Updates: कोलकाता में राज्यपाल से मिलने गए BJP नेता को पुलिस ने रोका; गुजरात कांग्रेस विधायक गनीबेन का इस्तीफा
Updates: पश्चिम बंगाल की पुलिस ने गुरुवार को भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी को राजभवन में प्रवेश करने से रोक दिया। उधर गुजरात के बनासकांठा से लोकसभा सांसद बनने के बाद कांग्रेस विधायक गनीबेन ने इस्तीफा दे दिया है। पढ़ें देश की बड़ी खबरें।
विस्तार
पश्चिम बंगाल पुलिस ने गुरुवार को भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी को राजभवन में प्रवेश करने से रोक दिया। दरअसल सुवेंदु अधिकारी राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मिलने के लिए राजभवन पहुंचे थे। पुलिस ने राज्यपाल आवास के बाहर सीआरपीसी की धारा 144 लागू होने का हवाला देकर भाजपा नेता को रोक लिया। इस पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि वह कोलकाता पुलिस के इस मनमानी के खिलाफ उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। भाजपा नेता पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा के कथित पीड़ितों के लिए न्याय की मांग करने के लिए राज्यपाल के आवास पहुंचे थे। उन्होंने कहा ‘आजादी के बाद पहली बार हमें राजभवन के बाहर रोका गया है। राज्यपाल ने लिखित अनुमति लेकर पीड़ितों को बुलाया था। 200 पीड़ित यहां आए थे लेकिन राज्यपाल ने मुलाकात नहीं की।'
गुजरात: लोकसभा सांसद बनने के बाद कांग्रेस विधायक गनीबेन का इस्तीफा
गुजरात के बनासकांठा लोकसभा से सांसद चुने जाने के बाद कांग्रेस विधायक गनीबेन नागाजी ठाकोर ने बृहस्पतिवार को राज्य विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। ठाकोर बनासकांठा जिले की वाव विधानसभा सीट से ही विधायक थीं। उन्होंने इस्तीफा स्पीकर शंकर चौधरी को उनके गांधीनगर दफ्तर में सौंपा। स्पीकर ने इसे स्वीकार कर लिया। विधायक पद से उनके इस्तीफे के साथ ही 182 सीटों वाली राज्य विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या घटकर 12 हो गई है। दूसरी तरफ सत्तारूढ़ भाजपा के पास 161 विधायक हैं। आम आदमी पार्टी के चार, समाजवादी पार्टी का एक और दो निर्दलीय विधायक हैं।
मेडिकल आइसोटोप के लिए समर्पित रिएक्टर का निर्माण करेगा बीएआरसी
भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) निदेशक विवेक भसीन ने कहा कि बीएआरसी एक नया रिएक्टर बनाने जा रहा है। यह एक आइसोटोप उत्पादन रिएक्टर होगा, जो केवल मेडिकल आइसोटोप के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि उत्पादन की मात्रा इतनी अधिक होगी कि भारत को इन आइसोटोपों को आयात करने की आवश्यकता नहीं होगी। यह एक नए प्रकार का रिएक्टर होगा। इसका डिजाइन लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही परियोजना शुरू होगी। बुधवार को कैंसर रोगियों के लिए खाद्य पूरक एक्टोसाइट (AKTOCYTE) के लॉन्च पर बोलते हुए भसीन ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि बीएआरसी और टाटा मेमोरियल सेंटर अस्पताल अगले 20 वर्षों में देश के सभी मेडिकल कॉलेजों में परमाणु चिकित्सा विभाग स्थापित करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
मंगल ग्रह पर तीन क्रेटरों के नाम भौतिकी विज्ञानी देवेंद्र लाल, यूपी व बिहार के कस्बों पर रखे गए
मंगल ग्रह की सतह पर हाल ही में खोजे गए तीन क्रेटरों के नाम प्रसिद्ध ब्रह्मांडीय किरण भौतिक विज्ञानी दिवंगत देवेंद्र लाल और यूपी के मुरसान व बिहार के हिलसा जगहों पर रखे गए हैं। ये खोज वैज्ञानिकों की एक टीम ने की थी। इसमें 2021 में अहमदाबाद स्थित भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला (पीआरएल) में काम करने वाले शोधकर्ता शामिल थे। नामकरण को इस महीने की शुरुआत में एक अंतरराष्ट्रीय निकाय की ओर से मंजूरी दी गई। अहमदाबाद स्थित पीआरएल ने बुधवार को एक बयान में कहा कि ये तीनों क्रेटर लाल ग्रह के थार्सिस ज्वालामुखी क्षेत्र में स्थित हैं। पीआरएल के निदेशक अनिल भारद्वाज ने बयान में कहा कि पीआरएल की सिफारिश पर ग्रह प्रणाली नामकरण के लिए अंतरराष्ट्रीय खगोलीय संघ (आईएयू) कार्य समूह ने 5 जून को क्रेटरों को ‘लाल’ क्रेटर, ‘मुरसान’ क्रेटर और ‘हिलसा’ क्रेटर नाम देने को मंजूरी दी। मुरसान उत्तर प्रदेश और हिलसा बिहार में स्थित कस्बों के नाम हैं।
भागवत की टिप्पणी के बाद क्या मणिपुर जाएंगे पीएम मोदी : उद्धव
शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने बुधवार को कहा कि मणिपुर की स्थिति पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की टिप्पणी के बाद क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वोत्तर राज्य का दौरा करेंगे। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह सवाल किया। दरअसल आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने सोमवार को मणिपुर में हिंसा के एक साल बाद भी शांति स्थापित न हो पाने पर चिंता जाहिर की थी। उधर, कांग्रेस के मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा ने बुधवार को कहा कि संविधान, लोकतंत्र और समाज को संघ या उसके प्रमुख मोहन भागवत की जरूरत नहीं है। संविधान और लोकतंत्र अपनी रक्षा कर करने में सक्षम हैं।
भारत ने पापुआ न्यू गिनी भेजी मानवीय राहत सामाग्री
मणिपुर ने 38 अप्रवासियों को म्यांमार निर्वासित किया
दूध उत्पादकों को सब्सिडी नहीं मिली तो सड़कों पर उतरेंगे: शरद पवार
मदन तमांग हत्याकांड: कलकत्ता हाईकोर्ट का CBI को निर्देश, चार्जशीट में बिमल गुरुंग का नाम जोड़ें
कलकत्ता हाईकोर्ट ने केंद्रीय जांच ब्यूरो को निर्देश दिया है कि अपने आरोप पत्र में गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के प्रमुख बिमल गुरुंग का नाम जोड़ने को कहा है। उच्च न्यायालय ने वर्ष 2010 में अखिल भारतीय गोरखा लीग के प्रमुख मदन तमांग की हत्या के मामले में सीबीआई को ये निर्देश दिए हैं। बता दें कि वर्ष 2017 में कोलकाता की एक अदालत ने इस मामले में बिमल गुरुंग का नाम आरोपियों की सूची से हटा दिया था। इसके बाद मदन तमांग की पत्नी ने इस आदेश के खिलाफ उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी।