फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 14th Dec North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi

News Updates: गोवा में कैसीनो पर छापा मारने पहुंची ईडी टीम पर हमला; आंध्र के कनक मंदिर पहुंचे संघ प्रमुख

Sat, 14 Dec 2024 01:06 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शुभम कुमार Updated Sat, 14 Dec 2024 01:06 PM IST
विज्ञापन
News Updates 14th Dec North East West South India Elections 2024 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

केंद्रीय उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू के कार्यालय ने शुक्रवार को बताया कि श्रीलंका के जलक्षेत्र में गलती से प्रवेश करने के कारण आंध्र प्रदेश के दो मछुआरों को रिहा कर दिया गया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, मछुआरे जल्द ही अपने घर लौट सकते हैं।

विज्ञापन

नायडू के कार्यालय ने जारी किया विज्ञाप्ति
नायडू के कार्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया श्रीकाकुलम जिले के दो मछुआरे, जो पिछले तीन-चार महीनों से श्रीलंकाई जेल में बंद थे, अब रिहा हो गए हैं।" श्रीकाकुलम जिले के पेडा गनागल्लावनीपेट गांव के डी वेंकैया और जी कोरलिया 25 जून को चेन्नई से बंगाल की खाड़ी में गए थे, लेकिन श्रीलंकाई अधिकारियों ने उन्हें पकड़ लिया था। इसके बाद मछुआरों के परिवारों ने उड्डयन मंत्री से संपर्क किया और उनके साथ विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के समन्वय से उनकी रिहाई सुनिश्चित की गई।

विज्ञापन

कर्नाटक कैबिनेट ने एमडीए विधेयक को दी मंजूरी
कर्नाटक कैबिनेट ने शुक्रवार को मैसूर विकास प्राधिकरण विधेयक को मंजूरी दी है। सूत्रों की माने तो इस विधेयक में MUDA की जगह MDA (मैसूर डेवलपमेंट अथॉरिटी) लाने का प्रस्ताव है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि MDA का गठन बैंगलोर विकास प्राधिकरण (BDA) की तरह किया जाएगा, जिसमें विधायक नहीं होंगे।

MUDA हाल ही में एक साइट आवंटन घोटाले में फंसा था। लोकायुक्त पुलिस ने मैसूर शहर के केसारे गांव में तीन एकड़ और 16 गुंटा भूमि के अधिग्रहण के बदले 14 MUDA साइटों के कथित आवंटन के लिए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उनकी पत्नी पार्वती बी एम, उनके बहनोई मल्लिकार्जुन स्वामी और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, कैबिनेट ने गिग वर्कर्स बिल को स्थगित कर दिया है, जिसका उद्देश्य गिग उद्योग में काम करने वालों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।

विज्ञापन

ताहेशी वेणी ने गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल से की मुलाकात
न्यूजर्सी की लेफ्टिनेंट गवर्नर तहेशा वेणी ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान गुजरात और न्यूजर्सी के बीच हस्ताक्षरित सिस्टर स्टेट एग्रीमेंट को आगे बढ़ाते हुए दोनों राज्यों के बीच संबंधों को और मजबूत और गहरा करने पर चर्चा हुई।

सीएम पटेल ने व्यक्त की इच्छा
गुजरात के सीएमओ ने इस मुलाकात के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सीएम ने इस उद्देश्य के लिए न्यूजर्सी और गुजरात के बीच सांस्कृतिक, आर्थिक और औद्योगिक आदान-प्रदान को और मजबूत करने की इच्छा व्यक्त की और कहा कि इंडेक्स-बी एक नोडल संपर्क बिंदु के रूप में कार्य करेगा ताकि न्यूजर्सी के इस क्षेत्र के लोग गुजरात के साथ संचार का पुल बनाए रख सकें।
विज्ञापन

थरूर ने केरलवासियों के लिए विशेष ट्रेन चलाने का आग्रह किया
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और नयी दिल्ली जैसे शहरों से केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के लिए विशेष रेलगाड़ियों की व्यवस्था करने का आग्रह किया, ताकि राज्य के बाहर काम करने वाले केरलवासी छुट्टियों के लिए घर जा सकें।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा पत्र 
वैष्णव को लिखे अपने पत्र में थरूर ने कहा कि त्योहारी सीजन में यात्रा में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जाती है क्योंकि लोग अपने परिवारों के साथ जश्न मनाने के लिए घर लौटते हैं। उन्होंने आगामी छुट्टियों, क्रिसमस और नए साल के दौरान चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और नयी दिल्ली जैसे प्रमुख शहरों से तिरुवनंतपुरम के लिए विशेष ट्रेन सेवाओं की आवश्यकता पर बल दिया।

महुआ मोइत्रा ने लोकसभा में रीजीजू की टिप्पणी पर आईपीयू को लिखा पत्र
तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा ने शुक्रवार को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू पर लोकसभा में उन्हें धमकाने का आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने इस बारे में अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) को पत्र लिखा है।

मोइत्रा ने लगाया आरोप
मोइत्रा ने एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि किरेन रीजीजू ने संसदीय नियमों और प्रक्रिया का पूरी तरह उल्लंघन करते हुए आज लोकसभा में मुझे खुलेआम धमकाया। उन्होंने कहा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि वह रीजीजू के शब्दों को हटवा देंगे, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

इसके साथ ही मोइत्रा ने कहा इस निरंतर लैंगिक उत्पीड़न और धमकी के खिलाफ अंतर-संसदीय संघ को पत्र लिखा है। लोकसभा में आज मोइत्रा की कुछ टिप्पणियों पर सत्तापक्ष के सदस्यों ने हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही दो बार कुछ देर के लिए स्थगित करनी पड़ी।

घरेलू सहायिका से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
अरुणाचल प्रदेश के इटानगर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां शुक्रवार को पुलिस ने 14 वर्षीय घरेलू सहायिका के साथ कई बार दुष्कर्म करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी, युपिया-III गांव का निवासी है, जिसने अपनी पत्नी की मृत्यु के तुरंत बाद सितंबर में असम की लड़की को काम पर रखा था। उन्होंने बताया कि तब से उसने कथित तौर पर उसका यौन शोषण करना शुरू कर दिया।


पुलिस ने दी जानकारी
कैपिटल एसपी रोहित राजबीर सिंह ने मामले में कहा कि 11 दिसंबर को आखिरकार वह आरोपी के घर से भागने में सफल रही और अंततः एक व्यक्ति की मदद से चाइल्डलाइन और बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) तक पहुंची। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि बीएनएस और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

तिरुमला में भारी बारिश, ओवरफ्लो हो रहे पांच जलाशय
आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के कारण तिरुमाला की पांच प्रमुख जलाशय पानी से लबालब हो गए हैं। टीटीडी को ये जलाशय-पापाविनासनम बांध, गोगरभम बांध, आकाशगंगा बांध, कुमारधारा बांध और पसुपुधारा बांध से पानी मिलता है।

तिरुमाला तिरुपति ने जारी किया विज्ञप्ति
वहीं इस मामले में ज्यादा जानकारी के लिए तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति किया। इसमें बताया गया कि बारिश के कारण तिरुमाला के सभी पांच प्रमुख जलाशय भर गए हैं और ओवरफ्लो हो रहे हैं। पापाविनासनम और गोगरभम बांधों के गेट खोलकर पानी छोड़ा गया है।

धोखाधड़ी में सहायक वाणिज्य कर अधिकारी समेत तीन गिरफ्तार

ओडिशा पुलिस की भ्रष्टाचार रोधी सतर्कता शाखा ने चार करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी मामले में एक सहायक वाणिज्य कर अधिकारी (एसीटीओ) और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। विभाग के अनुसार जांच के दौरान खुलासा हुआ कि सत्यकी पटनायक और दीपतिकांत चौधरी ने सीटी एंड जीएसटी, भुवनेश्वर के अधिकारियों के साथ मिलकर एक कंपनी की ओर से फर्जी और मनगढ़ंत अपील दायर कर करीब 4,03,09,723 रुपये का गबन किया। तीनों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।

धावक दुती चंद की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचीं
ओडिशा के कटक जिले के ओएमपी चौक के पास हुए सड़क हादसे में धावक दुती चंद बाल-बाल बचीं। जानकारी के मुताबिक, उनकी कार को एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इस दौरान कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन दुती बिल्कुल सुरक्षित हैं। वहीं, पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक दुती चंद अपनी दोस्त के साथ कार से जाजपुर से भुवनेश्वर लौट रही थीं। दुती ने कहा, जब हमने ट्रक को रोकने की कोशिश की तो चालक ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

मलयाली फिल्म निर्देशक बालचंद्रकुमार का निधन

मलयाली फिल्म निर्देशक पी बालचंद्रकुमार का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। सूत्रों के मुताबिक बालचंद्र (52) का चेंगन्नूर में डॉ. केएम चेरियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस अस्पताल में किडनी की बीमारी का इलाज चल रहा था। साथ ही वह हृदय से जुड़ी परेशानियों से भी जूझ रहे थे।

हथकड़ी में किसान को अस्पताल ले जाने वाला जेलर निलंबित

तेलंगाना के विकाराबाद जिले में हथकड़ी लगाकर किसान को अस्पताल ले जाने के मामले में जेलर को निलंबित किया गया है। किसान के खिलाफ 11 नवंबर को सरकारी अधिकारियों पर हमला करने का आरोप है। पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि संगारेड्डी जेल के जेलर को आरोपी को अस्पताल ले जाने के लिए विकाराबाद से पुलिसकर्मियों को बुलाना चाहिए था। लेकिन उन्होंने साइबराबाद से पुलिसकर्मी बुलाए। अधिकारी ने कहा कि जेलर के कृत्य की जांच कराई जाएगी।

पोरबंदर तट पर तटरक्षकों ने डूबी नाव से सात मछुआरों को बचाया
गुजरात में पोरबंदर के तट से 40 किमी. दूर एक नाव डूब गई। हालांकि सात मछुआरों को बचा लिया गया। भारतीय तटरक्षक बल ने शुक्रवार को बताया कि मदद की सूचना मिलने के बाद जहाज सी-161 और एक अन्य मछली पकड़ने वाली नाव 'कांकेश्वरी' की मदद से सात लोगों को बचाया। बचाए गए सभी मछुआरों को चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें मंगरोल में उतार दिया गया।

प्रोफेसर का हाथ काटने में उम्रकैद की सजा पाए दोषी को जमानत

केरल हाईकोर्ट ने 2010 में कॉलेज प्रोफेसर का हाथ काटने के मामले में मुख्य साजिशकर्ता को जमानत दे दी। पिछले साल विशेष एनआईए अदालत ने मुख्य साजिशकर्ता को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। जस्टिस राजा विजयराघवन और जस्टिस पीवी बालकृष्णन की पीठ ने दोषी एमके नासर की सजा निलंबित कर दी, जबकि एनआईए कोर्ट के फैसले के खिलाफ उसकी अपील हाईकोर्ट में लंबित है।

गोवा में कैसीनो पर छापा मारने पहुंची ईडी टीम पर हमला, कर्मचारियों पर मामला दर्ज

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम पर गोवा में एक कैसीनो में कथित तौर पर हमला किया गया। घटना 12 दिसंबर की है और हमले का आरोप कैसिनो के कर्मचारियों पर लगा है। पुलिस ने शुक्रवार को कैसीनो प्राइड के निदेशक, दो वरिष्ठ कर्मचारियों और कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया। पणजी पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, कैसीनो के कर्मचारियों ने ईडी के सहायक निदेशक पोलुरी चेन्ना केशव राव और उनकी टीम पर कथित तौर पर हमला किया और गुरुवार दोपहर को परिसर की तलाशी के दौरान उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया।

पुलिस ने बताया कि कैसीनो के निदेशक अशोक वाडिया, वरिष्ठ कर्मचारी गोपाल रामनाथ नाइक, आरती राजा और कुछ अन्य लोग हमले में शामिल थे। गोवा पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उनकी टीम को चोट पहुंचाने की धमकी दी और उन्हें गलत तरीके से एक कमरे में बंद कर दिया, जबकि वे अपने कर्तव्य का पालन कर रहे थे। ईडी ने कैसीनो निदेशक और कर्मचारियों पर मनी लॉन्ड्रिंग मामले के सिलसिले में इकट्ठा किए गए सबूतों को नष्ट करने का भी आरोप लगाया है।

आंध्र: कनक दुर्गा मंदिर पहुंचे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, आंध्र सरकार के मंत्री ने किया स्वागत

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में कनक दुर्गा मंदिर का दौरा किया। आंध्र प्रदेश के बंदोबस्ती मंत्री अनम रामनारायण रेड्डी ने आरएसएस प्रमुख का स्वागत किया। रामनारायण रेड्डी ने कहा कि भागवत का स्वागत करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि हिंदू भावनाओं की रक्षा करना उनकी जिम्मेदारी का हिस्सा है। मंत्री ने राज्य की पिछली वाईएसआरसीपी सरकार की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि उसके शासन के दौरान बहुत सारे धर्मांतरण हुए।  

उन्होंने कहा कि, पिछली सरकारों के दौरान बहुत सारे धर्मांतरण हुए, लेकिन हम किसी भी धर्मांतरण का समर्थन नहीं करते। हम सभी धर्मों का समर्थन करते हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी कहा कि सभी को अधिक बच्चे पैदा करने चाहिए। बांग्लादेश में मौजूदा स्थिति के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, हिंदू खतरे में नहीं हैं, लेकिन कुछ अधिकारों से वंचित हैं। भारत सरकार हिंदुओं और उनके मुद्दों का समर्थन कर रही है। हम भी उनका समर्थन करते हैं।
 

न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण की अध्यक्ष नियुक्त

उच्चतम न्यायालय की न्यायाधीश बेला एम त्रिवेदी को महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण की अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गजट अधिसूचना के अनुसार यह नियुक्ति न्यायमूर्ति ए.एम. खानविलकर के इस्तीफे के बाद की गई है। भारत के प्रधान न्यायाधीश ने अंतर-राज्यीय नदी जल विवाद अधिनियम की धारा 5ए के तहत न्यायमूर्ति त्रिवेदी को इस पद के लिए नामित किया। न्यायमूर्ति त्रिवेदी की नियुक्ति से ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच लंबे समय से जारी महानदी जल विवाद पर विचार-विमर्श में तेजी आने की उम्मीद है। न्यायाधिकरण का गठन शुरू में नदी के पानी के आवंटन पर मतभेदों को दूर करने के लिए किया गया था।

दूसरे भूमि सेना शिखर सम्मेलन 2024 में शामिल हुए सेना प्रमुख

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने दूसरे भूमि सेना शिखर सम्मेलन 2024 में वर्चुअल रूप से हिस्सा लिया है। इस शिखर सम्मेलन में जापान, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, फिलीपींस और कोरिया गणराज्य के सेना प्रमुख और वरिष्ठ जनरलों ने भी भाग लिया। इस शिखर सम्मेलन के दौरान जनरल द्विवेदी ने हिंद महासागर क्षेत्र में भारत के सुरक्षा और सामरिक दृष्टिकोण तथा बहुराष्ट्रीय रक्षा सहयोग पर प्रकाश डालते हुए एक संक्षिप्त भाषण दिया। इस शिखर सम्मेलन में स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए विचारों और अवधारणाओं का एक समूह देखा गया। भारतीय सेना ने बताया कि, यह सभा समान विचारधारा वाले देशों के साथ सहयोगी संबंधों को बढ़ावा देने और एक स्थिर और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र सुनिश्चित करने की भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed