Updates: गुजरात के कच्छ में 3.9 तीव्रता का भूकंप, ओडिशा के पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने बढ़ा हुआ वेतन त्यागा
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार शाम को आरजीआई क्रिकेट स्टेडियम में फुटबॉल स्टार लियोनेल मेस्सी की इवेंट GOAT गोट इंडिया टूर में हिस्सा लेंगे। इवेंट में दो टीमों सिंगारेनी RR9 और अपर्णा-मेस्सी ऑल स्टार्स के बीच 15-20 मिनट का मैत्रीपूर्ण मैच खेला जाएगा। मैच से पांच मिनट पहले मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी और मेस्सी साथ में बॉल ड्रिब्ल करेंगे। स्टेडियम में 3,000 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
गोवा में नाइटक्लब सील, बिर्च बाय रोमियो लेन आग के बाद कड़ी कार्रवाई
गोवा में बिर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब की आग में 25 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने नाइटक्लबों पर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि कम से कम दो नाइटक्लब को बंद कर दिया गया है। शनिवार को कैफे CO2 गोवा, जो वागाटोर बीच पर अरबी सागर के किनारे स्थित है, को सील किया गया। इससे दो दिन पहले ही गोया क्लब को नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में बंद किया गया था।
राज्य सरकार की टीम ने निरीक्षण में पाया कि कैफे CO2 गोवा के पास फायर और इमरजेंसी सर्विसेज विभाग से एनओसी (NOC) नहीं था। साथ ही, क्लब की स्ट्रक्चरल सुरक्षा में भी कुछ खामियां थीं और निर्माण अनुमत सीमा से बाहर था।
बिर्च बाय रोमियो लेन आग की जांच में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें क्लब के प्रबंधक और कर्मचारी शामिल हैं। आग लगने वाले क्लब के मालिक सौरभ लुथरा और उनके भाई गौरव लुथरा को फिलहाल थाईलैंड के फुकेत में हिरासत में लिया गया है और वहां से देश वापसी की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
गुजरात के कच्छ में 3.9 तीव्रता का भूकंप
गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार दोपहर 3.9 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजिकल रिसर्च के अनुसार, भूकंप दोपहर 2:47 बजे आया, जिसका केंद्र गढ़शिशा से करीब 13 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पूर्व दिशा में था। जिला प्रशासन ने बताया कि इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। यह इस महीने कच्छ में 3 से अधिक तीव्रता का पांचवां झटका है। इससे पहले शुक्रवार को 3.3 और बुधवार को 3.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।
गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तानी संपर्कों की जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपी जाएगी: हिमंत
ओडिशा: पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बढ़ा हुआ वेतन त्यागा
ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने शनिवार को हाल ही में बढ़े हुए वेतन और भत्तों को छोड़ने का एलान किया। उन्होंने राज्य सरकार से इस राशि का उपयोग गरीब लोगों के लिए करने का आग्रह किया। पटनायक को 9 दिसंबर को विधानसभा के जरिये पारित एक बिल के बाद विपक्ष के नेता के रूप में प्रति माह 3.62 लाख रुपये का वेतन और भत्ता मिलना था। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को लिखे एक पत्र में पटनायक ने निवेदन किया कि इस धनराशि का उपयोग राज्य के गरीबों के कल्याण के लिए किया जाए। पांच बार मुख्यमंत्री रहे पटनायक ने कहा कि वह 25 वर्षों से अधिक समय से ओडिशा के लोगों के प्यार और समर्थन से धन्य हैं। उन्होंने कहा कि 2015 में उनके परिवार ने अपनी पैतृक संपत्ति को भी ओडिशा के लोगों के लिए दान कर दिया था। इसके साथ ही भाजपा विधायक बाबू सिंह ने भी बढ़े हुए वेतन को एक गरीब को दान करने का एलान किया।
सुप्रीम कोर्ट ने 26 आंतरिक समितियों का पुनर्गठन किया
सुप्रीम कोर्ट ने 26 आंतरिक समितियों का पुनर्गठन किया है, जिनमें से कुछ 25 नवंबर से प्रभावी हो गईं, जबकि अन्य 8 दिसंबर से कार्यरत हैं। ये समितियां वित्त, पदोन्नति, विधि क्लर्क-सह-अनुसंधान सहायक, कर्मचारी कल्याण, पुस्तकालय, सुरक्षा, भवन और परिसर की निगरानी, सुप्रीम कोर्ट गेस्ट हाउस, अधिवक्ताओं की रिकॉर्ड परीक्षा, सुप्रीम कोर्ट के नियम, जनहित याचिका मामले, वकीलों के चैंबरों का आवंटन, पारिवारिक न्यायालय के मामले, किशोर न्याय, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कानूनी संवाददाताओं की मान्यता जैसे विभिन्न विषयों पर कार्य करती हैं।
पुनर्गठित समितियों में सभी स्तरों पर आपराधिक मामलों की लंबितता को कम करने के लिए सुझाव देने वाली एक समिति, आदर्श केस फ्लो प्रबंधन नियमों के लिए एक समिति, केस रिकॉर्ड की स्कैनिंग, डिजिटलीकरण और संरक्षण की देखरेख के लिए एक समिति होगी। इसके अलावा बार शिकायत निवारण समिति, प्रौद्योगिकी पर्यवेक्षण समिति और चिकित्सा सुविधाओं पर्यवेक्षण समिति शामिल हैं। इनमें अतिरिक्त रजिस्ट्रार और उससे ऊपर के पदों के लिए एक स्क्रीनिंग समिति, मध्यस्थता और सुलह परियोजना समिति और एक संपादकीय समिति भी शामिल हैं।
जेएनटीयू में विभागाध्यक्ष दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार
मलकानगिरी हिंसा पर ओडिशा की मंत्री टीम ने मुख्यमंत्री को सौंपी रिपोर्ट
यूपीएससी परीक्षा में दिव्यांगों को मिलेगा मनपसंद केंद्र
तृणमूल के निलंबित विधायक हुमायूं बोले-जान को खतरा, राज्य और केंद्र से मांगी सुरक्षा
कर्नाटक : नाम पट्टिका पर कन्नड़ भाषा अनिवार्य नियम लागू करने के लिए उपायुक्तों को सख्त निर्देश
फोन टैपिंग : सुप्रीम निर्देश पर तेलंगाना के पूर्व खुफिया प्रमुख का आत्मसमर्पण
यूएन में भारत का प्रस्ताव मंजूर, जंगल की आग से निपटने के प्रयास होंगे तेज
'चाहे आसमान गिर जाए, इंसाफ होकर रहेगा', अभिनेता दिलीप को बरी करते समय अदालत की टिप्पणी
पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग में कार खाई में गिरने से 2 की मौत, 8 घायल
पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग में राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर शुक्रवार शाम एक कार खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। यह हादसा बिरिक डारा के पास हुआ, जो भूस्खलन के लिए संवेदनशील क्षेत्र है। पुलिस ने शनिवार को जानकारी दी।
सिलीगुड़ी जा रही कार का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार करीब 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार सिक्किम के गंगटोक से आ रही थी। स्थानीय लोग, राष्ट्रीय राजमार्ग और इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) के कर्मचारी और पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायल आठ लोगों को रांबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को सिलीगुड़ी के अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया। पुलिस ने कहा कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
कांग्रेस उम्मीदवार वायश्ना एसएल ने स्थानीय चुनाव में जीती
मट्टाडा वार्ड की कांग्रेस उम्मीदवार वायश्ना एसएल ने स्थानीय निकाय चुनाव में 300 से अधिक मतों से जीत हासिल की। इससे पहले उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया था, जिसके खिलाफ उन्होंने केरल हाईकोर्ट का रुख किया था। कोर्ट के निर्देश पर राज्य चुनाव आयोग ने उनका नाम सूची में फिर से जोड़ा। वायश्ना ने जीत के बाद कहा, “यह लोकतंत्र की जीत है, लोगों ने हमारे कड़ी मेहनत को पहचाना।”
नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब मुख्यमंत्री से सुरक्षा की मांग की
पंजाब: कांग्रेस से निलंबित नवजोत कौर सिद्धू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सुरक्षा कवर मांगा है। उन्होंने मुख्यमंत्री की "चुप्पी" पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने शराब और खनन माफिया को बढ़ावा दिया। नवजोत कौर, पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी हैं। उन्हें “मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए 500 करोड़” वाले विवादित बयान के बाद कांग्रेस से निलंबित किया गया था।
मेकदातु बांध के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर
मेकेदातु बांध विवाद को लेकर तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल की है और साथ ही केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष भी विस्तृत आपत्ति प्रस्तुत की है। राज्य के जल संसाधन मंत्री दुरईमुरुगन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 9 दिसंबर को सीडब्ल्यूसी को सौंपी गई विस्तृत दलील में यह स्पष्ट किया गया है कि मेकेदातु जलाशय परियोजना न केवल तमिलनाडु के लिए नुकसानदेह है, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के भी विपरीत है।
दुरईमुरुगन ने कहा, 'तमिलनाडु सरकार कावेरी डेल्टा क्षेत्र के किसानों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कदम उठा रही है। कर्नाटक के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा।' मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के निर्देश पर और कानूनी विशेषज्ञों से परामर्श के बाद 11 दिसंबर को 13 नवंबर 2025 के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दायर की गई। उल्लेखनीय है कि यह परियोजना कर्नाटक के मेकेदातु क्षेत्र में कावेरी नदी पर संतुलन जलाशय के निर्माण से संबंधित है, जिसका उद्देश्य बंगलूरू की पेयजल जरूरतों को पूरा करना और जलविद्युत उत्पादन करना है।
मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले से हथियार और विस्फोटक बरामद किए
मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले के खूगा डैम क्षेत्र से एक ऑपरेशन के दौरान हथियार और विस्फोटक बरामद किए। इसमें एक राइफल, तीन पिस्तौल मैगजीन, एक बम, एक ग्रेनेड, दो हैंड-हेल्ड वायरलेस और चार खुद बनाए गए विस्फोटक शामिल थे। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बल सीमा और संवेदनशील इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन कर रहे हैं।
पिछले दो वर्षों में मणिपुर में जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए और हजारों लोग बेघर हुए। मई 2023 से मेइतेई और कुकी-ज़ो समूहों के बीच हिंसा जारी है। फरवरी में मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह के इस्तीफा देने के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया है और विधानसभा को सस्पेंड कर दिया गया है।
ओडिशा: नौवीं के छात्र ने कक्षा में पिस्तौल दिखाकर प्राचार्य को धमकाया
ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पढ़ाई में लापरवाही और अनुशासनहीनता को लेकर डांट खाने पर 9वीं कक्षा के छात्र ने अपने प्राचार्य को देसी पिस्तौल दिखाकर धमकाया। पुलिस ने शनिवार को 14 वर्षीय छात्र को पकड़ लिया। सरकारी कोरुआ हाईस्कूल के प्राचार्य और शिक्षकों ने छात्र को पढ़ाई पर ध्यान देने और कक्षा में उपद्रव न करने की हिदायत दी थी। इसके बाद गुस्साए छात्र ने देसी पिस्तौल निकाल ली और प्राचार्य को धमकाने लगा। पुलिस ने बताया कि पिस्तौल जब्त कर ली गई और जांच जारी है। यह पता लगाने के लिए छात्र के माता-पिता और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है कि नाबालिग को यह हथियार कैसे मिला। किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया। बोर्ड ने उसे अंगुल स्थित परिवीक्षा छात्रावास-सह-निगरानी गृह और विशेष गृह भेज दिया है। इस घटना ने स्कूल परिसर में सुरक्षा और बच्चों तक हथियारों की पहुंच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।