फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News and Updates east west north south northeast india national incidents news in hindi

Updates: महाराष्ट्र में चलती ट्रेन से अलग हुई दो बोगियां; BRS विधायक बंदला कृष्ण मोहन कांग्रेस में शामिल

Sat, 06 Jul 2024 03:29 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: श्वेता महतो Updated Sat, 06 Jul 2024 03:29 PM IST
विज्ञापन
News and Updates east west north south northeast india national incidents news in hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
महाराष्ट्र में कसारा स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मुंबई की तरफ आ रही पंचवटी एक्सप्रेस की बोगी नंबर तीन और चार अलग हो गई। यह घटना सुबह के 8:45 बजे घटी और 9:02 मिनट में दोनों बोगियों को जोड़ा गया। ट्रेन की सुरक्षा के बारे आश्वस्त होने के बाद 9:15 में इसे रवाना किया गया। इस घटना के बाद ट्रेन करीब 35 मिनट तक रुकी रही। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है। 
विज्ञापन

महाराष्ट्र में माओवादियों के हमले में दो जवान घायल

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में दोधराज भामरागढ़ ब्रिज में माओवादियों द्वारा आईईडी हमले में सी60 टुकड़ियों के दो जवान घायल हो गए। यह हमला तब हुआ, जब जवान सड़क पर तलाशी अभियान चला रहे थे। फिलहाल इलाके की जांच जारी है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

कर्नाटक में दो कारों की टक्कर में तीन लोगों की मौत

कर्नाटक के शिवमोगा में दो कारों की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य पांच घायल भी हुए। घायलों की हालत गंभीर है। पुलिस के अनुसार, यह घटना शिवमोगा चिड़ियाघर के पास घटी। 
विज्ञापन

महिला पुलिसकर्मी और उसके सहयोगी को जलाने की कोशिश में एक व्यक्ति गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पुणे शहर में नसे की हालत में एक व्यक्ति ने महिला पुलिसकर्मी और उनके सहयोगी को आग लगाने की कोशिश की। आरोपी की पहचान सजय फकीरा साल्वे के तौर पर की गई है। इस घटना के बाद पलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मीडिया से बात करते हुए सहायक पुलिस निरीक्षक शैलजा जानकर ने बताया कि कुछ ट्रक चालकों के खिलाफ कार्रवाई कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरपी उनमें से एक है। आरोपी ने जेब से लाइटर निकाला और जलाने की कोशिश करने लगा। अन्य कर्मी उसे काबू में करने में कामयाब रहे।  

पुणे : नशे की हालत में दो पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाने का किया प्रयास, गिरफ्तार
पुणे शहर में शुक्रवार शाम नशे की हालत में एक व्यक्ति संजय फकीरा साल्वे ने एक महिला पुलिसकर्मी और उसके सहकर्मी पर आग लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने साल्वे को गिरफ्तार कर लिया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना विश्रामबाग पुलिस स्टेशन के पास उस समय हुई जब पुलिस नशे की हालत गाड़ी चला रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। वाहन को रोके जाने के बाद साल्वे ने बहस शुरू कर दी। वाहन से बाहर निकलकर उसने पेट्रोल की एक बोतल निकाल ली और सहायक सब इंस्पेक्टर व कांस्टेबल और पेट्रोल छिड़क दिया। इसके बाद साल्वे ने अपनी जेब से लाइटर निकाल लिया, लेकिन इसी दौरान अन्य पुलिस कर्मियों ने उसे काबू कर लिया। साल्वे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत धाराओं में केस दर्ज कर किया गया है।

केरल में दिमाग खाने वाले अमीबा के संक्रमण का चौथा मामला मिला
केरल में दिमाग खाने वाले अमीबा के संक्रमण का एक और मामला सामने आया है। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि उत्तरी केरल के कोझिकोड जिले का पय्योली निवासी 14 वर्षीय किशोर इस संक्रमण से पीड़ित है। उसका उपचार चल रहा है। अमीबिक मेनिंगोएन्सेफलाइटिस संक्रमण दूषित जल में पाए जाने वाले अमीबा से होता है।

राज्य में मई से अब तक अमीबा से होने वाले इस संक्रमण के कारण तीन बच्चों की मौत हो चुकी है। किशोर का इलाज कर रहे एक चिकित्सक ने कहा कि उसे पहली जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसकी हालत में सुधार हो रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, उसके इलाज के लिए विदेश से भी दवाएं मंगाई गई हैं। संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शुक्रवार को एक बैठक की जिसमें संक्रमण को रोकने के लिए गंदे जलाशयों में न नहाने सहित कई सुझाव दिए गए। साथ ही कहा गया कि स्विमिंग पूल में क्लोरीन डाला जाना चाहिए और बच्चों को इनमें प्रवेश करते समय सावधान रहना चाहिए क्योंकि यह बीमारी उन्हें सबसे जल्द प्रभावित करती है।

केरलः जांच के बहाने डॉक्टर ने किशोरी के साथ किया दुर्व्यवहार, केस दर्ज
केरल में इलाज कराने डॉक्टर के पास पहुंची एक किशोरी के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना कासरगोड जिले के त्रिक्करिपुर में स्थित क्लीनिक की है। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि इस साल फरवरी में तबीयत खराब होने के बाद वे अपनी बेटी को लेकर डॉक्टर के पास गए थे, जहां जांच के बहाने उसने उसके साथ दुर्व्यवहार किया।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि परिवार ने शुक्रवार को चिकित्सक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी डॉक्टर के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ठाणेः क्लीनिक में किशोरी के साथ दुर्व्यवहार, आरोपी डॉक्टर गिरफ्तार
ठाणे में इलाज के लिए डॉक्टर के पास पहुंची एक किशोरी के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना वर्तक नगर थाना क्षेत्र की है। पीड़िता का आरोप है कि शुक्रवार को जब वह क्लीनिक पहुंची तो डॉक्टर ने जांच के दौरान उसे गलत तरीके से छुआ। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉ गुलाब यादव (49) को गिरफ्तार कर लिया है।

एक अधिकारी ने शनिवार को कहा, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75 (यौन उत्पीड़न) और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (पोक्सो) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

झारखंड: सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए गए 35 केन बम बरामद
 झारखंड के गुमला जिले के एक जंगल से पुलिस ने एक-एक किलो के 35 केन बम बरामद किए। यह बम माओवादियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए लगाए थे। रांची से मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने शनिवार को इन बमों को निष्क्रिय कर दिया। उप-मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि माओवादियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए गुमला सदर पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले हरिनाखंड जंगल में यह बम लगाए थे। एसडीपीओ यादव ने आगे कहा कि शुक्रवार को पुलिस ने लंबी दूरी की गश्त के दौरान जंगल से ये केन बम बरामद किए। उन्होंने कहा कि इसकी सूचना तुरंत रांची के बम निरोधक दस्ते को दी गई। 

मेघालय: पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले से चार शव बरामद
मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के एक सुदूर गांव से चार शव बरामद हुए हैं। पुलिस ने शनिवार को बताया कि उंपलेंग गांव के बाहरी इलाके से सटे जंगल में मिले चारों शवों के हाथ-पैर बंधे हुए थे और गर्दन पर घाव थे।

पुलिस अधीक्षक गिरी प्रसाद ने कहा, श्रमिकों के शव शनिवार की सुबह मिले। हम घटना की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा, आशंका है कि ये सभी राज्य के बाहर के थे हालांकि इसकी पुष्टि सत्यापन पूरा होने के बाद ही की जा सकेगी। एसपी ने कहा कि अपराध मौके पर हुआ या फिर कहीं और अंजाम देने के बाद शव यहां फेंके गए इस बात की पड़ताल की जा रही है।

मुकुल रॉय की हालत गंभीर, कोमा से नहीं आए बाहर
अस्पताल में भर्ती टीएमसी नेता एवं पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय के स्वास्थ्य में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्हें विशेष निगरानी में वेंटिलेशन पर रखा गया है। उन्हें अब भी ऑक्सीजन सपोर्ट दिया जा रहा है। उनका इलाज कोलकाता के फूलबागान इलाके के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उनके इलाज के लिए विशेष मेडिकल टीम गठित की गई है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मुकुल बुधवार रात कांचरापाड़ा स्थित अपने घर में बाथरूम के सामने गिरकर घायल हो गए थे। इसके बाद रात करीब 11 बजे उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसी रात उनके ब्रेन की सर्जरी की गई थी। उनके सिर में खून का थक्का जम गया था। अस्पताल सूत्रों के अनुसाार, अभी वह कोमा से बाहर नहीं आए हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ ने पत्नी के साथ लगाया पौधा, लोगों से की पौधरोपण की अपील
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपनी पत्नी सावित्री सिंह के साथ मिलकर शनिवार को 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत अपने आवास पर एक पौधा लगाया और लोगों से अपील कि वे भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस अभियान का हिस्सा बनें, जिसकी शुरुआत उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस पर बुद्ध जयंती पार्क में एक पौधा लगाकर की थी।

सोशल मीडिया में रक्षा मंत्री ने कहा, अपने आवास पर एक पौधा लगाकर पूज्य माता स्वर्गीय गुजराती देवी की स्मृति को नमन किया। पौध रोपण के प्रति जागरूकता फैलाते हुए उन्होंने कहा, पेड़ लगाने से जहां प्रकृति का संरक्षण होता है, वहीं हमारी धरती माता का संवर्धन भी होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और पर्यावरण संरक्षण के आंदोलन को और अधिक प्रभावी एवं गतिशील बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें।

एक राष्ट्र एक चुनाव समय की जरूरत : त्रिपुरा सीएम
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शनिवार को कहा कि विभिन्न चुनावों के लिए लागू होने वाली आदर्श आचार संहिता विकास गतिविधियों की गति को प्रभावित करती है। इस वजह से 'एक राष्ट्र एक चुनाव' समय की मांग है। एक सरकारी कार्यक्रम में साहा ने कहा, लोकसभा चुनाव के बाद त्रिपुरा में त्रिस्तरीय पंचायत, स्वायत्त परिषद और नागरिक निकायों के लिए चुनाव होने वाले हैं। इसके चलते कई महीनों तक विकास कार्य ठप हो जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकारी अधिकारियों से अपना काम निर्धारित समय में पूरा करने का आग्रह किया। साहा ने कहा कि उनकी सरकार प्रशासनिक कार्यों के डिजिटलीकरण के तहत ई-विधानसभा और ई-कैबिनेट की शुरुआत कर चुकी है। अब अधिकारियों को फाइलें ले जाने की जरूरत नहीं है।

नासिक में कुएं से मिला महिला और उसकी तीन बेटियों का शव
महाराष्ट्र के नासिक में दो पहले लापता एक महिला (30) और उसकी तीन बेटियों के शव शनिवार को कुएं में मिले। इस मामले में पुलिस को संदेह है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है।

पुलिस के अनुसार, महिला और उसकी बेटियां 4 जुलाई को मोथे साकोड़े गांव में अपने घर से लापता हो गई थीं, जिसके बाद उसके पति तुकाराम देशमुख ने तलाश शुरू की। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को एक किसान ने मोथे साकोड़े गांव में आराम नदी के किनारे स्थित एक कुएं में एक लड़की का शव तैरता हुआ देखा। पुलिस ने कहा, शव को बाहर निकाला गया और उसकी पहचान तुकाराम देशमुख की सबसे बड़ी बेटी के रूप में हुई। इसके बाद दो और शव पानी से निकाले गए। मृतकों की पहचान सरला देशमुख, संध्या (7), मनश्री (6) और वेदश्री (18 महीने) के रूप में हुई है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुंबई : मरीजों की रिपोर्ट की बना दी पेपर प्लेट; केईएम अस्पताल के छह कर्मचारियों को नोटिस
मुंबई के भायखला स्थित किंग एडवर्ड मेमोरियल (केईएम) अस्पताल में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां के मरीजों की रिपोर्ट से पेपर प्लेट्स बना दी गई हैं। इसमें बकायदा मरीजों के नाम भी दिखाई दे रहे हैं।

मुंबई की पूर्व महापौर और उद्धव गुट की नेता किशोरी पेडणेकर ने इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया में शेयर करते हुए आरोप लगाया कि इन प्लेटों में खाद्य सामग्री परोस कर लोगों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है।

उधर, केईएम की डीन डॉ संगीता रावत ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा, वे मरीजों की रिपोर्ट्स नहीं थीं। वे सीटी स्कैन के पुराने फोल्डर हैं, जिन्हें रिसाइकलिंग के लिए कबाड़ी को दिया गया था, लेकिन गलती यह हुई कि इन्हें फाड़ा नहीं गया। उन्होंने कहा, इस संबंध में अस्पताल के छह कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

तेलंगाना में बीआरएस को झटका, विधायक बंदला कृष्ण मोहन कांग्रेस में शामिल
 तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को बड़ा झटका लगा है। यहां पार्टी के विधायक बंदला कृष्ण मोहन रेड्डी शनिवार को सत्तारूढ़ कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके साथ ही, पिछले साल विधानसभा चुनाव के बाद से कांग्रेस में शामिल होने वाले बीआरएस विधायकों की कुल संख्या सात हो गई है। गडवाल से विधायक रेड्डी यहां जुबली हिल्स स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी और अन्य पार्टी नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि आने वाले दिनों में बीआरएस के कई और विधायक भी सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed