Updates: 17 जुलाई को ‘स्वच्छ सर्वेक्षण’ पुरस्कार प्रदान करेंगी राष्ट्रपति; तेलंगाना में कांग्रेस नेता की हत्या
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के. कामराज को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। पीएम मोदी ने कहा कि कामराज जी ने स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई और स्वतंत्र भारत के निर्माण में अहम योगदान दिया। उनका सामाजिक न्याय पर जोर आज भी हमें प्रेरित करता है।
‘स्वच्छ सर्वेक्षण’ पुरस्कार प्रदान करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 17 जुलाई को 'स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2024-25' प्रदान करेंगी। यह शहरी स्वच्छता सर्वेक्षण का नौवां संस्करण है। यह जानकारी मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई। केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय ने बताया कि इस कार्यक्रम में देशभर के सबसे स्वच्छ शहरों को सम्मानित किया जाएगा और शहरी स्थानीय निकायों की स्वच्छ भारत मिशन-शहरी को आगे बढ़ाने में की गई निरंतर कोशिशों को पहचान दी जाएगी। इस साल कुल 78 पुरस्कार दिए जाएंगे, जो चार श्रेणियों में होंगे-
- सुपर क्लीन लीग सिटीज – यानी देश के सबसे साफ-सुथरे शहरों को पुरस्कार मिलेगा।
- पांच जनसंख्या श्रेणियां – मतलब, शहरों को उनकी आबादी के हिसाब से पांच ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप में तीन सबसे साफ शहरों को चुना जाएगा।
- विशेष श्रेणी – इसमें कुछ खास इलाके शामिल हैं: गंगा किनारे बसे शहर, छावनी वाले इलाके (जहां सेना के कैंटोनमेंट होते हैं), सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े प्रयास, महाकुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन वाले शहर।
- राज्य स्तर के पुरस्कार – हर राज्य या केंद्र शासित प्रदेश का ऐसा शहर जो साफ-सफाई में अच्छा काम कर रहा है, लेकिन बहुत बड़ा नहीं है — उसे ‘उभरता हुआ स्वच्छ शहर’ का पुरस्कार मिलेगा।
तेलंगाना के मेडक जिले में अज्ञात लोगों के एक गिरोह ने कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मृतक नेता की उम्र 29 साल थी। यह घटना सोमवार रात कुलचराम मंडल में हुई, जब मेडक जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के सचिव एम अनिल कार से कहीं जा रहे थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावर दो कारों में उनका पीछा कर रहे थे। उनमें से एक कार ने अनिल की गाड़ी को ओवरटेक करके रास्ता रोक लिया। इसके बाद एक व्यक्ति नीचे उतरा और उस पर गोलियां चला दीं। अनिल पर चार गोलियां चलाई गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमले के पीछे की वजह के बारे में पूछने पर पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि मृतक रियल एस्टेट के काम में जुड़ा हुआ था। ऐसा माना जा रहा है कि हत्या की वजह आपसी दुश्मनी या पैसों का विवाद हो सकता है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं। मामले की जांच जारी है।
मल्लिकार्जुन खरगे ने भी दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी कामराज को ‘भारत माता का सच्चा सपूत’ बताया और उनके मिड-डे मील योजना जैसे जनकल्याणकारी कदमों की सराहना की। कामराज का जन्म 15 जुलाई 1903 को तमिलनाडु के एक साधारण परिवार में हुआ था। उन्होंने कम उम्र में आज़ादी की लड़ाई में भाग लिया और बाद में मद्रास के मुख्यमंत्री बने। 1976 में उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
बंगाल के 34 मछुआरे बांग्लादेश में पकड़े गए
पश्चिम बंगाल के 34 मछुआरों को बांग्लादेशी अधिकारियों ने समुद्री सीमा पर हिरासत में ले लिया है। यह जानकारी सुंदरबन समुद्रिक मत्स्यजीवी श्रमिक यूनियन के सचिव सतीनाथ पात्र ने दी। बताया गया कि ये मछुआरे दक्षिण 24 परगना के नामखाना से दो ट्रॉलरों एफबी झार और एफबी मंगलचंडी के जरिए 13 जुलाई को समुद्र में गए थे। यूनियन का दावा है कि बांग्लादेशी कोस्ट गार्ड ने उन्हें सीमांत क्षेत्र में पकड़ लिया। सतीनाथ पात्र ने बताया कि दोनों देशों के मछुआरे आमतौर पर सीमा रेखा के आसपास साथ-साथ मछली पकड़ते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार इन मछुआरों को जल्द रिहा कराने की दिशा में जरूरी कदम उठाएगी।
गुजरात में हथियार लाइसेंस गिरोह का भंडाफोड़, सात आरोपी गिरफ्तार
गुजरात एटीएस ने अहमदाबाद में उत्तर प्रदेश से संचालित हो रहे हथियार लाइसेंस गिरोह का भंडाफोड़ कर उसके सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि टीम ने इस मामले में दो संदिग्ध बिचौलियों को भी हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से सात अवैध हथियार, 285 कारतूस और नकली हथियार लाइसेंस बरामद किए गए हैं।
एटीएस के अनुसार, आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के एटा जिले का फर्जी निवासी बनकर फर्जी लाइसेंस बनवाए और देसी बंदूकें हासिल कीं। इसके लिए इन्होंने यूपी के एजेंट देवकांत पांडे को कुल 53.5 लाख रुपये दिए थे। इस पैसे के बदले में उन्हें तीन रिवॉल्वर और चार पिस्टल उपलब्ध कराई गईं।
एटीएस ने कहा, अब तक की जांच के मुताबिक, आरोपियों ने लाइसेंस में जो पता दिया है, वहां वे कभी रहे ही नहीं। किसी ने भी एटा के मजिस्ट्रेट के सामने इंटरव्यू नहीं दिया, जो लाइसेंस प्रक्रिया का जरूरी हिस्सा है।
शौचालय से वर्चुअल सुनवाई में शामिल होने वाले पर एक लाख का जुर्माना
गुजरात हाईकोर्ट ने शौचालय की सीट पर बैठकर अदालत की सुनवाई में शामिल होने के आरोपी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया। व्यक्ति के खिलाफ अदालत की अवमानना का मामला चल रहा था, लेकिन हाईकोर्ट ने पाया कि वह बिना शर्त माफी मांगने के लिए तैयार है। यह घटना 20 जून की है जब जस्टिस नीरज एस देसाई एक मामले की सुनवाई कर रहे थे। इसका वीडियो वायरल होने पर हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए अवमानना कार्यवाही शुरू की थी।
जस्टिस एएस सुपेहिया और जस्टिस आरटी वच्छानी की खंडपीठ के समक्ष सोमवार को मामले की सुनवाई हुई। अदालत ने अपने आदेश कहा, अवमाननाकर्ता समद अब्दुल रहमान शाह ने लाइव-स्ट्रीमिंग कार्यवाही के दौरान अपने आचरण को स्वीकार किया है और कहा है कि वह बिना शर्त माफी मांगने के लिए तैयार है। इस प्रकार, इस स्तर पर, हम अवमाननाकर्ता को अगली सुनवाई की तारीख तक इस अदालत की रजिस्ट्री के समक्ष 1 लाख रुपये की राशि जमा करने का निर्देश देते हैं। अदालत को सौंपी गई रिपोर्ट के अनुसार, समद 20 जून को कुल 74 मिनट तक सुनवाई में उपस्थित रहा, इस दौरान उसे शौचालय में बैठकर शौच करते देखा गया था।
बंगाल की खाड़ी को वैश्विक व्यापार केंद्र बनाने के लिए बिम्सटेक करार एक खाका
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को कहा कि सरकार बंगाल की खाड़ी को वैश्विक व्यापार और पर्यटन केंद्र में बदलने के लिए बिम्सटेक समुद्री परिवहन समझौते को एक खाका के रूप में देखती है। यह भी कहा कि बंदरगाह से जुड़े औद्योगिक क्षेत्रों का संयुक्त व्यवहार्यता अध्ययन जल्द शुरू किया जाएगा।
सोनोवाल ने सोमवार को विशाखापत्तनम में बिम्सटेक बंदरगाह सम्मेलन के दूसरे संस्करण का उद्घाटन किया। बयान में कहा, बिम्सटेक बंदरगाह सम्मेलन बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में नीली अर्थव्यवस्था की अपार संभावनाओं को उजागर करने के लिए एक मंच के रूप में खड़ा है। सम्मेलन का उद्देश्य हाल में हस्ताक्षरित समुद्री परिवहन सहयोग पर बिम्सटेक समझौते को क्रियान्वित करना, बंदरगाह आधारित विकास पर बातचीत को सुगम बनाना और समुद्री व्यापार, लॉजिस्टिक्स, क्रूज पर्यटन और कौशल विकास में गहन एकीकरण को बढ़ावा देना है। मंत्री ने एएमटीसी के शीघ्र अनुसमर्थन और इसके कार्यान्वयन का आह्वान किया। सोनोवाल ने घोषणा की कि मुंबई के पवई स्थित समुद्री प्रशिक्षण संस्थान में सतत समुद्री परिवहन के लिए हिंद महासागर उत्कृष्टता केंद्र के अंतर्गत एक बिम्सटेक सतत समुद्री परिवहन केंद्र स्थापित किया जाएगा।
भाजपा का कलाम को सलाम राष्ट्रव्यापी अभियान 27 से
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा मिसाइल मैन के नाम से मशहूर पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की 10वीं पुण्यतिथि पर 27 जुलाई से राष्ट्रव्यापी अभियान कलाम को सलाम चलाने जा रहा है। इसके तहत मोर्चा अल्पसंख्यक समुदायों के प्रतिभाशाली युवाओं को डॉ कलाम स्टार्टअप यूथ अवार्ड 2.0 से सम्मानित करेगा। इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी की अगुवाई में देशभर में जिला-स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सिद्दीकी ने कहा, पुरस्कार नवाचार, असाधारण कौशल व उद्यमशीलता की भावना के साथ अपना उद्यम शुरू करने, समाज में उदाहरण पेश करने वाले युवाओं को दिया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
अल्पसंख्यक युवा उद्यमी अवार्ड के लिए 16 जुलाई से 6 अगस्त तक मोर्चा की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। नामांकनों की शॉर्ट लिस्टिंग तीन से छह अगस्त तक की जाएगी। चयनित प्रतिभागियों को छह से नौ अगस्त तक आमंत्रण पत्र भेजे जाएंगे। पुरस्कार वितरण समारोह भाजपा मुख्यालय दिल्ली में 12 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित किया जाएगा।
पीएम 18 को बिहार के पूर्वी चंपारण में रैली को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जुलाई को बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक रैली को संबोधित करेंगे। मोदी जिला मुख्यालय मोतिहारी में आयोजित इस रैली के जरिए आसपास के 24 विधानसभा क्षेत्रों को साधने का प्रयास करेंगे। राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने सोमवार को रैली की तैयारियों को लेकर एनडीए नेताओं के साथ बैठक की। जायसवाल ने कार्यकर्ताओं से इस जनसभा में ज्यादा से ज्यादा लोगों को आमंत्रित करने का आग्रह किया, जिससे आगामी विधानसभा चुनावों में हमारी संभावनाओं को बल मिलेगा। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
कन्नड़ सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार बी सरोजा देवी नहीं रहीं
कन्नड़ सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार बी सरोजा देवी (87) का निधन हो गया। वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं। सरोजा ने सोमवार को मल्लेश्वरम स्थित अपने आवास में अंतिम सांस ली। कन्नड़तु पैंगिली (कन्नड़ का तोता) से मशहूर सरोजा ने 17 साल की उम्र में फिल्म महाकवि कालिदास (1955) से करिअर की शुरुआत की थी।
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने घूस लेकर मान्यता के लिए मेडिकल कॉलेजों के पक्ष में रिपोर्ट देने के आरोपी चार वरिष्ठ डॉक्टरों को मामले की जांच और अंतिम फैसला आने तक काली सूची में डाल दिया है। यह सभी मूल्यांकनकर्ता के रूप में काम करते थे। आयोग ने एक बयान में कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 30 जून को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 और भारतीय न्याय संहिता, 2023 की संबंधित धाराओं के तहत एनएमसी, कुछ मेडिकल कॉलेजों और निजी व्यक्तियों के साथ मूल्यांकनकर्ता के रूप में काम करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। आयोग ने कहा कि जांच के घेरे में आए छह मेडिकल कॉलेजों की स्नातक और स्नातकोत्तर सीटों की मौजूदा संख्या का शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए नवीनीकरण भी नहीं किया जाएगा। स्नातक और स्नातकोत्तर दोनों के लिए सीटें बढ़ाने और नए पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए प्राप्त इनके आवेदन भी रद्द कर दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के सबसे बुज़ुर्ग मैराथन धावक फौजा सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। एक्स पर साझा किए गए संदेश में पीएम मोदी ने उन्हें एक असाधारण व्यक्तित्व और प्रेरणादायक एथलीट बताया। पीएम मोदी ने लिखा कि फौजा सिंह जी अपने खास व्यक्तित्व और भारत की युवा पीढ़ी को फिटनेस के विषय में प्रेरित करने के अंदाज़ के कारण अद्वितीय थे। वह असाधारण खिलाड़ी थे, जिनमें जबरदस्त दृढ़ संकल्प था। उनके निधन से बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दुनियाभर में मौजूद उनके अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं।
बंगलूरू में ऑटो रिक्शा से सफर करने वालों को अब ज्यादा किराया देना होगा। कर्नाटक सरकार ने किराया बढ़ा दिया है। नए नियमों के अनुसार अब शुरुआती 2 किलोमीटर तक का किराया ₹36 होगा, जबकि हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए ₹18 देना होगा। ये संशोधित किराए 1 अगस्त 2025 से लागू होंगे। सरकार का कहना है कि ईंधन की कीमतों और ऑटो चालकों की मांग को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया गया है।
Bengaluru, Karnataka | Auto rickshaw fares increased to Rs 36 up to 2 kms and Rs 18 per extra km; fares to be applicable from August 1
— ANI (@ANI) July 15, 2025
कर्नाटक राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष नागलक्ष्मी चौधरी ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से अपील की है कि वह धर्मस्थल क्षेत्र में पिछले 20 वर्षों से महिलाओं और छात्रों की रहस्यमयी मौतों, लापता मामलों और यौन शोषण की घटनाओं की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित करें। धर्मस्थल, दक्षिण कन्नड़ जिले का एक प्रमुख तीर्थस्थल है। हाल ही में मीडिया रिपोर्टों और एक अदालत में दिए गए बयान में दावा किया गया कि क्षेत्र में सैकड़ों शव दफनाए गए हैं। एक मेडिकल छात्रा के लापता होने और एक मानव खोपड़ी मिलने की खबरों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। चौधरी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कई परिवारों की शिकायतों को नजरअंदाज किया है। उन्होंने कहा कि अगर इन मामलों की निष्पक्ष जांच न की गई, तो कई अपराध हमेशा के लिए दब जाएंगे। राज्य सरकार ने अभी तक आयोग की मांग पर प्रतिक्रिया नहीं दी है।
सीबीआई ने लखनऊ और वाराणसी में तैनात उत्तर रेलवे (एनआर) और पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। रेलवे अधिकारियों पर रिश्वत के बदले गति शक्ति परियोजना के एक ठेकेदार से अनियमित बिलों को बिना किसी बाधा के पारित करने की अनुमति देने का आरोप है।
सीबीआई ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के भदोही में केंद्र की प्रमुख परियोजना गति शक्ति में रेलवे के लखनऊ और वाराणसी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के उदाहरणों का हवाला दिया है, जिसे टैंगेंट इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के प्रवीण कुमार सिंह और सिकंदर अली को दिया गया था। यह परियोजना लखनऊ में तैनात गति शक्ति के उप मुख्य अभियंता विवेक कुशवाहा की देखरेख में संचालित की गई थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि कुशवाहा ने निजी ठेकेदार प्रवीण सिंह और खुद को लाभ पहुंचाने के लिए रिश्वत के बदले में बढ़ा-चढ़ाकर बिल स्वीकृत किए।
सीबीआई ने टैंगेंट इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड और उसके एक कर्मचारी जिमी सिंह के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। साथ ही वरिष्ठ मंडल अभियंता राकेश रंजन, डीआरएम कार्यालय में कार्यालय अधीक्षक मनीष, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (निर्माण) अभिषेक गुप्ता, लेखा अनुभाग प्रमुख योगेश गुप्ता और सहायक अभियंता कार्यालय में वरिष्ठ लिपिक सुशील कुमार राय सहित उत्तर पूर्व रेलवे के कई अधिकारियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने मंगलवार को दिल्ली में ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित एक विशेष कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों ने यह सैन्य अभियान चलाया था। इसने आतंकवाद के खिलाफ एक नई ‘लाल रेखा’ खींची है।
यह कला प्रदर्शनी "हिमालय: रंगों की एक सुंदर यात्रा" नाम से दिल्ली के त्रिवेणी कला संगम में लगाई गई है। इसे मशहूर कलाकार चंद्रनाथ दास ने बनाया है। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण एक बिना शीर्षक वाली तेल चित्रकारी है, जिसमें कलाकार ने असली सिंदूर का प्रयोग किया है। यह रंगों से भरे इस कैनवास पर ‘सिंदूर’ की एक लकीर के रूप में दिखाई देता है और मई में ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देने वाले सैनिकों को सम्मान देने का प्रतीक है। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में किया गया था।
देश में भाषा को लेकर जारी विवाद के बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को हिंदी सहित 17 भाषाओं का ज्ञान था। नायडू दिल्ली में 'पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव का जीवन और विरासत' विषय पर व्याख्यान दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने उन्हें एक महान और दूरदर्शी राजनेता बताया। नायडू ने कहा कि उनका राव के साथ बहुत अच्छा संबंध था। उन्होंने कहा, वह एक छात्र नेता थे, स्वतंत्रता सेनानी थे और 17 भाषाओं में निपुण विद्वान थे।
उन्होंने आगे कहा, आजकल हम सब यह सवाल उठा रहे हैं कि हिंदी क्यों सीखें? उन्होंने सिर्फ हिंदी ही नहीं सीखी, बल्कि 17 भाषाएं सीखी थीं। इस तरह वह एक महान व्यक्ति बने।
यह बयान उस समय आया है जब देश में भाषा को लेकर बहस तेज है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत तीन-भाषा फॉर्मूले का कुछ राज्यों, जैसे तमिलनाडु, महाराष्ट्र और कर्नाटक में विरोध हो रहा है। दक्षिण भारत के कई नेताओं ने केंद्र सरकार पर हिंदी थोपने के आरोप भी लगाए हैं।