फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 10 Dec North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News

News Updates: गुजरात में डिजिटल अरेस्ट ठगी का पर्दाफाश; कर्नाटक के मुदोल में दो ट्रकों की भिड़ंत, तीन की मौत

Wed, 10 Dec 2025 04:36 AM IST
लव गौर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: लव गौर Updated Wed, 10 Dec 2025 04:36 AM IST
विज्ञापन
News Updates 10 Dec North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
देशभर में लोगों को डिजिटल अरेस्ट कर धमकाने और ठगी करने वाले गुजरात के पांच आरोपियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अहमदाबाद की विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है। 27 नवंबर को दायर चार्जशीट में मकबूल अब्दुल रहमान डॉक्टर, उसका बेटा काशिफ डॉक्टर, महेश मफतलाल देसाई, ओम राजेंद्र पंड्या और मितेश गोकुलभाई ठक्कर को आरोपी बनाया गया है। इनमें मितेश को छोड़ बाकी सभी को अक्तूबर में गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले का छठा आरोपी बस्सम डॉक्टर, जो मकबूल का बेटा है, अभी फरार है और उसके खाड़ी देश में छिपे होने की आशंका है। जांच में सामने आया कि गिरोह फर्जी नोटिस भेजकर खुद को पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बताता था और वीडियो कॉल पर लोगों को धमकाकर उनसे पैसे वसूलता था। इतना ही नहीं, इन लोगों ने एक नकली पुलिस स्टेशन भी तैयार कर रखा था। अब तक गिरोह द्वारा 104 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई का खुलासा हुआ है।
विज्ञापन


कर्नाटक के मुदोल में दो ट्रकों की भिड़ंत, तीन की मौत, एक घायल
कर्नाटक के मुदोल तालुक के बंटनूर क्रॉस के पास देर रात दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में एक सीमेंट लदा बल्क कैरियर दूसरी ट्रक से सीधी टक्कर में बुरी तरह कुचल गया। मृतकों की पहचान मल्लिकार्जुन (22), रेवणसिद्धप्पा (20) और सुरेश (33) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल रमेश (22) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ गोयल के अनुसार दो लोग मौके पर ही मारे गए, जबकि तीसरी मौत बल्क कैरियर के चालक की हुई। पुलिस ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस का कहना है कि सड़क हादसे के कारणों की जांच जारी है।
विज्ञापन

गुजरात: छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन

राजकोट पुलिस ने छह साल की बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म के आरोप में 30 साल के एक आदमी राम सिंह को गिरफ्तार किया है। राजकोट ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक विजय सिंह गुर्जर ने बताया, राम सिंह नाम के 30 साल के एक आदमी ने छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था। उसने न सिर्फ बच्ची का दुष्कर्म किया, बल्कि उसके निजी अंगों में रॉड भी डाली। यह घटना 4 नवंबर की है।  

केरल: निलंबित कांग्रेस विधायक राहुल ममकूटाथिल को मिली अग्रिम जमानत
तिरुवनंतपुरम की एक अदालत ने बुधवार को निलंबित कांग्रेस विधायक राहुल ममकूटाथिल को उनके खिलाफ दर्ज दूसरे यौन शोषण मामले में अग्रिम जमानत प्रदान की। विधायक के वकील अजित कुमार ने सत्र न्यायालय से विधायक को राहत मिलने की पुष्टि की।


ममकूटाथिल को पहले यौन शोषण और जबरन गर्भपात के पहले मामले में केरल हाईकोर्ट से गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा मिल चुकी थी। निलंबित विधायक पहला मामला दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे थे। उन्हें चार दिसंबर को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था, जब उनके खिलाफ दूसरे यौन शोषण की शिकायत दर्ज हुई और सत्र न्यायालय की ओर से  उनकी अग्रिम जमानत याचिकाओं को खारिज कर दिया गया।

तेलंगाना: कांग्रेस और बीआरएस समर्थकों के बीच झड़प, एक की मौत
सुर्यापेट जिले में ग्राम पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी पार्टी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के समर्थकों के बीच झड़प में एक बीआरएस कार्यकर्ता की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। 

बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस 'हत्या की राजनीति' में लिप्त है। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि सत्तारूढ़ पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव का सामना करने में असमर्थ होने के कारण शारीरिक हमलों का सहारा ले रही है। पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार को लिंगमपल्ली गांव में हुई, जब चुनाव प्रचार समाप्त हुआ। दो समूहों के बीच बहस हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें लाठी और पत्थरों का इस्तेमाल हुआ। 57 वर्षीय व्यक्ति को सिर में चोट लगी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया, उन्हें पहले सुर्यापेट के अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर हैदराबाद के एक अन्य अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन बुधवार की तड़के उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की बहू चुनाव में वार्ड सदस्य के रूप में भाग ले रही हैं। मृतक के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया कि उन्हें कांग्रेस समर्थकों के हमले में मारा गया। गांव की स्थिति फिलहाल शांत बताई जा रही है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।


मानवयुक्त पनडुब्बी गहरे समुद्र में उतारने की योजना अंतिम चरण में: जितेंद्र सिंह
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्स पर कहा कि मानव को लेकर गहरे समुद्र में उतरने वाली पनडुब्बी भेजने की एक अहम योजना अंतिम चरण में है। यह ऐसे समय हो रहा है जब इंसान को अंतरिक्ष में भेजने की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। मत्य 6000 से मिलिए- गहरे समुद्र में उतरने वाली भारत की पहली स्वदेशी मानवयुक्त पनडुब्बी। इसे पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने आईआईएसएफ 2025 में प्रदर्शित किया है। इसका लक्ष्य 2026 में 500 मीटर और 2027 में 6000 मीटर गहराई तक मानव के साथ गोता लगाना है। मत्य 6000 भारत को उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल करेगा, जिनके पास इतनी गहराई में समुद्री खोज करने की क्षमता है। 

पीएम मोदी ने असम आंदोलन के आंदोलनकारियों को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को स्वहिद (शहीद) दिवस के अवसर पर असम आंदोलन में भाग लेने वालों को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका योगदान भारत के इतिहास में अहम स्थान रखता है और केंद्र असम की सांस्कृतिक और विकास संबंधी आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, आज स्वहिद दिवस पर हम असम आंदोलन में शामिल सभी वीरों को याद कर रहे हैं। यह आंदोलन हमेशा हमारे इतिहास में प्रमुख स्थान रखेगा। हम असम आंदोलन में भाग लेने वालों के सपनों को पूरा करने, खासतौर पर असम की संस्कृति को मजबूत करने और राज्य की समग्र प्रगति सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं। 

केरल स्थानीय निकाय चुनाव: भाकपा ने केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी के वोट डालने पर सवाल उठाए
भाकपा नेता वीएस अनिल कुमार ने बुधवार को चुनाव आयोग से पूछा कि केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने तिरुवनंतपुरम से स्थानीय निकाय चुनाव में वोट कैसे डाला। इससे पहले फेसबुक पोस्ट में उनके प्रतिद्वंद्वी सुनील कुमार ने कहा कि गोपी और उनके परिवार ने पिछले लोकसभा चुनावों में त्रिशूर के नेटिसेरी से वोट डाला था और दावा किया था कि वह वहां स्थायी निवासी हैं। केरल के स्थानीय निकाय चुनाव के पहले चरण में मंगलवार को गोपी और उनके परिवार ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम के सस्थामंगलम वार्ड में वोट डाला। सुनील कुमार ने लिखा, यह कैसे संभव हुआ? चुनाव आयोग और केंद्रीय मंत्री को इसका जवाब देना चाहिए। 

मणिपुर: प्रतिबंधित संगठनों के दो सदस्य गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने दो प्रतिबंधित संगठनों के सदस्यों को जबरन वसूली गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को इंफाल पश्चिम जिले के लांगोल लाइमानी क्षेत्र से प्रतिबंधित कांग्लेइपक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) का 30 वर्षीय सदस्य पकड़ा गया। आरोपी बिष्णुपुर जिले के टोपोक्पी मयाई लेइकाई का निवासी है। वहीं, सोमवार को तेंगनोपाल जिले के मोरेह से प्रतिबंधित केवाईकेएल (ओ) का एक सदस्य गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बलों ने हेंगकापकोट गांव, चुराचांदपुर जिले में एक अभियान के दौरान एक इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार, दो बम और 27 खाली कारतूस भी बरामद किए।

मणिपुर में जातीय हिंसा के दो साल बाद से सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मई 2023 से मेतेई और कुकी जो समूहों के बीच हुई हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए और हजारों लोग बेघर हुए। 13 फरवरी, 2025 को राज्य में मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया। राज्य विधानसभा को निलंबित किया गया, जिसका कार्यकाल 2027 तक है।

भारत पहुंचे इटली की उप प्रधानमंत्री एंटोनियो तजानी
इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश एवं अंतर्राष्ट्रीय सहयोग मंत्री एंटोनियो तजानी आज आईजीआई हवाई अड्डे पर पहुंचे।

तिरुमाला लड्डू-घी घोटाले में दो और अधिकारी गिरफ्तार
बहुचर्चित तिरुपति लड्डू के लिए इस्तेमाल होने वाले घी में मिलावट के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की निगरानी में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मंगलवार को तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के दो और अधिकारियों, सुगंध और सुब्रह्मण्यम को हिरासत में लिया है। इन दोनों से 12 दिसंबर तक पूछताछ की जाएगी।

इससे पहले, टीटीडी के पूर्व महाप्रबंधक आरएसएसवीआर सुब्रह्मण्यम समेत कुल चार लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। मामले में एआर डेयरी, वैष्णवी डेयरी और भोले बाबा डेयरी जैसी फर्में भी शामिल हैं, जिन पर मिलावटी घी की आपूर्ति का आरोप है। 

श्रीलंका की मदद में आईएनएस घड़ियाल समेत चार जहाज तैनात
भारतीय नौसेना ने श्रीलंका में चक्रवात दित्वाह से प्रभावित इलाकों में मानवीय सहायता और राहत पहुंचाने के लिए चल रहे ऑपरेशन सागर बंधु के तहत आईएनएस घड़ियाल और तीन अन्य जहाजों को तैनात किया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि घड़ियाल के साथ तीन एलसीयू (लैंडिंग क्राफ्ट यूटिलिटी) 7 दिसंबर की सुबह कोलंबो पहुंचे और श्रीलंका के अधिकारियों को महत्वपूर्ण राहत सामग्री सौंप दी। मानवीय सहायता मिशन जारी रखने के लिए आईएनएस घड़ियाल 8 दिसंबर को श्रीलंका पहुंच गया। 

भारत-बांग्लादेश के बीच मछुआरों की अदला-बदली, 47 लौटे
भारत और बांग्लादेश के बीच मानवीय हितों को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) पर मछुआरों और नावों की अदला-बदली की गई। भारतीय तटरक्षक बल की मदद से बांग्लादेश में पकड़े गए 47 भारतीय मछुआरे और तीन नौकाएं स्वदेश वापस लाई गईं। भारत ने भी परस्पर सहयोग के तहत 32 बांग्लादेशी मछुआरों और एक नाव को छोड़ दिया। मछुआरों की अदला-बदली बंगाल की खाड़ी में भारतीय तटरक्षक जहाज विजया की मौजूदगी में संपन्न हुआ। 

समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने एडमिरल त्रिपाठी ब्राजील रवाना
नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी द्विपक्षीय समुद्री सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए चार दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को ब्राजील रवाना हो गए। अपनी यात्रा के दौरान एडमिरल त्रिपाठी, ब्राजील के रक्षा मंत्री जोस मुसियो, सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ ज्वाइंट स्टाफ एडमिरल रेनाटो रोड्रिग्स के साथ विचार-विमर्श करेंगे। 

कर्नाटक में दुनिया के दूसरे सबसे बड़े खादी राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने यहां सुवर्ण विधान सौध में विश्व के दूसरे सबसे बड़े खादी राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारतीय तिरंगा केवल खादी का कपड़ा नहीं है, बल्कि राष्ट्र के गौरव और आत्मसम्मान का प्रतीक है। राज्य सरकार ने बताया कि सबसे बड़ा तिरंगा 2021 में लेह में प्रदर्शित किया गया था। राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए, सिद्धारमैया ने याद दिलाया कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान तिरंगे को अपनाया गया था। उन्होंने कहा कि इस झंडे में तीन रंग और अशोक चक्र है। केसरिया, सफ़ेद और हरा रंग राष्ट्रीय गौरव, अर्थव्यवस्था, त्याग और शांति का संदेश देते हैं। 

एसआईआर : धीमी गति के लिए बीएलओ को फटकार
गणना फॉर्म जमा करने की 11 दिसंबर की अंतिम तिथि से दो दिन पहले, चुनाव आयोग के विशेष पर्यवेक्षक सी मुरुगन ने कोलकाता के एक बीएलओ को पोर्टल पर डाटा अपलोड करने में धीमी गति के लिए फटकार लगाई। शहर के तोपसिया और तिलजला इलाकों के बूथों के दौरे के दौरान, आईएएस अधिकारी ने पाया कि एक बूथ के कुल 720 फॉर्मों में से 105 का गणना डाटा अभी तक डिजिटल नहीं किया गया है।

गरीब व वंचितों की पहुंच से दूर हुई उच्च शिक्षा- संसदीय समिति
उच्च शिक्षा की बढ़ती लागत के बीच शिक्षा ऋणों तक छात्रों की पहुंच लगातार कम होती जा रही है। एक संसदीय समिति ने अपनी रिपोर्ट में इस स्थिति को चिंताजनक बताते हुए सरकार से अपील की है कि वह किसी भी छात्र का लोन आवेदन बिना उचित कारण के न तो रोके और न ही खारिज करे। यह रिपोर्ट राज्यसभा में शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी स्थायी समिति ने पेश की, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह कर रहे हैं। समिति ने कहा कि वंचित वर्गों, ग्रामीण इलाकों और दूरदराज के क्षेत्रों के अधिकतर छात्र आज भी सरकारी शिक्षा-ऋण योजनाओं से अनजान हैं, जबकि उच्च शिक्षा विभाग पीएम विद्या लक्ष्मी पोर्टल का काफी प्रचार-प्रसार कर चुका है। रिपोर्ट में बताया गया कि व्यवस्था का उद्देश्य अवसरों की खाई कम करना था, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में योग्य छात्र इससे बाहर रह जाते हैं। समिति ने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि तमिलनाडु, केरल और महाराष्ट्र को शिक्षा ऋण का सबसे बड़ा हिस्सा मिलता है।

ड्राफ्ट रोल से पहले पार्टियों को मिलेगा मृत और अनुपस्थित मतदाताओं का पूरा रिकॉर्ड- चुनाव आयोग
चुनाव आयोग ने बुधवार को कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) चल रहे 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों को मृत, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं की सूची पहले ही दे दी जाएगी। आयोग के अनुसार 16 दिसंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित होगी, लेकिन उससे पहले यह संवेदनशील सूची सीधे पार्टियों तक पहुंचाई जाएगी। चुनाव आयोग ने संबंधित राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे हर बूथ के हिसाब से अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची बीएलए को सौंप दें। यह वही मतदाता हैं जिनसे बूथ स्तर अधिकारियों ने तीन बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बिहार में हुई पिछले SIR प्रक्रिया में भी आयोग ने यही तरीका अपनाया था और अब इसे 12 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में दोहराया जा रहा है। आयोग का कहना है कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए है।

शहीद दिवस पर असम आंदोलन के शहीदों को अमित शाह की श्रद्धांजलि
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को असम आंदोलन के शहीदों को याद करते हुए कहा कि असम के लोगों ने कठिन परिस्थितियों में संघर्ष कर राज्य के इतिहास को दिशा दी और अद्वितीय देशभक्ति का परिचय दिया। शाह ने एक्स पर संदेश में लिखा कि स्वहीद दिवस पर वे असम आंदोलन के दौरान दिए गए बलिदानों को नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार असम के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने, राज्य को शांति, विकास और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। असम आंदोलन 1979 से 1985 के बीच एएएसयू और एएजीएसपी के नेतृत्व में अवैध प्रवासियों के खिलाफ चला था, जिसमें उन्हें चिन्हित कर नागरिकता सूची से बाहर करने और देश से निष्कासित करने की मांग की गई थी।

नए सीआईसी के चयन के लिए आज बैठक संभव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति बुधवार को अगले मुख्य सूचना आयुक्त और केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) में आठ रिक्त पदों के लिए सूचना आयुक्तों के चयन के लिए बैठक कर सकती है। समिति में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पीएम की तरफ से नामित एक केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं। सरकार ने 1 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया था कि पीएम मोदी के नेतृत्व वाली समिति इन पदों के लिए नामों का चयन और सिफारिश करने के लिए 10 दिसंबर को बैठक कर सकती है। 


सीआईसी में मुख्य सूचना आयुक्त और 10 सूचना आयुक्तों के पद हैं। मौजूदा समय में आयोग में सिर्फ दो सूचना आयुक्त-आनंदी रामलिंगम और विनोद कुमार तिवारी हैं। हीरालाल समारिया के 13 सितंबर को पद छोड़ने के बाद मुख्य सूचना आयुक्त का पद भी खाली है। आयोग की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, समारिया 6 नवंबर, 2023 को मुख्य सूचना आयुक्त बने थे और 65 वर्ष की आयु प्राप्त करने पर पद छोड़ दिए थे। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के अनुसार, मुख्य सूचना आयुक्त के पद के लिए कुल 83 आवेदन मिले हैं। वहीं, सूचना आयुक्तों के रिक्त पदों के लिए कुल 161 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

छोटे कारीगरों की आजीविका खतरे में डाल रही सरकार- राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनिंदा पूंजीपतियों को बढ़ावा देकर उनके लिए एकाधिकार बना रही है। इससे देश के छोटे कारीगरों की आजीविका खतरे में पड़ गई है। प्रधानमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के बुनकरों का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि बनारसी साड़ियों में भारत की आत्मा बसती है। उन्होंने हाल में जन संसद में बनारसी कारीगरों से मुलाकात की, जिन्होंने शिकायत की कि उन्हें किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। राहुल ने कहा कि सरकारी उपेक्षा के कारण कारीगर अपना पुश्तैनी काम छोड़कर मजदूरी या रिक्शा चलाने को मजबूर हैं और बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मशीनें और सुइयां तक चीन-जापान से आ रहीं तो मेक इन इंडिया कहां है? उन्होंने दोहराया कि देश के लोगों को रोजगार और सम्मानजनक आजीविका देने के लिए उत्पादन का लोकतांत्रिक मॉडल आवश्यक है। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह कारीगरों की आवाज उठाना जारी रखेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed