फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news and update today, maharashtra, uttar pradesh, bengaluru, north east, crime news

Updates: भारत-ब्रिटेन प्रत्यर्पण समझौता और मजबूत होगा; EC बोला- चंद्रशेखर के खिलाफ थरूर का बयान MCC का उल्लंघन

Mon, 15 Apr 2024 11:31 AM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: काव्या मिश्रा Updated Mon, 15 Apr 2024 11:31 AM IST
विज्ञापन
news and update today, maharashtra, uttar pradesh, bengaluru, north east, crime news
15 अप्रैल की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala

बंगलूरू में रविवार को एक हादसा हो गया। यहां पानी की पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में एक बाइक फिसलकर गिर गई। इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 

विज्ञापन

पुलिस के अनुसार, बाइक सवार व्यक्ति ने गहरे गड्ढे को नहीं देखा, जिसकी वजह से वह उसमें गिर गया। 
 
घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाने वाले स्थानीय लोगों ने गड्ढे में बैरिकेडिंग नहीं करने या सवारों को हटाने के लिए साइनबोर्ड नहीं लगाने के लिए निकाय अधिकारियों को दोषी ठहराया। हालांकि, बंगलूरू जल आपूर्ति और सीवरेज बोर्ड ने सफाई दी कि बैरिकेड्स लगाए गए थे और आरोप लगाया कि तीन लोग नशे में थे इसलिए दुर्घटना घटी। 

विज्ञापन

महाराष्ट्र के पालघर में हाईवे पर बस पलटने से पांच लोग घायल
महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर सोमवार आधी रात के बाद एक निजी बस के पलट जाने से उसमें सवार पांच यात्री घायल हो गए।

तलासरी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि 36 यात्रियों को लेकर बस मुंबई से गुजरात की ओर जा रही थी। देर रात करीब साढ़े 12 बजे राजमार्ग पर काजली गांव में बस का टायर पंक्चर हो गया और वाहन पलट गया। इससे पांच लोगों को चोटें आईं और उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को पड़ोसी राज्य गुजरात के भिलाड के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सेंथिल बालाजी की रिमांड बढ़ी

तमिलनाडु के पूर्व मंत्री वी सेंथिल बालाजी की रिमांड की अवधि 17 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। उन्हें ईडी ने जून, 2023 में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। 

अभियोजन पक्ष ने केंद्रीय पुझल कारागार से डीएमके नेता को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश किया। इस दौरान प्रधान सत्र न्यायाधीश एस अली ने उनकी न्यायिक हिरासत 17 अप्रैल तक बढ़ाने का आदेश दिया।हालांकि, न्यायाधीश बालाजी द्वारा दायर एक याचिका पर बुधवार को आदेश सुनाएंगे, जिसमें मामले में उनकी डिस्चार्ज याचिका में उनकी तरफ से दलीलें फिर से खोलने की मांग की गई थी। बता दें, उनकी दलीलें 22 मार्च को बंद कर दी गई थीं।

बालाजी को प्रवर्तन निदेशालय ने नौकरियों के बदले नकदी घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में उस समय गिरफ्तार किया था जब वह अन्नाद्रमुक सरकार में परिवहन मंत्री थे। उनकी कई जमानत अब तक अदालतों द्वारा खारिज कर दी गई हैं।

विज्ञापन

घटते जलस्तर पर झारखंड उच्च न्यायालय ने जताई चिंता

झारखंड उच्च न्यायालय ने सोमवार को रांची सहित अन्य जिलों में घटते जल स्तर पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। अदालत में बताया गया कि जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया और इंडियन स्कूल ऑफ माइंस, धनबाद ने राज्य भर में एक अध्ययन किया है। अधय्यन से पता चलता है कि रांची और झारखंड के अन्य हिस्सों में पिछले दो वर्षों में जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय और न्यायमूर्ति दीपक रोशन की खंडपीठ ने कहा कि निवासियों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जल संसाधनों के संरक्षण की दिशा में गंभीर कदम उठाने होंगे। सरकार के साथ-साथ अदालत ने विशेषज्ञों से भी राज्य में जल स्तर को बढ़ाने के तरीकों पर विचार करने का आग्रह किया है। रांची नगर निगम ने अदालत को बताया कि जल संचयन के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। मामले की अगली सुनवाई 22 अप्रैल को होगी।


 

कर्नाटक एचसी के पांच अतिरिक्त न्यायाधीश की पदोन्नति

कर्नाटक उच्च न्यायालय के पांच अतिरिक्त न्यायाधीशों को सोमवार को स्थायी न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत कर दिया गया है। कानून मंत्रालय के न्याय विभाग के अनुसार, न्यायमूर्ति चेप्पुडिरा मोनप्पा पूनाचा, न्यायमूर्ति अनिल भीमसेन कट्टी, न्यायमूर्ति चन्द्रशेखर मृत्युंजय जोशी, न्यायमूर्ति उमेश मंजूनाथभट अडिगा और न्यायमूर्ति तलकाड गिरिगौड़ा शिवशंकर गौड़ा को कर्नाटक उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीशों को उसी न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।


 

भारत व ब्रिटेन के बीच और मजबूत होगा प्रत्यर्पण समझौता

भारत और ब्रिटेन ने सोमवार को द्विपक्षीय कानूनी सहायता संधि के तहत कार्रवाई में तेजी लाने और भगोड़ों से संबंधित प्रत्यर्पण अनुरोधों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर चर्चा की। यह मुद्दा ब्रिटेन के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के सीबीआई मुख्यालय के दौरे के दौरान उठा। प्रतिनिधिमंड में इंटरपोल महासचिव पद के उम्मीदवार स्टीफन कवानाघ भी शामिल थे।

इस दौरान सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद और एजेंसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने ब्रिटेन के साथ ऑपरेशनल सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत बात की। दोनों पक्षों ने आपराधिक खुफिया जानकारी साझा करने और वित्तीय अपराधों, संगठित अपराध, आतंकवाद, साइबर अपराध और अन्य अंतरराष्ट्रीय खतरों से निपटने सहित कई मुद्दों पर चर्चा की।  बता दें कि किंगफिशर एयरलाइंस के पूर्व प्रमोटर विजय माल्या, हीरा कारोबारी नीरव मोदी और हथियार डीलर संजय भंडारी के अलावा पंजाब के खालिस्तानी आतंकियों और वांछित आतंकवादी समर्थकों सहित भारत के कई भगोड़े ब्रिटेन में हैं और उनके प्रत्यर्पण की कोशिश की जा रही है।

टुकड़े-टुकड़े गैंग का सुल्तान वाली टिप्पणी पर कांग्रेस ने की आयोग से शिकायत

कर्नाटक में कांग्रेस ने चुनाव आयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है जिसमें उन्होंने कांग्रेस को ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग का सुल्तान’ कहा था। कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी को लिखे खत में प्रदेश कांग्रेस समिति ने मोदी के बयानों का संज्ञान लेने और संबंधित अधिकारियों को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के हित में कानून के अनुसार उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने का निर्देश देने का आग्रह किया है।

कुमारस्वामी ने महिलाओं पर टिप्पणी के लिए मांगी माफी

कर्नाटक में जनता दल (सेक्युलर) के नेता एचडी कुमारस्वामी ने सोमवार को ग्रामीण महिलाओं को लेकर की गई अपनी टिप्पणी के लिए खेद व्यक्त किया। हालांकि, यह भी कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने कहा था कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार की पांच गारंटी योजना की वजह से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं अपना रास्ता भटक गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पर उनके बयान को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया।  

कांग्रेस ने लॉन्च किया गीत... हम साथ है तो हाथ यह हालात बदल देगा

कांग्रेस ने अपनी गारंटी को घर घर पहुंचाने के लिए चुनाव का थीम सांग लॉन्च किया है। हम साथ है तो हाथ यह हालात बदल देगा, के बोल वाले इस चुनाव गीत में कांग्रेस ने अपने पांच न्याय और 25 गारंटी की बात की है। साथ ही कहा है न्याय की जो बात करें, हक की जो बात करें देश उसे देता है हिम्मत। गीत में राहुल गांधी की न्याय यात्रा के दौरान खेत से लेकर सड़क तक लोगों के साथ उनके संवाद को इसमें फिल्माया गया है। कांग्रेस का कहना है कि उनका यह गीत देश के लोगों के लिए लोगों की भागीदारी से तैयार किया गया है। 

चंद्रशेखर के खिलाफ थरूर का बयान आचार संहिता का उल्लंघन : चुनाव आयोग

निर्वाचन आयोग ने एक टीवी साक्षात्कार में भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर के खिलाफ कांग्रेस नेता शशि थरूर के बयान को अनुचित और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन पाया है। आयोग ने थरूर को भविष्य में अपुष्ट आरोप न लगाने की चेतावनी दी है। चुनाव आयोग की ओर से यह चेतावनी भाजपा के चुनाव कानूनी संयोजक और राजग की चुनाव समिति के संयोजक की शिकायतों पर दी गई है। शिकायत में कहा गया था कि थरूर ने साक्षात्कार में चंद्रशेखर के खिलाफ निराधार आरोप लगाए।

थरूर तिरुवनंतपुरम लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं और वहां से चंद्रशेखर के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। थरूर ने अपने खिलाफ लगे आरोपों से इन्कार करते हुए कहा था कि उन्होंने साक्षात्कार में कहीं भी चंद्रशेखर या उनकी पार्टी के नाम का उल्लेख नहीं किया। कांग्रेस नेता ने कहा था कि उनका बयान केवल एक सामान्य टिप्पणी था जैसा कि लोगों ने उन्हें बताया था। 

ड्रग तस्करी में द्रमुक नेता जाफर के खिलाफ आरोप पत्र दायर

2,000 करोड़ की मादक पदार्थ तस्करी रैकेट के सिलसिले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने निष्कासित द्रमुक पदाधिकारी जाफर सादिक (36) और उसके चार सहयोगियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि एनसीबी ने पिछले सप्ताह अदालत के समक्ष एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत पूरक आरोप पत्र दायर किया था। सादिक को पिछले महीने एनसीबी ने 2,000 करोड़ से अधिक की लगभग 3,500 किलो स्यूडोएफ़ेड्रिन की तस्करी में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया था। 

न्यायाधिकरण ने भी जेकेडीएफपी पर लगे प्रतिबंध को सही ठहराया

जेल में बंद अलगाववादी कश्मीरी नेता शब्बीर अहमद शाह की अध्यक्षता वाली जम्मू-कश्मीर डेमोक्रेटिक फ्रीडम पार्टी (जेकेडीएफपी) पर लगाए गए प्रतिबंध को केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से गठित न्यायाधिकरण ने भी सही ठहराया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 5 अक्तूबर 2023 को भारत विरोधी और पाकिस्तान समर्थक गतिविधियों को आधार बनाते हुए जेकेडीएफपी को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 के तहत पांच साल के लिए प्रतिबंधित किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed