Updates: तेलंगाना सरकार ने 'जय जय हे तेलंगाना' को घोषित किया राज्य गीत; ओडिशा में आकाशीय बिजली से महिला की मौत
Updates: तेलंगाना सरकार ने प्रसिद्ध कवि अंदे श्री द्वारा लिखित 'जय जय ही तेलंगाना' को राज्य गीत के रूप में मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना प्रतीक और तेलंगाना तल्ली प्रतिमा पर अंतिम फैसला विधानसभा में चर्चा के बाद ही लिया जाएगा ताकि किसी गलतफहमी या झूठे प्रचार की कोई जगह न रहे।
विस्तार
तेलंगाना सरकार ने प्रसिद्ध कवि अंदे श्री द्वारा लिखित 'जय जय ही तेलंगाना' को राज्य गीत के रूप में मंजूरी दी है। राज्य के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। राज्य के प्रतीक से चारमीनार और काकतीय वंश के आर्क को हटाने के सरकार के कथित कदम पर बीआरएस और एआईएमआईएम की ओर से आपत्ति जताए जाने के बीच सरकार ने यह भी कहा कि इस संबंध में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना प्रतीक और तेलंगाना तल्ली प्रतिमा पर अंतिम फैसला विधानसभा में चर्चा के बाद ही लिया जाएगा ताकि किसी गलतफहमी या झूठे प्रचार की कोई जगह न रहे। गुरुवार रात जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य गीत 2 जून को राज्य स्थापना दिवस के भव्य समारोह के दौरान जारी किया जाएगा। रेवंत रेड्डी ने कहा कि सरकार ने सभी हितधारकों की स्वीकृति के बाद गीत को मंजूरी दे दी, जिसमें तेलंगाना के गठन के लिए संघर्ष को दर्शाया गया है, ताकि आने वाली पीढ़ियां 'तेलंगाना के शहीदों' (तेलंगाना राज्य के लिए अपना जीवन बलिदान करने वाले) के बलिदान को याद रखें और हमेशा के लिए गीत गाएं।
अंदे श्री ने कहा कि उन्होंने 20 साल पहले जो गीत लिखा था, उसे बिना किसी बदलाव के राज्य गीत के रूप में स्वीकार कर लिया गया है। ऑस्कर विजेता संगीत निर्देशक एमएम कीरावनी ने संगीत तैयार किया और गीत गाया। मुख्यमंत्री द्वारा राज्य विधान परिषद के सभापति गुट्टा सुखेंद्र रेड्डी, विधानसभा अध्यक्ष गद्दाम प्रसाद, राज्य के मंत्रियों एंडे श्री, केरावनी, भाकपा विधायक के संबाशिवराव, माकपा के राज्य सचिव टी वीरभद्रम और राज्य के आंदोलन के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रोफेसर कोदंडराम सहित अन्य के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
ओडिशा: बिजली गिरने से महिला की मौत
ओडिशा के कंधमाल जिले में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई और उसके परिवार के दो सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
फूलबनी के उपसंभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सुप्रसन्ना मलिक ने बताया कि यह घटना तब हुई जब तीनों यहां से करीब 37 किलोमीटर दूर टीकाबली शहर में अपने घर में एक बकरी के साथ थे।
पीएम के रोड शो में फूलों के साथ मोबाइल फेंकने वाला गिरफ्तार, रिहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को कोलकाता में रोड शो के दौरान उनके वाहन की तरफ फूलों के साथ मोबाइल फोन भी फेंका गया था। पुलिस ने इस आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। हालांकि, पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। व्यक्ति की पहचान तपन साव के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक वह मध्य कोलकाता के मुचिपाड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पूछताछ में उसने दावा किया कि जब वह मोबाइल से प्रधानमंत्री की तस्वीर खींच रहा था, तभी उसका फोन किसी से टकराकर पीएम के काफिले की ओर गिर गया। पूछताछ और इलाके की सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के बाद व्यक्ति के खिलाफ कोई गंभीर आरोप नहीं पाया गया।
राजकोट गेम जोन अग्निकांड : चार सरकारी अधिकारी किए गिरफ्तार
गुजरात में राजकोट पुलिस ने बृहस्पतिवार को टीआरपी गेम जोन में लगी भीषण आग के सिलसिले में एक टाउन प्लानिंग अधिकारी (टीपीओ) सहित चार अफसरों को गिरफ्तार किया। इस आग में पिछले सप्ताह 27 लोगों की मौत हो गई थी। एक अधिकारी ने बताया कि टीपीओ एमडी सागथिया, सहायक टीपीओ मुकेश मकवाना और गौतम जोशी व कलावड रोड फायर स्टेशन के पूर्व स्टेशन अधिकारी रोहित विगोरा को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
स्लाइड से यात्रियों को निकालने पर इंडिगो ने छह को हटाया
दिल्ली-वाराणसी उड़ान में बम की धमकी के बाद 176 यात्रियों को जल्दबाजी में आपातकालीन स्लाइड के माध्यम से निकालने के मामले में इंडिगो एयरलाइन ने दो पायलटों और चार केबिन क्रू सदस्यों को हटा दिया है। विमान में 28 मई को बम की धमकी बाद में अफवाह साबित हुई थी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए निकासी के एक वीडियो क्लिप में एक पायलट को सामान के साथ आपातकालीन स्लाइड के माध्यम से विमान से बाहर आते देखा गया था, जो मानदंडों के विपरीत था।
बंगाल में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में 12 किलोमीटर लंबी पदयात्रा की। यह अब तक की उनकी सबसे लंबी पदयात्रा थी। ममता ने दक्षिण कोलकाता और जादवपुर में पदयात्राएं कीं। रास्ते में कई जगहों पर समर्थकों ने बैरिकेड तोड़कर ममता से मिलने की कोशिश की।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) बाबा एंटरप्राइजेज के साझेदार इमरान बाबा और उनकी पत्नी सगीना यासीन की श्रीनगर स्थित 1.56 करोड़ की सात अचल संपत्तियां अटैच की हैं। ईडी ने यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग के तहत की। ईडी की श्रीनगर इकाई ने जिन संपत्तियों को अटैच किया है, उनमें श्रीनगर, हैदरपोरा में जमीन व इमारत शामिल हैं।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर तमिल यूट्यूबर वासन गिरफ्तार
विवादित तमिल यूट्यूबर टीटीएफ वासन फिर कानूनी पचड़ों में फंस गए हैं। इस बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर मदुरै सिटी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। वासन के खिलाफ छह धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया, जिसमें लापरवाही से गाड़ी चलाना और गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना शामिल है। बीते वर्ष सितंबर में उन्हें सोशल मीडिया में लाइक्स और व्यूज के लिए खतरनाक बाइक स्टंट करने पर गिरफ्तार किया गया था।
राजस्थान : सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन मजदूरों की मौत
राजस्थान के भरतपुर जिले में सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने उत्तरे दो लोग बेहोश हो गए। यह हादसा बृहस्पतिवार सुबह लखनपुर थाना क्षेत्र के नगला माई गांव में हुआ। बताया जा रहा है कि मजदूरों ने सीढ़ी के जरिये एक व्यक्ति को टैंक में उतारने का फैसला किया। जैसे ही वह टैंक से बाहर निकलने लगा फिसलकर वापस टैंक में गिर गया। उसे बचाने के लिए दो मजदूर टैंक में उतरे, लेकिन वे भी जहरीली गैसों की चपेट में आ गए और मौत हो गई।
हर्ष कुमार जैन फिलीपीन में भारत के नए राजदूत नियुक्त
हर्ष कुमार जैन को फिलीपीन में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। जैन वर्तमान में यूक्रेन में भारत के राजदूत पद पर तैनात हैं। उनके शीघ्र ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है। वह 5 अप्रैल, 2022 को कीव में भारतीय दूतावास में शामिल हुए थे। जैन 1993 बैच के आईएफएस अफसर हैं। कीव में भारतीय दूतावास के अनुसार, अपने राजनयिक करियर के दौरान जैन ने विदेश मंत्रालय और विदेशों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है।