिलों के विधानसभा क्षेत्रों में भी इसी तरह के विरोध प्रदर्शन किए गए। 
विज्ञापन


आंध्र प्रदेश में मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त
आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली में एक मालगाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई, जिसके चलते रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हुआ है। दुर्घटना के चलते ट्रैक पर रेल सेवा बाधित हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, अनाकापल्ली से विशाखापत्तनम जा रही एक मालगाड़ी अनाकापल्ली के नजदीक ही एक गार्डर से टकरा गई। ओवरलोडिंग होने की वजह से यह हादसा हुआ। 
विज्ञापन

 

पूर्व केंद्रीय मंत्री देबेंद्र प्रधान का निधन
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता देबेंद्र प्रधान का सोमवार को निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। उनके पुत्र धर्मेन्द्र प्रधान, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली मौजूदा केंद्र सरकार में शिक्षा मंत्री हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई के पूर्व अध्यक्ष देबेंद्र प्रधान ने नयी दिल्ली में अंतिम सांस ली। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि देबेंद्र प्रधान एक लोकप्रिय जननेता और योग्य सांसद थे।
 

लापरवाही बरतने के आरोप में बिहार पुलिस के तीन निलंबित
बिहार के मुंगेर में एएसआई संतोष कुमार सिंह की मौत के मामले में तीन जवानों को सस्पेंड कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीआईजी को कार्रवाई के लिए अनुशंसा की गई थी। डीआईजी ने सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर निलंबन आदेश जारी किया। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में जिन लोगों को सस्पेंड किया गया है, उनमें मुफस्सिल एसएचओ चंदन कुमार, एक बीसीपी जवान और डायल 112 का ड्राइवर शामिल हैं।

News Updates 17th March North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
सुप्रीम कोर्ट - फोटो : ANI
लोकपाल के आदेश पर स्वत: कार्यवाही पर कल सुप्रीम सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट लोकपाल के 27 जनवरी को पारित आदेश पर शुरू की गई स्वत: कार्यवाही पर 18 मार्च को सुनवाई करेगा। शीर्ष कोर्ट ने हाईकोर्ट के वर्तमान न्यायाधीशों के खिलाफ शिकायतों पर विचार करने के लोकपाल के आदेश पर रोक लगा दी थी। जस्टिस बीआर गवई, जस्टिस सूर्यकांत व जस्टिस अभय एस ओका की पीठ मामले की सुनवाई करेगी। 20 फरवरी को अदालत ने नोटिस जारी कर केंद्र, लोकपाल रजिस्ट्रार व हाईकोर्ट के न्यायाधीश के खिलाफ शिकायत देने वाले व्यक्ति से जवाब मांगा था।

इसरो, एससीएल ने बनाया 32-बिट माइक्रोप्रोसेसर
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र और सेमीकंडक्टर प्रयोगशाला (एससीएल), चंडीगढ़ ने संयुक्त रूप से अंतरिक्ष अनुप्रयोगों के लिए 32-बिट माइक्रोप्रोसेसर विकसित किए हैं। इसरो ने बताया कि इनके नाम विक्रम 3201 और कल्पना 3201 रखे गए हैं।

झारखंड : घर में मिला तीन बच्चों सहित पिता का शव
झारखंड के गिरिडीह जिले में 36 साल के पिता और उसके तीन बच्चों के शव उसके घर में पाए गए। संदेह है कि मृतक ने पहले अपने तीन बच्चों की गला घोंट कर हत्या की और फिर उसके बाद खुद फंदे पर लटक गया। पुलिस अधीक्षक बिमल कुमार ने कहा कि मामले की सभी तरह से जांच करने के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर भेजा गया है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मृतक राजमिस्त्री का काम करता था।

खाई में गिरा वाहन, आईआईटी धनबाद के 10 छात्र घायल
सिक्किम के मंगन जिले में एक वाहन 100 फुट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में उसमें सवार आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की चार छात्राओं समेत 10 छात्र घायल हो गए। इनमें तीन की हालात गंभीर है। पुलिस ने बताया कि जब छात्र लाचुंग से गंगटोक जा रहे थे अचानक ड्राइवर से वाहन से नियंत्रण खो दिया और दुर्घटना हो गई। हादसे में ड्राइवर भी घायल है।

बिहार में कांग्रेस ने शुरू की पलायन रोको नौकरी दो पदयात्रा
बिहार में कांग्रेस ने रविवार को प्रदेशव्यापी पलायन रोको, नौकरी दो पदयात्रा शुरू की। इसका उद्देश्य बेरोजगारी और बड़े पैमाने पर हो रहे युवाओं के पलायन को केंद्र में रखकर सरकार पर निशाना साधना है। अभियान की शुरुआत पश्चिम चंपारण जिले के भितिहरवा आश्रम से हुई। यहां महात्मा गांधी ने ऐतिहासिक चंपारण सत्याग्रह का नेतृत्व किया था। एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने कहा, यह सरकार रोजगार देने में पूरी तरह विफल है। हर प्रतियोगी परीक्षा में पेपर लीक या अदालती केस हो जाते हैं। नौकरी पेशा लोगों को पेंशन से वंचित कर दिया गया है। जब सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार नहीं दे पाती, तो वह समाज के एक वर्ग को दूसरे के खिलाफ खड़ा कर देती है।

त्रिपुरा : धर्मनगर में पकड़े गए चार रोहिंग्या, दो दलाल
सीमासुरक्षा बल ने त्रिपुरा के धर्मनगर से अवैध रूप से रह रहे चार रोहिंग्या को पकड़ा। साथ ही घुसपैठ में मदद करने वाले दो भारतीय दलालों को भी हिरासत में लिया गया। बीएसएफ सूत्रों के अनुसार, ये बांग्लादेश के शरणार्थी शिविर में रह रहे थे। इन्हें दो भारतीय दलालों ने घुसपैठ कराई थी।  इससे पहले 11 मार्च को 29 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया था।

केंद्र सरकार औरंगजेब की कब्र पर एक रुपया खर्च न करे : टी राजा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और गोशामहल के विधायक टी राजा सिंह ने केंद्र सरकार से मुगल बादशाह औरंगजेब की कब्र पर एक भी रुपया खर्च न करने की अपील की है। उन्होंने यह अपील 15 मार्च को केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को लिखे पत्र में की। सिंह ने पत्र में बीते कुछ वर्षों में मकबरे पर एएसआई की खर्च की गई कुल राशि, रखरखाव, सुरक्षा और अन्य संबंधित पहलुओं पर किए गए सालाना खर्च का विस्तृत विवरण मांगा है।

कर्नाटक : विषाक्त भोजन से छात्र की मौत, 29 अस्पताल में भर्ती
कर्नाटक के मांड्या में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग मामले में 13 साल के छात्र की मौत हो गई। वहीं, बाकी के 29 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक छात्र की पहचान मेघालय के रहने वाले केरलॉन्ग के तौर पर की गई। दरअसल, मालवल्ली तालुक के टी कागेपुरा गांव के गोकुला विद्या संस्थान के छात्रों की हालत एक निजी आयोजन का बचा खाना खाने के बाद  बिगड़ी थी। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने घटना पर दुख जताते जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

गृह मंत्रालय ने अवैध बांग्लादेशियों की व्यापक जांच के दिए निर्देश
गृह मंत्रालय ने देश में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के मामलों की व्यापक जांच के निर्देश दिए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हाल में एक बैठक के दौरान केंद्र ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ऐसे लोगों की पहचान के निर्देश भी दिए, जिन्होंने अवैध प्रवासियों को भारत की नागरिकता से संबंधित आधार और अन्य दस्तावेज बनाने के लिए दस्तावेज पाने में मदद की है। 

ओडिशा का बौध लगातार दूसरे दिन देश में सबसे गर्म रहा
मौसम विभाग के मुताबिक ओडिशा का बौध रविवार को देश का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झारसुगुड़ा में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस जबकि, बोलनगीर में 41.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। ये दोनों देश में दूसरे और तीसरे सबसे गर्म स्थान रहे। महाराष्ट्र का चंद्रपुर 41.6 डिग्री सेल्सियस के साथ चौथे स्थान पर रहा। शनिवार को ओडिशा के बौध का तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने बताया कि ओडिशा के बड़े हिस्से, विशेषकर पश्चिमी क्षेत्र में रविवार को भीषण गर्मी रही।

बंगाल की जेल में फांसी पर लटका मिला आजीवन कारावास का कैदी, परिवार ने जताया संदेह
पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले की जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 33 वर्षीय शख्स का शव फंदे से लटका मिला। मृतक के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि सुधार गृह में उसके साथ मारपीट की जाती थी और यातना के कारण उसकी मौत हो गई। इस मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया, मृतक की पहचान बिस्वजीत संतरा के रूप में हुई है। उसे शनिवार दोपहर बर्धमान सुधार गृह के बाथरूम में फांसी से लटका पाया गया। गले में एक फटा हुआ कंबल बंधा हुआ था।

पीएम मोदी के पॉडकास्ट पर कांग्रेस का तंज, कहा- पाखंड की कोई सीमा नहीं, केवल शब्दों का खेल
लोकप्रिय अमेरिकी पॉडकास्टर और कंप्यूटर वैज्ञानिक लेक्स फ्रिडमैन के साथ पीएम मोदी ने तीन घंटे से अधिक समय का पॉडकास्ट किया। इसमें उन्होंने विदेश मामलों के विभिन्न मुद्दों पर खुलकर बात की। प्रधानमंत्र ने अपनी जीवन यात्रा के विभिन्न पहलुओं पर भी बात की। कांग्रेस ने इस पर कटाक्ष किया और कहा, उनके 'पाखंड' की कोई सीमा नहीं है। कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा, आलोचना लोकतंत्र की आत्मा है। पीएम ने उन संस्थानओं को ध्वस्त किया है जो उनकी सरकार को जवाबदेह ठहराते थे। बकौल जयराम रमेश, प्रधानमंत्री आलोचकों के पीछे "प्रतिशोध की भावना" से पड़े हैं।

21 मार्च से अमित शाह का तीन दिवसीय ओडिशा दौरा; विकास परियोजनाओं का शिलान्यास

गृह मंत्री अमित शाह 21 मार्च से ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। भाजपा नेता मनमोहन सामल ने रविवार को बताया कि शाह 21 मार्च की शाम झारसुगुड़ा हवाई अड्डे पहुंचेंगे और एमसीएल गेस्ट हाउस में ठहरेंगे। 22 मार्च को वे संबलपुर स्थित मां समलेश्वरी मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके बाद झारसुगुड़ा के पीएचडी ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे और कुछ परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। शाह 23 मार्च को पुरी म में श्री जगन्नाथ मंदिर के दर्शन करने के बाद जटनी में प्रस्तावित फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी की आधारशिला रखेंगे। भाजपा के शीर्ष नेताओं ने रविवार को संबलपुर के बुरला में बैठक कर शाह के दौरे की तैयारियों का जायजा लिया। सामल ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत अन्य वरिष्ठ नेता शाह के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के नए अध्यक्ष वी नारायणन ने रविवार को घोषणा की कि केंद्र सरकार ने चंद्रयान-5 मिशन को मंजूरी दे दी है। यह मिशन चंद्रमा की सतह का अध्ययन करने के लिए जापान के सहयोग से अंजाम दिया जाएगा। नारायणन ने बंगलूरू में आयोजित एक समारोह में यह जानकारी साझा की। यहां उन्हें इसरो प्रमुख का पदभार संभालने पर सम्मानित किया गया। चंद्रयान-5 में 250 किलोग्राम वजनी रोवर भेजा जाएगा, जो चंद्रयान-3 के रोवर प्रयागयान (25 किलो) से 10 गुना भारी होगा। इसका उद्देश्य चंद्रमा की सतह का गहन विश्लेषण करना है। नारायणन ने बताया, तीन दिन पहले ही इस मिशन को मंजूरी मिली। हम इसे जापान के साथ मिलकर अंजाम देंगे। हमारा फोकस तकनीकी के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति पर है। उन्होंने इसरो की टीम और वैज्ञानिक समुदाय के योगदान की तारीफ की। विशेषज्ञों के मुताबिक, चंद्रयान-5 भारत को चंद्र अन्वेषण में अग्रणी बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होगा।

कर्नाटक में पुलिस ने पकड़ी करोड़ों रुपये की नशे की खेप

कर्नाटक के मंगलूरू में पुलिस ने करोड़ों रुपये की नशे की खेप पकड़ी है। मंगलूरू पुलिस ने 38 किलो एमडीएमए ड्रग जब्त की है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 75 करोड़ रुपये है। पुलिस ने इस मामले में दो अफ्रीकी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मंगलूरू के पुलिस कमिश्नर अनुपम अग्रवाल ने बताया कि यह कर्नाटक पुलिस के इतिहास की सबसे बड़ी ड्रग्स की जब्ती है। इस मामले में गिरफ्तार एक आरोपी महिला पश्चिमी अफ्रीका की निवासी है और साल 2020 में भारत आई थी। दूसरी आरोपी महिला नाइजीरिया की है और वह साल 2016 में भारत आई थी। पश्चिम अफ्रीका से आई महिला बिजनेस वीजा पर भारत आई थी।

हैदराबाद में भाजपा सांसद के घर में घुसा चोर

भाजपा सांसद डीके अरुण के हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित आवास में रविवार को एक चोर घुस गया। हालांकि चोर ने घर से कुछ चुराया नहीं। भाजपा सांसद ने पुलिस से इसकी शिकायत की है। घटना के वक्त सांसद घर पर मौजूद नहीं थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
 

मनुमबाम जमीन मामले में न्यायिक आयोग गठन करने का केरल सरकार का फैसला निरस्त

केरल उच्च न्यायालय ने मनुमबाम जमीन मामले में न्यायिक आयोग गठित करने के केरल सरकार के फैसले को निरस्त कर दिया है। दरअसल न्यायिक आयोग गठन के खिलाफ वक्फ प्रोटेक्शन फोरम ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। जिस पर जस्टिस बेचु कूरियन थॉमस की पीठ ने सरकार के फैसले को निरस्त कर दिया। 

पश्चिम बंगाल: सड़क हादसे में दो की मौत
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में सोमवार को एक सड़क हादसे में भारत सेवाश्रम संघ के एक संत और उनके शिष्य की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा तब हुआ, जब एक पिकअप ट्रक अपना नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर को पारते हुए सामने से आ रहे एक अन्य वाहन (लोरी) से टकरा गया। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 16 पर बागनान के पास हुआ। मृतकों की पहचान शुभांकर नंदा महाराज (56 वर्षीय) और वासुदेव मंडल (60 वर्षीय) के रूप में हुई है।  

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने पहुंचे न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री लक्सन और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। जो लोकतंत्र, कानून के शासन और लोगों के बीच मज़बूत संबंधों में निहित साझा मूल्यों पर आधारित हैं। राष्ट्रपति ने पिछले साल अगस्त में न्यूजीलैंड की अपनी राजकीय यात्रा की यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि न्यूज़ीलैंड की प्राकृतिक सुंदरता और उसके लोगों की सांस्कृतिक विविधता ने उनके मन पर अमिट छाप छोड़ी है।
 

राष्ट्रपति ने कहा कि शैक्षिक आदान-प्रदान भारत-न्यूजीलैंड संबंधों का एक महत्वपूर्ण पहलू है। उन्होंने संस्थागत आदान-प्रदान, भारत में न्यूजीलैंड के विश्वविद्यालयों द्वारा परिसरों की स्थापना और दोहरी डिग्री के माध्यम से दोनों देशों के बीच शैक्षिक सहयोग बढ़ाने की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारत और न्यूजीलैंड के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों के विकास पर भी संतोष व्यक्त किया। राष्ट्रपति ने न्यूजीलैंड की प्रगति में प्रतिभाशाली और मेहनती भारतीय समुदाय के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। दोनों नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि अगस्त 2024 में राष्ट्रपति की न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा और प्रधानमंत्री लक्सन की यात्रा के दौरान घोषित महत्वपूर्ण परिणाम भारत-न्यूजीलैंड साझेदारी को सकारात्मक गति प्रदान करेंगे।

पेपर लीक मामले में गोवा यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर निलंबित
गोवा यूनिवर्सिटी ने प्रश्न पत्र लीक करने के आरोप में एक असिस्टेंट प्रोफेसर को निलंबित कर दिया है। असिस्टेंट प्रोफेसर पर कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पेपर लीक मामले की जांच शुरू की है।

असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रणव पी नाइक पर पोस्ट ग्रेजुएशन के भौतिकी कार्यक्रम का प्रश्न पत्र छात्राओं को लीक करने का आरोप है। गोवा यूनिवर्सिटी के कुलपति हरिलाल बी मेनन ने सोमवार को बताया कि स्कूल ऑफ फिजिकल एंड अप्लाइड साइंसेंज विभाग के डॉ. नाइक को अगले आदेश तक के लिए निलंबित किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। इसके लिए जांच समिति बनाई गई है, जिसे दो दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। असिस्टेंट प्रोफेसर नाइक के खिलाफ पुलिस में दो शिकायतें भी दर्ज कराई गई हैं।

केरलः बचाव अभियान के दौरान बाघ ने अधिकारियों पर किया हमला
केरल के इडुक्की जिले के वंडिपेरियार में एक बाघ ने वन अधिकारियों पर हमला कर दिया। आत्मरक्षा में अधिकारियों को गोली चलानी पड़ी और बाघ मारा गया। एक अधिकारी ने बताया कि बीते दिनों एक घायल बाघ जंगल से भटककर यहां ग्रानबी टी एस्टेट में घुस आया था। इससे क्षेत्र में लोगों में दहशत फैल गई थी। उसे पकड़ने के लिए सोमवार को जब टीम ने उसे बेहोशी का इंजेक्शन दिया तो वह आक्रामक हो गया और वन्यजीव कर्मचारियों पर टूट पड़ा। इस दौरान एक कर्मचारी का हेलमेट और शील्ड (ढाल) टूट गई। इसके बाद टीम को गोली चलानी पड़ी।

क्वाड सदस्यों और हिंद-प्रशांत क्षेत्र 15 देशों के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक शुरू
क्वाड के सदस्यों और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के 15 देशों के स्वास्थ्य अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों की सोमवार को तीन दिवसीय बैठक शुरू हुई। यह बैठक महामारियों की रोकथाम के लिए तैयारियां करने के मकसद से की गई है। राष्ट्रीय राजधानी में इस बैठक की मेजबानी भारत कर रहा है। क्वाड समूह में भारत के अलावा, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। 
 

आंध्र प्रदेश: मुख्यमंत्री नायडू ने स्वर्ण आंध्र-2047 पहल का अनावरण किया, विधायकों से सहयोग मांगा
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को विधानसभा में स्वर्ण आंध्र-2047 पहल को लागू करने के लिए कार्य योजना पेश की और सभी विधायकों से इसके सफल क्रियान्वयन में सहयोग देने की अपील की।

नायडू ने विधायकों से कहा कि वे इस दृष्टिकोण के क्रियान्वयन में अपनी जिम्मेदारी निभाएं, खासकर अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में। उन्होंने राज्य के समग्र दृष्टिकोण, विभिन्न क्षेत्रों के लिए लक्ष्य, जिला स्तर की योजनाएं, निर्वाचन क्षेत्र आधारित कार्य योजनाएं और मंडल/नगरपालिका योजनाओं का जिक्र किया।

उन्होंने कहा, विधायकों को इन योजनाओं को लागू करने की जिम्मेदारी उठानी चाहिए। पायलट चरण में चार निर्वाचन क्षेत्रों कुप्पम, पिथापुरम, मंगालगिरी, और उरवाकोंडा में पहले ही दृष्टिकोण (विजन) दस्तावेज तैयार किए जा चुके हैं। बाकी निर्वाचन क्षेत्रों के लिए जल्द ही एक खाका तैयार किया जाएगा। 

डीआरआई और एटीएस का अहमदाबाद के एक फ्लैट पर छापा, 90 करोड़ मूल्य का सोना और नगदी बरामद
आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सोमवार शाम को गुजरात के अहमदाबाद में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान एक फ्लैट से 95 किलोग्राम से अधिक सोना और नकदी जब्त की गई। इसकी कुल कीमत करीब 90 करोड़ रुपये है।

एटीएस के सहायक पुलिस आयुक्त एसएल चौधरी ने बताया कि पालडी इलाके में अविष्कार अपार्टमेंट के एक फ्लैट से करीब 95.5 किलो सोना, अन्य आभूषण और 60-70 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। आरोपी मेघ शाह और उसके पिता महेंद्र शाह ने कथित तौर पर फ्लैट में करीब 80-90 करोड़ रुपये का तस्करी का सोना और नकदी छिपा रखी थी। इनकी सही कीमत का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी कथित तौर पर शेयर बाजार में कारोबार, सट्टेबाजी और सोने की तस्करी जैसी विभिन्न गतिविधियों में शामिल हैं। आरोपियों को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है। डीआरआई और एटीएस की संयुक्त रूप से छापे के दौरान फ्लैट बंद था। संयुक्त टीम ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई।

तकनीकी विकास की जानकारी हासिल करते रहें नौसेना अधिकारीः राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नौसेना के अधिकारियों से कहा कि वे दुनियाभर में हो रहे नवीनतम तकनीकी विकास के बारे में लगातार जानकारी हासिल करते रहें। उन्होंने यह आह्वान तब किया, जब वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव बढ़ रहा है। देश समुद्री सहयोग बढ़ा रहे हैं और संयुक्त अभ्यास कर रहे हैं।

दरअसल, भारतीय नौसेना सामग्री प्रबंधन सेवा और भारतीय नौसेना आयुध सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी सोमवार को राष्ट्रपति से मुलाकात करने राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। इस दौरान अपने संबोधन में मुर्मू ने कहा, नौसेना सेवा अधिकारी उन्नत प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाकर कुशल रसद प्रबंधन के माध्यम से भारतीय नौसेना को समर्थन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुर्मू ने यह आग्रह भी किया कि वे सामग्रियों के प्रबंधन और सेवा वितरण प्रणाली को निर्बाध और प्रभावी बनाने के लिए अभिनव दृष्टिकोण अपनाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि वे नौसेना को सर्वोत्तम सेवाएं प्रदान कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।

वडोदरा में दरगाह पर जूते पहनने पर भीड़ का हमला
गुजरात के वडोदरा में एक निजी विश्वविद्यालय के चार अंतरराष्ट्रीय छात्रों पर भीड़ ने हमला किया क्योंकि वे दरगाह पर जूते पहनकर जा रहे थे। हमले में एक छात्र के सिर में गंभीर चोटें आईं और हाथ और पैर में भी जख्म आए। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। मामले में पुलिस ने बताया कि यह घटना इसलिए हुई क्योंकि पीड़ित गुजराती नहीं समझ पा रहे थे। एक अधिकारी ने बताया कि हमले में शामिल लोगों ने छात्रों पर लकड़ी के डंडों, क्रिकेट के बल्ले और पत्थरों से हमला किया। इस घटना के बाद, विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के लिए कदम उठाने का वादा किया है। पुलिस ने भी हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई करने का वादा किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed