फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News And Updates: Tanzanian President three-day visit to India from October 8, PM Modi will inaugurate P-20

Updates: तंजानिया की राष्ट्रपति का आठ अक्तूबर से तीन दिवसीय भारत दौरा, पी-20 का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

Fri, 06 Oct 2023 06:56 PM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: निर्मल कांत Updated Fri, 06 Oct 2023 06:56 PM IST
सार

तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन आठ से दस अक्तूबर तक भारत की यात्रा पर रहेंगी। वह अपनी भारतीय समकक्ष द्रौपदी मुर्मू के निमंत्रण पर यहां आ रही हैं। सुलुहू अपने कई मंत्रियों और एक बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ नई दिल्ली की यात्रा करने के लिए तैयार हैं।

विज्ञापन
News And Updates: Tanzanian President three-day visit to India from October 8, PM Modi will inaugurate P-20
तंजानिया की पहली महिला राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन। - फोटो : Instagram : @samiasuluhu

विस्तार

तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन आठ अक्तूबर से तीन दिवसीय भारत यात्रा पर रहेंगी। अपनी भारतीय समकक्ष द्रौपदी मुर्मू के निमंत्रण पर हसन अपने कई मंत्रियों और एक बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ नई दिल्ली आने के लिए तैयार हैं। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 

विज्ञापन

विदेश मंत्री की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, अपनी भारत यात्रा के दौरान हसन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगी और राष्ट्रपति मुर्मू उनके लिए एक राजकीय भोज की मेजबानी भी करेंगी। राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा और उसके बाद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विस्तृत द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन 10 अक्तूबर को नई दिल्ली में एक व्यापार और निवेश मंच में भी भाग लेंगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

तंजानिया के किसी राष्ट्रपति की भारत यात्रा आठ वर्षों की अवधि के बाद हो रही है। विदेश मंत्रालय की विज्ञप्ति में कहा गया है कि आगामी यात्रा भारत और तंजानिया के बीच ऐतिहासिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करेगी। 

 

विज्ञापन

सेना प्रमुख ने हाल ही में किया तंजानिया का दौरा
बता दें कि सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे दो से पांच अक्टूबर तक तंजानिया की आधिकारिक यात्रा पर थे, जिससे दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा संबंधों को मजबूती मिली। अपनी यात्रा के दौरान जनरल पांडे ने मेजर जनरल विल्बर्ट ऑगस्टीन इबुगे कमांडेंट और फैकल्टी से भी मुलाकात की और दोनों सेनाओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।
 

 

विदेश मंत्री ने भी की थी तंजानिया की यात्रा
इससे पहले जुलाई में विदेश मंत्री एस जयशंकर तंजानिया की चार दिवसीय यात्रा पर भी गए थे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय राजदूत सम्मेलन में भाग लिया था और स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र में स्वामी विवेकानंद की आवक्ष प्रतिमा का उद्घाटन भी किया था। क्षेत्रीय राजदूत सम्मेलन में अंगोला, बुरुंडी, कांगो, स्वाजीलैंड, इथियोपिया, केन्या, लेसोथो, मोजाम्बिक, मलावी, नामीबिया, रवांडा, तंजानिया, दक्षिण अफ्रीका, युगांडा, जाम्बिया और जिम्बाब्वे के प्रतिनिधियों ने भाग लिया था।

मिजोरम के पूर्व मंत्री ने दिया इस्तीफा
मिजोरम के पूर्व मंत्री के. बेइचुआ ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बेइचुआ ने विधानसभा आयुक्त और सचिव लालमहरुइया जोते को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

बेइचुआ ने कहा कि वह इस साल होने वाले मिजोरम विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र सियाहा से चुनाव लड़ सकते हैं। मंगलवार को पलक विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक केटी रोखाव ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। रोखाव पहले ही अपने गृह क्षेत्र पलक से चुनाव लड़ने के लिए सत्तारूढ़ मिजोरम नेशन फ्रंट (एमएनएफ) में शामिल हो चुके हैं।
 

सामाजिक कल्याण, आबकारी और पशुपालन सहित कई विभागों को संभालने वाले बेइचुआ ने पिछले साल 13 दिसंबर को जोरमथंगा मंत्रालय से इस्तीफा दे दिया था। सत्तारूढ़ एमएनएफ ने 25 जनवरी को मारा स्वायत्त जिला परिषद (एमएडीसी) के अध्यक्ष एन वियाखू के साथ बेइचुआ को 'पार्टी विरोधी' गतिविधियों के लिए पार्टी के प्राथमिक सदस्य के रूप में निष्कासित कर दिया था।

तमिलनाडु: मछली पकड़ने वाली नौकाओं के लिए खोला गया पुल
रामेश्वरम में मछली पकड़ने वाली नौकाओं के लिए पंबन में रेलवे झूला पुल खोला गया। मछली पकड़ने वाली 50 से अधिक नौकाओं ने पुल को पार किया।

केरल: नौका पलटने के बाद चार लोग लापता
मुनामबम में कल मछली पकड़ने वाली एक नौका के पलट जाने से चार लोग लापता हो गए हैं, तीन को बचा लिया गया है। कोच्चि तटीय पुलिस ने  बताया कि बचाए गए लोगों को फोर्ट कोच्चि के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

पी-20 का उद्घाटन करेंगे पीएम नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 अक्टूबर को नई दिल्ली में जी-20 अध्यक्षों के नौवें शिखर सम्मेलन (पी-20) का उद्घाटन करेंगे। यह सम्मेलन 13 से 14 अक्तूबर, 2023 तक नव निर्मित इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (आईआईसीसी), यशोभूमि, द्वारका, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

लैंगिक मुद्दों पर वैश्विक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी राष्ट्रपति
 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को चार दिवसीय वैश्विक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी, जिसमें कृषि-खाद्य प्रणालियों में लैंगिक असमानता पर विचार-विमर्श किया जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन 'अनुसंधान से प्रभाव: न्यायपूर्ण और लचीला कृषि-खाद्य प्रणाली' का आयोजन कंसोर्टियम ऑफ इंटरनेशनल एग्रीकल्चरल रिसर्च सेंटर (सीजीआईएआर) जेंडर इम्पैक्ट प्लेटफॉर्म और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) द्वारा संयुक्त रूप से किया जाता है।

अगले हफ्ते फ्रांस जाएंगे राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अगले सप्ताह पेरिस का दौरा करने वाले हैं। उनके दौरे के बारे में बताया गया कि दो देशों की यात्रा के हिस्से के रूप में उनके इटली जाने की भी संभावना है। जल्दी ही इस यात्रा की तारीखों की घोषणा की जाएगी। बता दें कि भारत और फ्रांस द्वारा जेट और हेलीकॉप्टर इंजनों के संयुक्त विकास सहित रक्षा सहयोग परियोजनाओं की घोषणा के लगभग तीन महीने बाद उनका यह दौरा होगा। 

मुंबई: 300 करोड़ की नशीली दवा मेफेड्रोन जब्त, 12 लोग गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने एक अभियान के तहत 300 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित नशीली दवा मेफेड्रोन जब्त की है। कई दिनों तक चले इस अभियान में कई शहरों से 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि नासिक जिले के एमआईडीसी शिंदे गांव में एक फैक्टरी पर छापे के दौरान 300.26 करोड़ रुपये की 151.305 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त की गई। साकी नाका पुलिस थाने की एक टीम ने महानगर के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ हैदराबाद, तेलंगाना और नासिक से एक गिरोह के 12 सदस्यों को गिरफ्तार किया। मेफेड्रोन एक सिंथेटिक उत्तेजक दवा है, जिसे कई तरह के नामों से जाना जाता है जैसे, 'म्याऊ म्याऊ', सफेद जादू, बबल, एम-कैट।

कॉलेजिएट ट्रिब्यूलन करेगी गिरिजाघर नियमों का उल्लंघन करने वाले पादरी के खिलाफ सुनवाई
केरल में कैथोलिक चर्च के एक डायोसिस ने गिरिजाघर पदाधिकारियों की तरफ से स्थापित मानकों का उल्लंघन करने के आरोपी एक पादरी के खिलाफ दंडात्मक न्यायिक प्रक्रिया शुरू करने के लिए कॉलेजिएट ट्रिब्यूलन गठित किया है। किसी पादरी के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई के लिए ट्रिब्यूनल गठित किया जाना असामान्य माना जाता है। फादर थॉमस अजी पुथियापराम्बिल को प्रमुख सीरिया मालाबार चर्च के थामारास्सेरी डायोसीज ने इस साल जुलाई में निलंबित कर दिया था, लेकिन बिशप रेमिगियोस इन्चानानियिल ने अपने नवीनतम आदेश में उक्त आदेश को रद्द कर दिया। हालांकि, बिशप ने पादरी को भेजे आदेश में स्पष्ट किया है कि उन्होंने पुथियापराम्बिल पर लगे आरोपों की जांच करने के लिए कॉलेजिएट ट्रिब्यूनल का गठन किया है।

तेलंगाना विधानसभा चुनाव से पहले बीआरएस छोड़कर कांग्रेस में आए विधायक, एमएलसी
तेलंगाना में सत्तारूढ़ बीआरएस को झटका देते हुए उसके दो वरिष्ठ नेताओं, एक एमएलसी और एक विधायक ने शुक्रवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। खानपुर से विधायक अजमीरा रेखा ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में पार्टी से अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी, जबकि एमएलसी कासिरेड्डी नारायण रेड्डी नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हो गए।

आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर रेखा पार्टी से नाराज चल रही थीं। अजमीरा ने भावुत होते हुए कहा, मैंने पिछले 12 वर्षों तक बीआरएस की सेवा की है। मैंने पार्टी से गद्दारी नहीं की, लेकिन पार्टी ने मुझे धोखा दिया, मैं बीआरएस पार्टी से इस्तीफा दे रही हूं। उन्होंने कहा, वे या तो बागी उम्मीदवार के रूप में या किसी अन्य पार्टी से चुनाव लड़ेंगी।

वहीं दूसरी ओर, दिल्ली में कासिरेड्डी ने कहा कि एमएलसी के रूप में उनका कार्यकाल अभी भी चार साल बाकी है, लेकिन वे खरगे और पीसीसी अध्यक्ष रेवंत रेड्डी की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। उनके साथ नगरकुर्नूल जिले के कई अन्य नेता भी कांग्रेस में शामिल हुए हैं। अगर कांग्रेस पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का मौका देगी तो वे चुनाव लड़ेंगे।

बंगाल: सूटकेस में बरामद हुआ नीट की तैयारी कर रहे छात्र का शव
कोलकाता में शुक्रवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के एक अभ्यर्थी का शव सूटकेस में बरामद हुआ है। विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक के मुंह पर टेप लगी हुई थी। मामले में दो महिलाओं सहित चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि साजिद हुसैन (19) का शव, कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में उसके किराये के कमरे में चारपाई के नीचे एक सूटकेस से बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि मालदा जिले के वैष्णबनगर इलाके का रहने वाला युवक चार अक्तूबर से लापता था और उसका मोबाइल फोन पहुंच से बाहर था। पुलिस के मुताबिक, युवक ने नीट की तैयारी के लिए किराये पर कमरा लिया हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, छात्र के लापता होने के बाद उसके परिजनों को एक फोन आया, जिसमें 30 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई थी। अधिकारी ने बताया, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि साजिद को कुछ पिलाने के बाद तकिये से उसका मुंह दबाकर घटना को अंजाम दिया गया है।

सुधाकर चतुर्वेदी ने अदालत से जमानत रद्द करने का किया अनुरोध
2008 के मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी सुधाकर चतुर्वेदी ने विशेष एनआईए अदालत से उनकी जमानत रद्द करने और उन्हें फिर से हिरासत लेने का अनुरोध किया है। क्योंकि मुकदमे में दिन-प्रतिदिन की अदालती सुनवाई में भाग लेने के लिए उनके पास मुंबई में आवास नहीं है। अदालत सोमवार को आवेदन पर आदेश पारित कर सकती है। सुधाकर चतुर्वेदी ने अपने आवेदन में कहा कि वह दैनिक आधार पर बयान की रिकॉर्डिंग में शामिल होने में असमर्थ हैं। वह मुंबई के स्थानीय निवासी नहीं हैं, बल्कि उत्तर भारत से हैं। उन्हें आवास खोजने में कठिनाई हो रही है। मुंबई में सीआरपीसी 313 के बयानों की रिकॉर्डिंग कुछ महीनों तक चलने की उम्मीद है। उन्होंने अपने आवेदन में कहा कि उन्होंने एटीएस अधिकारियों के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में 2013 में एक याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने मामले की जांच के दौरान उनके खिलाफ पर अत्याचार करने की शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र का गृह विभाग 10 साल से अधिक समय से हाईकोर्ट के आदेश का पालन नहीं कर रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed