New Year Celebrations: आज न खोएं होश वरना महंगा पड़ेगा जोश, नए साल के जश्न में बहके तो जेल-जुर्माना तय
सप्ताहांत में थर्टी फर्स्ट यानी 31 दिसंबर और नया साल आने के कारण लोगों में भारी उत्साह नजर आ रहा है। होटलों, क्लबों व बारों में खास तैयारियां की गई हैं।ऐसे में बहकने वाले लोगों को काबू में करने के लिए राजधानी दिल्ली समेत देश के सभी महानगरों में पुलिस ने पुख्ता प्रबंध किए हैं।
विस्तार
आज वर्ष 2022 की विदाई और नव वर्ष 2023 के स्वागत के मौके पर देशभर में जश्न का माहौल है। आधी रात को 2023 के आगमन की वेला में हैप्पी न्यू ईयर का संदेश चहुंओर गूंज उठेगा। होटलों में पार्टियां होंगी तो आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत होगा। कोविड के कारण बीते दो साल लोग घरों में ही रहे थे, इसलिए इस बार देशभर के पर्यटन स्थलों पर जबर्दस्त धूम देखी जा रही है। इस मौके पर पुलिस ने हुड़दंगियों को सावधान कर दिया है। शराब पीकर हंगामा करने, ट्रैफिक व अन्य नियमों के उल्लंघन करने वालों को जेलों में भेजा जाएगा। उन पर भारी जुर्माने के भी प्रावधान किए गए हैं।
सप्ताहांत में थर्टी फर्स्ट यानी 31 दिसंबर और नया साल आने के कारण लोगों में भारी उत्साह नजर आ रहा है। होटलों, क्लबों व बारों में खास तैयारियां की गई हैं। नृत्य संगीत के साथ पार्टियों में जमकर जाम भी छलकेंगे। ऐसे में बहकने वाले लोगों को काबू में करने के लिए राजधानी दिल्ली समेत देश के सभी महानगरों में पुलिस ने पुख्ता प्रबंध किए हैं।
दिल्ली में 15 हजार से ज्यादा जवान तैनात
राजधानी दिल्ली में नए साल के जश्न के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 15 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनके अलावा 1 हजार जवान यातायात पुलिस के भी रहेंगे। विभिन्न सुरक्षा बलों की 20 कंपनियां भी अलग से तैनात की गई हैं, जो किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगी।
मुंबई में आज पुलिसकर्मियों की छुट्टी निरस्त
देश की व्यावसायिक राजधानी मुंबई में आज 11 हजार से ज्यादा पुलिकर्मी तैनात रहेंगे। ये चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे। खासतौर से गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव, गिरगाम चौपाटी बीच, जुहू बीच, बांद्रा आदि में आज रात भारी भीड़ जुटने की संभावना है। ऐसे में कानून व्यवस्था कायम रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी। मुंबई के पुलिस कमिश्नर विवेक फंसलकर ने बताया कि शहर में अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। शनिवार को सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी निरस्त कर दी गई हैं। मुंबई में सादे कपड़ों में भी जवान तैनात रहेंगे जो हुड़दंगियों को तत्काल काबू में करेंगे।
100 से अधिक स्थानों पर चेकप्वॉइंट बनाकर वाहन चालकों व सवार लोगों की जांच की जाएगी। यदि वे नशे में पाए गए तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी हालत में महानगर में रेव या ड्रग्स पार्टी नहीं होने दी जाएगी।
इन नियमों का उल्लंघन पड़ेगा भारी
- नए साल के जश्न के दौरान नशे में वाहन चलाने, ओवरलोड करने, सड़क पर जाम लगाने, अश्लील नृत्य करने जैसे कृत्यों पर जेल व जुर्माने का प्रावधान है। ऐसे में पुलिस ने लोगों से अपील की वे शांतिपूर्वक जश्न मनाएं, हुड़दंग किसी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- देश में शराब पीकर वाहन चलाना गैर-कानूनी है। ऐसा करने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत छह माह से दो साल तक की जेल या जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है। पुलिस वाहन चालकों की जांच के लिए ब्रीथ एनालाइजर से टेस्ट करेगी। यदि रक्त में अल्कोहल की मात्रा 30 मिलीग्राम से ज्यादा निकली तो जुर्माना हो सकता है।
- जश्न के दौरान खतरनाक ढंग से वाहन चलाने या तेज गति से वाहन चलाने पर भी छह माह से दो साल तक की जेल व जुर्माने का प्रावधान है।