Updates: बंगाल के राज्यपाल ने कानून व्यवस्था बेहतर करने पर दिया जोर; मणिपुर में महिला ने घर में की आत्महत्या
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति में काफी सुधार की जरूरत है। हाल ही में महिलाओं के खिलाफ अपराध की बढ़ती घटनाओं पर बोलते हुए राज्यपाल ने कहा कि कानून तो सख्त है, लेकिन उसका ठीक से पालन नहीं हो रहा है। इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस की है।"
इसके साथ ही उन्होंने राज्य में एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को लेकर भी बात की और कहा कि यह मामला भारत के चुनाव आयोग से जुड़ा है। आयोग के पास पूरी शक्ति है और वह इसे सही तरीके से सुलझा सकता है। भारत एक परिपक्व लोकतंत्र है और ऐसे सभी मुद्दे संविधान और कानून के दायरे में ही हल किए जाएंगे। राज्यपाल के इन बयानों को कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर एक सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
मणिपुर की राजधानी इंफाल में 67 वर्षीय महिला की अपने घर में हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, सेवानिवृत्त फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. असेम रीटा का शव उनके घर की दूसरी मंजिल पर याईस्कुल चिंगकखाम लेइराक में सोमवार शाम को मिला। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उन्हें किसी भारी वस्तु से सिर के पीछे चोट लगने के बाद मारा गया। घटना के समय वह अकेली थीं। उनका शव पति और पुत्र ने घर लौटकर देखा। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस और फोरेंसिक टीम घटना स्थल पर सबूत तलाश रही है।
अहमदाबाद : फैसले से नाराज व्यक्ति ने न्यायाधीश की तरफ जूता उछाला
फैसले से नाराज एक व्यक्ति ने मंगलवार को अहमदाबाद सत्र अदालत में न्यायाधीश की तरफ जूता उछाल दिया। घटना उस समय हुई, जब अदालत कक्ष में सुनवाई हो रही थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि जूता अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश तक पहुंचा या नहीं।
शहर के करंज थाने के निरीक्षक पी एच भाटी ने बताया कि न्यायाधीश के निर्देश पर उस व्यक्ति को छोड़ दिया गया और उसके खिलाफ कोई दंडात्मक कदम नहीं उठाया गया। व्यक्ति एक मामले में अपीलकर्ता था। भाटी ने कहा, अपील खारिज होने के बाद व्यक्ति गुस्से में आ गया और उसने न्यायाधीश की तरफ जूता फेंका। हालांकि, उसे अदालत के कर्मियों ने पकड़ लिया, लेकिन न्यायाधीश ने उसे जाने दिया और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए।
तेलंगाना: बीआरएस ने कांग्रेस पर लगाया वोट चोरी का आरोप
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (केटीआर) ने कई उदाहरण देते हुए फर्जी मतदाताओं का होने का आरोप लगाया और कांग्रेस पर तेलंगाना में 'वोट चोरी' का आरोप लगाया।
कांग्रेस पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए बीआरएस के केटीआर ने कहा, मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि आप बिहार का दौरा करते हुए संविधान हाथ में लेकर गए थे। आप बार-बार कहते रहे कि बिहार के लोगों के साथ बहुत अन्याय हो रहा है। आपने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे लगाकर लंबा भाषण भी दिया। लेकिन यहां तेलंगाना में आपकी सरकार वही काम कर रही है। वह यहां चोरी किए हुए वोट डालने की कोशिश कर रहे हैं। अनुमानित संख्या लगभग 23,000 वोट की है, जिनमें से अधिकांश फर्जी वोट हैं। कुछ वोट असली हो सकते हैं, लेकिन मैं यह नहीं कह रहा कि सारे फर्जी हैं। कुछ असली वोट भी हो सकते हैं... ऐसा लगता है कि कांग्रेस पार्टी बूथ स्तर के अधिकारियों के साथ मिली हुई है और उन्हें सबक सिखाना चाहिए। चुनाव आयोग को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए,और राहुल गांधी को भी इस मुद्दे पर बोलना चाहिए।
उन्होंने कहा, आपकी सरकार यहां जो काम कर रही है, उसके बारे में जवाब देना होगा। यह बिहार में भाजपा जो कर रही है उससे कैसे अलग है और आपकी सरकार जो यहां कर रही है उससे क्या फर्क है? आपको जनता को बताना होगा कि क्या फर्क है।
#WATCH | Hyderabad, Telangana | BRS working President KT Rama Rao (KTR) lists out various examples claiming to be fake voters and alleges Congress of 'Vote Chori' in Telangana pic.twitter.com/eqGeagOgi1
— ANI (@ANI) October 14, 2025
गुजरात के भावनगर में भीषण हादसा
गुजरात के भावनगर में भीषण हादसा हो गया। यहां तीन मंजिला इमारत का एक हिस्सा गिर गया। पुलिस उपाधीक्षक आर आर सिंघल ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। बचाव कार्य जारी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ वैज्ञानिक तारा शंकर बंद्योपाध्याय का निधन
वरिष्ठ वैज्ञानिक और शिक्षाविद् तारा शंकर बंद्योपाध्याय का 78 वर्ष की आयु में कोलकाता में निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटे हैं।उन्होंने पश्चिम बंगाल में विज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई और कई संस्थानों का नेतृत्व किया।
इंदौर में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत और कई घायल
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के सांवेर तहसील में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलट जाने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, ट्रॉली में कुल 27 मजदूर सवार थे। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ने से यह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
राज्य के मंत्री तुलसीराम सिलावट ने घटनास्थल का दौरा किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
भूटान, नेपाल व श्रीलंका में रुपये में कर्ज दे सकेंगे बैंक
भारतीय बैंक और उनकी विदेशी शाखाएं अब भूटान, नेपाल और श्रीलंका में रुपये में कर्ज दे सकेंगी। आरबीआई ने सीमा पार कारोबार लेनदेन को आसान बनाने के लिए इसकी मंजूरी दे दी है। केंद्रीय बैंक ने कहा, बाहरी व्यापार को आसान बनाने के प्रयासों के तहत विदेशी मुद्रा प्रबंधन में संशोधन किए गए हैं।
आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति ने इसी महीने हुई अपनी तीन दिवसीय बैठक में इसकी घोषणा की थी। जनवरी, 2025 में आरबीआई ने भारतीय निर्यातकों को निर्यात आय की प्राप्ति के लिए भारत के बाहर किसी बैंक में विदेशी मुद्रा खाते खोलने की अनुमति दी थी। इन खातों में बिना उपयोग वाली शेष राशि को प्राप्ति की तिथि से अगले महीने के अंत तक वापस भेजना आवश्यक है। अब यह निर्णय लिया गया है कि भारत में आईएफएससी के अंतर्गत किसी बैंक में रखे गए विदेशी मुद्रा खातों के मामले में प्रत्यावर्तन की अवधि को तीन महीने बढ़ाया जाएगा।
अनुच्छेद 370 हटने पर इस्तीफा देने वाले पूर्व आईएएस गोपीनाथन कांग्रेस में शामिल
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के विरोध में इस्तीफा देने वाले पूर्व आईएएस अधिकारी कन्नन गोपीनाथन सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और पार्टी नेता पवन खेड़ा की उपस्थिति में उनका पार्टी में स्वागत किया गया। गोपीनाथन, मूलरूप से केरल के रहने वाले हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद गोपीनाथन ने कहा कि देश को सही दिशा में ले जाने की जिम्मेदारी अब कांग्रेस ही निभा सकती है। उन्होंने कहा, मैंने 2019 में इस्तीफा दे दिया था क्योंकि साफ था कि सरकार जिस दिशा में देश को ले जाना चाहती है, वह गलत है।
वोट के बदले नोट मांगने के आरोप में भाजपा पार्षद गिरफ्तार
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने चीका के वार्ड 14 के भाजपा पार्षद जितेंद्र कुमार को 50 लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन पर नगर पालिका चीका के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के पक्ष में वोट करने के एवज में रुपये मांगने का आरोप है। एसीबी के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दो अन्य पार्षदों के नाम होने की बात भी कबूल की है। इन पार्षदों से भी एसीबी जल्द पूछताछ करेगी। तीनों पार्षदों ने छह लाख रुपये पहले नकद देने की मांग की थी और बाकी रकम बाद में लेना तय हुआ।
मणिपुर में अलग-अलग अभियानों में एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया और हथियार व गोला-बारूद जब्त किया गया। मामले में पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी और बरामदगी सोमवार को की गई। सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के पटसोई इलाके से प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) संगठन के एक सक्रिय कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि उसकी पहचान 24 वर्षीय नाओरेम थेम्बुंग के रूप में हुई है।
चुराचांदपुर जिले के नेपाली बस्ती इलाके में एक अभियान में दो सिंगल बैरल राइफलें, दो देसी ग्रेनेड, तीन देसी गोले, आठ देसी मोर्टार और 25 कारतूस जब्त किए गए। सुरक्षा बलों ने बिष्णुपुर जिले के कीफा रोड से एक .303 स्नाइपर राइफल, एक मैगजीन, एक दूरबीन, एक देसी बंदूक, दो सिंगल बैरल राइफलें, एक .32 देसी पिस्तौल, एक मैगजीन और पांच बुलेटप्रूफ प्लेटें भी जब्त कीं। उन्होंने बिष्णुपुर जिले के फुबाला ममांग पाट से एक इंसास एलएमजी, एक मैगजीन, एक एसबीबीएल बंदूक, एक चीन में बना ग्रेनेड और कारतूस भी जब्त किए।
केरल के कन्नूर में सोमवार रात एक ट्रेन पर पथराव हुआ। पुलिस के अनुसार, यसवन्तपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस के कन्नूर साउथ से थलसेरी स्टेशन के बीच 40 वर्षीय अरुण घायल हो गए। पथराव से उनके हाथ में चोट लगी और फोन भी पूरी तरह टूट गया। पुलिस ने कहा कि कुछ नशे में धुत शरारती तत्व रात में रेलवे ट्रैक के पास खड़े होकर ट्रेन पर पत्थर फेंकते हैं। घायल अरुण के बयान के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की जाएगी।
इंडिगो की एक उड़ान ने मंगलवार को अगरतला हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग की। यह उड़ान कोलकाता जा रही थी। लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद उसमें पक्षी टकराने का शक हुआ, जिसके बाद पायलट ने सावधानी बरतते हुए विमान को वापस उतारने का फैसला लिया। हवाई अड्डे के निदेशक केसी मीणा ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें दूसरी उड़ानों में शिफ्ट कर दिया गया है। विमान को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि इंडिगो की यह उड़ान दोपहर करीब 12:40 बजे एमबीबीए हवाई अड्डे से कोलकाता के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के लगभग 20 मिनट बाद पायलट को पक्षी से टकराने का संदेह हुआ, जिसके बाद विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। कोलकाता से इंजीनियरों के एक दल ने विमान की जांच की, जो मानक प्रक्रिया के तहत की गई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना का राष्ट्रपति भवन में स्वागत किया और उनके सम्मान में रात्रिभोज आयोजित किया। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि भारत और मंगोलिया के बीच संबंधों को और मजबूत करने की काफी संभावना है, खासकर विकास सहयोग, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्र में।
कर्नाटक में तीन किशोर समुद्र में डूबे
पुलिस अधिकारी ने बताया तीन शव बरामद कर लिए गए हैं और एक बच्चे को बचाया, जिसका अभी इलाज चल रहा है। स्थानीय पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और गवाहों के बयान दर्ज कर रही है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या चेतावनी या निगरानी की कमी के कारण यह दुर्घटना हुई।
काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में एक शिकारी ढेर
पत्नी को एनेस्थीसिया देकर मारने के आरोप में डॉक्टर पर केस दर्ज
बंगलूरू में एक डॉक्टर पर एनेस्थीसिया देकर अपनी पत्नी की हत्या करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की रिपोर्ट में छह महीने बाद उनकी पत्नी के अंगों में एनेस्थेटिक पदार्थ (बेहोशी की दवा) की पुष्टि होने के बाद यह केस दर्ज हुआ।
मृतका के पिता के. मुनि रेड्डी ने अपने दामाद डॉ. महेंद्र रेड्डी जी एस (31) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मुनि रेड्डी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद महेंद्र उनकी बेटी डॉ. कृतिका एम रेड्डी (28) को परेशान करते थे और एक बड़े अस्पताल के निर्माण के लिए पैसे की मांग कर रहे थे। शिकायत में कहा गया है कि महेंद्र ने पेट की तकलीफ के लिए कृतिका को कुछ दवाएं बोतल चढ़ाने के रूप में दी थीं। इसके बाद 24 अप्रैल को कृतिका अपने माता-पिता के घर में मृत पाई गईं। पुलिस ने पहले से दर्ज अस्वाभाविक मृत्यु के मामले को अब हत्या में बदल दिया है।
गुजरात में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए 1.11 करोड़ से अधिक पोस्टकार्ड लिखे। इस प्रक्रिया के तहत एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम हुआ है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारियों ने मंगलवार को साबरमती रिवरफ्रंट पर गिनती के बाद इस उपलब्धि के लिए प्रमाणपत्र प्रदान किया।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह पहल कृषि, किसान कल्याण और सहकारिता विभाग के तत्वावधान में की गई। राज्य सरकार की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुल मिलाकर, 1,11,75,000 पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री को लिखे गए, जिनमें जीएसटी सुधारों और कई अन्य उपायों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया गया। दुनिया में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में एक साथ पोस्टकार्ड लिखे गए।