Updates: भारत का पहला GenAI कॉन्क्लेव केरल में आयोजित; जगन्नाथपुरी मंदिर प्रशासन में सीनियर IAS की नियुक्ति
भारत का पहला अंतरराष्ट्रीय जेनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (GenAI) कॉन्क्लेव केरल में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने इसे ऐतिहासिक क्षण करार दिया। उन्होंने कहा कि केरल देश में जनरेटिव एआई का केंद्र बनाने की दिशा में बढ़ रहा है। एआई में तेज बदलाव की क्षमता का जिक्र कर सीएम विजयन ने कहा, सरकार समाज और अर्थव्यवस्था पर एआई के प्रभाव का आकलन कर रही है। उन्होंने कहा कि केरल उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है, नवाचार और उद्यमिता को सक्षम बना रहा है। केरल सरकार ने उन सभी उद्योगों और नीतियों का बीड़ा उठाया है जो एआई-आधारित उद्योगों को प्राथमिकता देते हैं।
जगन्नाथपुरी मंदिर प्रशासन में सीनियर IAS की नियुक्ति
भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में वरिष्ठ अधिकारी अरबिंद कुमार पाधी को पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन का मुख्य प्रशासक नियुक्त किया गया है। बता दें कि हाल ही में बनी भाजपा सरकार ने कहा है कि मंदिर के रत्न भंडार को खुलवाया जाएगा। मंदिर प्रशासन से जुड़े इस संवेदनशील काम से पहले अरबिंद कुमार की नियुक्ति काफी अहम मानी जा रही है।
80 साल के पूर्व मंत्री पौड्याल लापता, सिक्किम पुलिस ने SIT गठित की
सिक्किम के पूर्व मंत्री राम चंद्र पौड्याल (80) लापता हो गए हैं। रविवार सुबह घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटे। एक अधिकारी ने बुधवार को कहा, वह अपने परिवार से यह कह कर निकले थे कि दोपहर तक लौट आएंगे। जब उनके बारे में कहीं कोई सूचना नहीं मिली तो परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी कर्मा ग्यामत्सो भूटिया ने कहा, वयोवृद्ध राजनेता के लापता होने के मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। उनकी तलाश में पाक्योंग थाने से एक पुलिस टीम पड़ोसी पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी भेजी गई है।
थाईलैंड के विदेश मंत्री बिम्सटेक बैठक के लिए भारत पहुंचे
थाईलैंड के विदेश मंत्री मैरिस संगियपोंगसा दिल्ली के हवाई अड्डे पर उतरे। वह बिम्सटेक के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे।
बंगाल में बड़े पैमाने पर अधिकारियों का तबादला#WATCH | Foreign Minister of Thailand Maris Sangiampongsa arrived at the Delhi Airport.
— ANI (@ANI) July 10, 2024
He will attend the BIMSTEC Foreign Ministers' retreat pic.twitter.com/m2UrDYB6XA
पश्चिम बंगाल सरकार ने बुधवार को 180 भूलेख अधिकारियों (बीएलआरओ) और कई राजस्व अफसरों का तबादला किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह कदम मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा विभाग में कदाचार के आरोपों पर नाराजगी जाहिर करने और सख्त कार्रवाई की मांग करने के एक हफ्ते के भीतर उठाया गया। अधिकारी ने कहा कि तबादलों का मकसद विभाग में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना है। उन्होंने कहा, कुल 180 बीएलआरओ और कई राजस्व अधिकारियों का तबादला किया गया है। जिन बीएलआरओ का तबादला किया गया है, उन्हें 12 जुलाई तक दायित्व से मुक्त कर दिया जाएगा। वे नए विभाग में शामिल होंगे। जिला प्रशासन को जरूरी निर्देश भेजे गए थे। मुख्यमंत्री को कार्यालय को सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही हैं।
तमिलनाडु: एक करोड़ की विदेशी मुद्रा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने एक करोड़ से अधिक मूल्य की विदेशी मुद्रा के साथ दो तस्कर पकड़े हैं। एक अधिकारी ने कहा, गुप्त सूचना के आधार पर विभाग ने शनिवार को यह कार्रवाई की। दोनों आरोपी बैंकॉक से यहां पहुंचे थे। जांच के दौरान उनके पास 1.11 करोड़ रुपये मूल्य के अमेरिकी डॉलर और सऊदी रियाल बरामद हुए। एक बयान में कहा गया कि आरोपी इसकी देश से बाहर तस्करी करने की फिराक में थे।
कर्नाटक के डिप्टी CM बोले- PMC मामले में ED की छापेमारी गलत
कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने वाल्मिकी विकास निगम (पीएमसी) मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी को अनुचित करार दिया। ईडी ने बुधवार को राज्य के पूर्व मंत्री बी नागेंद्र और विधायक बसनगौड़ा दद्दल से जुड़े कथित ठिकानों पर तलाशी ली। कर्नाटक महर्षि वाल्मिकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम के बैंक खातों से 187 करोड़ रुपये के कथित अवैध हस्तांतरण की जांच के तहत बंगलूरू, रायचूर और बेल्लारी में छापे मारे गए। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इसमें से कुछ आईटी कंपनियों और हैदराबाद के एक सहकारी बैंक के विभिन्न खातों में अवैध रूप से जमा किए गए 88.62 करोड़ रुपये शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा, जब राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी पहले से ही मामले की जांच कर रही है, तो ईडी को मामले में छापेमारी करने की कोई जरूरत नहीं थी।
कर्नाटक: अल्फोंसोस मथियास का निजी अस्पताल में निधन
वहीं, बंगलूरू के एमेरिटस आर्कबिशप अल्फोंसोस मथियास का बुधवार को एक निजी अस्पताल में उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। मथियास 96 साल के थे। अधिकारियों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। उनका जन्म 22 जून 1928 को कर्नाटक के दक्षिण केनरा जिले के पंगाला गांव में हुआ था। वह डिएगो मथियास और फिलोमेना डिसूचा की चौथी संतान थे।
कोच्चि: कुएं में गिरे हाथी के बच्चे को मां ने बचाया
केरल के एर्नाकुलम जिले में बुधवार को कुएं में गिरे एक हाथी के बच्चे को उसकी मां ने बचा लिया। घटना मलयात्तूर के पास हुई। समाचार चैनलों पर दिखाए गए दृश्यों में हथिनी अपने बच्चे को कुएं से निकालने के लिए रास्ता तैयार करती और पास में इंतजार कर रहे जंगली हाथियों के झुंड से मिलती दिखाई दे रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल भी हो रहा है। पुलिस ने बताया कि हाथी का बच्चा सुबह कुएं में गिर गया था और झुंड आसपास ही था। जब स्थानीय निवासियों, पुलिस और वन अधिकारियों ने इलाके को घेरा, तो हथिनी ने आगे बढ़कर अपने बच्चे को बचा लिया।