फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 11th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: अंबुमणि रामदास पट्टाली मक्कल कच्ची से किए गए निष्कासित; हैदराबाद में बुजुर्ग महिला की हत्या से हड़कंप

Thu, 11 Sep 2025 10:36 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Thu, 11 Sep 2025 10:36 AM IST
विज्ञापन
News Updates 11th Sept North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

पट्टाली मक्कल कच्ची के संस्थापक डॉ. एस. रामदास ने गुरुवार को अपने बेटे और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अंबुमणि को पार्टी से निष्कासित कर दिया। अपने और अपने बेटे के बीच सत्ता संघर्ष के बाद, पार्टी के इस फैसले की घोषणा करते हुए, वरिष्ठ रामदास ने अंबुमणि पर पार्टी के सामूहिक नेतृत्व का पालन करने से इनकार करते हुए एक अलग गुट चलाने का आरोप लगाया। विल्लुपुरम जिले में अपने थाईलापुरम स्थित आवास पर रामदास ने संवाददाताओं से कहा, 'अगर वह चाहें, तो अपनी पार्टी शुरू कर सकते हैं और उन्हें उस पार्टी में बने रहने की जरूरत नहीं है जिसकी मैंने (1980 में) स्थापना की थी और जिसे मैंने आगे बढ़ाया था।'

विज्ञापन


केरल में बूम लिफ्ट क्रेन से गिरकर दो मजदूरों की मौत
कर्नाटक के मद्दुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम के दौरान भड़काऊ भाषण देने के आरोप में भाजपा नेता एवं एमएलसी सीटी रवि के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मद्दुर शहर में भगवान गणेश की मूर्ति विसर्जन के सामूहिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बुधवार को कार्यक्रम में अपने संबोधन में भाजपा नेता रवि ने कथित तौर पर अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाते हुए भड़काऊ टिप्पणी की। एक पुलिस अधिकारी की शिकायत के आधार पर भाजपा नेता के खिलाफ मद्दुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। मद्दुर में पथराव की घटना के सिलसिले में अब तक 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन


केरल के कासरगोड में बूम लिफ्ट क्रेन से गिरने पर दो मजदूरों की मौत
राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर मोग्रालपुथूर इलाके में गुरुवार दोपहर को स्ट्रीट लाइट के खराब बल्ब बदलते समय दो मजदूर बूम लिफ्ट क्रेन से गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान अक्षय (30 वर्षीय) और अश्विन (26 वर्षीय) के रूप में हुई है। दोनों केरल के कोझिकोड जिले के वडकारा के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों एक वडकारा स्थित ठेकेदार कंपनी में काम करते थे, जो राजमार्ग पर मरम्मत और रखरखाव का कार्य कर रही थी। दुर्घटना उस समय हुई जब बूम लिफ्ट क्रेन की टोकरी, जिसमें दोनों खड़े थे, अचानक गिर गई। वे काफी ऊंचाई से नीचे गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि अक्षय को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, अश्विन को मंगलूरू के एक अस्पताल में स्थानांतरित किया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


13, 20 और 27 सितंबर को नहीं होगा चेंज ऑफ गार्ड समारोह: राष्ट्रपति भवन
राष्ट्रपति भवन की तरफ से गुरुवार को जारी एक सूचना में बताया गया कि 13, 20 और 27 सितंबर को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में चेंज ऑफ गार्ड समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा। चेंज ऑफ गार्ड एक सैन्य परंपरा है जो हर हफ्ते होती है। इसमें राष्ट्रपति के अंगरक्षकों का नया दल ड्यूटी संभालता है और पुराना दल वापस लौटता है। राष्ट्रपति के अंगरक्षक की स्थापना 1773 में हुई थी। यह भारतीय सेना की सबसे पुरानी और सबसे वरिष्ठ रेजिमेंट है। यह रेजिमेंट राष्ट्रपति के लिए विशेष समारोहों में ड्यूटी करती है। इस रेजिमेंट के जवान बेहतरीन घुड़सवार होते हैं। वे टैंक चलाने और पैराशूट से कूदने में भी सक्षम होते हैं।

राष्ट्रपति भवन की सूचना में कहा गया कि 13, 20 और 27 सितंबर 2025 को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में चेंज ऑफ गार्ड समारोह नहीं होगा, क्योंकि उस समय अंगरक्षकों की बटालियन 'सिल्वर ट्रम्पेट और ट्रम्पेट बैनर' की डायमंड जुबली (हीरक जयंती) के लिए अभ्यास में व्यस्त रहेगी।

हैदराबाद में महिला की हत्या
हैदराबाद के कुकटपल्ली पुलिस थाना क्षेत्र में एक 50 वर्षीय महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।  झारखंड का एक पुरुष नौकर 10 दिनों से वहां काम कर रहा था। पुलिस ने कहा कि हमें संदेह है कि वह और उसका दोस्त हत्या में शामिल हो सकते हैं। हमने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और हम मामले की जांच कर रहे हैं।

फिर उठा रूसी सेना में भारतीयों की भर्ती का मामला
रूसी सेना में भारतीयों की भर्ती पर विदेश मंत्रालय ने जवाब दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमने हाल ही में रूसी सेना में भारतीय नागरिकों की भर्ती के बारे में रिपोर्ट देखी हैं। सरकार ने पिछले एक साल में कई मौकों पर इस तरह की कार्रवाई में निहित जोखिमों और खतरों को रेखांकित किया है। हमने भारतीय नागरिकों को आगाह किया है। हमने दिल्ली और मॉस्को दोनों जगहों पर रूसी अधिकारियों के साथ भी यह मामला उठाया है और अनुरोध किया है कि इस प्रथा को समाप्त किया जाए और हमारे नागरिकों को रिहा किया जाए। हम प्रभावित भारतीय नागरिकों के परिवारों के संपर्क में भी हैं।

तेलंगाना में आकाशीय बिजली गिरने से 6 की मौत
तेलंगाना के जोगुलंबा गडवाल और निर्मल जिले में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। तीन घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि सभी खेतिहर मजदूर थे। बारिश के दौरान घटनाएं हुईं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, जोगुलंबा गडवाल जिले के ऐजा मंडल में पेड़ के नीचे खड़े छह लोगों पर बिजली गिरी। इनमें से तीन लोगों की मौत हो गई। तीन घायल हो गए। घायल अस्पताल में भर्ती हैं। निर्मल जिले के पेंबी पुलिस थाना क्षेत्र में एक खेत के पास शेड पर आकाशीय बिजली गिरने से दंपती समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

सुप्रीम कोर्ट से भारत-पाकिस्तान मैच रद्द कराने की मांग
सुप्रीम कोर्ट से एशिया कप टूर्नामेंट में 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच को रद्द कराने की मांग की गई है। उर्वशी जैन के नेतृत्व में कानून की चार छात्राओं की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच का आयोजन राष्ट्रीय गरिमा और जनभावना के विपरीत संदेश देता है।याचिका में कहा गया है कि देशों के बीच क्रिकेट खेलने का उद्देश्य सद्भाव और मित्रता दिखाना है, लेकिन पाकिस्तान के साथ खेलने से गलत संदेश जाएगा कि जिस देश के कारण हमारे सैनिक जान कुर्बान कर रहे, हम उसी देश के साथ खेल का जश्न मना रहे हैं। याचिकाकर्ताओं ने कहा, इससे उन पीड़ित परिवारों की भावनाएं भी आहत हो सकती हैं, जिनके अपनों ने आतंकवादियों के हमलों में जान गंवाई। यह भी कहा कि राष्ट्र की गरिमा और नागरिकों की सुरक्षा मनोरंजन से पहले आती है। दोनों देशों के बीच क्रिकेट मैच राष्ट्रीय हितों के लिए हानिकारक है।

जेपी नड्डा के आवास पर बैठक
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिवों की बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में देश भर में होने वाली गतिविधियों की योजना बनाने पर चर्चा हुई। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने यह जानकारी दी। 

ओडिशा सरकार ने BDO और इंजीनियरों को दी ज्यादा वित्तीय शक्तियां
ओडिशा की भाजपा सरकार ने बुधवार को ब्लॉक विकास अधिकारियों और सरकारी इंजीनियरों को अधिक वित्तीय अधिकार देने का निर्णय लिया। इस कदम से विपक्षी बीजद के नियंत्रण वाली पंचायत समितियों के निर्वाचित प्रतिनिधियों की शक्तियां सीमित हो जाएंगी। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में कुल पाxच प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिनमें भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में करीब 8,179 करोड़ रुपये की लागत से नए शहर के विकास की योजना भी शामिल है। नए अधिकार मिलने के बाद अब पंचायत समिति कार्यों के लिए बिल पास करने की सीमा बीडीओ के लिए 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। वहीं, बीडीओ अब सामान्य विकास योजनाओं के तहत 20 लाख रुपये तक के प्रोजेक्ट मंजूर कर सकेंगे।

बिहार: पत्रकार हत्याकांड में 3 लोगों को उम्रकैद, 1.5 लाख का जुर्माना
 बिहार के मुजफ्फरपुर की सीबीआई अदालत ने बुधवार को पत्रकार राजदेव हत्याकांड में दोषी रोहित कुमार सोनी, विजय कुमार गुप्ता और सोनू कुमार गुप्ता को आजीवन कारावास और कुल 1.5 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

सीबीआई ने बताया कि 15 सितंबर, 2016 को अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 120-बी, 34 और शस्त्र अधिनियम की धारा 27 के तहत सीवान पुलिस स्टेशन में पहले से दर्ज मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। आरोप था कि 13 मई, 2016 को पत्रकार राजदेव रंजन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सीबीआई ने जांच बाद 21 दिसंबर, 2016 को सोनू कुमार सोनी के खिलाफ पहला पूरक आरोप पत्र दायर किया। उसके बाद मो. शबाउद्दीन, मो. अजहरुद्दीन बेग उर्फ लड्डन मिया, विजय कुमार गुप्ता, रोहित सोनी, राजेश कुमार, रिशु जायसवाल, सोनू कुमार गुप्ता, सोनू सोनी के खिलाफ धारा 120 बी आर/ डब्ल्यू 302 आईपीसी और धारा 27 आर्म्स एक्ट के तहत दूसरा पूरक आरोप पत्र दायर किया था। सोनू पर किशोर न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। मुकदमे के दौरान शहाबुद्दीन की मृत्यु हो गई और उसके खिलाफ मामला समाप्त कर दिया गया। कोर्ट ने मुकदमे के बाद आरोपियों को दोषी पाया और उन्हें सजा सुनाई। अदालत ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरपुर को पीड़िता को कानून के अनुसार मुआवजा देने का निर्देश दिया है।

 भारत-यूएई का व्यापार, ऊर्जा क्षेत्र में सहयाेग बढ़ाने पर जोर
 भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने बुधवार को अपने संबंधों की व्यापक समीक्षा की। दोनों पक्षों ने व्यापार और निवेश, ऊर्जा, रक्षा व सुरक्षा के साथ शिक्षा और संस्कृति में और सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री और यूएई की अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री रीम अल हाशिमी के बीच नई दिल्ली में हुई वार्ता में भारत-यूएई व्यापक सामरिक साझेदारी के सभी पहलुओं की समीक्षा की गई। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में चल रही पहलों और उच्चस्तरीय बैठकों में लिए फैसलों के क्रियान्वयन पर भी विचार किया। समझा जाता है कि पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति भी वार्ता का हिस्सा रही।  
 
विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत-यूएई के बीच 2024-25 में द्विपक्षीय व्यापार 100.05 अरब डॉलर पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच उच्च स्तरीय दौरों का नियमित आदान-प्रदान द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करता है और साझेदारी को सभी क्षेत्रों में गहराई देने का मार्ग खोलता है।

छात्रा आत्मदाह मामले में आरोपपत्र दाखिल
ओडिशा क्राइम ब्रांच ने बालासोर के कॉलेज की छात्रा के मौत मामले में प्रारंभिक आरोपपत्र दायर किया है। पीड़िता को उसके विभागाध्यक्ष और सहायक प्रोफेसर समीर साहू ने मानसिक उत्पीड़न किया। छात्रा ने आत्महत्या की कोशिश की। 14 जुलाई को उसकी मौत हो गई।

कोलकाता: नोआपाड़ा-एयरपोर्ट मार्ग पर अब साप्ताहांत में भी मेट्रो सेवा शुरू
कोलकाता मेट्रो की नई नोआपाड़ा से एयरपोर्ट तक की मेट्रो सेवा अब शनिवार और रविवार को भी चलेगी। मेट्रो रेल के प्रवक्ता ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

'यलो लाइन' - नोआपाड़ा (बरानगर) से जय हिंद विमान बंदर (एयरपोर्ट)– का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 अगस्त को दो अन्य मेट्रो मार्गों के साथ उद्घाटन किया था।  प्रवक्ता ने कहा, इस 6.77 किलोमीटर लंबे मार्ग पर यात्रियों की यात्रा की प्राथमिकता को देखते हुए मेट्रो रेलवे ने अब 13 और 14 सितंबर से हर शनिवार और रविवार को भी नोआपाड़ा और जय हिंद विमान बंदर स्टेशनों के बीच सेवाएं शुरू करने का फैसला लिया है। आठ सितंबर को इस मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या 7,000 के पार पहुंच गई थी। शनिवार को इस 'यलो लाइन' पर मेट्रो सेवाएं सुबह 7:35 बजे से रात 8:32 बजे तक चलेंगी। वहीं रविवार को सेवाएं सुबह 8:35 बजे से रात 8:22 बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
 

सेना पर ममता के कथित बयान के खिलाफ बीजेपी के पूर्व सैनिकों का धरना
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ से जुड़े कुछ पूर्व सैन्य अधिकारियों ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सेना को लेकर दिए कथित बयान के खिलाफ धरना दिया। यह प्रदर्शन उस बयान के खिलाफ था, जो ममता बनर्जी ने एक सितंबर की घटना के बाद दिया था। उस दिन सेना के जवानों ने मायो रोड पर गांधी मूर्ति के पास तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) द्वारा लगाए गए एक मंच को हटा दिया था।

यह मंच अगस्त महीने में बंगाल के प्रवासी मजदूरों पर हुए कथित अत्याचारों के खिलाफ सप्ताहांत प्रदर्शन के लिए लगाया गया था। एक सितंबर को मंच हटाए जाने के बाद ममता बनर्जी मौके पर पहुंची थीं। उन्होंने कहा था कि उन्हें सेना का सम्मान है क्योंकि वह देश की सुरक्षा की रखवाली करती है, लेकिन कभी-कभी वह भाजपा सरकार के इशारे पर विपक्ष-शासित राज्यों में कार्रवाई करती है।

जलवायु वित्त निर्णायक मुद्दा, भारत को 2070 तक होगी 10 हजार अरब डॉलर की जरूरत: भूपेंद्र यादव
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि जलवायु वित्त, जलवायु कार्रवाई के लिए निर्णायक मुद्दा है। विकसित देशों की नैतिक जिम्मेदारी है कि वे कम कार्बन वाली अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ने में वैश्विक दक्षिण का समर्थन करें।

उद्योग मंडल फिक्की की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि भारत को अपने नेट-जीरो लक्ष्य को पूरा करने के लिए वर्ष 2070 तक 10 हजार अरब डॉलर (10 ट्रिलियन डॉलर) से अधिक की आवश्यकता होगी। उन्होंने वैश्विक वित्तीय प्रणालियों से पारदर्शिता, जवाबदेही और किफायत सुनिश्चित करते हुए निजी पूंजी को प्रवाहित करने का आह्वान किया। यादव ने कहा, सार्वजनिक धन मौजूदा समस्या के पैमाने को हल करने के लिए पर्याप्त नहीं हो सकता और न ही होगा। राजकोषीय गुंजाइश कम है। सार्वजनिक बजट और रियायती वित्त की भूमिका जोखिम कम करना, भीड़भाड़ को कम करना और ऐसे नियम बनाना है, जो निजी पूंजी को खोल सकें। जलवायु वित्त विकास वित्त है।

कर्नाटक: हिंदुत्ववादी कार्यकर्ता पुनीत केरेहली को सात दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
हिंदुत्ववादी कार्यकर्ता और गौरक्षक पुनीत केरेहली को सात दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि केरेहली ने एक मजिस्ट्रेट को यह आश्वासन देने से इनकार कि वह कोई आपराधिक गतिविधि शामिल नहीं होगा। 

बंगलूरू पुलिस ने एक बयान में कहा कि केरेहली पहले से ही 14 गंभीर मामलों में आरोपी है और उसकी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता को देखते हुए उसे 10 सितंबर 2025 को बसवनगुड़ी पुलिस ने आगे के अपराधों को रोकने के लिए हिरासत में लिया। एक मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 127 के तहत दर्ज किया गया है। उसे विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।

गुजरात में दो साल में 307 शेरों की मौत, संरक्षण पर सरकार ने 37 करोड़ से अधिक खर्च किए
गुजरात विधानसभा में वन मंत्री मुलुभाई बेरा ने बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य में 307 शेरों की मौत हुई, जिनमें से 41 की मौत अस्वाभाविक कारणों से हुई। इनमें 20 शेर कुओं में गिरकर, नौ अन्य जलाशयों में डूबकर, जबकि सड़क दुर्घटना, ट्रेन हादसे, बिजली का झटका और प्राकृतिक आपदाओं से भी मौतें शामिल हैं। सरकार ने शेरों की सुरक्षा हेतु पशु उपचार केंद्र, एम्बुलेंस सेवा, पशु चिकित्सक नियुक्ति, सड़क पर स्पीड-ब्रेकर, कुओं पर परापेट दीवारें और रेडियो कॉलर जैसी पहलें की हैं। 2025 की जनगणना में 891 एशियाई शेर दर्ज हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed