फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Update in Hindi Earthquake in Sikar Rajasthan Car Accident in Nagpur

Updates: भारत में घुसने की कोशिश करने वाले बांग्लादेशियों ने BSF पर किया हमला, जवाबी कार्रवाई में तस्कर की मौत

Sun, 09 Jun 2024 02:42 PM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: जलज मिश्रा Updated Sun, 09 Jun 2024 02:42 PM IST
विज्ञापन
News Update in Hindi Earthquake in Sikar Rajasthan Car Accident in Nagpur
बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

भारत और बांग्लादेश की सीमा पर तस्करों पर कार्रवाई लगातार जारी है। सीमा सुरक्षा बल यानी बीएसफ के जवानों और बांग्लादेशी तस्करों के बीच में झड़प हो गई। जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ में एक कथित बांग्लादेशी तस्कर की मौत हो गई। आइए जानते हैं क्या है ये पूरा मामला। 

विज्ञापन


बीएसएफ जवानों की नजर पड़ी तो तस्कर सीमा पार करने की कोशिश कर रहे थे। एक अधिकारी ने बताया कि भारत-बांग्लादेश सीमा के पास और भारतीय क्षेत्र के अंदर लगभग 150 गज की दूरी पर आज सुबह एक बांग्लादेशी तस्कर मारा गया। सीमा बाड़ के दोनों ओर तेजधार वाले हथियारों से लैस तस्करों के एक बड़े समूह ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से माल की तस्करी करने का प्रयास किया। जब जवानों ने इन लोगों को चुनौती दी तो इन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया और आक्रामक हो गए।
विज्ञापन

उन्होंने बताया कि हमला करने और उससे हथियार छीनने के इरादे से ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ जवान को घेरने की कोशिश की। इसके बचाव में बीएसएफ के जवान ने गोली चला दी, जिससे एक बांग्लादेशी तस्कर मारा गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


ठाणे जिले में कपड़ा व्यापारी से 23.9 लाख रुपये की ठगी, चार के खिलाफ मामला दर्ज
महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी शहर में एक कपड़ा व्यापारी से 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक कपड़ा कंपनी के मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी) और 468 (जालसाजी) के तहत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपी फर्जी कंपनियां बनाकर 14 मई से उससे और उसके सहयोगियों से 23.92 लाख रुपये का कपड़ा खरीद चुके हैं। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर अपनी खरीद के लिए भुगतान नहीं किया और जांच में खुलासा हुआ कि उन्होंने अपनी कंपनी भी बंद कर दी है।

कपड़े की दुकान में लगी आग
गुजरात के भावनगर के पीरछल्ला इलाके में एक कपड़े की दुकान में आग लग गई। आग बुझाने की कोशिश जारी है। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। यहां के सीएफओ प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि आग एक वाणिज्यिक इमारत में लगी। दमकल की दो टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग पर काबू पा लिया गया है।

राजस्थान के सीकर में भूकंप के झटके
राजस्थान के सीकर में भूकंप के महसूस किए गए हैं। सिस्मोलॉजी सेंटर के अनुसार, भूंकप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.9 मापी गई है। वहीं इसकी गहराई पांच किलोमीटर है। 

कार ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी, 12 लोग घायल
नागपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार कार चलाना का मामला सामने आया है। टैक्सी ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी, हादसे पांच बच्चे समेत 12 लोग घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर है। दुर्घटना कोराडी थर्मल पावर स्टेशन (केटीपीएस) के गेट नंबर 1 के पास हुई।

कोराडी पुलिस ने बताया कि रिक्शा चालक जुनैद इकबाल शेख (40) और उसमें सवार यात्री नाचमुन (45), जोहरा शेख (60), माहेरा सैयद (7), साविद (9), सोफिया (32), हसाक (4) और शाहीन (34), उसके बेटे फरहान (13) और मेहरान (7) घायल हो गए हैं। नाचमुन और जोहरा जिंदगी-मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। कैब चालक विजयकुमार राय (28) को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है। 

भावनगर में बस स्टैंड के पास चार दुकानों में लगी आग
गुजरात के भावनगर स्थित वर्तेज गांव के बस स्टैंड के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चार दुकानों में आग लग गई। दुकानों में आग लगती देख वहां मौजूद लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल, दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। 

एग्जिट पोल प्रसारित और निवेशकों को प्रभावित करने की जांच की मांग
सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर मीडिया घरानों और उनकी सहयोगी कंपनियों के खिलाफ जांच की मांग की गई है। याचिका में अधिवक्ता बीएल जैन ने कहा कि एग्जिट पोल प्रसारित किए जाने से निवेशकों को प्रभावित किया गया। इसके चलते 4 जून को नतीजों के बाद शेयर बाजार में आई गिरावट के कारण 31 लाख करोड़ का नुकसान हुआ। 
 

असम राइफल्स ने उग्रवादी संगठनों में भर्ती पांच युवकों को बचाया
असम राइफल्स ने म्यांमार की सीमा से लगे मणिपुर के टेंग्नौपाल जिले से पांच युवाओं को बचाया है, जिन्हें प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों-पीपुल्स लिबरेशन आर्मी और प्रीपाक (पीआरओ) की ओर से भर्ती किया गया था। सुरक्षा बल की ओर से शनिवार को बयान जारी कर यह जानकारी दी गई। इंफाल के मंत्रीपुखरी में महानिरीक्षक असम राइफल्स (एस) मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पांचों युवाओं को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। पीएलए और प्रीपाक ने इन्हें बरगलाकर संगठन में शामिल किया था।
 

युवतियों की शादी की उम्र बढ़ाने वाला बिल लोस के भंग होने से निरस्त
17वीं लोकसभा के भंग होने के चलते युवतियों की शादी की उम्र बढ़ाने के लिए सदन में पेश किया गया विधेयक निरस्त हो गया है। इसका मकसद युवक और युवतियों की शादी की उम्र में समानता लाना था।

बाल विवाह निषेध (संशोधन) विधेयक 2021 को दिसंबर 2021 में लोकसभा में पेश किया गया था। इसे शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी स्थायी समिति को भेज गया था। स्थायी समिति को कई बार विस्तार दिया गया था। कानून एवं संविधान के प्रावधान का हवाला देते हुए लोकसभा के पूर्व महासचिव एवं संविधान विशेषज्ञ पीडीटी आचार्य ने कहा कि 17वीं लोकसभा के भंग होने के साथ विधेयक निरस्त हो गया है। विधेयक का उद्देश्य बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 में संशोधन करके लड़कियों की विवाह की न्यूनतम आयु को बढ़ाकर 21 वर्ष करना था।

 

सितंबर में शुरू होगी मैत्री सेतु से यात्रियों की आवाजाही
दक्षिण त्रिपुरा जिले में भारत और बांग्लादेश को जोड़ने वाले मैत्री सेतु के जरिये यात्रियों की आवाजाही इस साल सितंबर तक शुरू हो जाएगी। राज्य उद्योग और वाणिज्य विभाग की सचिव किरण गिट्टे नेयह जानकारी दी। किरण गिट्टे ने कहा कि मैत्री सेतु का उद्घाटन पहले ही हो चुका है। लैंड पोर्ट लगभग तैयार है। सितंबर में यात्रियों की आवाजाही शुरू होने के बाद माल की आवाजाही शुरू होने में दो या तीन महीने लगेंगे। इस पुल के जरिये माल की आवाजाही न केवल राज्य के लिए, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर के लिए रणनीतिक रूप से अहम मानी जाती है, क्योंकि बांग्लादेश का चटगांव बंदरगाह त्रिपुरा के सबरूम से सिर्फ 80 किमी दूर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी बांग्लादेशी समकक्ष शेख हसीना ने 9 मार्च, 2021 को इस सेतु का वर्चुअल उद्घाटन किया था।

गिट्टे के मुताबिक, कोविड महामारी की बाद बंद त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में कमलासागर सीमा हाट भी जल्द ही फिर से खुलेगा। वर्तमान में दक्षिण त्रिपुरा जिले का श्रीनगर सीमा हाट खुला हुआ है।

 

हार के बाद त्रिशूर कांग्रेस कार्यालय में मारपीट, केस
केरल की त्रिशूर लोकसभा सीट पर भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद कांग्रेस डीसीसी कार्यालय में मारपीट हो गई। पुलिस ने शनिवार को डीसीसी सचिव सजीवन कुरियाचिरा की शिकायत पर त्रिशूर जिला कांग्रेस समिति (डीसीसी) के अध्यक्ष जोस वल्लूर और पार्टी के 19 अन्य सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

सभी पर गैरकानूनी तरीके से एकत्र होने, दंगा करने, गलत तरीके से रोकने और जानबूझकर चोट पहुंचाने के लिए विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कुरियाचिरा ने शिकायत में आरोप लगाया है कि डीसीसी कार्यालय में वल्लूर और उनके समर्थकों ने उनकी पिटाई की। भाजपा के सुरेश गोपी ने त्रिशूर सीट पर 74,686  मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। कांग्रेस प्रत्याशी के मुरलीधरन ने नतीजे के बाद कहा था कि वह अब चुनाव नहीं लड़ेंगे। 

महाराष्ट्र: साइनबोर्ड गिरने से मोटरसाइकिल सवार की मौत
महाराष्ट्र के लातूर जिले में तेज हवाओं और बारिश के बीच साइनबोर्ड गिरने से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना शनिवार शाम अहमदपुर के पास हुई। उन्होंने बताया कि पीड़ित की पहचान आष्टा निवासी ज्ञानेश्वर बालाजी साके के रूप में हुई है और वह मोटरसाइकिल से शिरूर-ताजबंद जा रहा था। अधिकारी ने बताया कि जब वह राजमार्ग के नीचे से गुजर रहे थे तो तेज हवाओं और बारिश के कारण राजमार्ग पर दिशा और दूरी दिखाने वाला साइनबोर्ड ढह गया। उन्होंने बताया कि दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed