Updates: 13-14 जनवरी को स्पेन की यात्रा करेंगे जयशंकर; इरोड पूर्व उपचुनाव का तमिलनाडु BJP करेगी बहिष्कार
भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 13-14 जनवरी को स्पेन की यात्रा करेंगे। इस दौरान वह स्पेन के नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और अपने स्पेनिश समकक्ष मैनुअल अल्बेरेस के साथ द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलुओं पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने रविवार को जानकारी करते हुए बताया कि विदेश मंत्री के रूप में जयशंकर की यह पहली स्पेन यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि उनका स्पेनिश राजदूतों के 9वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करने और भारतीय समुदाय से मिलने का भी कार्यक्रम है।
अदाणी ने की इस्कॉन ग्रुप के चेयरमैन से मुलाकात
अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने इस्कॉन के गवर्निंग बॉडी कमीशन के चेयरमैन गुरु प्रसाद स्वामी महाराज से मुलाकात की। इस मौके पर उद्योगपति गौतम अदाणी ने कहा कि मैं एक साधारण परिवार से आता हूं। हम समाज की मदद के लिए आप पर निर्भर रहेंगे। आपके पास एक शानदार संगठन और वितरण प्रणाली है जो अंततः लाखों लोगों तक पहुंचती है। इस साल प्रयागराज में महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं को भोजन परोसने के लिए अदाणी समूह और इस्कॉन ने हाथ मिलाया है। महाप्रसाद सेवा 13 जनवरी से 26 फरवरी तक महाकुंभ मेले की पूरी अवधि के दौरान दी जाएगी।
#WATCH | Ahmedabad, Gujarat: Adani Group Chairman, Gautam Adani met Guru Prasad Swami Maharaj, Chairman, Governing Body Commission of ISKCON on January 9.
विज्ञापन विज्ञापन
Adani Group Chairman, Gautam Adani said, "I come from a humble family background...We will continue to lean on you to help… pic.twitter.com/8OhkmoJy7r — ANI (@ANI) January 12, 2025
छात्रा को परेशान करने वाला विवि कर्मचारी पकड़ा
गुजरात के वडोदरा में एक विवि के एसोसिएट प्रोफेसर को एक छात्रा का पीछा करने और उसे धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा में हिंदी के एसोसिएट प्रोफेसर मोहम्मद अजहर धेरीवाला ने कथित तौर पर छात्रा को परेशान किया और उसका कॅरिअर खत्म करने की धमकी दी। धेरीवाला को शनिवार रात गिरफ्तार किया गया। आरोपी को पहले महिला शिकायत निवारण प्रकोष्ठ (डब्ल्यूजीआरसी) की विवि की आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) की सिफारिश के आधार पर निलंबित कर दिया गया था, जब एक अन्य छात्रा ने उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। छात्रा ने आरोप लगाया है कि धेरीवाला ने चार जनवरी की दोपहर को उससे संपर्क किया और उसे अपने घर चलने के लिए कहा। पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
तेलंगाना में बीआरएस कार्यालय में तोड़फोड़
तेलंगाना के भोंगीर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विपक्षी भारतीय राष्ट्रीय समिति (बीआरएस) के कार्यालय में तोड़फोड़ की। यह घटना तब हुई जब बीआरएस नेता रामकृष्ण रेड्डी ने हैदराबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की। पुलिस ने कहा कि जवाबी कार्रवाई में, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर बीआरएस कार्यालय में फर्नीचर और अन्य सामान में तोड़फोड़ की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने तुरंत प्रतिक्रिया करते हुए तोड़फोड़ करने वालों को तितर-बितर कर दिया और एक पुलिस पिकेट स्थापित की। पुलिस ने कहा कि कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव और पार्टी के अन्य नेताओं ने इस घटना को लेकर कांग्रेस की आलोचना की।
असम में चार शव किए जा चुके बरामद
असम में दीमा हसाओ जिले के तीन किलो उमरंगसो इलाके में कोयला खदान में फंसे श्रमिकों को बचाने के लिए बचाव अभियान जारी है। भारतीय सेना और एनडीआरएफ की संयुक्त बचाव टीम ने अब तक चार शव बरामद किए हैं। एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर रोशन कुमार नाथ ने कहा कि बचाव अभियान शुरू होने के बाद से अब तक चार शव बरामद किए गए हैं। पानी निकालने की प्रक्रिया जारी है और पानी का स्तर घट रहा है। कोल इंडिया के पंप यहां लगाए गए हैं। पानी निकालने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हम फंसे हुए बाकी लोगों को बचाने की कोशिश करेंगे।
#WATCH | Dima Hasao, Assam: Inspector NDRF, Roshan Kumar Nath says "4 bodies have been recovered so far since the joint rescue operation started. The de-watering process continues and the water level is decreasing. Coal India's pumps have been placed here. We will try to rescue… https://t.co/tYM1np2QCx pic.twitter.com/st5W7nkdYn
— ANI (@ANI) January 12, 2025
तेलंगाना के कोंडा पोचम्मा जलाशय में पांच युवक डूबे
तेलंगाना के सिद्दीपेट जिले में कोंडा पोचम्मा सागर जलाशय में शनिवार को दो भाइयों समेत पांच युवक डूब गए। पुलिस ने बताया कि तीन शव बरामद कर लिए गए हैं और दो अन्य को निकालने के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार, हैदराबाद के तीन नाबालिगों समेत सात युवक शनिवार सुबह पोचम्मा मंदिर में दर्शन करने गए थे। वहां से वह कुछ समय बिताने के लिए जलाशय पहुंचे थे। सभी ने जलाशय में उतरने का साहस किया, लेकिन दो लोग वापस किनारे पर आ गए। उन्होंने बताया कि पांच में से एक फिसल गया और अन्य ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सभी डूब गए। पुलिस ने बताया कि युवक अलग रास्ते से जलाशय पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि बाहरी लोगों को जलाशय में प्रवेश की अनुमति नहीं है। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख जताया और जिला अधिकारियों को राहत कार्य चलाने का निर्देश दिया।
केरल डीजीपी ने सबरीमाला मंदिर में तैयारियों की समीक्षा की
केरल पुलिस प्रमुख शेख दरवेश साहब ने शनिवार को सबरीमाला मंदिर में तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि सबरीमाला मंदिर में 'मकरविलक्कु' उत्सव के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कुल 5,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। साहब ने कहा कि 'सन्निधानम' में लगभग 1,800, पंपा में 800, निलक्कल में 700, इडुक्की में 1,050 और कोट्टायम में 650 कर्मी तैनात हैं। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा व्यवस्था में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के कर्मी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को 'मकर ज्योति' देखने और पहाड़ी से सुरक्षित उतरने की अनुमति देने के लिए पर्याप्त सुविधाएं प्रदान की गई हैं। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने तिरुवभरणम जुलूस को कुशलतापूर्वक प्रबंधित करने के लिए एक विशेष योजना भी तैयार की है। उन्होंने बताया कि एक एसपी, 12 डीएसपी और 31 सर्किल इंस्पेक्टरों सहित करीब 1,440 शीर्ष पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। पुलिस, अग्निशमन और बचाव सेवाओं तथा एनडीआरएफ जैसे बलों ने उन सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा की जांच की है, जहां श्रद्धालु 'मकर ज्योति' देखने के लिए आते हैं। राज्य पुलिस प्रमुख ने बताया कि रविवार को सभी विभागों के साथ समन्वय बैठक होगी। 14 जनवरी को सबरीमाला भगवान अयप्पा मंदिर में 'मकरविलक्कु' उत्सव मनाया जाएगा।
केरल में हनी ट्रैप में फंसाकर पुजारी से ऐंठे 40 लाख, 2 गिरफ्तार
हनी ट्रैप लगाकर यहां पुजारी से 40 लाख रुपये से अधिक की उगाही करने के आरोप में कर्नाटक के दो लोगों नेहा फातिमा (25) और सारथी (29) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को कहा कि दोनों बंगलूरू के रहने वाले हैं। उन्हें वैकोम पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों ने पुजारी के निजी वीडियो जारी करने की धमकी देकर अप्रैल 2023 से लेकर अब तक उससे 41.52 लाख रुपये की वसूली की। युवती ने एक निजी संस्थान में नौकरी भर्ती के बारे में पूछताछ करने के बाद पुजारी से दोस्ती की थी। पुजारी संस्थान में प्रिंसिपल के रूप में काम कर रहा था। इसके बाद महिला ने वीडियो कॉल के जरिये पुजारी से संपर्क कर उसकी निजी तस्वीरें हासिल कर लीं। युवतियों ने उसकी तस्वीरें जारी करने की धमकी देकर पुजारी से उगाही की। पैसों की बढ़ती मांग से परेशान होकर आखिरकार पुजारी ने पुलिस से संपर्क किया। वैकोम पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर भेज दिया है।
इरोड उपचुनाव का बहिष्कार करेंगे एआईएडीएमके और डीएमडीके
अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईडीएमके) महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी और देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम (डीएमडीके) महासचिव प्रेमलता विजयकांत ने शनिवार को अलग-अलग घोषणा की कि उनकी पार्टियां 5 फरवरी को इरोड ईस्ट विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव में हिस्सा नहीं लेंगी। उन्होंने इस बात पर चिंता जाहिर की कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से नहीं हो सकते हैं, पलानीस्वामी ने आरोप लगाया कि चुनाव में धन और बाहुबल का इस्तेमाल करने की कोशिश की जाएगी। इसलिए, एआईएडीएमके उपचुनाव का बहिष्कार करेगी। उपचुनाव से दूर रहने के अपनी पार्टी के फैसले की घोषणा करते हुए, प्रेमलता ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके) ने निर्वाचन क्षेत्र में पिछला उपचुनाव 'लोकतांत्रिक' तरीकों से जीता था।
भाजपा एमएलसी सीटी रवि को मिला गुमनाम धमकी भरा पत्र, पुलिस ने दर्ज किया मामला
भाजपा के एमएलसी सीटी रवि को एक गुमनाम धमकी भरा पत्र मिला है, जिसके बाद पुलिस ने शनिवार को मामला दर्ज कर लिया। चिक्कमगलुरु के पुलिस अधीक्षक विक्रम अमाथे ने कहा कि रवि के निजी सहायक चेतन ने शिकायत दर्ज कराई है कि एक धमकी भरा पत्र मिला है। पुलिस ने बसवनहल्ली थाने में मामला दर्ज किया है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। एसपी के अनुसार, पत्र में रवि और उनके बेटे को धमकी दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रवि से माफी मांगने की मांग करने वाला धमकी भरा पत्र पिछले महीने विधान परिषद में मंत्री लक्ष्मी हेब्बालकर के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल करने के संबंध में बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पत्र में धमकी दी गई है कि अगर उन्होंने 15 दिनों में माफी नहीं मांगी तो रवि और उनके बेटे को भी नुकसान पहुंचाया जाएगा। हालांकि, पत्र में सीधे तौर पर मंत्री का नाम नहीं है।
मणिपुर के कांगपोकपी जिले के दो गांवों में अशांति के बाद कर्फ्यू
मणिपुर के कांगपोकपी जिले के दो पड़ोसी गांवों में शनिवार को प्रशासन ने क्षेत्र में अशांति के बाद कर्फ्यू लगा दिया। जिला अधिकारी के आदेश में कहा कि कांगचुप गेलजांग उप-मंडल के अंतर्गत कोंसाखुल और लीलोन वैफेई गांवों में शांति भंग होने की आशंका है। अगले आदेश तक दोनों गांवों में और उसके आसपास लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। बता दें कि कुकी युवकों ने दूसरे गांव की नागा महिला पर हमला करने के चलते पिछले कुछ दिनों से दोनों गांवों के बीच तनाव चल रहा है।
टीटीडी चेयरमैन ने घायल श्रद्धालुओं को आर्थिक सहायता के चेक सौंपे
तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के चेयरमैन बीआर नायडू ने शनिवार को तिरुपति में हाल ही में हुई भगदड़ में घायल हुए कुछ श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उन्हें सहायता के चेक दिए। बता दें कि बुधवार को तिरुपति में एमजीएम स्कूल और विष्णु निवासम काउंटर के पास हुई इस भगदड़ में छह लोगों की मौत हो गई थी और लगभग 40 लोग घायल हुए थे। भगदड़ की यह घटना तब हुई जब सैकड़ों लोग तिरुमाला हिल्स पर भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में वैकुंठ द्वार दर्शन के लिए टिकट लेने के लिए धक्का-मुक्की कर रहे थे। टीटीडी बोर्ड की बैठक के बाद, अध्यक्ष ने कुछ बोर्ड सदस्यों के साथ दो समितियों का गठन किया, जो रविवार को छह पीड़ितों के परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलने और उन्हें 25-25 लाख रुपये का अनुग्रह राशि चेक वितरित करेंगी। समितियां परिवार के सदस्यों की नौकरी और शिक्षा के विवरण की भी जांच करेंगी और देखेंगी कि क्या किसी रिश्तेदार को टीटीडी संस्थानों में अनुबंध नौकरी या मुफ्त शिक्षा प्रदान की जा सकती है। टीमें गंभीर और आंशिक रूप से घायल श्रद्धालुओं को 5 लाख रुपये और 2 लाख रुपये के चेक भी वितरित करेंगी।
ओडिशा के बौध में पुआल के ढेर में आग लगने से जले दो बच्चे, मौत
ओडिशा के बौध जिले में शनिवार को पुआल के ढेर में आग लगने से दो बच्चों की मौत हो गई। घटना सदर ब्लॉक के मुंडीपदर पंचायत के बौनसुनी में हुई। पुलिस अधिकारी के अनुसार, एक लड़का आठ और दूसरा पांच साल का था। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, शाम को ठंड के कारण लड़के अपने घर के बाहर आग के पास बैठे थे। इस बीच, आग फैलने लगी, तो लड़कों ने खुद को बचाने के लिए पुआल के ढेर में शरण ली। हालांकि, आग ढेर तक पहुंच गई। आग लगने के बाद बच्चों ने चीखना शुरू कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनने के बाद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत बौनसुनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। बाद में, बौध जिला अस्पातल ले जाया गया, लेकिन दोनों की मौत हो गई।
माकपा की युवा और छात्र इकाई ने रविवार को मिदनापुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सामने प्रदर्शन किया और सरकारी अस्पताल में एक महिला की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से बीमार हो गए, कथित तौर पर एक्सपायर हो चुके दवा के कारण ऐसा हुआ, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। इस प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) की राज्य सचिव मीनाक्षी मुखर्जी ने मांग की कि अस्पताल में महिला की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। डीवाईएफआई और एसएफआई समर्थकों ने अपनी मांगों को लेकर दबाव बनाने के लिए कुछ समय के लिए सड़क जाम किया।
गुजरात के महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा (एमएसयू) की छात्रा का पीछा करने और उसे धमकाने के आरोप में एक एसोसिएट प्रोफेसर को गिरफ्तार किया गया है। सयाजीगंज थाना पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यूनिवर्सिटी में कार्यरत हिंदी के एसोसिएट प्रोफेसर मोहम्मद अजहर धेरिवाला पर आरोप हैं कि उन्होंने छात्रा को परेशान किया और उसका करियर खत्म करने की धमकी दी। वह इस विश्वविद्यालय में पिछले 23 साल से पढ़ा रहे थे और शनिवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले एक अन्य छात्रा ने धेरिवाला पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इसके बाद विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति की सिफारिश के आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया गया था। एक अधिकारी ने बताया कि मास्टर ऑफ आर्ट्स द्वितीय वर्ष की छात्रा (शिकायतकर्ता) ने आरोप लगाया कि धेरिवाला चार जनवरी की दोपहर को उसके पास आया और उसे अपने घर चलने के लिए कहा। इन्कार करने पर आरोपी ने उसे धमकी दी। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इरोड पूर्व विधानसभा उपचुनाव का भाजपा करेगी बहिष्कार
कांग्रेस विधायक ईवीकेएस एलंगोवन के निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव जरूरी हो गया है। द्रमुक ने अपने नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से वीसी चंद्रकुमार को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस भी इस गठबंधन में शामिल है। भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने 2022 में यहां हुए उपचुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ द्रमुक पर तब लोगों को निर्दिष्ट स्थानों पर 'बंधक' बनाने के आरोप लगे थे। उन्होंने एक बयान में कहा, '2026 में होने वाला विधानसभा चुनाव सत्तारूढ़ द्रमुक को हटाने के लिए है और राजग उस लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।'
रांची से दो नाबालिग बहनें लापता हो गईं, जिसके बाद उनके माता-पिता ने आरोप लगाया कि जिस ऑटो चालक से वे यात्रा कर रही थीं, उसने उनका अपहरण कर लिया है। यह घटना शनिवार दोपहर को हुई, जब वे अपने आधार कार्ड की जानकारी सही कराने के लिए बाहर गई थीं। हिंदपीरी थाना प्रभारी सुनील कुमार ने कहा, 'दो बहनें दोपहर करीब 12.30 बजे घर से निकली थीं। उनके माता-पिता ने देर दोपहर शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्हें संदेह था कि उनकी बेटियों का अपहरण कर लिया गया है।'
माता-पिता के अनुसार, बहनों में से एक ने उन्हें फोन किया और कहा कि जिस ऑटोरिक्शा में वे यात्रा कर रही थीं, वह दूसरी दिशा में जा रहा है। पिता ने पुलिस को बताया, 'बातचीत के बीच में, ऑटो चालक ने मेरी बेटी से मोबाइल फोन छीन लिया।' पुलिस ने कहा कि मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन उनके घर से करीब 20 किलोमीटर दूर ओरमांझी में मिली थी। अधिकारी ने कहा कि उनका पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फसलों की कटाई से संबंधित त्योहारों- लोहड़ी, मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहू से पहले रविवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि ये त्योहार सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आएंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि ये त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं और अपने साथ उत्साह और खुशी लेकर आते हैं। राष्ट्रपति ने कहा, 'भारत के विभिन्न क्षेत्रों में विविध रूपों में मनाए जाने वाले ये त्योहार प्रकृति के साथ हमारे सामंजस्यपूर्ण संबंधों को दर्शाते हैं। लोग इन अवसरों पर पवित्र नदियों में डुबकी लगाते हैं और दान-पुण्य करते हैं।' उन्होंने कहा कि फसलों से जुड़े इन त्योहारों के माध्यम से हम उन मेहनती किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जो देश को भोजन उपलब्ध कराने के लिए अथक परिश्रम करते हैं। उन्होंने कहा, 'ये त्योहार सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आएं तथा हम भारत को एक विकसित देश बनाने के लिए मिलकर और अधिक उत्साह से काम करें।'